Page 601

डीएवी में चुनाव से पहले एबीवीपी प्रत्याशी सचिन नैथानी पर हुआ एफआईआर

0

डीएवी के एबीवीपी प्रत्याशी सचिन नैथानी पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर दर्ज होने से एबीवीपी प्रत्याशी सचिन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

dav police complain

मिली जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह पुजारा चौकी प्रभारी करनपुर द्वारा पुलिस चौकी करनपुर सरकारी बाउंड्री वाल पर छात्र संघ चुनाव डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून के पार्टी एबीवीपी के प्रत्याशी सचिन नैंथानी मोबाइल नंबर 8755535023 द्वारा अपने प्रचार हेतु अवैध रूप से पोस्टर लगाए गए हैं, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। इस संबंध में सचिन नैंथानी प्रत्याशी एबीवीपी के विरुद्ध थाना डालनवाला पर मुकदमा अपराध संख्या 194/17 धारा 3 उत्तराखंड लोक संपत्ति निवारण अधिनियम 2003 पंजीकृत किया गया। जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक महावीर सिंह द्वारा की जा रही है।
छात्र नेताओं से अपेक्षा की जाती है कि चुनाव प्रचार (लिंगदोह समिति) के द्वारा जारी नियम के अंतर्गत ही करें। साथ ही पेट्रोल पंप मालिकों/होटल संचालकों व अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से अपील है कि कोई भी व्यक्ति छात्रसंघ चुनाव के संबंध में डरा धमका कर जबरन चंदा लेने की कोशिश करता है तो कृपया उसकी सूचना तत्काल थाने को उपलब्ध कराएं।

मलबा आने से गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग 12 घंटे से बंद

0

जिला मुख्यालय गोपेश्वर से पोखरी को जाने वाला मोटर मार्ग मंगलवार की रात्रि को हुई भारी वर्षा के कारण टंगसा के समीप मलबा आने से बंद हो गया है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को तीन किमी पैदल चलकर मुख्य सड़क तक आना पड़ रहा है। जबकि यह स्थान जिला मुख्यालय से महज पांच किमी दूर है, बावजूद इसके लोनिवि 12 घंटे से अधिक समय से बंद सड़क को खोलने के लिए कोई कसरत ही शुरू नहीं की है।

चमोली गोपेश्वर मोटर मार्ग से पोखरी को जाने वाला लिंक मोटर मार्ग मंगलवार रात्रि में भारी वर्षा के कारण बंद हो गया था। मार्ग बंद होने के कारण स्कूली बच्चे, स्थानीय लोग तीन किमी पैदल चल कर मुख्य मार्ग पर आ रहे है। 12 घंटे से अधिक समय व्यतीत होने के बाद भी अभी तक सड़क खोलने के लिए लोनिवि से कोई भी कार्य शुरू नहीं किया गया है। इससे लोगों में रोष व्याप्त है। 

शहीद नरेंद्र सिंह बिष्ट की अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब

0

आतंकियों से मुठभेड़ में घायल हुए हवलदार नरेंद्र सिंह बिष्ट की अंतिम विदाई के लिए गुरुवार सुबह जनसैलाब उमड़ पड़ा। सात अगस्त को आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान घायल हुए हवलदार नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बुधवार सुबह दम तोड़ दिया। कश्मीर के उरी सेक्टर में तैनात नरेंद्र सिंह मुठभेड़ के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके सिर में गोली लगी थी और जम्मू स्थित सैन्य अस्पताल में उनका इलाज चल हा था। प्रशासन के मुताबिक शहीद का पार्थिक शरीर शाम तक उनके सेलाकुई स्थित आवास पर पहुंचेगा।

martyr

मूलरूप से चमोली जिले के नारायणबगड़ विकासखंड के नाखोली गांव निवासी नरेंद्र सिंह बिष्ट का परिवार लंबे समय से देहरादून के सेलाकुई में रहता है। हवलदार नरेंद्र सिंह बिष्ट चौथी गढ़वाल रायफल में थे और वर्तमान तक कश्मीर के उरी सेक्टर में तैनात थे। सात अगस्त को आतंकियों से लोहा लेते हुए वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान उनके सिर पर गोली लगी थी।

घायलावस्था में उन्हें जम्मू के मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। बुधवार सुबह सैन्य अधिकारियों ने उनके परिजनों को उनके शहीद होने की जानकारी दी। जिला प्रशासन के मुताबिक शहीद नरेंद्र सिंह बिष्ट का पार्थिव शरीर हवाई जहाज से जौलीग्रांट एयरपोर्ट लाया जा रहा है।

एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से उनके पार्थिव शरीर को सेलाकुई स्थित आवास पर लाया जाएगा। इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। नरेंद्र बिष्ट की शहादत की सूचना के बाद से उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उनके पैतृक गांव से भी परिजन व अन्य रिश्तेदार देहरादून के लिए रवाना हो गए हैं।

फिल्म टॉयलेट-एक प्रेमकथा की पांच दिन में 83 करोड़ की कमाई

0

पिछले शुक्रवार को रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म टॉयलेट एक प्रेमकथा को 15 अगस्त की छुट्टी का भरपूर फायदा मिला है। रिलीज के पांच दिनों में ये फिल्म 83 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है और संभावना बन रही है कि दूसरे वीकेंड तक ये सौ करोड़ की कमाई वाले क्लब में अपनी जगह बना लेगी।

इस साल फरवरी में रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म जाली एलएलबी-02 ने भी बाक्स आफिस पर 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी। 2016 में अक्षय कुमार की रिलीज एयरलिफ्ट, रुस्तम और हाउसफुल-03 का कारोबार भी 100 करोड़ के पार पंहुचा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को समर्पित रही इस फिल्म की बाक्स आफिस पर पहले दिन 13 करोड़ की कमाई के साथ मजबूत शुरुआत हुई। शनिवार को दूसरे दिन फिल्म का कारोबार बेहतर होकर 17 करोड़ पंहुच गया। रविवार इस फिल्म के लिए सुपर संडे साबित हुआ और कमाई 21 करोड़ से ज्यादा की रही। इस तरह से पहले वीकेंड में 51 करोड़ की कमाई के साथ फिल्म ने अपनी लागत (40 करोड़) वसूल करने के साथ मुनाफा भी कमाना शुरू कर दिया।

सोमवार को फिल्म का कारोबार 12 करोड़ रहा और मंगलवार को आजादी के दिन की छुट्टी का इस फिल्म को जबरदस्त फायदा मिला और इसका कारोबार 20 करोड़ तक पंहुच गया। इस तरह से 83 करोड़ की कुल कमाई के साथ ये फिल्म अब सौ करोड़ के क्लब की तरफ तेजी से बढ़ रही है। 

दिलीप कुमार से मिलने पहुंचे शाहरुख खान

0

मंगलवार देर रात शाहरुख खान बांद्रा के पाली हिल में स्थित दिलीप कुमार के बंगले पर पंहुचे और उनकी तबियत के बारे में जानकारी ली। शाहरुख खान आधे घंटे से भी ज्यादा वक्त तक दिलीप कुमार के साथ रहे। दिलीप कुमार की बेगम सायरा बानो की ओर से सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की कुछ तस्वीरें शेयर की गईं। सायरा बानो के मुताबिक, शाहरुख खान लगभग दस बजे के बाद दिलीप कुमार को देखने पंहुचे और काफी वक्त तक साथ रहे। शाहरुख खान बालीवुड के पहले बड़े सितारे हैं, जो दिलीप कुमार को देखने पंहुचे।

94 साल के भारतीय सिनेमा के दिग्गज सितारे दिलीप कुमार हाल ही में एक सप्ताह तक बांद्रा के लीलावती अस्पताल में भर्ती थे, जहां डाक्टरों ने लीवर में आई सूजन को लेकर उनका इलाज किया। इस दौरान काफी बार दिलीप कुमार की तबियत काफी चिंताजनक हो गई थी, लेकिन डाक्टरों की कोशिश सफल रही और एक सप्ताह बाद वे अपने घर लौट आए। डाक्टरों ने अस्पताल में किसी को भी दिलीप कुमार से मिलने की इजाजत नहीं दी थी। सायरा बानो का कहना है कि अब दिलीप कुमार की तबियत पूरी तरह से सामान्य है।

शाहरुख खान अपने लंबे कैरिअर में इस बात का अफसोस करते हैं कि उनको किसी फिल्म में दिलीप कुमार के साथ काम करने का मौका नहीं मिला। शाहरुख खान के कैरिअर के शुरुआती दौर में दो ऐसी फिल्मों की योजनाएं बनी थी, जिनमें शाहरुख खान और दिलीप कुमार को साथ काम करना था, लेकिन दोनों ही योजनाएं आगे नहीं बढ़ सकी थीं। 

मिशन का लक्ष्य हर मानव को ब्रह्म ज्ञान कराना: सविंदर कौर

0

निरंकारी मिशन का लक्ष्य हर मानव को ब्रह्म ज्ञान कराना है, जिससे जीते जी मुक्ति संभव है। मुक्ति को प्राप्त करने वाले हर मानव के लिए मुक्ति पर्व एक सुनहरा अवसर है। सन्त निरंकारी मिशन, देहरादून के तत्वाधान में आयोजित विशाल सन्त समागम का आयोजन रेस्टकैम्प निरंकारी सत्संग भवन में किया गया, जहां मसूरी से पधारी ज्ञान प्रचारक सविंदर कौर (स्याणी जी) ने मुक्ति पर्व के मौके पर यह बातें कही।

कौर ने कहा कि सन्त निरंकारी मिशन द्वारा हर वर्ष 15 अगस्त के दिन मुक्ति पर्व निरंकारी मिशन के सूत्रधार बाबा बूटा सिंह, युगपुरुष बाबा अवतार सिंह, जगत माता बुद्धवंती, बाबा गुरूवचन सिंह, राजमाता कुलवन्त कौर, निरंकारी बाबा हरदेव सिंह महाराज आदि बलिदानी सन्तों महापुरुषों की याद में मनाया जाता है, जिन्होंने निरंकारी मिशन के प्रचार-प्रसार में अन्तिम सांसे लगा दी। जहां पूरा देश आजादी का पर्व मनाता है।

सविंदर कौर ने कहा कि सदगुरु संसार में मानव कल्याण के लिए धर्म, जाति, सम्प्रदाय से परे होता है। हर एक जीव का कल्याण करके उन्हें जीवन मुक्ति प्रदान करते है, जिससे उनका जीवन सुखमय हो जाएगा। संसार में लोग कोई सुन्दर तस्वीर लेकर आता है, तो लोग उसके बारे में पूछता है कि यह कहां से लाये, कितने की है। ठीक ऐसे ही जो सत्य परमात्मा के साथ जुड़ जाते हैं, परमात्मा की पहचान कर लेते हैं, उनके जीवन में बदलाव को देखकर लोग उनसे प्रश्न करते हैं कि आप किस गुरु के पास जाते हो।

कौर ने कहा कि कहा कि सदगुरु की सिखलाई से जीवन में प्रेम, नम्रता, सहनशीलता के दिव्य गुणों को जीवन में भर कर निरोग बना रहा है। जीव जब तक निराकार ब्रह्म की अनुभूति नही करता, वह आवागमन के चक्र में फंसा रहता है। इस आवागमन से मुक्ति परमात्मा के बोध से प्राप्त होता है। यही जीवन मुक्ति है, जो अज्ञान से निजात दिलाती है। सदगुरु मुक्ति का दाता होता है, जो हमें माया के बन्धनों से मुक्त कराकर संसार में विचरण करने की विधि बताता है। गुरु के वचन को मानकर ही जीवन में संशयों से मुक्ति मिलती है। 

हेमकुंड यात्रा में भटके युवक-युवती की पुलिस ने बचायी जान

0

हेमकुंड यात्रा पर गए एक युवक और युवती रास्ता भटक कर जंगल की तरफ चले गये थे। जंगल में खतरे को देखते हुए उन्होंने मदद के लिए काफी आवाज लगाई, जिसे सुनकर कुछ ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए पुलिस ने मंगलवार रात में ही युवक-युवती को बचा लिया।

sdrf rescue

मंगलवार की रात को दिल्ली के युवक-युवती जो हेमकुंड साहेब की यात्रा के लिए आये थे रास्ता भटक कर जंगल की ओर चले गये। अंधेरे में जब वे पहाड़ी पर फंस गये तो उन्होंने जान बचाने लिए आवाज लगाई। गांववालों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

थाना गोविंदघाट के अध्यक्ष प्रदीप राठोर ने पुलिस टीम और एसडीआरएफ को लेकर रात में ही उन्हें खोजने निकल गये। पुलना गांव से करीब डेढ़ किमी ऊपर आवाज लगाने पर युवक की आवाज आने पर पुलिस टीन टॉर्च की रोशनी के सहारे पहाड़ी पर चढ़ गए और उन्हें सुरक्षित किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक ने अपना नाम कमल व युवती ने अपना नाम तरंग (दिल्ली निवासी) बताया। 

महिला के घाटी में फिसलन से पैर में चोट लग गयी। रात्रि क़रीब 2.30 पर एसडीआरएफ  टीम को सूचना प्राप्त हुई। काफी खोज बीन और दूरी के कारण टीम लगभग 600 बजे घायल तक पहुचे, एसडीआरएफ टीम के मेडिकल इंचार्ज पेरमेडिक्स द्वारा दोनों को ही मोके पर फर्स्ट ऐड दिया और टीम द्वारा स्टेक्चर के माद्यम से गोबिंद घाट हॉस्पिटल पहुचाया गया ।

ज्ञात्वय् हो की इसी टीम के द्वारा इससे पूर्व रात्रि को 5 घण्टे का रेस्क्यू कर 4 मजदूरो को अलकनंदा नदी में रोप रेस्क्यू कर बचाया था।जो रात्रि 23:00 बजे समाप्त हुआ था। 3 घंटे बाद ही टीम का ये दूसरा रेस्क्यू रहा।

बहुउद्देशीय शिविर में 82 शिकायतें दर्ज, कई का निस्तारण

0

बहुउद्देशीय शिविर में बुधवार को 82 से अधिक शिकायतें दर्ज की गई, जिसमें कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। इस मौके पर समाज कल्याण विभाग से 20 आवेदको की पेंशन स्वीकृत की गई।

जिलाधिकारी डॉ. नीरज खैरवाल की अध्यक्षता में महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट भवन में बहुउदेशीय शिविर का आयोजन किया गया था। इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण को जो अधिकारी/कर्मचारी गम्भीरता से नहीं लेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों को प्राथमिकता से हल करना जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान व लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया गया है।

जनपद स्तर पर शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रत्येक सोमवार को जनसुनवाई दिवस प्रत्येक मंगलवार को सभी तहसील कार्यालयों में राजस्व दिवस व प्रत्येक बुधवार को सभी ब्लॉकों में ब्लॉक दिवस आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर 05944-250250 पर भी शिकायतें दर्ज की जा रही हैं। शिकायतों के समाधान होने पर सम्बन्धित को दूरभाष से अवगत भी कराया जा रहा है। अन्त्योदय योजना के अन्तर्गत जो पुराने राशन कार्ड धारक है उनका फोटो के साथ सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन में यदि कार्ड धारक अन्त्योदय की क्षेणी में नहीं आता है तो उसके स्थान पर पात्र व्यक्ति का चयन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बुधवार को उनके विभाग से सम्बन्धित जो शिकायतें दर्ज की गई हैं उनका निस्तारण निश्चित समय सीमा के अन्तर्गत कर सम्बन्धित को भी समस्या के सम्बन्ध में दूरभाष के माध्यम से भी अवगत कराएं। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी/कर्मचारी काम करने के बदले पैसे की मांग करता है, उसकी शिकायत करें ताकि उस अधिकारी/कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि पेंशन से सम्बन्धित जो आवेदन बुधवार को अधूरे पाये गये हैं, उन्हें शीघ्र पूरा करवाएं ताकि पात्र व्यक्तियों की पेंशन स्वीकृत की जा सके।

क्षेत्रीय विधायक सौरभ बहुगुणा ने कहा कि जनसमस्या निवारण कैंप मे जहां लोगों की समस्या का समाधान होता है। वहीं, क्षेत्रीय लोगों को नई-नई जानकारियां उपलब्ध होती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जो जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, उनका अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि आमजन योजना से लाभान्वित हो सके। विधायक ने जिलाधिकारी से कहा कि क्षेत्र मे पर्यटन की अपार सम्भावनाएं है इसलिए पर्यटन गतिविधियो को भी अधिक महत्व दिया जाए।

शिविर में रामसिंह द्वारा नगर पालिका मे किये गये कार्य की जांच कराने, राशन कार्ड बनाने, परिवार रजिस्टर की नकल चाहने, ग्राम उकरौली परगना किलपुरी के ग्रामवासियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से अन्य जगह भूमि देने, ग्राम बलुआटोला में आरसीसी सड़क बनाने, ग्राम गौठा में कच्ची सड़क की मरम्मत करने, मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराने, ग्राम नकूली मे खराब हैंडपम्प की मरम्मत कराने आदि समस्याएं दर्ज हुई।

इस अवसर पर विभिन्न विभागो द्वारा स्टॉल लगाये गये थे। स्वास्थ विभाग द्वारा निःशुल्क जांच कराई गई वहीं, विद्युत विभाग व जल संस्थान द्वारा भी लोगो की समस्याए सुनी गई। 

डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी

0

डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। साथ ही कॉलेज में आचार संहिता भी लागू हो गई है। कॉलेज में 31 अगस्त को मतदान और एक सितंबर को मतगणना होगी। कॉलेज में सात मुख्य पदों के लिए मतदान होगा।

23 से 25 अगस्त तक मिलेंगे नामांकन पत्र
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया 16 अगस्त को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू हो गई है। नामांकन पत्रों की बिक्री 23 व 24 अगस्त को होगी, 25 अगस्त को सुबह आठ से दस बजे तक भी नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी। नामांकन 25 अगस्त को 10:30 से 1:30 बजे तक होगा। इसी दिन नामांकप पत्रों की जांच व नामांकन पर आपत्तियां की जा सकेंगी। 26 को नाम वापसी होगी और इसी दिन अंतिम सूची जारी की जाएगी। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. डीके. त्यागी ने बताया कि चुनाव में सात मुख्य पदों पर समस्त छात्र मतदान करेंगे। कुल 12 विभिन्न पदों के लिए चुनाव का आयोजन होगा।

नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई 
मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा लिंगदोह समितियों की संस्तुतितों के पालन के कड़े निर्देश दिए गए हैं। छात्रसंघ कार्यकारिणी के गठन के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव सहित 12 पद हैं। इन पदों पर ही चुनाव कराया जाएगा। डॉ. त्यागी ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव में कॉलेज के साथ-साथ जिला प्रशासन भी प्रत्याशियों और छात्र संगठनों पर नजर रखेगा।

डॉ. त्यागी ने बताया कि प्रत्याशियों द्वारा चुनाव में किए जाने वाले खर्चों पर खास नजर रखी जाएगी। वहीं, कॉलेज के भवन पर पोस्टरबाजी करना छात्र नेताओं को महंगा पड़ेगा। प्रत्याशी द्वारा किसी भी भवन, दीवार, पेड़, बाड़ या खंभों पर पोस्टर व बैनर लगाना उत्तरांचल लोक संपत्ति विरुपण अधिनियम 2003 का उल्लंघन माना जाएगा। इसका उल्लंघन करने वाले उम्मीदवार पर अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

कब क्या होगा
नामांकन पत्र विक्रय- 23 व 24 अगस्त (10:30 से एक बजे) व 25 अगस्त को (सुबह आठ से दस बजे)।
नामांकन- 25 अगस्त (10:30 से 1:30 बजे तक)।
प्राप्त नामांकनों की सूची का प्रकाशन- 25 अगस्त (चार बजे)।
नामांकनों पर आपत्तियों की प्राप्ति- 25 अगस्त (4:30 से 5:30 बजे)।
जांच के बाद स्वीकृत प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन- 26 अगस्त (दो बजे)।
नाम वापसी- 26 अगस्त (दो से तीन बजे)।
अंतिम रूप से प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन- 26 अगस्त (3:30 बजे)।
प्रत्याशियों के नामों में त्रुटि सुधार- 26 अगस्त (चार से पांच बजे)।
मतदान- 31 अगस्त ।
मतगणना- एक सितंबर ।
चुनाव परिणाम की घोषणा- एक सितंबर।

ग्रामीण डाक सेवकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल

0

अखिल भारतीय डाक सेवक संघ द्वारा अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार से राष्ट्रीय स्तर पर अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू कर दी है। बुधवार को जिले के विभिन्न हिस्सों से जिला मुख्यालय गोपेश्वर पहुंचे ग्रामीण डाक सेवकों ने मुख्य डाकघर के परिसर में धरना दिया तथा अपने राष्ट्रीय कार्यकारणी के आह्वान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है।

ग्रामीण डाक सेवकों के हड़ताल पर चले जाने से ग्रामीण क्षेत्रों की डाक सेवा बाधित हो गई है। संघ के जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह रावत, सीआर देवराड़ी, बलवंत सिंह, मनोरमा देवी आदि का कहना है कि एक लंबे समय से उनका संघ अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर केंद्र सरकार से गुहार लगाती आ रही हैं, लेकिन उनकी मांग पर सुनवाई नहीं हो रही है। जिससे राष्ट्रीय कार्यकारणी द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला लिया गया है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती आंदोलन जारी रहेगा।