अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़

0
615

देहारादून, पुलिस ने शंकरपुर सेलाकुई में चल रही एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस को फैक्ट्री से विस्फोटक, बारूद, पोटैशियम, गंधक और कोयले का जखीरा मिला है। अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालित करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद ज्वलनशील विस्फोटक पदार्थ और फैक्ट्री को तहसीलदार विकासनगर की निगरानी में सील कर दिया गया है।

थानाध्यक्ष सहसपुर विजय सिंह ने गुरुवार को अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालन किए जाने का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सिडकुल क्षेत्र सेलाकुई में बुधवार शाम संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों का सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान एक कार (डीएल 5सीपी 5563) को रोका गया। इतने में चालक की बगल की सीट पर बैठा व्यक्ति मौके से फरार हो गया, लेकिन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। कार की तलाशी लेने पर कार से अवैध पटाखे बरामद हुए। चालक ने अपना नाम हरदीप गोयल निवासी लुधियान पंजाब बताया। फरार साथी का नाम पंकज बबेजा निवासी जालन्धर पंजाब बताया।

गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर तहसीलदार विकासनगर ने पटाखा फैक्ट्री पर छापा मारा। मौके से दो अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी पहचान सुनिल कुमार निवासी चमनविहार देहरादून और हरपाल उर्फ बाला ग्राम विरानगला उत्तरप्रदेश के रूप में हुई।

फैक्ट्री से भारी मात्रा में विस्फोटक, ज्वलनशील पदार्थ व तैयार पटाखे एवं पटाखे बनाने वाली सामग्री बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि सभी पंजाब में मोबाईल का कारोबार करते थे। पंकज बबेजा के कहने पर सेलाकुई में काम करने के लिए आए थे। पंकज बबेजा ने ही यह फैक्ट्री किराए पर ली थी। यहां काम करने वाले मजदूरों के रहने की व्यवस्था भी फैक्ट्री के अन्दर थी व बाहर घूमने जाने की पाबंदी थी। किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा पूछताछ करने पर नाखून पाॅलिस की फैक्ट्री का व्यवसाय करना बताया जाता था।

भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ को किसी अन्य पते पर मंगाकर फैक्ट्री में चोरी छिपे सप्लाई किया जाता था। देर रात में पटाखे तैयार कर जालन्धर, लुधियाना व अन्य जगहों में सप्लाई किया जाता था। सप्लाई की जिम्मेदारी पंकज बबेजा की होती थी। फरार आरोपित पंकज बबेजा की तलाश जारी है।

फैक्ट्री से बरामद माल
पोटैशियम के कुल 23 पैकेट, जिसमें लगभग 575 किलोग्राम पोटेशियम। गंधक के 39 पैकेट, जिसमें लगभग 975 किलोग्राम गंधक। कोयले पाउडर के कुल 21 पैकेट, जिसमें लगभग 525 किलोग्राम कोयला पाउडर। प्लास्टर ऑफ पेरिस के 10 पैकेट, जिसमें लगभग 225 किलो पीओपी। पोटेशियम,गंधक व कोयले के लगभग 140 किलो मिश्रण ज्वलनशील विस्फोटक पदार्थ आदि बरामद हुआ है।