दीपावली व धनतेरस को लेकर बाजारों में रौनक

0
525

हरिद्वार,दीपावली और धनतेरस को लेकर तीर्थनगरी के बाजारों में तैयारियां जोरों पर हैं। धनतेरस और दीपावली में बर्तन और आभूष्ण खरीदने का विशेष महत्व माना जाता है। धनतेरस और दीपावली में अभी एक सप्ताह का समय है, लेकिन बाजारों में अभी से बर्तनों की चमक दिखाई देने लगी है। वहीं, स्वर्णकार भी अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं। लोगों को कई प्रकार की स्कीमों के द्वारा आकर्षित करने का कार्य किया जा रहा है।

धनतेरस और दीपावली को लेकर बर्तन और स्वर्णकारों को उम्मीद है कि इस बार धनतेरस और दीपावली में जमकर धन वर्षा होगी। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में मंदी का दौर है ऐसे में व्यापारियों को उम्मीद है कि दीपावली के समय बर्तन के कारोबार में इजाफा होगा। महीने के प्रथम सप्ताह में धनतेरस व दीपावली होने के कारण इस बार बाजारों में तेजी रहने की खासी उम्मीद है। बाजार में स्टील, पीतल और ताम्बा के तरह-तरह के बर्तन बिक्री के लिए देखने को मिल रहे हैं। ऐसे में कई कंपनियों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए रंगीन बर्तनों को भी बाजारों में उतारा है। व्यापारियों को मानना है कि इस बार दीपावली में बर्तन व स्वर्ण कारोबार में 10 से 12 करोड़ के व्यापार होने की उम्मीद है।