प्लास्टिक कचरे का त्याग ही बचाएगा पर्यावरण: राज्यपाल बेबी रानी मौर्य

0
486
प्लास्टिक
नैनीताल। प्रदेश की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने विश्व पर्यावरण दिवस के मद्देनजर मंगलवार को  प्रदेशवासियों से पाॅलीथिन और प्लास्टिक जनित कचरे का पूर्ण रूप से त्याग करने का आह्वान किया है। राज्यपाल ने पौधारोपण और जल संरक्षण को भी आवश्यक बताया है। राज्यपाल विश्व पर्यावरण दिवस 05 जून के अवसर पर राजभवन नैनीताल प्रांगण में प्रातः10ः15 बजे पौधारोपण करेंगी।
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में कहा कि ‘विश्व पर्यावरण दिवस प्रत्येक व्यक्ति को पृथ्वी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है। लोगों को यह सुनिश्चित करना होगा कि प्राकृतिक संसाधनों का प्रयोग किया जाए, लेकिन पर्यावरण को कोई क्षति न पहुंचे। राज्यपाल ने कहा कि प्रकृति से अपने लगाव को कम न होने दें और इसके संरक्षण में हर सम्भव योगदान दें। पर्यावरण संरक्षण के प्रति सब जागरूक हों।
उन्होंने कहा कि जैव विविधता की दृष्टि से उत्तराखण्ड अत्यन्त समृद्व प्रदेश है। प्रकृति प्रदत्त संसाधनों के कारण सुरम्य वातावरण की वजह से उत्तराखण्ड राज्य पर्यटकों के लिए सर्वाधिक लोकप्रिय व आकर्षक गंतव्य स्थल है। राज्य के प्रत्येक नागरिक को यह सुनिश्चित करना है कि राज्य के समृद्ध वन क्षेत्र और हमारी अनमोल वन्यजीवन विरासत संरक्षित एवं सुरक्षित रहे। उत्तराखण्ड की नदियां व झीलों को स्वच्छ बनाने में  सभी नागरिक भागीदार बनें।