राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष ने गुरु नानक देव व कार्तिक पूर्णिमा की दी बधाई 

0
985
देहरादून,  प्रदेश की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने प्रदेशवासियों को गुरु नानक देव के 550 वें प्रकाश उत्सव और कार्तिक पूर्णिमा की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। कहा कि उनके विचार आज की युवा पीढ़ी के लिए एक अमूल्य पूंजी व धरोहर है।
राज्यपाल मौर्य ने अपने संदेश में कहा कि पूरा देश व विश्व गुरू नानक का 550 वां प्रकाश उत्सव मना रहा है। गुरू नानक देव ने आज सदियों पहले समाज में फैली असमानता व बुराईयों को समाप्त करने का संदेश दिया। उन्होंने समाज में अज्ञानता व कुरीतियों के अंधकार को मिटाने के लिए कार्य किया। वे महान मानवतावादी थे। गुरु नानक देव सभी धर्मों, वर्गों व समुदायों में पूजनीय है। वे सभी के प्रिय व आदर्श है। गुरु नानक देव हमारी सांझी विरासत है।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने गुरु नानक देव की 550 वीं जयन्ती एवं कार्तिक पूर्णिमा पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि गुरू नानक देव जी का जीवन एवं उनके सिद्धान्त हमें उदारता अपनाने और अहंकार से दूर रहने की सीख देते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि समाज में सत्य और प्रेम का संदेश फैलाने के लिए गुरूनानक जी ने घूम-घूम कर अंधविश्वास और पाखण्ड का विरोध किया। गुरु नानक देव ने अपने उपदेशों से साम्प्रदायिक एकता और सद्भाव की ज्योति जलाई थी। उनके सिद्धान्तों को अपनाते हुए हमें अपने हृदय में घृणा की बजाय प्रेम को स्थान देना चाहिए।कहा कि इस पावन अवसर पर हमें उदारता, प्रेम, मानवता और सद्भाव जैसी उनकी शिक्षाओं एवं उपदेशों को अंगीकार करने का संकल्प लेना चाहिए।