चन्द्र ग्रहण 31 को, इन राशियों के जातकों के लिए होगा कष्टकारी

0
674

हरिद्वार। वर्ष 2018 का पहला चन्द्र ग्रहण आगामी 31 जनवरी को होगा। इस बार भी चन्द्र ग्रहण का प्रभाव राशियों पर अलग-अलग होगा। करीब पौने तीन घंटे तक चलने वाले इस ग्रहण में कई संयोग इस बार पड़ रहे हैं।

ज्योतिषाचार्य पं. डा. मणीराम त्रिपाठी के अनुसार चन्द्र ग्रहण 31 जनवरी को सांयकाल 5 बजकर 18 मिनट व 27 सेेकेण्ड से शुरू होगा। ग्रहण का मध्य काल 6 बजकर 59 मिनट व मोक्षकाल 8 बजकर 41 मिनट व 11 सेकेण्ड पर होगा। श्री त्रिपाठी के अनुसार करीब पौने तीन घंटे तक चलने वाले इस चन्द्र ग्रहण का सूतक काल प्रातः 8 बजकर 18 मिनट से आरम्भ हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार चन्द्र ग्रहण का प्रभाव मेष, वृष, कन्या व धनु राशि वालों के लिए शुभ होगा। इन राशि वाले जातकों के लिए ग्रहण का फल उन्नति कारण व धन लाभ वाला होगा। जबकि मिथुन, कर्क, सिंह, तुला, वृश्चिक, मकर, कुंभ व मीन के लिए ग्रहण कष्टकारी होगा। त्रिपाठी के अनुसार ग्रहण के दुष्प्रभाव से बचने के लिए जातकों को सप्तधान, पंचरत्न, तेल, सफेद वस्तु, चावल व फल का दान करना श्रेयकर होगा। ग्रहण व सूतक काल में स्नान, दान, जप मंत्र जप, मंत्र सिद्धि, तीर्थस्नान, हवन आदि करना शुभकारक होगा। पं. मणीराम त्रिपाठी के अनुसार ग्रहण काल में गर्भवती स्त्री को सब्जी काटना, पापड़ सेकना व सोना निषिद्ध माना गया है। इसके अतिरिक्त ग्रहण व सूतक काल में मूर्ति स्पर्श, खाना-पीना व सोना भी वर्जित है। वृद्ध, बच्चे तथा रोगियों के लिए यह वर्जित नहीं बताया गया है। श्री त्रिपाठी ने बताया कि ग्रहण काल में सभी कष्टों से निवृत्ति पाने के लिए मंत्र जप व दान से उपयुक्त कोई अन्य उपाय नहीं है।