उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश का तांडव

0
597

(देहरादून) रातभर से लगातार हो रही बारिश ने उत्तराखंड में तबाही मचा दी। देहरादून में मकान के धवस्त होने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। वहीं सहसपुर में भी एक व्यक्ति की मलबे में दबने से मौत हो गई। देहरादून की मित्रलोक कालोनी में एक व्यक्ति के बहने की भी सूचना है। बारिश के दौरान राजधानी देहरादून की सड़कों ने नालों का रूप ले लिया।

इसमें कई दोपहिया वाहन भी वह गए। इसके रिस्पना नदी के किनारे कई घरों में पानी घुसने की सूचना भी है। साथ ही दीवार व पुश्ते ध्वस्त होने की भी सूचना है। कुमाऊं के पिथौरागढ़ में राम गंगा नदी में बागेश्वर जिले को जोड़ने वाला झूला पुल बह गया। साथ ही दो वाहन के बहने की सूचना है। कुमाऊं में भारी बारिश के चलते कई मार्ग बंद हो गए।

राजधानी में रात करीब दो बजे से हुई लगातार मूसलाधार बारिश ने सुबह के समय विकराल रूप ले किया। शहर की गलियां और सड़कें नालों में तब्दील हो गईं। देहरादून के कई इलाकों में जलभराव के चलते घरों और दुकानों में पानी घुस गया। एमडीडीए भगत सिंह कॉलोनी में लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान को पहुंचे। एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम लगातार रेस्क्यू में जुटी है।

देहरादून के सीमाद्वार स्थित शासत्रीनगर में मकान के ध्वस्त होने से मलबे में दबकर चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दंपती और दो बच्चे शामिल हैं। इसी घटना में दो अन्य भी घायल हुए। मृतकों के शव के साथ ही घायलों को भी मलबे से निकाल लिया गया। मृतक मूल रूप से बिहार के निवासी हैं।

मृतकों में संतोष साहनी (35 वर्ष) पुत्र रामचंद्र साहनी निवासी शास्त्रीनगर खाला, वसंत विहार देहरादून, सुलेखा देवी (30 वर्ष) पत्नी संतोष साहनी निवासी उपरोक्त, धीरज कुमार (5 वर्ष) पुत्र संतोष साहनी निवासी उपरोक्त, नीरज कुमार (3 वर्ष) पुत्र संतोष साहनी निवासी हैैं। सभी तारसराय गुड़िया जिला दरभंगा, बिहार के मूल निवासी हैं। दो घायलों में घायल प्रमोद साहनी (35 वर्ष) पुत्र सखीलाल साहनी, जगदीश साहनी, (70 वर्ष) को अस्पताल भेजा गया है।

देहरादून के वसंत विहार स्थित हिल व्यू कालोनी में एशियन स्कूल के पास जलभराव हो गया। इस दौरान दीवार ढह गई। ओएनजीसी से मदद मांगने पर सीआईएसएफ की दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर पानी निकालने में जुटी रही।

मसूरी-चकराता हाईवे कैंप्टीफॉल और कांडीखाल के पास सड़क पर मलबा आने से बंद हो गया। कैंप्टीटीफॉल में जेसीबी मलवा हटाने में लगी है। वहं, कांडीखाल में सड़क पर लगातार मलबा गिर रहा है। मलबा आने से सहस्त्रधारा रोड भी बंद हो गई। मसूरी रोड़ शिव मंदिर के पास और ओल्ड मसूरी रोड में मलबा आने की सूचना है। रायपुर क्षेत्र में भी कई घरों में पानी घुसने की सूचना है।

दून के स्कूलों में अवकाश
देहरादून के जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने अवगत कराया कि आज तेज आंधी और बरसात को देखते हुए जनपद में स्थित समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों और कक्षा एक से कक्षा 12 तक के समस्त स्कूलों का अवकाश घोषित कर दिया गया है। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा मुख्य शिक्षा अधिकारी को उक्त निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

गढ़वाल मंडल में चारधाम यात्रा सुचारू है। चमोली में बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ के पास भूस्खलन से सुबह बंद हुआ हाईवे को खोल दिया गया है। पौड़ी, रुद्रप्रयाग सहित पूरे गढ़वाल में भारी बारिश हो रही है। उत्तरकाशी में गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे पर यातायात सुचारु है।