ऊर्जा निगम कर्मचारियों ने आंदोलन उग्र करने की दी चेतावनी

0
916

बागेश्वर। ऊर्जा निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों का दो सूत्रीय मांगों को लेकर खंड कार्यालय में आंदोलन जारी है। समस्या का निदान नहीं होने पर आंदोलन को उग्र करने की चेतावनी दी। ऊर्जा निगम कर्मचारी सातवें वेतन आयोग में वेतन मैट्रिक्स की विसंगति को दूर करते हुए तीनों निगमों में लागू करने और एसीपी की पूर्ववर्ती व्यवस्था को यथावत रखे जाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। वे शाम पांच बजे से सुबह 10 बजे तक मोबाइल स्विच ऑफ कर कार्य बहिष्कार कर रहे हैं।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नही दे रही है। उन्होंने बताया कि पहले एसीपी का लाभ नौ, 14 और 19 साल में मिलता था। जिसे सरकार ने 10, 20 और 30 साल कर दिया है। कर्मचारियों का ग्रेड वेतन भी घटाया गया है। जिससे उनको आर्थिक परेशानी हो रही है। अगर उनकी मांगो पर सरकार शीघ्र कार्रवाइ नही करती है तो आंदोलन को और तज किया जाएगा।