उत्तराखंड में जबरदस्त ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित

0
476
सरोवरनगरी नैनीताल सहित निकटवर्ती पर्वतीय क्षेत्रों में शुक्रवार की देररात्रि बादलों की जबरदस्त गरज-चमक के साथ भारी ओलावृष्टि व बारिश हुई। शनिवार की सुबह छतों पर ओलों की साढ़े आठ इंच से अधिक मोटी परत इकट्ठी हो गई। सुबह भी हल्की ओलावृष्टि एवं दिन में भी एक-दो बार हल्की बारिश हुई और पूरे दिन सूर्य के ठीक से दर्शन नहीं हुए। शाम तक छतों, रास्तों व सड़कों पर बड़ी मात्रा में बर्फ बनी रही। नगर की ऊंचाई वाली चोटियों पर भी बर्फ गिरी। बर्फ से सड़कों पर वाहनों के साथ ही पैदल चलना भी मुश्किल हुआ। ओला और बारिश से विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही। इससे जनजीवन भी बुरी तरह से प्रभावित रहा।
झील नियंत्रण कक्ष के अनुसार शनिवार सुबह आठ बजे तक 20 सेमी यानी साढ़े आठ इंच से अधिक ओले रिकॉर्ड किये गये। झील नियंत्रण कक्ष के प्रभारी रमेश गैड़ा ने बताया कि वर्षा मापने के गेज में पानी की जगह ओले भर जाने की वजह से बारिश रिकार्ड नहीं की जा सकी। मौसम विभाग के अनुसार तापमान अधिकतम 12 एवं न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विभाग के अनुसार आगे रविवार को भी आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रह सकते हैं, तथा गरज-चमक व आंधी के साथ बारिश हो सकती है।
चम्पावत में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान

जिलेभर में शुक्रवार की रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश का सिलसिला शनिवार की सुबह नौ बजे तक जारी रहा। कई स्थानों पर ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा है। बरसाती नाले उफान पर आने से नेपाल सीमा से लगे पंचेश्वर क्षेत्र में कई जगह भू कटाव हुआ है।
शुक्रवार की रात से शनिवार तक जिले में 43.20 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। दोपहर में हल्की धूप खिलने के बाद देर शाम से फिर बारिश शुरू हो गई। रात 10 बजे से शनिवार की सुबह 9:30 बजे तक गरज चमक और तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश हुई। चम्पावत, लोहाघाट, पाटी एवं बाराकोट में कई स्थानों पर शनिवार की सुबह कहीं आंशिक व कहीं तेज ओलावृष्टि होने की खबर मिली है, जिससे फसलों के साथ साग सब्जियों की फसल को भ्री नुकसान पहुंचा है। बारिश से बरसाती नाले और नदियां उफान पर आ गई  हैं। लोहाघाट ब्लाक के नेपाल सीमा से लगे पंचेश्वर क्षेत्र के लुपड़ा, पंथ्यूड़ा, हरखेड़ा आदि स्थानों पर बरसाती नालों से भू कटाव हुआ है। जिला मुख्यालय पर कई जगह नालियां चोक होने से पानी सड़क पर आ गया। बारिश और ओलावृष्टि से शनिवार की सुबह कड़ाके की ठंड महसूस की गई। सुबह का अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि 10 बजे बाद बारिश का सिलसिला थम गया और धूप निखर आई जिससे लोगों को राहत मिली।