बेलग्रेड अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी : भारत ने तीन स्वर्ण सहित 13 पदक जीते

0
653

सर्बिया में 24 से 28 अप्रैल तक चले 56वें बेलग्रेड अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भारत ने 13 पदकों के साथ अपने अभियान का समापन किया। जिसमें तीन स्वर्ण,पांच रजत और पांच कांस्य पदक हैं। भारत के लिए हिमांशु शर्मा (49 किग्रा), सुमित सांगवान (91 किग्रा) और महिला मुक्केबाज निखत ज़रीन (51 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीता।

हिमांशु ने अल्जीरिया के मोहम्मद तोउरेग को अपने अंतिम मुकाबले में 5-0 से पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।

कलाई की चोट से वापसी कर रहे एशियाई रजत पदक विजेता सुमित ने इक्वाडोर के कैस्टिलो टोरेस को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। सुमित ने अपना स्वर्ण अपने पिता सुरेंदर सांगवान को समर्पित किया।

वहीं पूर्व जूनियर विश्व चैम्पियन महिला मुक्केबाज निखत ने ग्रीस के कोउटसोइओरगोपाउलू एकाटेरिनी को 5-0 से शिकस्त देकर स्वर्ण पदक जीता। निखत के अलावा महिला मुक्केबाज जमुना बोरो (54 किग्रा) और राल्ते लालफकमावी (81 किग्रा) ने रजत पदक जीता,जबकि महिला मुक्केबाज राजेश नरवाल (48 किग्रा),प्रियंका ठाकुर (60 किग्रा), रूमी गोगोई (75 किग्रा) और निर्मला रावत (81 किग्रा) ने कांस्य पदक जीता

पुरूष वर्ग में लालदिनमाविया (52 किग्रा), वरिंदर सिंह (56 किग्रा) और पवन कुमार (69 किग्रा) ने रजत पदक जीता। वहीं, नरेंदर (91 किग्रा) ने कांस्य पदक पर कब्जा किया।