जून से हेली सेवाओं की बुकिंग जीएमवीएन के हाथ में

0
674
Helicopter, Service,Kedarnath
Pawan Hans Helicopter

सरकार ने जून से चारधाम को चलने वाली हेली सेवाओं की बुकिंग गढ़वाल मंडल विकास निगम के मार्फत कराने का फैसला लिया है। पर्यटन विभाग ने इसका प्रस्ताव सिविल एविएशन को भेज दिया है। साथ ही जीएमवीएन ने बुकिंग सेवा के लिए संसाधन जुटाना शुरू कर दिया है।

चारधाम यात्रा हेलीकाप्टर से करने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए सरकार ने इस बार जीएमवीएन को बड़ी जिम्मेदारी दी है। निगम के बंगलों, वाहनों के अलावा बुकिंग से राजस्व जुटाने के लिए सरकार ने यह निर्णय लिया है। वहीं अब केदारनाथ धाम और दूसरे धामों को चलने वाली हेली सेवाओं की बुकिंग अब गढ़वाल मंडल विकास निगम करेगा। हालांकि अभी निगम के पास संसाधन और प्रशिक्षित स्टाफ न होने से मई माह में हेली कंपनी से ही बुकिंग कराई जाएगी।

इसके बाद जून माह से निगम केदारनाथ, ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून में अपना बुकिंग केंद्र खोलेगा। उल्लेखनीय है कि पिछले साल चारधाम यात्रा में डेढ़ लाख तीर्थयात्रियों ने हेली सेवाओं से दर्शन किए। इससे राज्य को करीब 10 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। इस साल इसमें बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

सचिव (पर्यटन) दिलीप जावलकर का कहना है कि जीएमवीएन जून माह से हेली सेवाओं की बुकिंग करेगा। इस पर अंतिम निर्णय होने के बाद प्रस्ताव सिविल एविएशन को भेज दिया है। मई माह में निगम को ट्रेनिंग से लेकर संसाधन जुटाने का समय दिया गया है।

अपर सचिव (उड्डयन) आर राजेश कुमार का कहना है कि निगम के माध्यम से हेली सेवाओं की बुकिंग पर बात चल रही है। इसे लेकर बैठकें भी हुई हैं। इन दिनों टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द इसके आदेश जारी हो जाएंगे।

आज खुलेंगे हेली सेवाओं के टेंडर 

केदारनाथ धाम के लिए संचालित होने वाली हेली सेवाओं के टेंडर सोमवार को खोले जाएंगे। इसके बाद चयनित होने वाली कंपनी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इसी माह से यहां सेवाएं शुरू करेंगी। इन दिनों गुप्तकाशी से सोनप्रयाग में हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं।