पूर्व मंत्री बेहड़ सचिवालय में धरने पर बैठे

0
365
देहरादून, रूद्रपुर नगर निगम आयुक्त की तानाशाही के खिलाफ पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री कार्यालय के आगे धरने पर बैठ गये। जिन्हे पुलिस जबरन उठाकर पुलिस लाइन ले गयी।
कांग्रेस नेता तिलक राज बेहड़ की बीते दिनों शहर में अतिक्रमण के मुद्दे को लेकर रूद्रपुर नगर निगम आयुक्त  के साथ कहा सुनी हो गयी थी। तिलक राज बेहड़ का आरोप है कि नगर के आयुक्त द्वारा अतिक्रमण हटाने के नाम पर लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने निगम प्रशासन पर राजनीति से प्रेरित होकर काम करने का आरोप लगाया था। रूद्रपुर नगर निगम मेें आयुक्त के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया था। इसी दौरान निगम प्रशासन और तिलक राज बेहड़ व उनके समर्थकों के साथ तीखी झड़पें भी हुई थी।
नगर निगम आयुक्त रूद्रपुर की ओर से विभिन्न मामलों में तथा धाराओं में तिलक राज बेहड़ सहित 150 लोगों के खिलाफ 6 मुकदमें दर्ज कराये गये थे। निगम प्रशासन की इस कार्यवाही से नाराज कांग्रेस नेता तिलक राज बेहड़ आज दोपहर सचिवालय पहुंचे और मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गये। बेहड़ को धरने पर बैठा देख पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी तथा उन्हे समझाने का प्रयास किया गया। बेहड़ के धरने से उठने पर तैयार न होता देख पुलिस उन्हे जबरन वहंा से उठाकर पुलिस लाइन ले गयी।