उत्तराखंड : केदारनाथ पैदल मार्ग पर भैरव और कुबेर गदेरे के बीच ग्लेशियर आने से मार्ग बंद हुआ

0
126
केदारनाथ

केदारनाथ पैदल मार्ग पर भैरव और कुबेर गदेरे के बीच बुधवार को ग्लेशियर आने से यह मार्ग बंद हो गया। इससे गुरुवार को यात्रा शुरू कराने में देरी हो सकती है। हालांकि डीडीएमए लोनिवि गुरुवार सुबह से ही मार्ग खोलने में जुट जाएगा। मार्ग खोलने में डीडीएमए को 4 से 5 घंटे लग सकते हैं।

आज शाम खराब मौसम के चलते केदारनाथ पैदल मार्ग में भैरव और कुबेर गदेरे के बीच ग्लेशियर आने से पैदल मार्ग बंद हो गया है। मार्ग सायं करीब 5 बजे बंद हुआ। इससे यात्रियों को ज्यादा परेशानी इसलिए नहीं हुई कि सुबह पुलिस और प्रशासन ने सभी यात्रियों को वापस भेज दिया था और सोनप्रयाग से केदारनाथ आने वाले यात्रियों को केदारनाथ जाने की अनुमति नहीं थी।

इधर, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि गुरुवार को कुछ यात्रियों को केदारनाथ के लिए भेजा जाएगा। इसके लिए मौसम और मार्ग की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

डीडीएमए लोनिवि के ईई प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि गुरुवार सुबह मार्ग खोलने के लिए 50 मजदूरों की टीम भेज दी जाएगी। इस स्थान पर बर्फ अधिक होने से मार्ग खोलने में 4 से 5 घंटे लग सकते हैं। सोनप्रयाग से यात्रियों को सुबह 6 बजे की जगह कुछ देरी से केदारनाथ भेजा जा सकता है।