Page 689

दर्जनभर गांव का आवाजाही के लिए कटा संपर्क

0

पुरोला ब्लॉक के तहत सुकड़ाला खड्ड से भारी कटाव के कारण धिवरा भद्राली संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया, इससे करीब एक दर्जन गांव के ग्रामीणों की आवाजाही ठप हो गई है। गत वर्ष यहां भारी बाढ़ के कारण संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। मरम्मत न होने के कारण इस वर्ष और अधिक कटाव होने से अब ग्रामीण जान जोखिम में डाल कर आवाजाही कर रहे हैं।

भारी बरसात के कारण सुकड़ाला खड्ड से हो रहे कटाव से धिवरा-भद्राली संपर्क मार्ग कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे भद्राली, खड़क्यासेम, मठ, कुमारकोट, सुकड़ाला, धिवरा, डैरिका, सुनाली आदि गांव के ग्रामीणों की आवाजाही ठप हो गई है। स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर स्कूल जा रहे हैं। महिलाओं को भी खेतों तक पहुंचने के लिए जोखिम उठाना पड़ रहा है।

कटाव के कारण कमल नदी पर बने गार्डर पुल के अस्तित्व पर भी खतरा मंडरा रहा है। भद्राली गांव के पूर्व प्रधान राजपाल पंवार ने बताया कि, ‘गत वर्ष भारी बाढ़ के कारण संपर्क मार्ग ध्वस्त हो गया था, लेकिन शासन-प्रशासन को कई बार अवगत कराने के बावजूद मार्ग नहीं बनाया गया। बीते दिनों तहसील में आयोजित जनता दरबार में भी ग्रामीणों ने जिला अधिकारी के सामने यह समस्या रखी थी लेकिन अभी तक मार्ग नहीं बनाया गया है।’

ग्राम प्रधान रविंद्री रावत ने शीघ्र मार्ग को न बनाने पर ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन की चेतावनी दी।

अब सुरक्षा देंगे बाबा: रामदेव ने खोली प्राइवेट सिक्योरिटी कंपनी

0

पतंजलि के संस्थापक योगगुरु बाबा रामदेव ने हरिद्वार में अपनी प्राइवेट सिक्योरिटी कंपनी ‘पराक्रम सुरक्षा प्राइवेट लिमिटेड’ का उद्घाटन किया। फास्ट मूविंग कन्ज्यूमर गुड्स (एफएमसीजीसेक्टर) सेक्टर में अपनी प्रतिस्पर्धी कंपनियों के लिए चुनौती बनने के बाद बाबा रामदेव ने प्राइवेट सिक्योरिटी कंपनी में 40 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया है।

सूत्रों के मुताबिक बाबा रामदेव की प्राइवेट सिक्योरिटी में आर्मी और पुलिस के रिटायर्ड कर्मियों को प्रशिक्षक के रूप में बहाल किया है। योग गुरु बाब रामदेव ने प्राइवेट सुरक्षा एजेंसी के उद्घाटन के मौके पर ‘पराक्रम सुरक्षा, आपकी रक्षा’ का नारा दिया और कहा कि यह सुरक्षा एजेंसी देश के जन-जन में सैन्य भाव जगाने का काम करेगी।

उन्होंने कहा, ‘पतंजलि के प्रयास से योग, आयुर्वेद और स्वदेशी अभियान से देश में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता एवं सशक्त राष्ट्रीय चेतना पैदा हुई है। पराक्रम सुरक्षा एजेंसी देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में आत्मसुरक्षा एवं राष्ट्रसुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का काम करेगी।’ पहले बैच के 100 कर्मचारियों को पिछले एक महीने से ट्रेनिंग दी जा रही है। इस साल के आखिर तक कंपनी की देशभर में शाखाएं होंगी।

भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में प्राइवेट सुरक्षा एजेंसी सेक्टर 40,000 करोड़ रुपये का है और पिछले कुछ सालों में इस सेक्टर में आयी तेजी को देखते हुए साल 2020 तक इसके बढ़कर 80,000 करोड़ रुपये तक होने का अनुमान है। सूत्रों के अनुसार, बाबा रामदेव की पराक्रम सिक्योरिटी एजेंसी विभिन्न संस्थानों और केंद्रों को सुरक्षा सेवा मुहैया कराने के साथ ही कॉर्पोरेट ऑफिस, इंडिविजुअल्स और शॉपिंग मॉल्स को भी सेवा प्रदान करेगी।

स्वाइन फ्लू से दो मरीजों की मौत

0

स्वाइन फ्लू के मामले अनूमन अगस्त से मार्च के बीच ही सामने आते हैं। लेकिन इस दफा फरवरी से जुलाई के बीच स्वाइन फ्लू की मौजूदगी चौंकाने वाली है जिससे स्वास्थ्य महकमे में भी हड़कंप है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. तारा चंद पंत ने बताया कि स्वाइन फ्लू से पीडि़त 47 वर्षीय व्यक्ति की बीते सप्ताह हिमालयन हॉस्पिटल में मौत हुई जिसकी विभाग को अब सूचना दी गई। इसके अलावा बुधवार को मैक्स में भर्ती 47 वर्षीय एक महिला की भी स्वाइन फ्लू से मौत हुई है। उन्होंने बताया कि मार्च से अब तक स्वाइन फ्लू से यह तीसरी मौत है। ऐसे में सभी अस्पतालों को खास एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

उधर, दून अस्पताल में भर्ती एक मरीज में भी स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए हैं। मेडिकल कॉलेज में श्वास रोग के विभागाध्यक्ष और स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी डॉ. रामेश्वर पांडे ने मरीज के खून की जांच और अन्य परीक्षण किए तो प्रथम दृष्टया मामला स्वाइन फ्लू का प्रतीत हुआ। मरीज को आइसीयू में रखा गया है। उसके खून का सैंपल जांच के लिए दिल्ली स्थित नेशनल सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल (एनएसडीसी) को भेज दिया गया है। कंडोली निवासी 31 वर्षीय मरीज को चार जुलाई को दून अस्पताल में दाखिल कराया गया था। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके टम्टा ने बताया कि मेडिसिन विभाग को निर्देश जारी किए हैं कि स्वाइन फ्लू और डेंगू के लक्षण होने पर तुरंत सूचित किया जाए। ताकि उनको संबंधित वार्ड में रखा जा सके।

हरिद्वार डीएम दीपक रावत ने दिये मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश

0

ङीएम दीपक रावत ने अाज कस्तूरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालय छात्रावास, ग्राम बाजूहेड़ी, तहसील रूड़की में रहने वाली बालिका आँचल की साँप/जहरीले कीट द्वारा काटे जाने से हुई मृत्यु की मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिये हैं।

जिलाधिकारी ने मजिस्ट्रीयल जांच के लिये ज्वाइन्ट मजिस्ट्रेट, रूड़की को जांच अधिकारी नामित किया है। जांच अधिकारी को एक पक्ष के अन्दर मजिस्ट्रीयल जांच पूरी कर विस्तृत जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने यह भी कहा कि जांच अधिकारी अपनी जांच में यह भी स्पष्ट रूप से इंगित करेंगे कि उक्त के सम्बन्ध में विद्यालय अथवा चिकित्सालय स्तर पर किस की तरफ से लापरवाही हुई है, जिससे उनके विरूद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करायी जा सके।

अंतरात्मा की आवाज पर दें वोट: मीरा

0

राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले यह चुनाव राजनीतिक नहीं, बल्कि यह चुनाव विचारधारा का है। राष्ट्रपति पद के लिए कांग्रेस समेत 17 विपक्षी दलों की प्रत्याशी मीरा कुमार ने देहरादून में कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सभी अंतरात्मा की आवाज सुनकर मतदान करें।

गुरुवार को एक स्थानीय होटल में मीडिया से मुखातिब हुईं राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मीरा कुमार ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों की ईमानदारी और कर्तव्य निष्ठा को वे प्रणाम करती हैं। उन्होंने कहा कि इस बार के राष्ट्रपति चुनाव पर देश ही नहीं पूरी दुनिया की नजर लगी है। यह दो विचारधाराओं का चुनाव है। उन्होंने कहा कि इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा इस बार राष्ट्पति चुनाव। मीरा कुमार ने कहा कि बीते तीन साल में देख में देखने को मिला कि जाति और धर्म के नाम पर राजनीति हो रही है। गरीबों, निर्बलों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहा है और सरकार चुप है। उन्होंने कहा कि देश में जाति आधारित राजनीति बढ़ रही है। जाति व्यवस्था को खत्म करना होगा। सभी वर्गों के बारे में ईमानदारी से सोचना होगा।
मीरा कुमार ने कहा कि उन्होंने निर्वाचक मंडल के सभी सदस्यों से पत्र लिखकर समर्थन मांगा है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सभी अपनी अंतर्रात्मा की आवाज सुनकर वोट देंगे। सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि वे किसी सरकार पर आरोप नहीं लगा रही। स्पीकर रहते हुए भी उन्होंने सभी दलों को बराबर मौका दिया और इसकी सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि भारत महान देश बनने के लिए आगे बढ़ रहा है, लेकिन समानता के भाव को मजबूत करने की जरूरत है।
इससे पूर्व, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि मीरा कुमार के परिवार का भारतीय राजनीति में अहम योगदान रहा है। वे एक बेहतर प्रत्याशी हैं, उन्हें राष्ट्रपति चुनाव में सभी मतदान करें। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश ने कहा कि देश के सर्वोच्च पद के लिए राजनीतिक सोच से बाहर आकर मतदान किया जाए। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि मीरा कुमार के राजनीतिक अनुभव और व्यक्तित्व से सभी प्रभावित हैं। उन्हें कांग्रेस के साथ ही अन्य दलों का भी समर्थन प्राप्त है। इस दौरान कांग्रेस के सभी विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे।

मानसून के मंद पड़ने से पहाड़ में राहत

0

राज्य में पिछले कुछ दिनों से आफत मचाने के बाद उत्तराखंड में मानसून की रफ्तार मंद पड़ गई है। बारिश थमने से लोग राहत महसूस कर रहे हैं। दो दिन से रोकी गई चारधाम यात्रा फिर से शुरू हो गई है। हालांकि चारधाम यात्रा मार्गों का खुलने व बंद होने का सिलसिला अभी जारी है, इसके साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में बंद पड़े संपर्क मार्ग खोलने का काम भी तेज हो गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार अब एक हफ्ते तक मानसून की रफ्तार मंद रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होगी, लेकिन भारी अथवा बहुत भारी वर्षा की संभावना फिलहाल नहीं है। इसी तरह चमोली जनपद में बारिश तो थम गई लेकिन गत दिवस लामबगड़ में हुए भूस्खलन से बंद बदरीनाथ हाईवे को सुबह तक नहीं खोला जा सका। यहां करीब बीस मीटर हाइवे क्षतिग्रस्त हो गया था जिसे ठीक करने का काम चल रहा है।

इसी तरह राज्य के देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, हरिद्वार के साथ ही कुमाऊं के सभी जिलों में बारिश थमी है। हालांकि आसमान में हल्के बादल हैं और ज्यादातर स्थानों पर कोहरा छाया है। कहीं-कहीं धूप भी खिल गई है। उत्तरकाशी में गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे बंद होने व खुलने का सिलसिला जारी है। यमुनोत्री हाईवे हनुमान चट्टी के पास बंद हो गया था, इसे भी अब खोल दिया गया है।

राज्य के कुमाऊं मंडल में रानीखेत, कोसी व गगास घाटी में कोहरे की चादर बिछी है। चंपावत में बादलों के बीच धूप निखर आई। पिथौरागढ़-टनकपुर नेशनल हाईवे यातायात के लिए सुचारू है। चंपावत जिले 17 ग्रामीण मार्ग अब भी बंद हैं। बागेश्वर में भी आठ संपर्क मार्ग बंद हैं। पिथौरागढ़ में भी रातभर की बारिश के बाद सुबह मौसम साफ हो गया। जिले के करीब एक दर्जन संपर्क मार्ग अवरुद्ध हैं। 

सरकारी फरमान के बाद एक बार फिर खुली चार धाम यात्रा

आसमानी बारिश ने उत्तराखंड में 2 दिन आम जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया था, लेकिन अाज खिली धूप में ऋषिकेश में यात्रियों के चेहरे खिला दिए। 2 दिनों से चारधाम यात्रा पर निकल ना पा रहें यात्रियों को होटल, धर्मशाला में रुकना पड़ा आज एक बार फिर आस्था की यात्रा शुरू हुई है।

उत्तराखंड में बारिश के 36 घंटे का अलर्ट जैसे ही शुरू हुआ पूरा उत्तराखंड पानी-पानी हो गया। हर नदी नाले उफान पर थी और सभी प्रमुख राज्य मार्ग भूस्खलन के चलते बंद हो गए थे। आखिरकार बारिश के दो दिन बाद खुली धूप में चार धाम यात्रा जाने वाले यात्रियों के चेहरों में रौनक लौटा दी है। बीते दिनों से यात्रा पर जाने के लिए ऋषिकेश पहुंचे लोग होटल और धर्मशालाओं में समय बिता रहे थे, आज 2 दिनों के बाद सरकार द्वारा एतिहात के तौर पर लगाई गई रोक हटा दी गई, जिसके चलते यात्री चार धाम यात्रा पर निकल पड़े हैं।

vlcsnap-2017-07-13-13h14m41s19मानसून का असर चार धाम यात्रा सहित सिखों के पवित्र धाम श्री हेमकुंड साहिब पर भी पङनें लगा था। जगह-जगह रोड ब्लॉक और बारिश ने श्रद्धालुओं के कदम उत्तराखंड आने से रोक दिए थे जिसके चलते जुलाई से कमी आ गई थी। मौसम के अलर्ट को देखते हुए राज्य सरकार ने 2 दिन के लिए चार धाम यात्रा पर भी रोक लगा दी थी, अब एक बार फिर यात्रा शुरू हुई है और आस्था पथ पर लगभग ढाई हजार के आसपास यात्री ऋषिकेश से निकल पड़े हैं।

उत्तराखंड में चार धाम यात्रा हमेशा से ही देश विदेश में रहने वाले श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का एक केंद्र रही है, लेकिन मौसम की मार हर बार इस यात्रा को प्रभावित करती है।

 

पिथौरागढ़ में रात आठ बजे से सुबह पांच बजे तक नहीं चलेंगे वाहन

0

पर्वतीय क्षेत्र के मार्गों की खराब हालत को देखते हुए प्रशासन ने रात आठ से सुबह पांच बजे तक वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी है।

जिलाधिकारी सी. रविशंकर ने इस आशय के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि लगातार बरसात से कई मार्ग क्षतिग्रस्त हैं और भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। यात्रियों को यात्रा में किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े और संभावित दुर्घटनाओं पर नियंत्रण लगाया जा सके। इस उद्देश्य से रात्रि आठ बजे से सुबह पांच बजे तक वाहनों के संचालन पर रोक लगाई गई है। एम्बुलेंस, आपातकालीन सेवा वाहन, सेना, अ‌र्द्धसैनिक बलों के परिवहन को इस फैसले मुक्त रखा गया है। 

बारिश से पर्यटन उद्योग के चेहरे पर छाये काले बादल

0

IMG_3442

उत्तराखंड में दो दिन से हो रहीं बारिश ने जहां आम जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया वहीं मसूरी से काफी पर्यटकों ने वापस अपने घर जाने का मन बना लिया है।

बारिश के 48 घंटे का अलर्ट जैसे ही शुरू हुआ पूरा प्रदेश पानी-पानी हो गया। हर नदी नाला उफान पर था और सभी प्रमुख राज्य मार्ग भूस्खलन के चलते बंद हो गए। यहीं हाल मसूरी देहरादून, मसूरी-धनौल्टी मार्ग का भी था। मानसून का असर चार धाम यात्रा सहित मसूरी, धनौल्टी, काणाताल पर भी देखने को मिला। जगह जगह रोड ब्लॉक और बारिश ने पर्यटकों के कदम यहा आने से रोक दिए थे, जिसके चलते यहां अाये पर्यटक भी बारिश रुक अपने घर जाने को बेचैन दिखे।

मौसम के अलर्ट को मीङिया के जिरये काफी दिखाया गया, जिस के चलते लोगों के मन में ङर बैठ गया आज आखिरकार जब बारिश दो दिन बाद रुकी तो लोग होटलों और धर्मशालाओं से निकल कर घर वापस जाने के इच्छुक दिखे ।

दो दिन से बारिश से होटल व्यवसाय से जुड़े चेहरों की रौनक फींकी पड़ गई, संदीप साहनी होटल और रेस्टोरंट एसोसिएशन के प्रेसिडेंट का कहना है कि- बीते दो दिन होटल व्यवसायियों के लिए अच्छे नहीं गुजरे,पर्यटक नाहोने की वजह से बिजनेस मंदा रहा लेकिन उम्मीद है आने वाले दिनों में सबकुछ ठीक होगा।साहनी ने कहा कम पर्यटक होने की वजह एक तो मौसम है दूसरा सोशल मीडिया पर गलत अफवाहें हैं,जो भी हो नुकसान हुआ है,इस बीच लोगों की इन्कव्यायरी भी नहीं आई और साथ पहले से हुई बुकिंग भी कैंसिंल करवाई गई है।

मसूरी सदियों से देश विदेश में रहने वाले लोगों की पहली पसंद व आकर्षण का एक केंद्र रही है। लेकिन मौसम की मार हर बार यहा आने वालों को प्रभावित करती है जिसके चलते जून के अंतिम सप्ताह से सीजन में कमी आई, जो दो दिन की बारिश ने अौर भी पूरी कर दी।

हरिद्वार होटल में ठहरे थे दंपति, पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

0

शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शिव मूर्ति गली स्थित बग्गा होटल में रह रहे दंपति में से पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आधी रात के बाद हाथ कटने से युवक को अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि होटल में ठहरे युगल ने पति-पत्नी बताते हुए कमरा लिया था। दोनों होटल की तीसरी मंजिल पर रह रहे थे। नितिन नाम का युवक देर रात कमरे में आया। किसी बात को लेकर पति और पत्नी में बहस हुई तो युवक ने कमरे की खिड़की में लगे शीशे पर दाहिना हाथ जोर से मारा। इससे उसके हाथ की नस फट गई और तेजी से खून बहने लगा। युवती की सूचना पर होटल कर्मियों की मदद से उसे जिसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान तड़के युवक ने दम तोड़ दिया।
इस मामले में युवक के परिजनों द्वारा युवती पर हत्या का आरोप लगाया गया है। बताया गया है कि देवपुरा निवासी नितिन शर्मा का पड़ोस की युवती मनीषा के साथ करीब तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब नितिन शादी को तैयार नहीं हुआ मनीषा ने जुलाई 2017 में शहर कोतवाली में नितिन के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। सात जुलाई को दोनों पक्षों में समझौता हुआ था। इसके बाद से दोनों होटल में रुके थे।
मायापुर चौकी प्रभारी रमेश सैनी ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद युवती ने कोर्ट में बयान दिया था कि युवक अगर उससे से शादी कर ले तो वह मुकदमा वापस ले लेगी। इसके बाद दोनों में समझौता कराया गया, लेकिन युवक के परिवार वालों ने युवती को घर में रखने से मना दिया। इसके बाद से दोनों होटल में रह रहे थे। युवती आठ महीने की गर्भवती है।