उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त

    0
    1301

    बीते शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज तूफान और बारिश ने जहां मौसम को ठंडा कर दिया वहीं राज्य के गढ़वाल क्षेत्र में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, मौसम की मार से बहुत सो लोगों को भाऱी बारिश का सामना करना पड़ा।

    टिहरी, पौड़ी में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त:                                                                      पौड़ी जिले के बमोर्थ गांव में बादल फटने के बाद मलबे से तीन गोशालाएं दबने से तीन मवेशियों की मौत हो गई। टिहरी के भिलंगना ब्लॉक के थापला गांव के जंगल में बादल फटने से खेत मलबे और पानी से भर गए। हालांकि राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने बादल फटने की घटनाओं से इनकार किया है।

    बदरी-केदार हाईवे समेत कई सड़कें रहीं बंदः
    केदारनाथ हाईवे सौड़ी और बदरीनाथ हाईवे रैतोली में मलबा आने से बंद हो गए। देर शाम सात बजे दोनों हाइवे यातायात के लिए खुले। उत्तरकाशी में लम्बगांव मोटर देवराणा के पास बंद हो गया। पंडुवाखाल-चौखुटिया के बीच कई स्थानों पर मलबा आने से कर्णप्रयाग-नैनीताल हाइवे दो घंटे बंद रहा।

    राज्य में आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनीः
    मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि शुक्रवार के मुकाबले आज यानि शनिवार को मौसम साफ रहेगा हालांकि तूफान की संभावना है लेकिन उसकी तीव्रता कम होगी। उन्होंने कहा कि 3-4 तारीख में मौसम साफ रहेगा फिर 5-6 जून में मौसम खराब होने की संभावना है।विक्रम सिंह ने कहा कि शुक्रवार को मौसम में हुए इस बदलाव की चेतावनी विभाग ने पहले ही दे दी थी।

    आंधी बारिश ने दी गर्मी से राहतः
    कई दिन से जारी गर्मी के सितम से आंधी और बारिश ने राहत दिला दी। देहरादून में बारिश से तापमान में पांच डिग्री की गिरावट आ गई। मसूरी में पर्यटकों ने सुहावने मौसम का लुत्फ उठाया। हरिद्वार में पारा 41 डिग्री तक पहुंच गया था। बारिश के बाद वहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने कहा है कि गर्मी से राहत का यह दौर कुछ दिन तक बरकरार रह सकता है।