पिंडर घाटी की पहाडियों पर फहराया तिरंगा

0
1287

अल्मोड़ा- रॉक लिजर्ड सोसायटी के 2 सदस्यीय दल ने पिंडर घाटी की पहाड़ी बल्ज्यूरी पर फतह पाने में सफलता हासिल की है। सात दिन के इस अभियान के बाद दल के सदस्यों ने इस पर्वत पर तिरंगा फहराकर साहसिक पर्यटन की अनूठी मिशाल भी पेश की है।

इस पर्वतारोही दल को बीते 7 अक्टूबर को जिला विकास अधिकारी मो. असलम और जिला कार्यक्रम अधिकारी पीएस बृजवाल ने हरी झंडी दिखाकर अल्मोड़ा से रवाना किया था। जिसके बाद इस दल ने बागेश्वर के खरकिया नामक स्थान से अपनी पैदल यात्रा शुरू की। दल के दोनों सदस्यों ने पिंडारी ग्लेशियर पर अपना बेस कैंप बनाया और 42 सौ मीटर की चढ़ाई चढ़ने के बाद दूसरा कैंप स्थापित किया। दूसरे कैंप से बर्फीली चढ़ाई पार कर दोनों सदस्यों ने 5922 मीटर की ऊंचाई वाले पर्वत पर तिरंगा फहराने में सफलता हासिल की। दल ने एल्पाइन स्टाइल में 7 दिन के रिकार्ड समय में बिना किसी मदद के यह अभियान पूरा किया। अभियान के दौरान दल ने मार्ग में पढ़ने वाले खाती, बाछम, द्वाली गांवों में सफाई अभियान चलाकर लोगों को सफाई के प्रति जागरूक भी किया। दल में शामिल पर्वतारोही विनोद भट्ट और दीपेश नेगी ने बताया कि रॉक लिजर्ड संस्था साहसिक खेलों को बढ़ावा देने वाली भारतीय पर्वतारोहण संस्थान दिल्ली से संबंद्ध एकमात्र संस्था है।