उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गांधी पार्क में वृक्षारोपण कर प्रदेशवासियों को पर्यावरण दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व बन जाता है कि राज्य को हराभरा बनाने के लिए आज के दिन वृक्षारोपण करना चाहिए। आज विश्व में पर्यावरण संतुलन के लिए अनेक प्रकार के शोध किये जा रहे है। वृक्षारोपण करना महान कार्य है, इस कार्य को करने से न केवल हम पर्यावरण संतुलन में अपना योगदान देते है बल्कि समाज को भी वृक्षारोपण कार्य से जोडते है।

श्री प्रीतम सिंह ने कहा उत्तराखण्ड विश्व में सबसे अधिक पर्यावरण संरक्षण का काम करता है। हमारे प्रदेश में 67 प्रतिशत वन एवं 18 प्रतिशत हिमछादित क्षेत्र है। सबसे अधिक जल संरक्षण का काम भी देवभूमि उत्तराखण्ड ही करती है। वन एवं हिमखण्डों को सुरक्षित रखना हम सबका धर्म है। श्री प्रीतम सिंह ने प्रदेश की जनता का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा एवं भूगर्भजल स्रोतों को संरक्षित करने में अपना योगदान दें, ताकि प्रदेश अधिक से अधिक पर्यावरण की रक्षा में अपना योगदान दे सके।






















































