चमोली जिले के हिमक्रीड़ा स्थली औली में नेशनल स्कीइंग एंड स्नोबोर्ड चैम्पियनशिप के दूसरे दिन रविवार को नार्डिक क्रासकंट्री स्प्रिंट, स्लालम और स्नोबार्ड स्कीइंग प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। महिला वर्ग की एक हजार मीटर नार्डिक क्राॅसकंट्री स्प्रिंट रेस में आईटीबीपी का दबदबा रहा और तीनों पदक आईटीबीपी ने अपने नाम किए।
आईटीबीपी की बबीता नेगी ने स्वर्ण, भावना खोलिया ने रजत तथा पार्वती खांपा ने कांस्य पदक पर कब्जा किया। पुरुष वर्ग की 1500 मीटर नार्डिक क्राॅसकंट्री रेस में एसएससीबी (आर्मी) ने तीनों पदक अपने नाम किए। इनमें जगदीश सिंह ने स्वर्ण, मनबहादुर गुरूंग ने रजत और रमीज अहमद ने कांस्य पदक हासिल किया।
महिला अंडर 16 की जायंट स्लालम में जम्मू कश्मीर की वर्धा ने स्वर्ण, हिमाचल प्रदेश की पलक ठाकुर ने रजत और उत्तराखण्ड की भारती भुजवान ने कांस्य पदक हासिल किया। इसी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में जम्मू कश्मीर के फैजान लोन ने स्वर्ण, हिमाचल प्रदेश के राहुल ठाकुर ने रजत और महाराष्ट्र के अजहर फयाज ने कांस्य पदक हासिल किया।
महिला वर्ग की अंडर-14 जायंट सलालम स्कीइंग प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की स्वेता ठाकुर ने स्वर्ण, उत्तराखण्ड की महक कवान ने रजत और यूपी की मेघना ठाकुर ने कांस्य पदक पर कब्जा किया। इसी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में उत्तराखण्ड के प्रियांशु कवाण स्वर्ण पदक हासिल करने में कामयाब रहे। हिमाचल प्रदेश के सोहिल ठाकुर ने रजत और जम्मू कश्मीर के रूमन अल मदीना ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
महिला सीनियर वर्ग के स्लालम स्कीइंग में हिमाचल प्रदेश का दबदबा रहा। इस स्कीइंग प्रतियोगिता के तीनों पदक हिमाचल प्रदेश ने अपने नाम किये। हिमाचल प्रदेश की संध्या ने स्वर्ण, आंचल ने रजत तथा वर्षा ठाकुर ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष सीनियर वर्ग के स्लालम स्कीइंग में जम्मू कश्मीर के आरिफ मोहम्मद खान ने स्वर्ण पदक, हिमाचल प्रदेश के रजत ठाकुर ने रजत और एसएससीबी (आर्मी) के देवेन्द्र गुंरूग ने कांस्य पदक हासिल किया।





















































