गोवर्धन पूजा की धूम, भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित किए छप्पन भोग 

0
566
ऋषिकेश,  दीपावली के बाद तीर्थ नगरी ऋषिकेश के तमाम आश्रमों में गोवर्धन पूजा महोत्सव की धूम रही। शहर के विभिन्न आश्रमों में पर्व श्रद्वा और उल्लास के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग भी लगाया गया। विभिन्न धार्मिक संस्थाओं व सामाजिक संगठनों की ओर से सोमवार को भगवान श्रीकृष्ण के पूजन का आयोजन किया गया। गो माता की पूजा के साथ गोवर्धन पर्वत उठाने वाले श्रीकृष्ण को छप्पन भोग लगाए गए। मधुवन आश्रम में गोवर्धन पूजा महोत्सव आश्रम के परमाध्यक्ष परमानंद दास महाराज के सानिध्य में आयोजित किया गया। गो माता के पूजन के पश्चात विभिन्न प्रकार के व्यंजनों, फल, फूल व मिठाइयों से सुसज्जित गोवर्धन पर्वत पर श्रद्धालुओं ने 56 भोग अर्पित किए। इस मौके पर हरिनाम संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो गया।
भगवान गोवर्धन की महिमा का वर्णन करते हुए परमानंद दास ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी सभी लीलाएं भक्तों को आनंद व सुख प्रदान करने के लिए की हैं। उन्होंने इस पर्व पर श्रद्धालुओं से अहंकार का त्याग करने की अपील की
जयराम आश्रम अन्न क्षेत्र में परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज के सानिध्य में गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र का अहंकार चूर करने के लिए गोवर्धन पर्वत धारण कर गोकुलवासियों की रक्षा की थी। यह पर्व प्रकृति के प्रति समर्पण भाव का पर्व है।