मुख्यमंत्री ने महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया को किया सम्मानित

0
762
वंदना कटारिया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के रोशनाबाद स्थित आवास पर जाकर टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन पर उन्हें बधाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने वंदना कटारिया को 25 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने वंदना को तीलू रौतेली पुरस्कार से भी सम्मानित किया। इसके तहत उन्हें 31 हजार रुपये का चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। वंदना कटारिया को महिला सशक्तीकरण के तहत बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का ब्रांड एम्बेसडर भी बनाया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलंपिक में अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ाया है। उत्तराखंड की बेटी ने एक मैच में हैट्रिक बनाकर अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने वंदना को आगे भी इसी मनोबल से खेलने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को अधिक से अधिक सुविधाएं मिल सके, इसके लिए राज्य में नई खेल नीति बनाई जा रही है। उन्होंने वंदना कटारिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।