Page 609

एटीएम से ठगे जा रहे दून के लोग

0

राजधानी में एटीएम के जरिए धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। रविवार को पटेलनगर थाने पर दो और क्लेमेंट टाउन थाने पर एक मामला सामने आया। जिसमें लाखों की धोखाधड़ी हुई है। पटेलनगर थाने पर आर्मी मैन से एक लाख से ज्यादा और एक महिला से 89 हजार 500 की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। जबकि मणिपुर से दून पढ़ने आए एक छात्र से किसी ने क्लेमेंट टाउन थाने इलाके से एटीएम बदलकर 30 हजार निकाल लिए।

पहला मामला
सैन्य कर्मी के खाते से एक लाख 2500 की धोखाधड़ी राजस्थान के रहने वाले सुरेश कुमार यादव देहरादून क्लेमेंटाउन में 14-रेपिड आर्डिनेंस यूनिट आरआईयू में कार्यरत हैं। सुरेश ने बताया कि जून के महिने में उसके एकाउंट से 01 को 80 हजार, 02 को 12, 500, दोबार 02 को 8500 और 06 जून को 1500 रुपये अलग-अलग जगहों से निकाले गए। सुरेश ने बतााया कि उसे धोखाधड़ी का पता 12 जून को चला। जिसके बाद उसने बैंकों में शिकायत की। लेकिन बैंककर्मियों ने उनको संबधित थाने पर जाकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि बैंककर्मियों और संबधित थानों ने उनकी शिकायत पर गौर नहीं किया। जिस वजह से उन्हें खासा परेशानी उठानी पड़ी है। सुरेश ने बताया कि उसने अपने अकाउंट से आखिरी बार 25 मई को पैसा निकाला था।
दूसरा मामला
पटेलनगर थाने पर टर्नर रोड निवासी पुष्पा बिष्ट ने भी एटीएम के जरिए धोखाधड़ी होने की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके एसबीआई एटीएम से अलग-अलग किश्तों में 89, 500 रुपये निकाले गए। जिसकी सूचना उन्हें शनिवार को पता चला। शिकायतकर्ता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्या है। पुलिस प्रथमदृष्टया इस मामले को भी एटीएम क्लोनिंग से जोड़कर देख रही है।
तीसरा मामला
मणिपुर से उत्तरांचल विवि में पढ़ाई करने आए छात्र के साथ भी एटीएम बदलकर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रोबिन सिंह अपने परिजनों के साथ दाखिले के लिए देहरादून आए थे। रॉबिन सुभाषनगर में अपने मणिपुर के दोस्तों के साथ रहता है। रॉबिन मोहब्बेवाला में एसबीआई एटीएम में पैसे निकालने गया था। जहां पर कुछ लोगों ने उससे एटीएम बदलकर उसके खाते से 30 हजार रुपए निकाल लिए। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एटीएम से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक गाड़ी का नंबर और कुछ लोगों को चिह्नित किया है। जिसके बाद पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ऑल वेदर रोड के चौड़ीकरण पर जताया विरोध

0

जनपद चमोली के पीपलकोटी के व्यापारियों ने एक बैठक कर अॉल वेदर रोड के लिए किये गये अनियमित एवं अव्यवहारिक चौड़ीकरण के सर्वे पर अपना विरोध दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सड़क का समरेखण किया जा रहा है उससे यहां के व्यापारियों का व्यापार चौपट हो जाएगा जिससे भूमि तथा भवन दोनों की क्षति होगी।

रविवार को पीपलकोटी के व्यापार संघ ने बैठक कर जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कहा कि बसाकत वाले क्षेत्रों में सड़क के मध्य से छह मीटर बाहर से उन्हें अधिग्रहण से मुक्त रखा जाए तथा भूमि का मुआवजा ग्रामीण क्षेत्र के मानकों के आधार पर किया जाए। व्यापारियों ने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता है तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। बैठक में अतुल शाह, शरद गैरोला, अनसूया सिंह, सुनील शाह आदि मौजूद रहे। 

पौधरोपण व उद्यानीकरण के आंकड़ेबाजी खुली डीएम के सामने

0

जनपद पौड़ी गढ़वाल में जल संचय को लेकर एक बैठक में उस समय हड़कंप मच गया जब डीएम के सामने अधिकारियों के निक्मेपन की पोल खुल गई।  बैठक में कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों ने जिले में किये गए पौधरोपण के बारे में बताया।जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकास भवन सभागार में जल संचय को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुये जिलाधिकारी सुशील कुमार ने कृषि, उद्यान आदि विभागों द्वारा पौधरोपण तथा उद्यानीकरण के क्षेत्र में की जा रही आंकड़े बाजी पर नाराजगी जताई।उन्होंने इन विभागों की ओर से ब्लाकों में किये जा रहे कामों का भौतिक निरीक्षण करने को कहा। इस मौके पर जिलाधिकारी ने पर्वतीय क्षेत्रों की प्रमुख फसलों के लिए बेहतर विपणन की व्यवस्था को विशेष रणनीति तैयार करने के निर्देश दिये। इस मौके पर कृषि तथा उद्यान समेत आदि विभागों की ओर से पौधरोपण तथा उद्यानीकरण के क्षेत्र में आंकड़ों से बेहतर काम के दावे पेश किये गये। 


डीएम ने विभागों की ओर से प्रस्तुत आंकड़ों पर नाराजगी जताते हुए उन्हें भौतिक निरीक्षण करने को कहा। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने जल संचय के लिए पेयजल, वन, कृषि, उद्यान, जलागम, लघु सिंचाई, शिक्षा आदि विभागों की भूमिका को अहम बताया कहा कि जल संचय के लिए निर्धारित मानकों के सापेक्ष विभाग अधिक से अधिक पौधरोपण, चालखाल निर्माण आदि कामों को शीघ्र ही पूरा करें।

समीक्षा के दौरान मुख्य कृषि अधिकारी डा. डीएस राणा ने बताया कि जिले में 76 हजार से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है, जिसमें 60 हजार चारा प्रजाति की वन पौध तथा 12 हजार से अधिक फलदार प्रजाति की पौध शामिल है।

जिला उद्यान अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार ने बताया कि, ‘जिले के विभिन्न जगहों पर 150 हैक्टेअर क्षेत्र में 53 हजार से अधिक पौधरोपण किया गया है।’ बैठक में जिलाधिकारी पर्वतीय क्षेत्रों की प्रमुख फसलों के लिए बेहतर मार्केटिंग की व्यवस्था को लेकर गंभीर दिखे। उन्होंने कृषि व उद्यान विभाग काश्तकारों को अधिक उत्पादन के लिए को मंडुवा, हल्दी, अदरक आदि के विशेषज्ञों से परामर्श करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने कृषि समेत अन्य विभागों को पर्वतीय फसलों मंडुवा, हल्दी, अदरक आदि के लिए बेहतर मार्केटिंग का विकल्प तैयार करने तथा अच्छे खरीददारी की व्यवस्था करने को कहा। 

अवैध खनन में 15 वाहन जब्त, 10 बुग्गी पकड़ी

0

रुड़की और घाड़ क्षेत्र में पुलिस ने छापा मारकर 15 वाहनों को सीज किया और दस बुग्गी पकड़ी। पुलिस की कार्रवाई से दिनभर हड़कंप मचा रहा।

एसएसपी कृष्ण कुमार वीके को नदियों में खनन की शिकायत मिल रही थी। जिसपर एसएसपी ने सभी कोतवाली और थाना प्रभारियों को खनन पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसएसपी के निर्देश पर बुग्गावाला पुलिस ने चिल्लावली नदी में छापे मारे। पुलिस ने यहां पर खनन कर रहे पांच ट्रक और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। साथ ही, खनन कर रही छह भैंसा बुग्गी भी पकड़कर थाने भिजवाई। यहां पर कार्रवाई के बाद पुलिस जैसे ही सड़क पर आई तो छह ओवरलोड ट्रक दिखाई दिए। पुलिस ने सभी छह ट्रक को सीज कर दिया। भगवानपुर पुलिस ने भी मंडावर चेकपोस्ट के पास अवैध खनन से लदी छह ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। इस दौरान कई अन्य वाहन चालक पुलिस की कार्रवाई को देख भाग खड़े हुए। वहीं रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने सोलानी नदी में अवैध खनन में दो ट्रैक्टर- ट्रॉली को सीज किया। साथ ही, दो भैंसा बुग्गी भी पकड़ी। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने भी इब्राहिमपुर गांव के पास अवैध खनन सामग्री से लदी दो भैंसा बुग्गी को पकड़ा। साथ ही, बुग्गी पर सवार छह लोगों को भी पकड़ लिया।
नेता पहुंचे थाने, विधायकों ने किए फोन
खनन पर पुलिस की कार्रवाई होने पर जहां माफिया में हड़कंप मचा। वहीं नेता से लेकर विधायक सभी परेशान रहे। रुड़की गंगनहर कोतवाली में खनन की दो बुग्गी छुड़ाने के लिए ग्राम प्रधान से लेकर कई नेता पहुंच गए। इसके बाद नेता ने विधायकों से भी फोन कराए। करीब दो घंटे तक नेता कोतवाली मे डेरा डाले रहे। वहीं भगवानपुर थाने में भी खनन के वाहन छुड़ाने के लिए दिन भर नेताओं की भीड़ लगी रही। बुग्गावाला थाने का भी हाल कुछ ऐसा ही था।

पंचेश्वर बांध पर राजनीति गर्माएगी उक्रांद

0

प्रदेश में अपनी राजनैतिक जमीन तलाश रही उक्रांद अब पंचेश्वर बांध के मुद्दे पर राजनीति गर्माने के मूड में है.. तीसरे विक्प के रुप में खुद को स्थापित करने में नाकाम रही उक्रांद ने पंचेश्वर बांध के मुद्दे पर रणनीति बनाते हुए आंदोलन की राह पकड ली है। जसके चलते  भारत नेपाल के सहयोग से महाकाली नदी के पंचेश्वर स्थान पर प्रस्तावित बांध के विरोध में उक्रांद मुखर हो उठा है। दल ने इस बांध को क्षेत्र की संस्कृति व सभ्यता के साथ ही अस्मिता के लिए खतरा बताया है।

दल के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष डॉ नारायण सिंह जंतवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तल्लीताल गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा बांध को लेकर जनसुनवाई में लीपापोती की जा रही है। पिथौरागढ़ में हुई जनसुनवाई में दल के शीर्ष नेता काशी सिंह ऐरी को बोलने नहीं दिया। उत्तराखंड भूकंप की दृष्टि से जोन चार व पांच में है, ऐसे में बड़े बांध इलाके के लिए खतरा है। चेताया कि इस मामले में लोगों के सवालों का जवाब नही मिला तो दल राज्यव्यापी आंदोलन करेगा। धरने में प्रकाश पांडेय, केसी उपाध्याय, प्रकाश पांडेय, खीमराज बिष्ट, नवीन साह, पान सिंह सिजवाली, पालिकाध्यक्ष श्यामनारायण आदि थे।

नंदा लोकजात का हुआ आगाज

0

उत्तराखंड के चमोली जिले के विकास खंड घाट के कुरूड़ में हर वर्ष आयोजित होने वाली नंदादेवी लोकजात का रविवार को मां नंदा देवी की पूजा अर्चना के बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरुआत हुई। कुरूड़ मंदिर से मां नंदा की दोनों डोेलियां कैलाश के लिए रवाना हो गई है।

नंदादेवी लोकजात का शुभारंभ करते हुए क्षेत्र के विधायक मगन लाल शाह ने कहा कि नंदादेवी लोकजात को भव्य रूप दिया जाएगा। अब तक राजनीतिक उपेक्षाओं के चलते कुरूड़ मंदिर की अनदेखी हुई है। लेकिन अब नंदादेवी मंदिर कुरूड़ को पर्यटन के मानचित्र पर दर्शाया जाएगा। पूजा-अर्चना के बाद नंदा की डोलियों को कैलाश के लिए विदा किया गया।

इस मौके पर महिला मंगल दल, युवक मंगल दल, स्कूली बच्चों के साथ ही स्थानीय कलाकारों द्वारा मां नंदा के गीतों व नृत्यों को प्रस्तुत किया गया। मां नंदा की कैलाश विदाई पर स्थानीय महिलाओं के आंखों में अपनी धियाणी की विदाई का दर्द साफ झलक रहा था। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी शाह, प्रमुख घाट कर्ण सिंह नेेगी आदि मौजूद रहे। 

दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस खंगाल रही पूर्व कर्मचारियों के रिकॉर्ड

0

रुड़की, एक सप्ताह पहले हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में रुड़की पुलिस की टीम ने सहारनपुर में डेरा डाल दिया है। इन कर्मचारियों से पूर्व में पूछताछ की गई। उनके बारे में अब पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। इसी कड़ी को मिलाते हुए पुलिस सहारनपुर पहुंची है।

दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस अब तक पाइप गोदाम के तीन पूर्व कर्मचारियों से पूछताछ कर चुकी है। यह सभी पूर्व कर्मचारी सहारनपुर के रहने वाले है। हालांकि अभी तक पुलिस को इस मामले में ठोस सुराग हाथ नहीं लगे है। लेकिन, पुलिस की शक की सुई पूर्व कर्मचारियों पर टिकी है।

पांच अगस्त की रात को बदमाशों ने शेरपुर गांव निवासी चौकीदार इंद्र सिंह और भतीजे मेघराज की बेलड़ी गांव स्थित पाइप गोदाम में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अब तक 14 से अधिक लोगों से अब पूछताछ की जा चुकी है। कई और संदिग्ध लोग पुलिस रडार पर हैं। शनिवार को भी पुलिस ने बेलड़ी, केलहनपुर और शेरपुर गांव के रहने वाले तीन लोगों से पूछताछ की है। इनके मोबाइल नंबर भी पुलिस खंगाल रही है। ग्रामीणों ने पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सात दिन का अल्टीमेटम दिया था। पुलिस भी इस मामले को लेकर काफी दबाव में है।

लोंग वीकेंड का मज़ा उठाने हजारों सैलानी पहुंचे मसूरी, शहर की व्यवस्था चरमराई

0
tourists flocking mussoorie

स्वतंत्रता दिवस के लोगों के लिये अलग अलग मायने होते हैं। कुछ लोगों के लिये ये दिन रोजमर्रा की भागदौड़ भरी जिंदगी से फुरसत के कुछ पल चुराने का मौका होता है। और अगर ये पल कुछ ज्यादा हो जाये यानि की लोंग वीकेंड तो फिर क्या कहने। कुछ ऐसा ही इस बार 15 अगस्त पर दिख रहा है। सवतंत्रता दिवस के साथ साथ गुरू पूरणिमा और कृष्ण जन्माष्टमी ने लंबी छुट्टियों की लाइन लगा दी है।

लोगों ने भी छुट्टियों के पूरे मजे उठाने के लिये आस पास के पर्यटक स्थलों का रुख कर लिया है। इसी के चलते पहाड़ों की रानी मसूरी में भी पर्यटकों की भारी भीड़ जमा हो गई है। और ये बताने की बात नहीं कि इस भीड़ को झेल न पाने के कारण मसूरी और स्थानीय लोगों का आने वाले कुछ दिन हाल बेहाल रहेगा। शहर में प्रवेश करने के लिये कारों की लंबी लाइन लग गई है। जिसके कारण जगह जगह ट्रैफिक जाम हो रहे हैं। इस जाम से निपटने के लिये ट्रैफिक पुलिस को भी खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।

वहीं आॅफ सीजन में चल रहे होटलों पर भी हाउस फुल के बोर्ड लग गये हैं। इसकी खुशी होटल व्यवसायियों के चेहरों पर साफ दिख रही है। होटल व्यवसायी प्रतीक कर्णवाल का कहना है कि “लोगों के लिये ये वीकेंड अपनों के साथ वक्त बिताने का अच्छा मौका है। इसके लिये हमारे पास जुलाई के महीने से बुकिंग और इंक्वाइरी आ रही थी। होटल व्यापारियों के लिये भी ये आॅफ सीजन में कमाई का अच्छा समय है”

दिल्ली और आसपास के इलाकों में पड़ रही गर्मी और उमस से बचने के लिये मसूरी एक मुफीद जगह बन जाती है। दिल्ली से आये कौशल कुमार कहते हैं कि “कई सालों बाद हमारा पूरा परिवार एक साथ हो सका है।” ऐसा ही कुछ कहना है अरुण पुरोहित का “ये मौका हमारे लिये अच्छा रहा क्योंकि मुझे और मेरी पत्नी को एक साथ छुट्टी मिल गई”

हांलाकि मसूरी के आम लोगों के लिये ऐसे वीकेंड परेशानी का सबब बन जाते हैं। लेकिन शहर की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने के लिये शायद ही उनके पास कौई और विकल्प हो।

तो अब अल्मोड़ा के आसमान में भी उड़ान भरेंगे पैराग्लाइडर्स

0

अल्मोड़ा में र्यटन को बढ़ावा देने के लिये साहसिक पर्यटन से जुड़े विकल्पों पर काम किया जा रहा है। इसी के चलते जिला प्रशासन अब पैराग्लाइडिंग शुरू करने की तैयारी कर रहा है, जिससे यहां पर भीमताल की तर्ज पर पैराग्लाइडिंग हो सके।

प्रशासन को इस खेल के शुरू होने से यहां पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है। पैराग्लाइडिंग शुरू करने के लिए भीमताल में सेवाएं दे रही एक निजी कंपनी के प्रतिनिधि ने डीएम इवा आशीष से परमीशन मांगी है। इस पर प्रशासन और विभागीय अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पायलट की तरफ से पैराग्लाइडिंग की उड़ान देखने और उसकी तरफ से एनओसी मिलने के बाद अनुमति दी जाएगी।

डीएम ने बताया कि “एनटीडी के पास एक चयनित जगह है जिस पर पैराग्लाइडिंग की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इसके लिए भीमताल में सेवाएं दे रहे कंपनी के प्रतिनिधि राकेश उप्रेती से बात हुई है। छह माह से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें पर्यटन विभाग की तरफ से एक कमेटी भी बनाई गई है, जिसकी रिपोर्ट के बाद यह निर्णय लिया जाना है।”

पैराग्लाइडिंग शुरू होने से पहले

  • एक निश्चित आय का कुछ प्रतिशत राजस्व के रूप में लिए जाने की बात कंपनी से होनी है।
  • संबंधित जगह पर पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाएं भी मुहैया कराई जायेंगी
  • जरूरी तकनीकी चीजों और रखऱकाव के सामान मुहैया कराया जायेगा।

बरसात का मौसम खत्म होने के बाद पायलट यहां पर पैराग्लाइडर उड़ाकर देखेगा और प्रमाणपत्र देगा कि यहां पर उड़ान सफल और सुरक्षित है। तब विभाग यहां पर इस रोमांचकारी खेल के लिए कंपनी को एनओसी और अनुमति प्रदान करेगा।

अफवाहों का माध्यम बनता सोशल मीडिया

वर्तमान दौर सूचनाओं के त्वरित प्रवाह का है। सूचनाएं बिजली की चलपता से एक स्थान से अन्यत्र हवाओं में तैरती हुई हमारे माध्यमों के मार्फत सभी तक पहुंच रही हैं। सूचना समर के इस दौर में अफवाहों का तंत्र भी इसके समानांतर गतिशील है। अफवाहें कब सूचनाओं का रूप धरकर समाचार में तब्दील हो जाएं, कुछ कहा नहीं जा सकता है। वहीं, अफवाहें कब सामूहिक उन्माद में तब्दील हो कर किसी बड़ी घटना का अंजाम दे जायें, इसका भी कोई समय निश्चित नहीं है। समय विशेष में यही घटनाएं मात्र घटनाएं न होकर ‘मास हीस्टीरिया’ या जन भ्रम की घटनाएं होती हैं जो अफवाहों के पंख लगने के बाद सामूहिक उन्माद का रूप ले लेती होती हैं। देश में ‘मास हीस्टीरिया’ जन भ्रम का अपना इतिहास रहा है। 90 के दशक के मध्य में 21 सितंबर की सुबह एकाएक अफवाह फैली की भगवान गणेश की मूर्ति चम्मच से दूध पी रही है। देखते ही देखते मंदिरों में लाइनें लग गईं। तब इस अफवाह को सुदूर तक फैलाने का काम टेलीफोन ने किया था। इसी तरह 2001 में देश की राजधानी दिल्ली में ‘मंकी मैन’ की अफ़वाह फैली। मंकी मैन ने कथित रूप से कई लोगों पर हमला किया। इसके बाद सन् 2002 में देश की जनसंख्या के मामले में सबसे बड़े सूबे में मुंहनोचवा का प्रकरण सामने आया। सन् 2006 में हज़ारों की तादाद में लोग मुंबई के एक समुद्र तट में इसीलिए पहुंचने लगे क्योंकि उन्होंने सुना कि समुद्र का पानी अचानक मीठा होने लग गया है। इन जैसे कई उदाहरण हैं जिन्हें मीडिया ने समाचार बनाकर लोगों को परोसा। हालांकि बाद में घटनाएं अफवाह मात्र निकलीं। इन मामलों में मीडिया की किरकिरी होने के बाद मुख्य धारा का मीडिया अब इस तरह की घटनाओं को सोच समझकर ही स्थान देता है। भला हो इस व्हाट्अप और फेसबुक युनिवर्सिटी का, जिसमें शामिल सभी लोग खुद को समाज विज्ञानी होने का दम भरते हैं। साथ ही अपने और अपने समाज को भलीभांति जानने की तकरीरें करते हैं। उन्हें शायद पता ही होगा कि जब भी कहीं दंगे- फसाद होते हैं तो वहां के प्रशासन का पहला लक्ष्य सूचना सेवाओं को बाधित करने का होता है। न जाने कब अफवाहें सूचना के रूप में लोगों के दिल में घर कर जाएं।

हाल ही में उत्तरी भारत के कई राज्यों जैसे हरियाणा, उत्तरप्रदेश, दिल्ली और राजस्थान में महिलाओं की चोटी कटने की घटनाओं का बाजार गर्म है। कई मामले दर्ज किये जा चुके हैं लेकिन न तो पुलिस और न ही इसकी शिकार महिलाएं इसके कारणों की तह तक पहुंच पायें हैं। जब घटना की शिकार महिलाओं से पूछा जाता है कि किसी ने हमलावर को देखा है..इस प्रश्न पर रहस्य औऱ ही गहरा जाता है। कई महिलाओं ने शिकायत की है कि किसी ने उन्हें बेहोश करके रहस्यमयी तरीके से उनके बाल काट लिए। जितनी महिलाओं ने अपनी चोटी कटने की शिकायते थानों में दर्ज कराई हैं सबकी अपनी- अपनी आपबीती है। चोटी कटने की पहली खबर राजस्थान से आयी थी लेकिन अब इसने हरियाणा और दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश को भी अपनी चपेट में ले लिया है। इन घटनाओं और उसके बाद इसके गहराते रहस्य की कई कहानियां हैं। कइयों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं तांत्रिकों द्वारा अंजाम दी जा रही हैं जबकि कई इनके पीछे अदृश्य शैतानी ताकतों का होना मानते हैं। हालांकि इस तरह की घटनाओं को वैज्ञानिक तथ्यों की कसौटी पर कसने पर यह ‘मास हिस्टीरिया’ की घटना समझ पड़ती है। इनके पीछे कोई चमत्कार, दैवीय या शैतानी शक्ति नहीं है बल्कि यह एक विशेष मन: स्थिति का परिणाम है। इस तरह की मन: स्थिति में पीड़ित खुद पर ऐसा होते हुए अहसास करता है। यह कभी – कभार अवचेतनावस्था में भी होता है। इस तरह की घटनाओं की शिकार महिलाओं में इस बात की समानता है कि तकरीबन सभी की आर्थिक- सामाजिक स्थिति कमोवेश एक जैसी होने के साथ ही वे कम पढ़ी-लिखी हैं। लेकिन शिक्षा के प्रसार और बढ़ती जागरूकता से इसमें काफी कमी आई है। बावजूद इसके ऐसी घटनाएं यदा-कदा होती रहती हैं। कई बार इस तरह की अफवाहें दहशत फैलाने के उद्देश्य से भी फैलाई जा सकती हैं। मेडिकल साइंस इसे ‘आईडेंटिटी डिसऑर्डर’ मानता है, जिसके पीड़ित लोग इस तरह की अजीबोगरीब घटनाओं के शिकार पाए जाते हैं। इससे पीड़ित व्यकित कुछ समय के लिए स्वयं पर नियंत्रण खो देते हैं। उसके बाद वे क्या करते हैं या फिर उनके साथ क्या होता है, इसकी उन्हें कोई समझ नहीं होती। ऐसी घटनाओं की मनगढ़त खबरें कमजोर सामाजिक और आर्थिक स्थिति के लोगों को ज्यादा प्रभावित करती हैं। जीवन की कठिनाइयों से त्रस्त, हैरान- परेशान लोग मानसिक दबाव या तनाव में भ्रम का शिकार आसानी से हो जाते हैं।
मंगलवार की ही घटना है, जब हरियाणा के पिछड़े जिले मेवात के नगीना ब्लॉक में एक बिल्ली को भीड़ ने इस लिए मार दिया क्योंकि गांव में एक महिला की कटी चोटी पाई गई तो परिजनों ने देखा वहां एक बिल्ली बैठी हुई है। बिल्ली को लोगों ने पकड़ लिया और उसकी हत्या की गई। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि इस इलाके में ऐसी अफवाहों का जोर था कि बिल्ली के रूप में कोई औरत आकर महिलाओं की चोटी काट जाती है। जब इस घटना को अंजाम दिया जा रहा था तो कई लोग इसका वीडियो बना रहे थे। सोशल मीडिया के माध्यम से यह खबर गोली की रफ्तार से भी तेज अन्य लोगों तक पहुंच गई होगी। परिणाम क्या होंगे ? यह समय बताएगा। इस तरह की अफवाहों के समय में कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं की मन: स्थिति निष्क्रिय श्रोता की तरह होती है। आगरा में एक बुजुर्ग महिला को भीड़ ने चोटी काटने वाली समझकर पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इसी साल झारखंड में बच्चा चोरी की अफवाह के चलते भीड़ ने दो लोगों को मार डाला। ऐसी घटनाएं सामूहिक उन्माद का ही नतीजा है। इसी तरह मुंहनोचवा की अफवाहों के चलते फैले सामूहिक उन्माद में दो लोगों की मौत हो गई थी। मुज्जफरपुर की घटना तो सभी को याद होगी जब फेसबुक पर आपत्तीजनक कंटेट अपलोड करने पर दंगे भड़क गए थे। हालांकि बाद में पता चला कि संबंधित वीडियो देश का है ही नहीं। उपरोक्त उदाहरणों से स्पष्ट है कि मीडिया एक खास परिस्थिति में अत्यंत ही शक्तिशाली रुख अख्तियार कर लेता है, जब एक विशेष मन: स्थिति वाले लोगों तक जनभ्रम या मास हीस्टीरिया के संदेश पहुंचते हैं और इसी खास मीडिया इफेक्ट के चलते ही जनभ्रम सामूहिक उन्माद का रूप ले लेता है। सोशल मीडिया आज इन्हीं सब का टूल बना हुआ है। ऐसे में सोशल मीडिया का सोच-समझकर इस्तेमाल करना चाहिए। माना कि आप इस तरह की सूचनाओं को खबर बनाकर आगे नहीं बढ़ाते लेकिन इस बात को भी सुनिश्चित करना होगा कि कहीं आप इनके झांसे में तो नहीं आ रहे। सूचना क्रांति के इस दौर में सोशल मीडिया के उपयोगकर्ताओं को विशेष एहतियात बरतने की आवश्यकता है। वरना जनभ्रम के संदेशों से लोगों के दिलों दिमाग में घर कर गया शैतान कब अपने वास्तविक भयावह आकार, उन्माद का रूप लेकर हमारे उस सामाजिक ताने-बाने को तगड़ा अपूर्णीय आघात पहुंचा जाए जिसे बनाने में न जाने कितनी ही पीढ़ियां मर-खप गई।