स्वामी विज्ञानानंद पर जानलेवा हमला, चार हिरासत में

0
417
File Photo: Crime
ऋषिकेश। मायाकुण्ड जनार्दन आश्रम दंडी बाड़ा स्थित ब्रह्मलीन शंकराचार्य माधवाश्रम की समाधि पर कब्जा करने की नीयत से एक युवक ने बुधवार को आश्रम के प्रबंधक सहित एक वृद्ध साधु पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। वारदात के बाद से संतों में रोष व्याप्त है।
पुलिस के अनुसार बुधवार पूर्वाह्न 10 बजे के करीब आश्रम में रह रहे उपेंद्र शर्मा ने दंडी स्वामी विज्ञानानंद (60) पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर ने बचाव करने आए आश्रम के प्रबंधक ब्रह्मचारी केशव स्वरूप (32) पर भी वार कर दिया। दोनों को गंभीर अवस्था में एम्स में भर्ती कराया गया है।
वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उपेंद्र सहित संदीप शर्मा पुत्र नरेश कुमार निवासी बूट गढ़ थाना बिलासपुर जिला यमुनानगर हरियाणा, शुभम शर्मा पुत्र राजकुमार गांव रौटली थाना फरकपुर तहसील जगाधरी जिला यमुनानगर हरियाणा और रजत शर्मा पुत्र राजीव कुमार शर्मा ग्राम खेड़ी थाना बिशारतगंज तहसील आंवला जिला बरेली यूपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी। बताया गया है कि उपेन्द्र ब्रह्मलीन शंकराचार्य माधव आश्रम का ही शिष्य है। उसने पहले भी आश्रम पर कब्जा करने का प्रयास किया था। ट्रस्ट के लोगों के विरोध पर वह आश्रम छोड़कर चला गया था। लगभग चार वर्ष बाद वह फिर साथियों को लेकर गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आया है।