हैवानियत की हदः पिता ने पांच बेटियों से किया दुष्कर्म

0
568
हैवानियत
नैनीताल, जिले से कोटाबाग विकासखंड मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर एक गांव में पिता ने हैवानियत की हद कर दी। यह व्यक्ति शराब पीने का आदी है। इस व्यक्ति की पांच पुत्रियों ने उस पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। रिश्तों को तार-तार करने वाली इस घटना ने सभ्य समाज को शर्मशार कर दिया है।
-पांचों ने घर छोड़ा, रात गुजारी जंगल में, नारी निकेतन भेजा गया, मामला दर्ज
बताया गया है कि पिता की इस हरकत से परेशान पांचों बहनें गत दिवस रात को घर से भाग निकलीं और जंगल मे पूरी रात बिताई। अगले दिन महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष अमिता लोहनी के वहां पहुंचने पर उन्हें आपबीती सुनाई। अमिता लोहनी के हस्तक्षेप पर थाना कालाढुंगी में आरोपित पिता के खिलाफ मामला पंजीकृत कर पांचों बहनों को नारी निकेतन भेज दिया गया।
कालाढुंगी थाना प्रभारी के अनुसार लड़कियों ने अपने पिता पर यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। उसके आधार पर पिता के खिलाफ धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज कर लड़कियों को नारी निकेतन भेज दिया गया है। मामला राजस्व क्षेत्र का होने के कारण संबंधित पटवारी को सूचना दी गई। इसके बाद संबंधित राजस्व पुलिस मामले के प्रपत्र अपने साथ ले गई है। आगे की कार्रवाई वहीं से होगी। उन्होंने बताया कि आरोपित लड़कियों का सगा पिता है। उनकी मां भी है। राजस्व उप निरीक्षक ओपी आर्या ने बताया कि पीड़ित लड़कियों का मेडिकल कराया जा रहा है।
बताया गया है कि आरोपित पिता मजदूरी करता है। बड़ी लड़की 20-21 वर्ष की है जबकि अन्य चौथी,छठी, आठवीं और 9वीं कक्षा में पढ़ती हैं। बड़ी बेटी का कहना है कि पिता लंबे समय से उसके साथ ऐसी हरकत कर रहा है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता था। इस बारे मुंह खोलने पर मां भी धमकाती थी। वह रातभर जंगल में रहने के बाद दूसरे दिन सीताबनी मंदिर के पास रहीं। वहां अमिता लोहनी मिलीं तो उन्हें आपबीती सुनाई। उन्होंने एसडीएम एवं कालाढुंगी के थाना प्रभारी को फोन से सूचना दी थी।