अलीबाग में किंग खान के जन्मदिन का जश्न

0
472

शाहरुख खान अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं, किंग खान की सालगिरह का ये जश्न मुंबई के करीब पर्यटन स्थल अलीबाग में होगा, जहां शाहरुख खान ने कुछ वक्त पहले ही एक बंगला खरीदा है। इसी बंगले में कुछ दिनों पहले शाहरुख की पत्नी गौरी का जन्मदिन मनाने के लिए पूरा परिवार वहां पंहुचा था। अली बाग के बंगले में होने जा रहे इस जश्न में शाहरुख खान के करीबी दोस्तों की फौज वहां पंहुच चुकी है।

शाहरुख खान के साथ करण जौहर, फराह खान, दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट, कैटरीना कैफ, सिद्धार्थ मल्होत्रा और फैशन डिजाइनर विक्रम फड़नीस इस जश्न का हिस्सा बन रहे हैं। गौरी खान की सहेलियों की गैंग भी इस जश्न का हिस्सा बनने जा रही है। उनकी इस गैंग में अरबाज की पूर्व पत्नी मलाइका अरोड़ा खान, रितिक रोशन की पूर्व पत्नी सुजैन, अमिताभ बच्चन की बेटी श्वेता, चंकी पांडे की पत्नी भावना पांडे और संजय कपूर की पत्नी महीप संधु हैं।

इतना ही नहीं, शाहरुख की बेटी सुहाना की सहेलियों का ग्रुप भी यहां अलग से पार्टी करेगा। इस ग्रुप में चंकी की बेटी अनन्या और संजय कपूर की बेटी शानन्या कपूर हैं। अलग अलग ग्रुपों में शाहरुख खान के जश्न के मेहमानों की टोली मुंबई से समुद्र के रास्ते एक घंटे के सफर के बाद अली बाग स्थित बंगले में पंहुच गए। यहां आधी रात को शाहरुख खान की जन्मदिन पार्टी का जश्न शुरु हो जाएगा।

ये भी बताया जा रहा है कि शाहरुख खान मुंबई लौट आएंगे और हर साल की तरह यहां मीडिया के साथ जन्मदिन मनाएंगे, लेकिन हर साल मीडिया के साथ ये जश्न शाहरुख खान के घर मन्नत पर होता था। इस बार उनके घर के करीब के एक पांच सितारा होटल में मीडिया को जन्मदिन के जश्न के लिए बुलाया गया है।