Page 653

बाघ-आग की घटनाएं चिंताजनक: डीएम

0

जनपद पौड़ी गढ़वाल में मानव और मांसभक्षी प्राणी संघर्ष रोकथाम को लेकर आयोजित विचार गोष्ठी में वन महकमे के साथ-साथ वाइड लाइफ विशेषज्ञों ने मनुष्यों के ऊपर जंगली जानवरों के हमलों के कारणों तथा उनको रोकने के उपायों पर मंथन किया।

वाइल्ड लाइफ संस्थान तथाग की संयुक्त पहल पर आयोजित बैठक में वन विभाग पौड़ी समेत लैंसडोन तथा टिहरी तथा वाइल्ड लाइफ संस्थान देहरादून के वाइल्ड लाइफ विशेषज्ञों ने कई अहम बिन्दुओं पर रोशनी डाली।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी सुशील कुमार ने पर्वतीय जिलों में बाघ और आग की घटनाओं को बेहद चिंताजनक बताया। कहा कि इन घटनाओं को विशेष रणनीति के तहत रोका जाना अहम है। उन्होंने कहा कि जंगली जानवरों व मानव के बीच के संघर्ष को कम करने के लिए वाइल्ड लाइफ विशेषज्ञों से रायशुमारी की जा रही है। उन्होंने पर्यावरण के लिए गुलदार समेत अन्य जंगली जानवरों की भूमिका को भी अहम बताया। उन्होंने कहा कि लोगों को पर्यावरण तंत्र में इनके वास्तविक वजूद से भी अवगत कराना जरूरी है।
जंगली जानवरों से प्रभावित मुख्य गावों में मॉडल प्रोजेक्ट के तहत विशेष रूप से जागरूक तथा घटनों को रोकने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके अलावा, वन विभाग के कार्मिकों के साथ-साथ ग्रामीणों को मॉक ड्रिल के माध्यम से गुलदार, भालू आदि के हमलों से बचने, रेसक्यू करने तथा इन्हें पकड़ने की तकनीकी विधियां बतायी जाएंगी।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे, डीएफओ लैंसडोन मयंक शेखर, वाइल्ड लाइफ संस्थान के विशेषज्ञ डॉ एसएस बिष्ट, डॉ एसपी गोयल आदि ने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन वाइल्ड लाइफ विशेषज्ञ डॉ सत्य कुमार ने किया।

बारह आधार केंद्रों के भरोसे 15 हजार आवेदक

0
आधार कार्ड

सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के साथ ही स्कूल-कॉलेजों में दाखिले के लिए भी आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया है। ऐसे में इस सीजन में तमाम लोग आधार के लिए भटक रहे हैं लेकिन प्रशासन लोगों को आधार कार्ड बनाने के लिए पर्याप्त सुविधा मुहैया कराने में विफल हैं। राजधानी की बात करें तो आधार कार्ड बनाने के नाम पर दून में मात्र 12 आधार केंद्र हैं। इनके भरोसे प्रतिमाह करीब 15 हजार आवेदक हैं। जबकि एक केंद्र पर दिनभर में 30 से 40 आधार ही बन पा रहे हैं, जिससे इन केंद्रों पर सुबह से ही भीड़ लग रही है।

आधार बनाने में प्रशासन के पसीने छूट रहे हैं। एक माह पहले तक दून में आधार बनाने के 46 केंद्र संचालित थे लेकिन आवेदन करने में गलतियां करने पर केंद्र सरकार ने इनमें से 34 केंद्रों पर रोक लगा दी। अब सिर्फ 12 केंद्रों पर ही आधार कार्ड बनाने का काम चल रहा है चूंकि अब दाखिले का सीजन है तो हर दिन सैंकड़ों आधार बनवाने के लिए केंद्रों पर उमड़ रहे हैं। इसके अलावा, हजारों लोगों के आधार में त्रुटियां हो गई हैं, ऐसे में वे भी आधार केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। पिछले जुलाई के आंकड़ों पर गौर करें तो इन 12 केंद्रों पर नए आधार बनवाने या त्रुटिपूर्ण आधार को ठीक कराने के लिए 15 हजार लोग पहुंचे हैं।
आधार कार्ड केंद्रों की संख्या कम होने की आड़ में कई केंद्रों पर आधार के नाम पर अवैध वसूली भी चल रहा है। स्थिति ये है कि केंद्रों पर 100 से 150 रुपये वसूले जा रहे हैं। बावजूद इसके लोगों को राहत नहीं मिल रही।

मीठी यादें लेकर विदा हुए डच छात्र

0

ग्लोबल एक्सप्लोरेशन कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत शुक्रवार को नीदरलैंड के बच्चों को विद्यालय की और से शानदार विदाई दी गई। बच्चों ने एक दूसरे को गिफ्ट दिए। आज ग्लोबल एक्सप्लोरेशन कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम का अंतिम दिन था। आठ दिन तक नीदरलैंड के छात्रों के दो दलों ने यहां बारी-बारी से प्रतिभाग किया। 39 सदस्य इस दल को आज विद्यालय की और से विदाई दी गई।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नीदरलैंड के इस दल का आभार व्यक्त करने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी आरडी शर्मा एवं खंड शिक्षा अधिकारी अजय चैधरी स्वयं उपस्थित रहे। अपने संबोधन में सीईओ आरडी शर्मा ने कहा कि अंतराष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक आदान प्रदान का यह अच्छा प्रयास है। उन्होंने कहा कि अलग भाषा बाधा पैदा करती है परंतु विद्यालय के प्रयास से विदेशी बच्चों के साथ जो विभिन्न गतिविधियां सम्पादित हुई यह निश्चित ही एक नव प्रयास है जिसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है। खंड शिक्षा अधिकारी बहादराबाद अजय चौधरी ने कहा कि कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम के जरिये विद्यालय को नई पहचान मिली है। बच्चों ने जो कुछ सीखा एवं सिखाया वह वास्तव में विलक्षण अनुभव है।
इस अवसर पर दोनों ही देशों के बच्चों ने अपने अपने अनुभव साझा किए और इसको यादगार बताया। छात्रों एवं उनके अध्यापकों की और से बच्चों के लिए स्कूल बैग, खेल सामग्री भी दी गई। इस दौरान अध्यापक डॉ. शिवा अग्रवाल एवं महिपाल सिंह को बेस्ट इंटरैक्टिव टीचर के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भारत लोक सेवा संस्थान के अध्यक्ष मनोज कुमार, प्रमोद कुमार, सुशील पाल, अजय गुप्ता को भी सम्मानित किया गया। बच्चों ने ग्रुप डांस किया एवं उसके बाद वह क्षण आया जब दोनों देशों के बच्चों ने एक दूसरे से विदाई ली। विभागीय अधिकारियों द्वारा डच टीचर्स को भी सम्मानित किया गया। इस तरह आठ दिन तक चले इस मैराथन कार्यक्रम का रंगारंग समापन हो गया। 

‘भूमि’ के लिए संजय दत्त गाएंगे गाना

0

अपनी वापसी वाली फिल्म ‘भूमि’ के लिए संजय दत्त की आवाज में एक गाना रिकॉर्ड किया जाने वाला है। फिल्म ‘भूमि’ की संगीतकार जोड़ी सचिन-जिगर की ओर से इसकी जानकारी मिली है। इस जोड़ी के मुताबिक, जल्दी ही ये गाना रिकॉर्ड हो जाएगा और अगस्त में इसकी शूटिंग मुंबई में की जाएगी, जिसके लिए एक स्टूडियो में सेट लगने का काम शुरू हो गया है। ये गाना संजय दत्त के साथ सनी लियोनी पर फिल्माया जाएगा।

सनी लियोनी पर शाहरुख खान की फिल्म ‘रईस’ में लैला मैं लैला… फिल्माया गया था, जिसे काफी पसंद किया गया था। ‘भूमि’ में इस गाने के लिए संजय दत्त के साथ सनी लियोनी की जोड़ी पहली बार पर्दे पर नजर आएगी। संजय दत्त इससे पहले कई फिल्मों के लिए अपनी आवाज में गा चुके हैं। संजय छैल निर्देशित फिल्म ‘खूबसूरत’ में संजय ने ऐ शिवानी… गाया था, तो डेविड धवन की फिल्म ‘चल मेरे भाई’ में उनकी आवाज के साथ सलमान ने भी आवाज मिलाई थी। फिल्म ‘साहिबां’ के लिए भी संजय दत्त गा चुके हैं।

ओमांग कुमार के निर्देशन में बनकर तैयार हुई फिल्म ‘भूमि’ का पहला टीजर सोमवार को लॉन्च किया गया, जिसे काफी पसंद किया जा रहा है। पिता-बेटी के रिश्तों पर बनी इस फिल्म में संजय की बेटी का रोल अदिति राव हैदरी ने किया है और फिल्म 22 सितम्बर को रिलीज होने जा रही है। 

कलर्स के नए शो पर देव आनंद के परिवार ने भेजा नोटिस

0

कलर्स चैनल पर शुरू होने जा रहा नया जासूसी शो ‘देव आनंद’ विवादों में आ गया है। खबर मिली है कि बॉलीवुड के एवरग्रीन सितारे दिवंगत देव आनंद के परिवार ने इस शो का नाम उनके नाम पर रखे जाने पर एतराज जताया है और इस बाबत चैनल को नोटिस भेजा है। खबरों के अनुसार, देव आनंद के परिवार ने शो का नाम बदलने को कहा है। परिवार का कहना है कि इस तरह के शो से नाम जुड़ने से देव आनंद के नाम से जुड़ी प्रतिष्ठा प्रभावित होगी।

12507dli-dev_anand

कलर्स चैनल की ओर से अधिकारिक रूप से इस नोटिस को लेकर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की गई है, लेकिन चैनल से जुड़े एक अधिकारी ने निजी तौर पर नाम बदलने की संभावना से मना कर दिया और देव आनंद के परिवार की आपत्ति को खारिज करते हुए कहा कि महज शो का नाम रखने से देव आनंद की प्रतिष्ठा को कोई नुकसान नहीं होगा।

इस शो में देव आनंद जासूस का नाम है, जिसे अभिनेता आशीष चौधरी ने निभाया है। कलर्स के अधिकारी का कहना है कि जब नोटिस आएगा, तो उसका जवाब भेज दिया जाएगा। दूसरी ओर, आशीष चौधरी ने इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि शो का नाम उनके नाम पर रखना हमारी ओर से महान कलाकार के लिए छोटी सी श्रद्धांजलि है। इस पर विवाद की कोई बात उनकी समझ से बाहर है। इस शो में जासूस का पूरा नाम पहले देवआनंद बर्मन था, जिसे बाद में छोटा करके देव आनंद कर दिया गया। ये शो इसी महीने 29 जुलाई से शुरू होने जा रहा है।

हाईकोर्ट ने देहरादून के गुरुसिंह सभा पर सुनाया फैसला

0

हाई कोर्ट ने देहरादून में सिखों की प्रतिष्ठित संस्था गुरुसिंघ सभा का कार्यकाल पूरा होने से पहले चुनाव कराने के आदेश पारित किए हैं। कोर्ट ने इस संबंध में दायर विशेष अपील को निस्तारित कर दिया है। सभा के निष्कासित सदस्य गुरदीप सिंह ने विशेष अपील दायर कर कहा था कि इसी साल चार अप्रैल को संस्था द्वारा उन्हें बिना कारण बताए निष्कासित कर दिया गया। इसकी शिकायत सभा के रजिस्ट्रार को की गई। मगर रजिस्ट्रार ने शिकायत को खारिज कर दिया। जबकि संस्था की ओर से अदालत में पक्ष रखते हुए कहा गया कि वह सिंघ सभा की आड़ में अवैध कार्य कर रहे थे, जिस कारण उन्हें निष्कासित कर दिया गया।

इस मामले को याचिकाकर्ता द्वारा चुनौती दी गई तो एकलपीठ ने याचिका खारिज कर दी। इसके बाद एकलपीठ के आदेश को विशेष अपील कर चुनौती दी गई। खंडपीठ के समक्ष संस्था की ओर से बताया गया कि गुरु सिंघ सभा की कार्यकारिणी का कार्यकाल सितंबर 2017 में खत्म हो रहा है, इसलिए वह कार्यकाल समाप्त होने से पहले ही चुनाव करा लेंगे। संस्था के इस वक्तत्व के बाद विशेष अपील को निस्तारित कर दिया गया। मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति केएम जोसफ व न्यायमूर्ति आलोक सिंह की खंडपीठ में हुई।

गुरुकुल परम्पराः देश विदेश से संस्कृत अध्यन को पहुंचे विद्यार्थी

हर साल श्रावणी पर्व के मौके पर ऋषिकेश के  गंगा घाट पर संस्कृति का अध्ययन करने वाले छात्र वेद उपनयन की शिक्षा शुरु करते हैं लेकिन इस साल चंद्र ग्रहण का असर श्रावण मास की होने वाली जनेऊ संस्कार पर पड़ा यही कारण है कि इस साल श्रावणी पर्व से पहले ही नाग पंचमी के मौके पर जनेऊ संस्कार को की परंपरा पूरी की गई की गई।

gurukul

धर्मशास्त्रो का कहना है कि जिस ओर गंगा पूरब की ओर बहे वही तीर्थ हैं ,यही कारण है कि हमारी हिन्दू संस्कृति के व्रत व त्योहारों में हमारे तीर्थो में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ता है। श्रावणी पर्व भी हमारी प्राचीन गुरुकुल की परंपरा का निर्वहन करता एक सांस्कृतिक पर्व है जिसका उत्साह आज के दौर में भी देखने को मिलता है। आज उपनयन के बाद ये ऋषिकुमार वेद-शास्त्रों की शिक्षा-दीक्षा के अधिकारी बन जाते है।

वेद-शास्त्रों का अध्ययन करने ऋषिकेश में जुटे ये छात्र उतराखंड के विभिन्न क्षेत्रो से है साथ ही नेपाल से भी कई छात्रों ने यहाँ वेद कर्म काण्ड के अधयन्न के लिए प्रवेश लिया है। यहाँ इन्हें एकजुट देखकर एकबारगी प्राचीन गुरुकुल परंपरा जीवंत हो उठती है। इनकी  खुशी स्वयं बयां होती है। शास्त्रों में  मान्यता है कि आज ही के दिन से वेद व कर्मकांड का अध्ययन करने वाले वेदपाठी उपनयन संस्कार के बाद गुरुकुल में दीक्षा आरम्भ करते है।

 जन्म न  जायते शुद्र,संस्कारत द्विज उच्चते अर्थात जन्म से तो सभी शुद्र होते है लेकिन मनुष्य को संस्कार ही उच्च बनाते है। आज ये ऋषिकुमार इसी शुद्ता की ओर जाने का संकल्प ले रहे है।

 

कैदी लेंगे डान के हाथों का स्वाद

0

अन्डरवर्ड डान को सितारगंज की जेल में आम कैदियों की तरह ही अपनी दिनचर्चा काटनी होगी और खेती के साथ ही खाना भी बनाना होगा। डान को व्यस्त रखने के लिए जेल प्रशासन ने कई काम डान को सौंप दिये हैं। आम कैदियों के साथ डान भी अब पसीना बहायेगा। और डान के  हाथों से बने खाने का स्वाद जेल प्रशासन और कैदी लेंगे। सितारगंज सेंट्रल जेल में अंडरवर्ल्‍ड डॉन प्रकाश पांडे उर्फ पीपी के आने के बाद जहां उसकी सुरक्षा को लेकर अधिकारी रणनीति बनाने में जुटे हैं। वहीं अधिकारियों ने मंथन कर निर्णय लिया  है कि गया कि डॉन को व्यस्त रखने के लिए उससे जेल में खेती कराई जाएगी और खाना बनवाया जाएगा, ताकि उसे काम में लगाकर उस पर आसानी से नजर रखी जा सके।

दस साल पहले 2007 में पीपी नैनीताल जेल से पेशी के दौरान भाग चुका है। उसके भागने में एक पुलिसकर्मी का हाथ पाया गया था। इसलिए जेल प्रशासन डॉन की सुरक्षा को लेकर बेहद चौकन्ना है। वर्तमान में भी सेंट्रल जेल में डॉन खूंखार बंदियों के साथ रह रहा है। यहां पर हाई सिक्योरिटी बैरक भी नहीं है। जेल प्रशासन के उच्चाधिकारियों का भी मानना है कि सुरक्षा में चूक होने पर डॉन मुसीबत खड़ी कर सकता है।  जेल अधीक्षक टीडी जोशी ने बताया कि पीपी खूंखार कैदियों के बीच सजा काट रहा है। ऐसे में वह कोई न कोई रणनीति बना सकता है। इसलिए बंदियों को व्यस्त रखने के लिए यहां काम कराने का प्रावधान है।

बंदियों की काम में व्यस्तता होने से उन्हें खुराफात में दिमाग लगाने का समय नहीं मिलेगा। काम नहीं होने से बंदी जेल में तरह-तरह के हथकंडे, साजिश रचने लगते हैं। जेल अधीक्षक ने कहा कि डॉन की व्यस्तता बढ़ाई जाएगी। गौरतलब है कि प्रकाश पांडे उर्फ पीपी को सोमवार को देहरादून जेल से सितारगंज सेंट्रल जेल स्थानांतरित किया गया है।

आॅल इंडिया सीनियर डबल्स रैकिंग बैडमिंटन में उत्तराखंड की उम्मीद बरकरार

0

उत्तराचंल स्टेट बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वाधान में हरिद्वार जिला बैडमिंटन संघ के सहयोग से सत्यपाल कुमार मेमोरियल आॅल इंडिया बैडमिंटन टूर्नामेंट में क्वालिफाइंग दौर पूरा हो गया, अब मुख्य मुकाबले होंगे। 

उत्तराखंड से भावेश पांडे और दीपांक वर्मा, अभिषेक अग्रवाल और अमृतपाल, सौरभ पांडे, ईशीता पवार की जोड़ी ने लीग मुकाबले जीतकर उत्तराखंड के लिए उम्मीद बरकरार रखी है। तमिलनाडु से गणेश कुमार ए. और अविनाश के, महाराष्ट्र से विनायक दण्डवते और निहार केलकर, उप्र और उत्तराखंड से अभिषेक अग्रवाल और अमृतपाल सिंह ने भी मिक्स डबल में जीतकर बढ़त ली है। इनके अतिरिक्त पंजाब, गोवा, दिल्ली, जम्मू कश्मीर हरियाणा आदि के खिलाड़ियों ने भी अगले दौर में कदम रखा है।

टूर्नामेंट के आयोजन सचिव नीरज कुमार और चेयरमैन अजय कुमार ने बताया कि 29 जुलाई को फाइनल मैच खेला जाएगा। इससे पहले शुक्रवार को प्री क्वार्टर फाइनल और क्वार्टर फाइनल मुकाबले होंगे। आॅल इंडिया सीनियर डबल्स रैकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में हरिद्वार से मंगल सिंह, बबीता जोशी, शिवम् जोशी और लक्की शर्मा रैफरी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जबकि कोर्ट संचालन के जिम्मेदारी सुमन कुमार, सीपी सिंह निभा रहे हैं। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने पूर्व खिलाड़ी (वेटरेन प्लेयर) डाॅ. प्रमोद त्यागी, कौशल, अंकित, गुलशन भाटिया, मोनू, राजेश निझावन, आशुतोष शर्मा आदि खिलाड़ी इस दौरान मौजूद रहे। डाॅ. प्रमोद त्यागी फिजोयोथैरेपिस्ट के रूप में इस टूर्नामेंट में निःशुल्क सेवाएं दे रहे हैं। 

सरेआम हथियारों की नुमाईश पर हाईकोर्ट सख्त

0
Nainital,high court,uttarakhand

अब हथियारों की नुमाईश आप हर जगह नहीं कर पायेंगे। शादी समारोह हो या फिर धार्मिक आयोजन हथियारों को ले जाने पर पुरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। हाईकोर्ट ने खास तौर पर आदेश पारित करते हुए हथियारों को इन स्थानों पर ले जाने पर पाबंदी लगाई है। अापको बता दें कि हर्ष फायरिंग मामले में नैनीताल हाईकोर्ट ने ये फैसला सुनाते हुए राज्य में शादी समारोह, धार्मिक आयोजन, सार्वजनिक सभाओं व शैक्षिक संस्थानों में हथियार ले जाने पर पाबंदी लगा दी है। इतना ही नहीं, अदालत ने शस्त्र लाइसेंस जारी करने के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए हैं। इनका अनुपालन कराने के लिए जिला पुलिस प्रमुखों को जवाबदेह बनाया गया है।

हर्ष फायरिंग में दो लोगों की मौत के मामले में निचली अदालत से हुई आजीवन कारावास की सजा के खिलाफ दोषी की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने यह आदेश दिए। बागेश्वर निवासी धर्म सिंह ने गांव के ही भगवान सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि उसके शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान चार लोगों को गोली लग गई थी। इनमें से दो की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में निचली अदालत ने 12 जुलाई, 2013 को भगवान सिंह को हत्या में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, जबकि शस्त्र अधिनियम में बरी कर दिया था। भगवान सिंह ने सजा के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। वरिष्ठ न्यायाधीश राजीव शर्मा व न्यायाधीश शरद कुमार शर्मा की खंडपीठ ने इस पर सुनवाई करते हुए अभियुक्त की अपील को गुणदोष के आधार पर खारिज कर दिया, साथ ही हर्ष फायरिंग को लेकर सख्त दिशा-निर्देश भी जारी किए।

अदालत ने अपने आदेशों में कहा है कि 21 साल से कम आयु वालों को शस्त्र लाइसेंस जारी न किए जाएं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि जिस व्यक्ति को हिंसा व अन्य मामलों में सजा हो चुकी हो, उसे पांच साल तक शस्त्र लाइसेंस देने पर विचार ही न किया जाए। अदालत ने शांति व्यवस्था के दौरान पुलिस की ओर से पाबंद किए गए व्यक्तियों को भी लाइसेंस जारी न करने को कहा है।