टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में प्रियंका चोपड़ा का होगा सम्मान

0
566

इस साल 7 से 17 सितंबर तक होने वाले 42वें टोरंटो फिल्म फेस्टिवल के दौरान विशेष रुप से अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को सम्मानित किया जाएगा। ये सूचना प्रियंका चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर शेयर की, तो उनको बधाई देने वालों का तांता लग गया। प्रियंका चोपड़ा ने हाल ही में हालीवुड की फिल्म बेवाच से अपना अंतर्राष्ट्रीय करिअर शुरू किया है।

अमेरिका की टेली सीरिज क्वांटिको की दो कड़ियों में काम कर चुकी प्रियंका की पहली हालीवुड फिल्म भले ही भारत में ज्यादा कारोबार नहीं कर पाई हो, लेकिन हालीवुड में प्रियंका की डिमांड लगातार बढ़ रही है और बेवाच के बाद वे हालीवुड की दो नई फिल्में साइन कर चुकी हैं। साथ ही चर्चा है कि क्वांटिको की नई सीरिज में भी प्रियंका काम करने जा रही हैं।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रियंका को विश्व विख्यात अकादमी पुरस्कारों (आस्कर) की आयोजन कमेटी ने 42 ऐसी हस्तियों की टीम में जगह दी है, जो आस्कर के विस्तार की योजनाओं को लेकर अपनी सलाह देगी। इसके अलावा यूनिसेफ की ओर से प्रियंका चोपड़ा उनकी ब्रैंड अंबेसडर के तौर पर पिछले तीन साल से काम कर रही हैं। भारत में प्रियंका चोपडा की प्रोडक्शन कंपनी प्रादेशिक फिल्में बना रही है।

प्रियंका की फिल्म कंपनी ने हाल ही में मराठी में वेंटिलेटर और पंजाबी में सर्वानन नाम से फिल्में बनाई हैं, जिनको काफी सफलता मिली है। अब उनकी कंपनी भारत के पूर्वोत्तर राज्यों की भाषाओं में फिल्में बना रही है। हाल ही में प्रियंका की कंपनी की सिक्कमी भाषा की फिल्म का ट्रेलर कांस फिल्म फेस्टिवल में लांच किया गया।