राज्यपाल ने कोविड-19 की रोकथाम की ली जानकारी

0
406
देहरादून, राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने बुधवार को राजभवन में कोविड-19 (नाॅवल कोरोना वायरस) की रोकथाम की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने जनता से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजभवन में आवश्यक कार्य होने पर ही आगंतुकों को आने की अनुमति दी जाए।
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने स्वास्थ्य सचिव नितेश झा एवं आपदा प्रबंधन सचिव एस.मुरूगेशन से कोविड-19 (नाॅवल कोरोना वायरस) की रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि वायरस से बचाव के लिए विशेषज्ञों के सभी सुझावों पर गंभीरता से अमल करना होगा। किसी भी भ्रामक जानकारी या अफवाह से घबराने की बजाय सरकारी स्रोतों से सही जानकारी प्राप्त करना होगा।
राज्यपाल ने सचिव ब्रजेश संत को निर्देश दिया कि राजभवन सचिवालय में अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही आगंतुकों को आने की अनुमति दी जाए। राजभवन सचिवालय के लिए थर्मल स्कैनर, सैनिटाइजर और कार्मिकों के लिए हाथ धुलने के साबुन की समुचित व्यवस्था की जाए।
राज्यपाल मौर्य ने क्वारंटाइन सुविधाओं को बढ़ाने के उपायों पर भी जानकारी ली। इस पर सचिव (स्वास्थ्य) झा ने बताया कि सरकार के पास क्वारंटाइन और आइसोलेशन की पर्याप्त सुविधाएं है। चार पीसीएस अधिकारियों की तैनाती सिर्फ क्वारंटाइन प्रबंधन के लिए की गई है।
उन्होंने बताया कि सैनिटाइजर और मास्क की कालाबाजारी रोकने के भी कदम उठाये गये हैं और उनके परिणाम भी दिखाई पड़ रहे हैं। इलाज और प्रबंधन के लिए पैरामेडिकल स्टाफ बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। चिकित्सकों की कमी नहीं होने दी जायेगी। निजी अस्पतालों से बात की जा रही है। संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने की स्थिति में उनके उपचार के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह से चौकस हैं। स्वस्थ व्यक्ति को मास्क की आवश्यकता नहीं है।
सचिव (आपदा प्रबंधन) एस.मुरूगेशन ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग स्वास्थ्य विभाग को पूर्ण सहयोग के साथ भविष्य की तैयारियाें पर कार्य कर रहा है।
राजभवन के वरिष्ठ चिकित्साधिकारियों डाॅ.महावीर सिंह और डाॅ.ए.के सिंह ने राजभवन में कार्यरत सभी लोगों को वायरस के प्रति जागरूक भी किया।