Page 686

₹25 लाख की चरस पकङी गई

0

थाना त्यूनी पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवम वाहनों आदि का चेकिंग अभियान चलाया गया जिसके चलते 2 अभियुक्तो, लक्ष्मीचंद अौर गोविंद 7 किलो अवैध चरस सहित एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई। अभियुक्तो के विरुद्ध थाना त्यूनी पर 8/20 एनडीपीएस एक्ट  के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया, पकङी गई चरस की कीमत बाजार में करीब ₹25 लाख मानी जा रहीं है।

अभियुक्तगण द्वारा प्रारम्भिक पूछताछ में बताया कि वह नेपाल से भारी मात्रा मे चरस लाता व मंगवाता है व इस चरस को यहाँ से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, देहरादून में सप्लाई करता है।

दून के युवक को फिल्मस्टार अक्षय कुमार ने दी शाबाशी

0

बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार ने दून के युवा अभिषेक भट्ट को उनके एक रैप वीडियो के लिए ट्वीट कर शाबाशी दी है। अभिषेक ने यह रैप गीत अक्षय की आने वाली फिल्म टायलेट-एक प्रेमकथा से प्रेरित होकर तैयार किया है। अक्षय ने ट्वीट में कहा है कि वह इस गीत के लिए अभिषेक को सैल्यूट करते हैं।

दून के बसंत विहार में रहने वाले अभिषेक भट्ट ने 29 जून को एक वीडियो यूट्यूब पर डाला था। रैप वीडियो देश को करता गंदा क्यों, इंसान बना है अंधा क्यों, पावर की आड़ में चल रहा गलत धंधा क्यों…,यूट्यूब पर आने के बाद से ही खूब देखा-सुना गया है।

akshay fan
अभिषेक के अनुसार, अक्षय की फिल्म टायलेट एक प्रेमकथा विशेष संदेश देने वाली फिल्म है। जिससे वे प्रेरित हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छता अभियान से भी वह काफी प्रभावित हैं। इसलिए उन्हें इस विषय पर रैप बनाने की सूझी।
हालांकि, तब उन्हें उम्मीद नहीं थी कि अक्षय इस रैप वीडियो को देखेंगे। लेकिन अक्षय ने वीडियो को न सिर्फ देखा बल्कि ट्वीटर और फेसबुक पर अभिषेक के लिए संदेश भी लिख छोड़ा। जिसमें अक्षय ने अभिषेक की सराहना करते हुए लिखा है कि हर घर में होगा शौचालय, वो दिन सबसे अच्छा होगा ही, लेकिन फिलहाल यह वीडियो देखकर उनका शक्रवार का दिन सबसे अच्छा हो गया। अक्षय ने ट्वीटर और फेसबुक पर इस गीत के बोल भी लिखे हैं। अक्षय के ट्वीट के बाद लोगों में अभिषेक के गीत को सुनने की उत्सुकता बढ़ गई है।

विधानसभा की सुरक्षा को लेकर स्पीकर सख्त

0

राष्ट्रपति के निर्वाचन और उत्तर प्रदेश विधानसभा में विस्फोटक मिलने की घटना को देखते हुए उत्तराखंड विधानसभा की सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसको लेकर विस अध्यक्ष प्रेम चन्द अग्रवाल ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की और विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।

शुक्रवार को विधानसभा सभागार में हुई बैठक में विस अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि विधानसभा संवैधानिक संस्था है, यहां की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा में बिना मान्य प्रवेश पत्र के किसी को भी प्रवेश न दिया जाए। साथ ही विधानसभा में वे ही वाहन प्रवेश कर पाएं, जिन पर विधानसभा द्वारा जारी प्रवेश पत्र चस्पा हो। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि मंत्रियों और विधायकों के वाहन में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के पास भी अलग से प्रवेश पत्र होना चाहिए।
अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि वाहनों की चेकिंग के लिए गेट पर अत्याधुनिक तकनीक से युक्त यंत्र एवं मशीनें लगाई जाएं। इसके साथ ही सुरक्षा में तैनात कार्मिकों को समय-समय पर सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण और हथियारों के संचालन का प्रशिक्षण दिया जाए। विधानसभा में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और आसपास के व्यवसायी प्रतिष्ठानों से जुड़े लोगों का पुलिस से सत्यापन कराया जाए।

पार्किंग निर्माण को लेकर पेयजल मंत्री से मिले विधायक जोशी

0

मसूरी विधायक गणेश जोशी ने पेयजल मंत्री प्रकाश पंत से उनके न्यू कैंट स्थित आवास पर शुक्रवार को भेंट कर दिलाराम चैक में पार्किंग निर्माण की बात रखी। उन्होनें राजपुर रोड पर वाहनों की अधिकता को देखते हुए पार्किंग निर्माण किये जाने पर जोर दिया।
विधायक जोशी ने बताया कि प्रभारी मंत्री देहरादून मदन कौशिक की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधायक राजपुर खजान दास के साथ संयुक्त रूप से यह मांग की गई थी कि राजपुर पार्किंग का निर्माण कार्य अतिशीघ्र प्रारम्भ किया जाए। प्रभारी मंत्री द्वारा अवगत कराया गया था कि यदि पेयजल विगाग द्वारा दिलाराम बाजार के पास भूमि उपलब्ध करा दी जाएगी तो नगर विकास के माध्यम से पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा।
विधायक जोशी ने पेयजल मंत्री प्रकाश पंत को बताया कि पूर्व में मेरे कार्यालय के दौरान राजपुर रोड दिलराम चैक में जलंसस्थान के कार्यालय के पास पार्किंग स्वीकृत कराई गई थी किन्तु कांग्रेस सरकार ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने पेयजल मंत्री को बताया कि पार्किंग निर्माण के लिए यदि जलसंस्थान द्वारा भूमि उपलब्ध कराई जाएगी तो नगर विकास विभाग पार्किंग निर्माण करने के लिए तैयार है।
पेयजल मंत्री ने विधायक जोशी को आश्वस्त किया है कि दोनों विभागों के संयुक्त निरीक्षण के बाद जलसंस्थान की भूमि पर पार्किंग निर्माण की कार्रवाई की जाएगी।

विधानसभा भवन में 17 को होगा राष्ट्रपति पद के लिए मतदान

0

राष्ट्रपति निर्वाचन, 2017 के संबंध में मतदान दिनांक 17 जुलाई को होगा, मतदान विधान सभा भवन के कक्ष संख्या-321 में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।

बुधवार को विधानसभा सचिव और सहायक रिटर्निंग अॉफीसर जगदीश चंद्र ने जानकारी दी कि राष्ट्रपति निर्वाचन, 2017 के संबंध में उत्तराखंड विधानसभा के निर्वाचित सदस्यों व संसद सदस्यों, जिन्हे निर्वाचन आयोग ने विशेषतया देहरादून में मत देने के लिए अधिकृत किया हो, उनकी सुविधा के लिए मतदान स्थल की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड विधान सभा के निर्वाचित सदस्य व संसद सदस्य भारत निर्वाचन आयोग के नियमानुसार निर्धारित प्रारूप पर आवेदन करने के पश्चात निर्वाचन आयोग की पूर्वानुमति के उपरांत ही किसी भी राज्य मुख्यालय मे स्थित निर्वाचन स्थल या संसद भवन कक्ष संख्या-62 नई दिल्ली में भी सुविधा प्राप्त कर सकते है।

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश और निर्धारित प्रारूप समस्त निर्वाचकगणों को प्रेषित की जा चुकी है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान के दिन मतदान स्थल पर मोबाइल फोन, कार्डलैस फोन, वायरलेस सेट तथा कैमरा आदि लाना वर्जित होगा। उन्होंने बताया कि निर्वाचकगण देहरादून,विधानसभा भवन के द्वितीय तल में अपना परिचय पत्र दिखा कर मतदेय कक्ष में प्रवेश करेंगे और मतदान करने के बाद मतदान कक्ष से बाहर निकल जाएंगे। 

धर्मनगरी में बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, नौ हिरासत में

0

जिस्मफरोशी के धंधे को लेकर धर्मनगरी में छापेमारी अभियान जोरों पर है। बीती 8 जुलाई को 2 युवतियों और एक युवक की गिरफ्तारी के बाद आज फिर से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 5 लड़कियों के साथ 4 युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

बतादें कि हरिद्वार में बड़े पैमाने पर सेक्स रैकेट का धंधा जोरों पर चल रहा है। इसके बाद बीती 8 जुलाई को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल की छापेमारी में हरिद्वार क्षेत्र के होटल शिवा में जिस्मफरोशी के धंधे का पर्दाफाश किया गया। जिसमें होटल के कमरों से 2 लड़कियों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जबकि पुलिस टीम को देख एक अन्य युवक फरार हो गया था। छापेमारी की इसी कड़ी में आज कोतवाली हरिद्वार पुलिस ने शिवमूर्ति गली स्थित सिंधु पैलेस होटल में संचालित हो रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 5 लड़कियों के साथ 4 युवकों को हिरासत में लिया गया है। दरअसल, मायापुर पुलिस चैकी को इस बात की शिकायत मिली थी कि होटल में सेक्स रैकेट संचालित हो रहा है। सभी आरोपियों को चैकी लाकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

हरीश रावत की मैंगो पार्टी पर किशोर का वार, बचाव में उतरे प्रीतम

0

हरीश रावत ने मैंगो पार्टी का आयोजन कर खूब सुर्खियां बटोरी थीं, जिस पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने सवाल खड़ा किया है। हालांकि वर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष हरीश रावत के बचाव में उतर आए हैं।

पूर्व सीएम हरीश रावत विधानसभा चुनाव में पराजय का मुंह देखने के बाद कभी हरेला तो कभी मौंगो पार्टी का आयोजन कर पहाड़ और कार्यकताओं दोनों पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखना चाहते हैं। वहीं कांग्रेस में हरीश विरोधी खेमा उनकी इस चाल को पार्टी के लिए नुकसानदायक बताकर उनपर लगतार हमला बोल रहे हैं।
शुक्रवार को देहरादून में पत्रकारों से बातचीत में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने मैंगो पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस अपनी पराजय को भूल भी नहीं पाई लेकिन कुछ लोग जगह-जगह अपने को चमकाने के लिए जश्न मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि धैर्य के साथ काम करना होगा। घर में अगर दुख है तो जश्न मनाना ठीक नहीं। उन्होंने अपनी बेटी का जन्मदिन का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी के हार के चलते में इस जश्न नहीं मनाया था।
वहीं किशोर के बयान पर पलटवार करते हुए वर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह पवार ने कहा कि ‘हार जीत तो चलता रहता है। इसका मतलब यह नहीं कि हम चुपचाप घर में बैठ जाएं। हमे नए सिरे से कांग्रेस कार्यकताओं में जोश भरना है।’ हरीश रावत का बचाव करते हुए प्रीतम ने कहा कि आम पार्टी से यदि उत्तराखण्ड के फलों और उत्पादों को प्रचार प्रसार मिलता है, तो ऐसे आयोजन बार-बार होते रहना चाहिए।
गुरुवार को यूपीए राष्ट्रपति उम्मीदवार मीरा कुमार के देहरादून दौरे के दौरान किशोर उपाध्याय नाराज होकर लौट गए थे। विपक्ष की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मीरा कुमार से मिलने गुरुवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय भी मिलने पहुंचे लेकिन विधायकों के साथ मीरा कुमार की मीटिंग के दौरान गेट पर तैनात लोगों ने किशोर को अंदर नहीं जाने दिया। 

आधार बनवाने को भटक रहे स्कूली बच्चे

0

सरकार ने स्कूलों में बच्चों के लिए आधार अनिवार्य किया है। विभिन्न बोर्ड ने भी अपने सभी दस्तावेजों को आधार से लिंक किए जाने का कार्य शुरू कर दिया है। बच्चों को कोई परेशानी न हो इसकेे लिए स्कूलों को ही आधार केंद्र के रूप में तैयार किया गया लेकिन बोर्ड का यह फैसला स्कूल नहीं मान रहे हैैं। कुछ स्कूलों में तो बच्चों को बाहर से आधार कार्ड बनवाकर लाने को कहा जा रहा है।

बोर्ड के निर्देशों को भी कर रहे दरकिनार
आधार की अनिवार्यता के बाद सीबीएसई ने देशभर के स्कूलों को आधार फेसिलिटेशन सेंटर के रूप में कार्य करने के निर्देश दिए थे। जिसके चलते बच्चों और उनके अभिभावकों तक को आधार के लिए रजिस्टर कराने का काम स्कूलों को करना था। यह कार्य हुआ भी, लेकिन कुछ स्कूलों ने निर्देशों को दरकिनार कर दिया। राजधानी देहरादून मेें सीआईएससीई बोर्ड से जुड़े स्कूलों ने तो आधार को लेकर कोई सुविधा बच्चों को दी ही नहीं। यहां बच्चों को एग्जाम से जुड़ी प्रक्रिया को पूरी करने के लिए पहले आधार लाने की बात कही जा रही है।

अब और बढ़ गई समस्या
आधार बनाने की समस्या तब बड़ी हो गई जब सरकार ने सभी निजी केंद्रों पर आधार बनाने की प्रक्रिया को बंद करने के निर्देश दिए। उस पर स्कूलों में भी आधार कार्ड नहीं बनाए जा रहे हैं। जिस कारण बच्चों और अभिभावकों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है।

जिंप पायनियर स्कूल, के प्रधानाचार्य जगदीश पांडे ने बताया कि, ‘बोर्ड की ओर से स्कूलों में आधार कार्ड बनाए जाने के निर्देशों के अनुसार सभी बच्चों के आधार स्कूल में ही बनवा दिए गए थे, यह जिम्मेदारी स्कूलों की थी कि बच्चों को आधार बनवाने के लिए भटकना न पड़े। अगर किसी स्कूल ने आधार नहीं बनवाए तो यह उसकी गलती है। बच्चों को समस्या होना लाजमी है।’

मुख्य शिक्षा अधिकारी, एसबी जोशी का कहना है कि, ‘छात्रों और अभिभावकों के लिए आधार अनिवार्य है। निजी स्कूलों को भी इस बाबत सूचित किया जा चुका है। अगर कोई स्कूल इसमें मनमानी करता है तो वो गलत है। ऐसे मामलों की शिकायत यदि विभाग के पास आएगी तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।’

आखिर दिखने ही लगी सरकार में दरारें

0

राज्य की भाजपा सरकार में यूं तो लंबे समय से अंदरुनी खींचतान चल रही है, लेकिन अब यह सतह पर आनी शुरू हो गई है। भाजपा में कांग्रेस छोड़कर शामिल हुए तमाम दिग्गज सरकार में मंत्री तो बने, लेकिन मनमाफिक विभाग नहीं मिलने और सत्ता में तवज्जो नहीं मिलने के कारण लंबे समय से असहज महसूस कर रहे हैं। काफी समय से लेकर इनको लेकर चर्चाओं का बाजार भी गर्म रहा। खासतौर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और मौजूदा सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज लगातार कैबिनेट बैठकों से नदारद दिखे।

मंत्रिमंडल की बैठक में सतपाल महाराज शामिल तो हुए, लेकिन कुछ मामलों को लेकर उनका दर्द बाहर आ गया। इस मामले को दबाने की कोशिश भी की गई, लेकिन चर्चाएं शुरू हुई तो सब बाहर आ गया। दरअसल, बदरीनाथ, केदारनाथ समेत राज्य के प्रमुख मंदिरों की व्यवस्थाओं व प्रबंधन के लिए प्राधिकरण के गठन के मामले में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और वन मंत्री हरक सिंह रावत के बीच जमकर बहस हुई और इस प्रस्ताव पर सहमति नहीं बन पाई। सूत्रों के मुताबिक इस प्रस्ताव से वन मंत्री हरक सिंह रावत सहमत नहीं हुए। इस मामले में पर्यटन मंत्री के साथ उनकी बहस हुई। सूत्रों के मुताबिक बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति उक्त दोनों मंदिरों के संचालन का जिम्मा उठा रही है। समिति में वर्तमान में कांग्रेस से जुड़े प्रतिनिधियों का दबदबा है।

प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही समिति को भंग किया गया था, लेकिन हाईकोर्ट सरकार के आदेश को रद कर चुका है। प्राधिकरण का गठन होने की सूरत में समिति का अस्तित्व पर खतरा पैदा होना स्वाभाविक माना जा रहा है। कभी महाराज के करीबियों में शुमार पूर्व विधायक गणेश गोदियाल समिति के अध्यक्ष हैं। गोदियाल और महाराज में अब छत्तीस का आंकड़ा है। सूत्रों की मानें तो महाराज के उक्त प्रस्ताव पर हरक के अलावा कुछ मंत्रियों की सहमति भी नहीं रही। फिलहाल दोनों मंत्रियों के उलझने से सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चाएं गर्म हो गई हैं। पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में गठित इस प्राधिकरण में एक भी पद सृजित नहीं किया गया था। कुल मिलाकर इस पूरे मामले को सियासी नजर से देखें तो आने वाले वक्त में मंत्रियों की दबी हुई कुंठा और बाहर आ सकती है। हाल ही में कृषि मंत्री सुबोध उनियाल भी किसानों की मौत को लेकर बयानबाजी कर सरकार के सुरों से अलग सुर में अपनी आवाज उठा चुके हैं। 

कांवड़ मेला: दो स्पेशल ट्रेन का संचालन 15 जुलाई से

0

कांवड़ मेले में कांवड़ियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए रेलवे की ओर से कांवड़ स्पेशल ट्रेनें संचालित की गई हैं। दिल्ली-हरिद्वार के बीच जहां दस जुलाई से एक पैसेंजर ट्रेन संचालित हो रही है वहीं 15 से 21 जुलाई तक दो और ट्रेनें संचालित होंगी। इधर रूटीन ट्रेनों में भी कांवड़ियों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है।

दिल्ली-हरिद्वार ट्रेन 10 जुलाई से ट्रैक पर दौड़ रही है। यह ट्रेन देर रात 12.45 बजे रुड़की पहुंचती है। अप में हरिद्वार-दिल्ली का रुड़की पहुंचने का समय तड़के 3.13 बजे निर्धारित है। अप और डाउन में इस ट्रेन का रुड़की स्टेशन पर दो मिनट का स्टॉपेज है। इसके अलावा हरिद्वार-दिल्ली के बीच 64557 डाउन और 64558 अप के अलावा, 04060 अप-डाउन 15 से 21 जुलाई तक संचालित होंगी। 64557 डाउन दिल्ली से चलकर 11.08 बजे रुड़की पहुंचेगी, जबकि अप में 64558 देर रात 2.42 बजे हरिद्वार से रुड़की आएगी। इसका भी स्टेशन पर दो मिनट का स्टॉपेज है। 04060 अप-डाउन में गजरौला होते हरिद्वार आएगी। जबकि वापसी रुड़की होकर करेगी।
कांवड़ स्पेशल के अलावा रुटीन ट्रेनों में भी बड़ी तादाद में कांवड़ पहुंच रहे हैं। स्टेशन पर ट्रेन के आते ही बम-बम भोले की गूंज सुनाई पड़ रही है। हालांकि रेलवे की ओर से ट्रेनों की छतों पर कांवड़ियों को चढ़ने से रोका जा रहा है। स्टेशन अधीक्षक एसके वर्मा ने बताया कि कांवड़ स्पेशल के संचालन से शिवभक्तों को राहत मिली है। उन्होंने बताया कि स्टेशन पर साफ-सफाई, सुरक्षा आदि के विशेष इंतजाम किये गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो।
रेलवे की ओर से जोधपुर और बीकानेर से हरिद्वार के लिए साप्ताहिक विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इनके फेरे भी बढ़ाए गए हैं। 04831 और 04832 जोधपुर-हरिद्वार जोधपुर साप्ताहिक स्पेशल के 22 फेरे और 04735 और 36 बीकानेर-हरिद्वार बीकानेर साप्ताहकि के 24 फेरे का संचालन होगा।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी की ओर से जारी विज्ञप्ति में जानकारी दी गई है कि 04831, 22 जुलाई से 30 सितंबर तक प्रत्येक शनिवार को जोधपुर से दोपहर डेढ़ बजे प्रस्थान कर अगले दिन पूर्वाह्न 10.45 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी में 04832, 23 जुलाई से एक अक्टूबर तक प्रत्येक रविवार को हरिद्वार से शाम पौने पांच बजे प्रस्थान कर अगले दिन पूर्वाह्न पौने बारह बजे जोधपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में ज्वालापुर स्टेशन पर भी रुकेगी।
ट्रेन 04735 बीकानेर-हरिद्वार 14 जुलाई से 29 सितंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को बीकानेर से शाम पौने आठ बजे प्रस्थान कर अगले दिन पूर्वाह्न 10.25 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी में 04736, 15 जुलाई से 30 सितंबर तक प्रत्येक शनिवार को हरिद्वार से रात 7.50 पर प्रस्थान करके अगले दिन सुबह 9.25 पर बीकानेर पहुंचेगी।