कांग्रेस जनता को बरगला रही: तीरथ सिंह रावत

0
739

भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस अपने झूठ के पुलिंदे के साथ जनता को बरगला रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में तमाम बातें ऐसी है जो उसके झूठ को बेनकाब कर रही हैं। रावत सोमवार को प्रदेश बीजेपी मुख्यालय पर आयोजित अपने सम्मान समारोह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कांग्रेस के घोषणापत्र के बिंदुओं का उल्लेख किया और कहा कि कांग्रेस ने अपने 2012 के घोषणा पत्र में जो वादे किए थे उन पर इसे पहले अपना रिपोर्ट कार्ड देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में माफियाराज स्थापित हुआ।
शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, परिवहन, पर्यटन, अनुसूचित जाति, जनजाति, पेयजल, विद्युत आदि क्षेत्रों में कोई कार्य नहीं हुआ। इन विभागों में भ्रष्टाचार हुआ। बीजेपी नेता ने कहा कि भाजपा सत्ता में आई तो कांग्रेस के भ्रष्टाचार की जांच कराई जाएगी और दोषियों को जेल भेजा जाएगा। तीरथ ने कहा कि जनता ने मन बना लिया है और बीजेपी की सरकार आएगी और प्रदेश के विकास को तेज किया जाएगा।

इससे पहले तीरथ सिंह रावत का राष्ट्रीय सचिव बन कर पहली बार प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल माला और

पटाखों के साथ जोरदार स्वागत किया। महानगर अध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने कार्यक्रम संचालन किया और बताया कि तीरथ सिंह रावत ने 1982 में राजनीति शुरू की। इससे पहले वह आठ साल तक संघ के प्रचारक रहे है। 1990 में गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष रहे। बाद में उत्तर प्रदेश में विधान परिषद के सदस्य और उत्तराखंड की अंतरिम सरकार में शिक्षा मंत्री रहे। 2012 से 2015 तक प्रदेश अध्यक्ष और चैबट्टाखाल से निवर्तमान विधायक रहे।

(इस खबर को न्यूज़ पोस्ट टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)