नीती-माणा घाटी, बदरीनाथ धाम में भारी बर्फबारी

0
466
नीती-माणा
नीती-माणा घाटी और बदरीनाथ धाम में मंगलवार को भारी बर्फबारी हुई है। मगर औली इससे अछूती रही। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस साल की दूसरी बर्फबारी के बाद पूरा इलाका कड़ाके की ठंड की चपेट में  है।
मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान कमोबेश सही साबित हुआ। सुबह से ऊंची चोटियों में बर्फ गिरनी शुरू हुई। दोपहर बाद तक हुई बर्फबारी से बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब-लोकपाल, फूलों की घाटी, नीती और माणा घाटी ने बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। प्रखंड  के दूरस्थ क्षेत्र डुमक, कलगेाठ, चिनाप वैली-थैंग में भी बर्फबारी होने की सूचना है।
इस सबके बीच साढ़े 10 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित विश्व विख्यात हिमक्रीड़ा केंद्र औली बर्फबारी से अछूता रहा। सुबह मौसम के मिजाज को देखकर तो लग रहा था कि औली ही क्या जोशीमठ तक बर्फबारी होगी। दोपहर होते-होते बर्फबारी की आशाएं धूमिल हो गईं। औली मे रोप-वे के दस नंबर टावर से आगे गोरसों की ओर हल्की बर्फबारी (आधा इंच से कम) जरूर हुई।
उत्तरकाशी : ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी से सर्दी का प्रकोप बढ़ा
जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात और निचले क्षेत्रों में झमाझम बारिश से सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम की बर्फबारी व बारिश से बागवानी एवं कृषि के लिए संजीवनी मानी जा रही है लेकिन आम आदमियों की परेशानी बढ़ गई है।
उत्तरकाशी जनपद के ऊंचाई वाले इलाकों में सोमवार देर रात से लगातार बर्फबारी जारी है। तो वहीं निचले इलाकों में बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज किया गया है। मंगलवार सुबह भी बर्फबारी से ऊंचाई वाले इलाके हर्षिल घाटी, बड़कोट के गीठ पट्टी और मोरी के दूरस्थ गांवों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। हालांकि अभी जनपद के सभी मुख्य मार्ग खुले हैं। आपदा कंट्रोल रूम ने मौसम को देखते हुए सम्बन्धित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। जनपद के गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित हर्षिल घाटी के आठ गांव, बड़कोट के गीठ पट्टी के दर्जनों गांव और मोरी के पर्वत क्षेत्र के गांव भी बर्फबारी से ढक गए हैं।
उत्तरकाशी में मंगलवार का उच्चतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि यमुनोत्री धाम में उच्चतम -4 डिग्री औए न्यूनतम -6 डिग्री और गंगोत्री धाम में उच्चतम 3 और न्यूनतम 1 डिग्री सेल्सियस रिेकार्ड किया गया। जिला आपदा प्रबधंन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि बर्फबारी को देखते हुए सभी सड़कों से सम्बंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया।