हिंदू युवा वाहिनी ने सपा पर लगाया गंभीर आरोप

0
1105

देहरादून,  हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष हितेश भारद्वाज ने समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा की सपा कार्यकर्ता हिन्दू युवा वाहिनी के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहें हैं। उन्होंने कहा हिन्दू युवा वाहिनी के संरक्षक योगी आदित्यनाथ के खिलाफ षडयंत्र किया​ जा रहा है, जिसे वाहिनी कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।

हितेश भारद्वाज गुरुवार को देहरादून परेड ग्राउंड स्थित प्रेस क्लब में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। भारद्वाज ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया में हिंदू युवा वाहिनी संगठन के खिलाफ दुष्प्रचार हो रहा है। वाहिनी के कार्यकर्ताओं के चरित्र पर भी आघात किया जा रहा है। बताया कि उत्तर प्रदेश में शिव कुमार सिंह नाम का एक व्यक्ति हिंदू युवा वाहिनी के संरक्षक योगी आदित्यनाथ के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहा है जिसके पीछे राजनीतिक दल समाजवादी पार्टी का हाथ है। उन्होंने बताया कि शिव कुमार सिंह ने हिंदू युवा वाहिनी नाम से एक संस्था रजिस्टर करवा कर रुद्रपुर से भुवन सिंह बिष्ट नाम के एक व्यक्ति को उत्तराखंड का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। जबकि मूल हिंदू युवा वाहिनी पहले से ही उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से पंजीकृत है। दिल्ली के भजनपुरा से छोटे बदलाव कर हिंदू युवा वाहिनी के नाम से राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार के नाम से पंजीकृत संगठन का एकमात्र उद्देश्य कुछ लोगों को आगे कर वाहिनी को बदनाम करना है। बताया शिव कुमार सिंह पहले उत्तर प्रदेश में योगी सेना में था। उसके बाद उसने गोरखपुर में मूल हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहा। उसे संगठन विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण निष्कासित कर दिए गया था। उसने एक सुनील सिंह नाम के व्यक्ति के साथ मिलकर हिंदू युवा वाहिनी भारत संगठन बनाया। हितेश भारद्वाज ने कहा कि सुनील सिंह पर देशद्रोह का मुकदमा लगा है और वह इस समय जेल में बंद है। सुनील सिंह के जेल जाने के बाद एक सोची समझी योजना के अंतर्गत शिव कुमार सिंह ने जानबूझकर हिंदू युवा वाहिनी के नाम से संगठन दिल्ली से पंजीकृत करवा दिया जो पूर्ण रूप से फर्जी है। हितेश भारद्वाज ने कहा इन लोगों का काम केवल हिंदू संगठनों को बदनाम करना है।

जिला संयोजक त्रिभुवन नेगी ने कहा कि, “जब हमारा संगठन पहले से पंजीकृत है और उत्तराखंड में हिंदू हितो के लिए कार्य कर रहा है तो फिर जानबूझकर इसी नाम से संगठन बनाकर उत्तराखंड में ही कार्य करना किसी बड़े राजनीतिक षड्यंत्र की तरफ इशारा करता है। इस पर उत्तराखंड पुलिस सुरक्षा एजेंसियों को बारीकी से जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करनी चाहिए। ताकि उत्तराखंड की जनता के सामने सच आ सके।”

प्रेसवार्ता में अजय गुप्ता शशि कपूर रंजीत ठाकुर गणेश उनियाल कनौजिया जगदीश भट्ट आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।