ऋषि कपूर पर परिवार की ओर से लगेगी लगाम

0
548

ऋषि कपूर जब से सोशल मीडिया पर आए हैं, तब से अपनी पोस्ट और प्रतिक्रियाओं को लेकर विवादों में रहे हैं। हाल ही में ऋषि कपूर ने सोशल मीडिया पर एक नग्न बच्चे की फोटो शेयर कर दी, तो मुंबई के एक संगठन ने इसे गैरकानूनी बताते हुए ऋषि कपूर के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज करा दिया है। कहा जा रहा है कि सोशल मीडिया पर ऋषि कपूर के विवादों से उनका परिवार भी तंग आ चुका है और अब उन पर लगाम लगाने की तैयारियां की जा रही हैं।

ऋषि कपूर की पत्नी नीतू सिंह की ओर से ऋषि कपूर को चेतावनी दे दी गई है कि वे संयम रखें या फिर सोशल मीडिया से खुद को दूर रखें। ऋषि कपूर के सोशल मीडिया पर होने वाले विवादों से परिवार को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है। हाल ही में फिल्म जग्गा जासूस को लेकर ऋषि कपूर ने फिल्म के निर्देशक अनुराग बसु के खिलाफ मोर्चा खोला, जिसके लपेटे में रणबीर कपूर आ गए थे। रणबीर को अपने पिता का रवैया पसंद नहीं आया और उन्होंने इस बारे में अपनी मां से बात की।

सोशल मीडिया पर जहां ऋषि कपूर हमेशा सक्रिय रहते हैं, वहीं रणबीर कपूर सोशल मीडिया से दूर ही रहते हैं। रणबीर की मां नीतू सिंह कपूर भी सोशल मीडिया से दूर रहती हैं। ये भी कहा जा रहा है कि रणबीर के साथ साथ उनकी बहन रिद्धिमा की ओर से भी अपनी मां को कहा गया है कि ऋषि कपूर के विवादों से उनकी संवेदनाओं को ठेस पंहुचती है। नीतू ने अपने दोनों बच्चों को आश्वस्त किया है कि अब वे इस बात का ध्यान रखेंगी कि ऋषि कपूर या तो कंट्रोल में रहें या फिर सोशल मीडिया से अपना नाता खत्म कर लें।