श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा का मुख्यमंत्री चार को करेंगे शुभारंभ

0
436
देहरादून। श्रीराम मन्दिर समिति की ओर से जगन्नाथ मन्दिर पुरी, ओडिशा की तर्ज पर दून में 22वीं श्रीगुंडिचा यात्रा चार जुलाई को निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत रथ खिंचकर करेंगे। यात्रा में भगवान जगन्नाथ समेत श्रीबलभद्र, श्रीसुभद्रा और श्रीसुदर्शन भगवान रथ पर बैठकर भक्तों को आशीष देने के लिए निकलेंगे।
मंगलवार को प्रेस क्लब में श्रीराम मन्दिर समिति के संस्थापक पं. सुबास चंद्र शतपथी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा गुरुवार को नगर भ्रमण पर निकलेगी। श्री राम मन्दिर समिति की ओर से जगन्नाथ मन्दिर पुरी, ओडिशा की तर्ज पर दून में 22 वीं श्रीगुंडिचा यात्रा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र आरती के बाद सुबह नौ बजे रथ खींचकर करेंगे।
इससे पूर्व श्रीराम मन्दिर दीपलोक कॉलोनी, बल्लूपुर रोड पर सुबह साढ़े सात बजे चारों मूर्तियों का मंगल स्नान, छेनापट्टा, साढ़े आठ बजे चक्का छाड़, नौ बजे पहुंडी विजय की रस्म होगी।
हरिनाम संकीर्तन मंडली की ओर से भजन-कीर्तन, बैंड बाजों के साथ बल्लुपुर होते हुए यात्रा किशन नगर चौक पर पहुंचेगी। जहां जगन्नाथ के ननिहाल माने जाने वाले राधा-कृष्ण मन्दिर समिति के पदाधिकारी उनका वस्त्र अलंकार, पुष्प हार, मिष्ठान से स्वागत करेंगे। इसके बाद यात्रा सैय्यद मोहल्ला, बिंदाल पुल, कनॉट प्लेस, घंटाघर, पलटन बाजार, कोतवाली, धामावाला, हनुमान चौक, प्राचीन शाकुंभरी मंदिर, साई मंदिर, श्रीतुलसी प्रतिष्ठान, तिलक रोड होते हुए श्रीराम मन्दिर दीपलोक पहुंचकर संपन्न होगी।
इसके बाद प्रतिमाओं का रत्न सिंहासन आरोहण के बाद फल और मिठाई का वितरण किया जाएगा। देर शाम साढ़ सात बजे आठ बजे दशावतार आरती की जाएगी। समिति के पदाधिकारियों ने सभी लोगों से शोभायात्रा में शामिल होने का आह्वान किया। शाम साढ़े सात बजे नवयौवन दर्शन और आरती होगी। पत्रकार वार्ता में संजय गर्ग, एसपी सिंह,एलडी अहूजा, सहित अन्य उपस्थित रहे।