पार्टी में अनुशासनहीनता नहीं होगी बर्दाशत: भगत

0
432
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत पार्टी को नयी गति देने पर जुट गए हैं। गुरुवार को प्रदेश मुख्यालय में अनौपचारिक बातचीत में उनका कहना था कि भाजपा में अनुशासन सर्वोपरि है। अनुशासनहीनता के लिए पार्टी में कोई जगह नही है। यदि किसी ने प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से अनुशासन भंग किया तो ऐसे लोगों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने में देरी नहीं लगाई जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि विभिन्न कारणों से पहले जो नाराज थे, उनके बारे में संगठन में बैठकर बात होगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ग्राम स्तर पर बैठा पार्टी कार्यकर्ता दायित्व के लायक है, लेकिन दायित्व कुछ को ही मिलता है। हालांकि, दायित्व देना सरकार का काम है। यदि और देने की जरूरत होगी तो देंगे। अनावश्यक रूप से रेवडियों की तरह दायित्व नहीं बांटे जाएंगे। मंत्री पद को लेकर विधायकों की दिल्ली दौड़ पर उनका कहना है कि मंत्री पद दौड़ के आधार पर नहीं मिलता। कोई भी पद कर्म के आधार पर मिलता है। पार्टी सूक्ष्म रूप से सभी को देख रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी में जोश और होश दोनों मिलकर काम करेंगे। वर्तमान प्रदेश सरकार की चर्चा उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अगुवाई में सरकार अच्छा कार्य कर रही है। जोश व अनुभव के बूते 2022 में भाजपा फिर से प्रचंड बहुमत हासिल करेगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने पार्टीजनों से कहा कि वे सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में जुट जाएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।