होली में रखें त्वचा और आंखों की विशेष देखभाल

0
515

हरिद्वार, होली उत्साह व उमंग का पर्व है। हर कोई इस पवित्र पर्व में रंगों व बसंत की खुमारी में रंगा होता है। रंग जीवन में उमंग व उल्लास भरने का कार्य करते हैं। यदि ध्यान न दिया तो यही रंग परेशानी का कारण भी बन सकते हैं। रंगों के इस पर्व में खास ख्याल रखने की आवश्यकता है। होली पर रंगों के पर्व का आनंद लेने से पूर्व सुनिश्चित कर लें कि आप परेशानी में तो नहीं आने वाले हैं। आयुर्वेदाचार्य डॉ दीपक कुमार के मुताबिक होली पर रंग खेलने से पूर्व अपना खास ख्याल रखने की आवश्यकता है।

डॉ दीपक ने बताया कि, “बाजार में केमिकल युक्त रंगों का प्रचलन अधिक बढ़ गया है, जो हमारी त्वचा को खासा नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए सोच समझकर रंगों को इस्तेमाल करें और रंग लगाने से पूर्व कुछ विशेष बात का ध्यान रखें। इससे होली के पर्व का आनंद आप पूरी तरह से उठा सकें। उन्होंने बताया कि होली से पूर्व शरीर पर सरसों का तेल लगाएं, जिससे आपकी त्वचा रंगों से सुरक्षित रह सके। बालों में पर्याप्त मात्रा में नारियल तेल लगाएं। जो रंगों को जड़ों में गहराई तक घुसने से रोकता है।” 

डॉ दीपक के मुताबिक इस पर्व में त्वचा के साथ आंखों का ख्याल रखना बेहद जरूरी है। यदि आंख में केमिकल युक्त रंग चला जाता है तो बड़ी समस्या हो सकती है। यदि आंखों में रंग चला जाए तो सबसे पहले आंख को तो तुरंत पानी से धो लें और तत्काल चिकित्सक से परामर्श लें। अधिकांश रंगों में रसायन मिले होते हैं, इसलिए ऑर्गेनिक रंगों को प्राथमिकता दें। रंग को छुटाने के लिए उबटन व मुलतानी मिट्टी का इस्तेमाल करें। ऐसा करने से रंग जल्दी हट जाएगा और त्वचा में भी निखार आएगा।