राज्यपाल ने गांधी व शास्त्री जयंती की दी शुभकामनाएं

0
464
देहरादून, राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती एवं स्व. लाल बहादुर शास्त्री की 115वीं जयंती पर नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है और सभी काे शुभकामनाएं दी हैं।
राज्यपाल मौर्य ने मंगलवार को अपने संदेश में कहा कि इस वर्ष हम सत्य और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मना रहे हैं। महात्मा गांधी सम्पूर्ण विश्व के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। गांधी के विचार हर दौर के लिए प्रासंगिक है। गांधी के नेतृत्व में स्वाधीनता आन्दोलन न केवल देश को राजनीतिक आजादी दिलाने का संघर्ष था बल्कि एक सामाजिक, सांस्कृतिक एवं भावात्मक संघर्ष भी था जिसने लोगों में वैचारिक चेतना जगाई।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने चम्पारण सत्याग्रह, असहयोग आंदोलन, नमक सत्याग्रह और भारत छोड़ो आंदोलन के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत को भारत छोड़ने के लिए विवश कर दिया। गांधी सामाजिक समरसता और सामाजिक समानता के पक्षधर थे। उन्होंने छुआछूत और जातिगत भेदभाव के विरूद्ध सशक्त आवाज उठाई और देश को एक नई दिशा दी। गांधी स्वच्छता को ईश्वर की आराधना मानते थे। महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने के लिए इस समय देश में स्वच्छता का महायज्ञ चल रहा है। इसमें हम सभी को अपने योगदान की आहुति देनी है।
राज्यपाल ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री को 115वीं जयंती पर नमन् करते हुए कहा कि शास्त्री की सादगी, सरलता, देशभक्ति और ईमानदारी से भरा जीवन-आचरण, हम सभी के लिए प्रेरक है। ‘जय जवान-जय किसान’ के उनके उद्घोष ने पूरे देश में ऊर्जा एवं उत्साह का संचार किया था।