Page 577

छात्रसंघ चुनावों में दिख रही सरकार से नाराजगी

0

राजधानी के युवाओं को प्रदेश सरकार द्वारा उच्च शिक्षा लगाई जा रही बंदिशों में बंधना पसंद नहीं आ रहा है। पहले ड्रेस कोड फिर बायोमेट्रिक और इसके बाद झंडा फहराने के लिए सुबह कॉलेज में हाजिरी जैसे कई अन्य फैसले, युवाओं को उनकी आजादी पर हमला लग रहे हैं। युवाओं की सरकार के प्रति नाराजगी का साइड इफेक्ट कॉलेजों के चुनाव पर भी दिखाई दे रहा है। यहां बीजेपी समर्थित छात्र संगठन एबीवीपी को मतदाता सिरे से नकारते दिखाई दे रहे हैं।

राजधानी के चार कॉलेजों में एबीवीपी का रुतबा हमेशा बाकी संगठनों से बहतर रहा है। यही कारण है कि कई कॉलेजों में संगठन का छात्र संघ पर बीते आठ से दस सालों तक कब्जा रहा लेकिन इस साल अचानक यह रुतबा कम होता दिखाई दे रहा है। अकेले देहरादून की बात की जाए तो यहां के चार कॉलेजों में से दो के छात्र संघ चुनाव परिणा सामने आ चुके हैं, दोनों में एबीवीपी को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा अभी दो कॉलेजों केे चुनाव होने बाकी है। अब यहां संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेताओं के लिए जीत हासिल करना साख का सवाल बन गया है।

छात्रों को पंसद नहीं आए सरकार के फैसले
कॉलेजों में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में लिए गए फैसले छात्रों के गले नहीं उतर रहे है। प्रदेश में भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही दनादन कड़े फैसले लिए। इसमें छात्रों के लिए कॉलेजों में ड्रेस कोड, अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक हाजिरी जैसे फैसलों ने छात्रों के बीच खासा रोष पैदा किया। छात्र हिमांशु का कहना है कि बचपन से स्कूल लाइफ में ड्रेस में ही स्कूल जाना होता था। कॉलेज लाइफ का क्रेज ही यह था कि ड्रेस पहनने से आजादी रहेगी लेकिन अब कॉलेज में आते ही यहां भी ड्रेस कोड का झंझट होगा तो निराशा हो रही है। छात्रों के हित में यदि फैसेल लेने हैं तो व्यवस्थाओं को बहतर करने और संस्थानों में शिक्षकों की कमी को पूरा किया ड्रेस कोड जैसे फैसलों से ज्यादा जरूरी था। जिससे बहुत बड़ी संख्या में छात्रों के बीच नाराजगी है। इसी नाराजगी का असर

छात्र संघ चुनावों में परिणाम के रूप में सामने आ रहे हैं। 
एबीवीपी से जुड़े कार्यकर्ता और डीएवी के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंशुल चावला ने बताया कि दो कॉलेजों के चुनाव के आधार पर यह कहना अनुचित होगा कि छात्र संगठन से विमुख हो रहे है। सरकार के फैसले छात्रहितों में ही किए गए हैं। इसके अलावा, सरकार जो भी निर्णय ले रही है उसे आधार बनाते हुए एबीवीपी से छात्रों को नाराजगी भी निराधार तर्क होगा। किसी छात्र के वैचारिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन पूरे सिस्टम को ही गलत कहना किसी भी लिहाज से तकसंगत नहीं है। 

‘फन्ने खां’ में ऐश्वर्या राय के साथ आर माधवन की जोड़ी

0

राकेश ओम प्रकाश मेहरा के निर्देशन में शुरू होने जा रही फिल्म ‘फन्ने खां’ में ऐश्वर्या राय के साथ हीरो की भूमिका को लेकर चला आ रहा सस्पेंस खत्म हो गया है। इस फिल्म में आर माधवन को ऐश्वर्या राय के हीरो की भूमिका के लिए चुना गया है।

माधवान राकेश मेहरा के साथ फिल्म ‘रंग दे बसंती’ में काम कर चुके हैं। ऐश्वर्या राय के साथ वे पहली बार काम करेंगे। इस फिल्म में अनिल कपूर भी हैं, लेकिन उनकी जोड़ी ऐश्वर्या राय के साथ नहीं हैं। अनिल कपूर और ऐश्वर्या राय किसी फिल्म में 17 साल के बाद काम करने जा रहे हैं। 17 साल पहले इन दोनों ने सुभाष घई की फिल्म ‘ताल’ में एक साथ काम किया था। ‘ताल’ के अलावा इनकी जोड़ी ने फिल्म ‘हमारा दिल आपके पास है’ में साथ काम किया था, जो एक तेलुगू फिल्म का रीमेक थी। अनिल कपूर को हाल ही में अनीस बज्मी की फिल्म ‘मुबारकां’ में देखा गया था। राकेश मेहरा ‘फन्ने खां’ की शूटिंग सितम्बर से शुरू करने जा रहे हैं। इस फिल्म को अगले साल मार्च या अप्रैल में रिलीज किया जाना है। 

इस सप्ताह बाक्स आफिस पर आधा दर्जन नई फिल्में

0

इस शुक्रवार को एक बार फिर से नई फिल्मों का मेला लगने जा रहा है। बाक्स आफिस पर इस सप्ताह आधा दर्जन नई बालीवुड की फिल्मो की भिड़ंत होने जा रही है। इन फिल्मों में तीन बड़ी फिल्में हैं, जिनमें यशराज की फिल्म ‘कैदी बैंड’ और वायकाम 18 की फिल्म ‘द जैंटलमैन’ के अलावा विवादों में फंसी रही फिल्म ‘बाबूमोशाय बंदूकबाज’ हैं। अन्य रिलीज होने वाली तीन फिल्मों में अमोल गुप्ते की ‘स्निफ’ के साथ साथ ‘तो फिर आओ ना’ और ‘मुस्कराहटें’ फिल्मों के नाम शामिल हैं।

यशराज की फिल्म कैदी बैंड में कपूर परिवार से जुड़े आदर जैन को लांच किया जा रहा है। उनकी हीरोइन के तौर पर दिल्ली का चेहरा अनन्या सिंह को लांच किया जा रहा है। हबीब फैसल इस फिल्म के निर्देशक हैं, जो अतीत में यशराज के लिए औरंगजेब और इश्कजादे जैसी फिल्में बना चुके हैं।

‘द जेंटलमैन’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा और जैक्लीन फर्नांडिज की जोड़ी है। सिद्धार्थ मल्होत्रा इस फिल्म में डबल रोल कर रहे हैं और सुनील शेट्टी काफी अरसे बाद परदे पर वापसी कर रहे हैं। ‘बंदूकबाज’ का निर्देशन कुशान नंदी ने किया है। बंगाली हीरोइन बिदिता बाग की ये पहली हिंदी फिल्म है और उनकी जोड़ी नवाजुद्दीन के साथ है। फिल्म काफी वक्त तक सेंसर के साथ विवादों में फंसी रही। ‘तारे जमीं पे’ के अलावा ‘स्टेनली का डिब्बा’ और ‘हवाहवाई’ फिल्मों के बाद बतौर निर्देशक अमोल गुप्ते की फिल्म ‘स्निफ’ एक ऐसे बच्चे की कहानी है, जिसको सूंघने की अपार कुदरती शक्ति मिली हुई है और इसके बूते पर वो बड़े अपराधिक मामलों को हल करने में मददगार साबित होता है। इन आधा दर्जन फिल्मों में ‘ए जैंटलमैन’, ‘कैदी बैंड’ और ‘बंदूकबाज’ के बीच की मुख्य मुकाबला होने जा रहा है। 

सेना को मिली फायरिंग की अनुमति

0

प्रशासन ने कुछ प्रतिबंधों के साथ सेना को मोथरोवाला फायरिंग रेंज में छह माह के लिए फायरिंग की अनुमति दे दी है। एसएसपी और एसडीएम की जांच आख्या के बाद प्रशासन ने यह अनुमति दी।

जिलाधिकारी एसए मुरूगेशन ने बताया कि सेना ने मोथरोवाला रेंज में फायरिंग की अवधि बढ़ाए जाने का अनुरोध किया था। जिसके लिए एसएसपी और एसडीएम को जांच करके आख्या देने को कहा गया था। जांच के बाद अनुमति देने का निर्णय लिया। बताया कि मोथरोवाला रेंज में सेना को 24 अगस्त 2017 से 23 फरवरी 2018 तक फायरिंग की अनुमति दी गई है। अनुमति इस शर्त पर दी गई है कि सुरक्षा की दृष्टि से सेना को फायरिंग रेंज में चाहरदीवारी और तारबाड़ करनी होगी।
फायरिंग से पहले रेंज से सटी आबादी के बीच प्रचार प्रसार किया जाएगा। रेंज के चारों और टू टीयर कार्डनिंग सिस्टम रखा जाएगा। रेंज के अंदर कोई भी दुर्घटना घटित होने की स्थिति में पूरी जिम्मेदारी सेना की होगी।

अर्जुन कपूर के साथ कीर्ति सैनॉन की जोड़ी

0

निर्देशक जोड़ी राज और डीके की नई फिल्म ‘ए जेंटलमैन’ इस शुक्रवार को रिलीज होने जा रही है, जिसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा, जैक्लीन फर्नांडिज और सुनील शेट्टी प्रमुख भूमिकाओं में है। इस निर्देशक जोड़ी ने अपनी अगली फिल्म के लिए अर्जुन कपूर और कीर्ति सैनॉन की जोड़ी बनाई ह, ये दोनों पहली बार किसी फिल्म में एक साथ काम करने जा रहे हैं।

इन दोनों के साथ इस प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत अंतिम दौर में है और इस महीने के अंत दोनों की सहमति मिलने की उम्मीद है। इस साल अर्जुन कपूर को जहां ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ की नाकामयाबी का सामना करना पड़ा, वहीं 28 जुलाई को रिलीज हुई उनकी डबल रोल वाली फिल्म ‘मुबारकां’ को औसत कामयाबी के साथ संतोष करना पड़ा।

कीर्ति सैनॉन को भी जून में सुशांत सिंह राजपूत के साथ ‘राब्ता’ की नाकामयाबी देखनी पड़ी, तो पिछले सप्ताह रिलीज हुई उनकी नई फिल्म बरेली की बर्फी को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। राज और डीके की जोड़ी की एक और फिल्म फर्जी निर्माणाधीन है, जिसमें शाहिद कपूर, कीर्ति सैनॉन और नवाजुद्दीन की प्रमुख भूमिकाएं हैं, लेकिन ये फिल्म लटक गई है। ये जोड़ी अपनी फिल्म गो गोवा गौन का सीक्वल भी बनाने की योजना पर काम कर रही है। इस फिल्म में सैफ अली खान, उनके बहनोई कुणाल खेमू और वीरदार प्रमुख भूमिकाओं में हैं। 

एमबीपीपी कॉलेज में तीन छात्रों ने किया आत्मदाह का प्रयास

0

रामनगर के पीएनजी पीजी कॉलेज के बाद हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में भी सभी छात्रों को प्रवेश की मांग को लेकर तीन छात्रों ने प्राचार्य कक्ष भवन की छत पर चढ़कर खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। छात्रों के खुद पर पेट्रोल डालने के कारण कॉलेज कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। भारी पुलिस बल और फायर ब्रिगेड के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को हिरासत में लिया। बवाल को देखते हुए कॉलेज में प्रवेश प्रकिया रोक दी गई है।

उच्च न्यायालय के फैसले के बाद से राज्य के तमाम कॉलेजों में मेरिट के आधार पर प्रवेश दिए जा रहे हैं। इसको लेकर तमाम विरोध भी चल रहे हैं। राज्य में सीमित कॉलेज होने के कारण छात्रों को प्रवेश के लिए धक्के खाने पड़ते हैं। ऐसे में छात्र संघों के चुनाव के कारण भी छात्र नेता मुखर हैं। इसी का परिणाम है कि बीते एक सप्ताह में आत्मदाह के प्रयास के दो मामले सामने आ गए। गुरुवार को हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज कैंपस में रोहित प्रकाश, हर्षित जोशी और ऋषभ भारती नामक छात्रों ने खुद पर पेट्रोल डाल आत्मदाह का प्रयास किया। इस दौरान आसपास खड़े छात्रों पर भी पेट्रोल गिर गया, इससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

कॉलेज प्रशासन ने पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने रोहित प्रकाश, हर्षित जोशी को हिरासत में ले कर कोतवाली भेजा, जबकि ऋषभ भारती को प्राचार्य कक्ष के एक कमरे में नजरबंद कर दिया गया। उधर, कोतवाली में हर्षित जोशी की हालत बिगड़ गई और उसे बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक तीनों छात्र ठीक हैं। हर्षित तनाव के कारण अस्वस्थ महसूस कर रहा था।

बंटी बबली की ठगी में भारी कमीशन बना टूल

0

भाभी तेरे प्यार में लूट गये हम बेकार में, कुछ इसी तर्ज पर बंटी बबली ने ठगी की वारदात को अंजाम दिया। बंटी बबली ने किट्टी के अवैध धंधे को अंजाम देने के लिये शहर की तमाम महिलाओं को मोटे कमीशन का लालच देकर खेल का हिस्सेदार बना लिया। इन महिलाओं ने अपनी जान पहचान में लगने वाले देवरों को ही किट्टी में शामिल कर लिया। अब जब ठगी की मास्टर माइंड गिरफ्तार हो गई तो सभी पीड़ित देवर इन कमीशन वाली भाभियों के घरों के चक्कर लगा रहे हैं। मामला नगर कोतवाली क्षेत्र का है। पुलिस इस प्रकरण में एक आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।

रानीपुर मोड़ के पास जीआईजीमार्ट में सविंदर उर्फ राजन व उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर उर्फ निशी अवैध तरीके से किट्टी चलाने का कार्य करती थी। गुरप्रीत ने किट्टी के कारोबार का जाल शहर में फैलाने के लिए सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाली महिलाओं को चुना। इन महिलाओं को मोटा कमीशन देने का लालच दिया गया, बाकायदा इन महिलाओं को ट्रैनिंग दी गई। किस तरह अपने जान पहचान के लोगों को किट्टी में पैसा जमा कराने के लिए लाना है। इन महिलाओं ने अपने पहचान के तमाम देवरों को शामिल करा दिया। रिश्ते में लगने वाली इन भाभी की मीठी बातों को ये देवर ठुकरा नहीं पाये। इसके साथ इन देवरों को भी लालच आ गया। बस फिर क्या था भाभी के कहने पर एक के बाद एक शहर के तमाम लोग किट्टी के जाल में फंसते चले गये।

जब किट्टी के अवैध खेल से परदा उठा तो शहर के करीब हजारों लोग करोड़ों की रकम गवां चुके थे। अब जबकि किट्टी संचालिका आरोपी निशी गिरफ्तार हो चुकी है तो रकम गंवाने वाले सभी देवर इन भाभी के घरों पर चक्कर लगा रहे हैं। फिलहाल कई भाभी घरों पर ताला जड़कर बाहर निकल चुकी हैं और उनके मोबाइल स्विच आॅफ आ रहे हैं। एक पीड़ित ने बताया कि ऋषिकुल निवासी एक भाभी ने ही हमकों किट्टी में जोड़ा था। जब घर गये तो वहां ताला लटका था। हम तो भाभी को ही पहचानते है। हालांकि पूरे प्रकरण की विवेचना पुलिस कर रही है।

अलग-अलग हादसों में तीन की मौत, एक घायल

0

सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। हादसा दो बाइकों के बीच हुई, दोनों आमने-सामने से आ रही थी। वहीं, बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही एक महिला को बस ने कुचल दिया, महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

बुधवार देर रात ग्राम खड़कपुर-देवीपुरा निवासी ठेकेदार लटूर सिंह (50) पुत्र मंगली सिंह और श्यामपुरम निवासी एलआईसी एजेंट सुशील कुमार (45) पुत्र नंदू सिंह कुंडेश्वरी में आयोजित एक समारोह से लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे ग्राम चैती चौराहे स्थित बालसुन्दरी देवी मंदिर के पास चैती तिराहा निवासी खेमपाल पुत्र ओमप्रकाश की बाइक से उनकी बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक से गिरने के बाद सुशील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लटूर व खेमपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से एलडी भट्ट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, उपचार के दौरान लाटूर ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, चिकित्सकों ने खेमपाल की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। मृतक लाटूर की तीन बेटियां और दो बेटे हैं, जबकि सुशील के तीन बेटियां और एक बेटा है।

उधर, ग्राम धनौरी निवासी महिला संतोषी की काशीपुर रोडवेज परिसर में हल्द्वानी डिपो की बस से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक-परिचालक बस छोड़कर फरार हो गए। संतोषी(35) पत्नी गोविन्द अपनी देवरानी के साथ गुरुवार को हल्द्वानी जाने के लिए रोडवेज परिसर में बस का इंतजार कर रही थी। हल्द्वानी डिपो की देहरादून जाने वाली बस के नीचे आने से संतोषी की मौके पर ही मौत हो गई। 

प्रधानमंत्री रोजगार कार्यक्रम के तहत 66 का चयन

0

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के तहत जिले में विभिन्न उद्यमों की स्थापना के लिए 66 आवेदकों ने योजना के तहत आॅनलाइन आवदेन किया था। जिन्हें जिला स्तरीय टास्कफोर्स समिति ने परीक्षण के बाद चयन की संस्तुति दे दी है।

पीएमईजीपी के तहत आवेदक को उद्यम की लागत का पांच प्रतिशत अपने अंशदान के साथ शहरी क्षेत्रों में केन्द्र सरकार से 25 प्रतिशत अनुदान तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 35 प्रतिशत अनुदान राशि उपलब्ध कराई जाती है। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक डॉ. एमएस सजवाण ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृृजन कार्यक्रम भारत सरकार का सब्सिडी युक्त कार्यक्रम है। यह दो योजनाओं प्रधानमंत्री रोजगार योजना और ग्रामीण रोजगार सृृजन कार्यक्रम को मिलाकर बनाया गया है।
सजवाण ने बताया कि नए स्वरोजगार उद्यम, परियोजनाओं, लघु उद्यम की स्थापना के जरिए देश के शहरी और ग्रामीण काश्तकार दोनों ही रोजगार के अवसर पैदा करना पीएमईजीपी का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि उद्यमों की स्थापना के लिए जिले के 66 आवेदकों द्वारा आवेदन किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मनोज भंडारी, डीडीओ आनंद सिंह, सहायक प्रबंधक अतिम भाकुनी, बीएस कुंवर, समाज कल्याण अधिकारी सुरेन्द्र लाल, नावार्ड, आरसेठी के निदेशक आदि मौजूद रहे। 

उत्तरकाशी को धर्म नगरी घोषित करने की मांग तेज

0

उत्तरकाशी नगर पालिका क्षेत्र को धर्म नगरी घोषित करने में शासन स्तर पर कार्रवाई तेज हो गई है। इस संबंध में जिला प्रशासन और पूर्व उपाध्यक्ष चारधाम विकास परिषद ‌सूरतराम नौटियाल को शासन से पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें कुछ जरूरी प्रस्ताव मांगे गए हैं।

चारधाम विकास परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सूरतराम नौटियाल ने बताया कि उन्होंने पूर्व में उत्तरकाशी नगर पालिका क्षेत्र को धर्म नगरी घोषित करने के लिए शासन से मांग की थी जिसमें समय-समय पर आंदोलन भी किये गये। इस पर पूर्व में नगर पालिका से प्रस्ताव मांगा गया था लेकिन अब जिला प्रशासन से भी इस संबंध में प्रस्ताव मांगा गया है। बुधवार को उन्हें अपर सचिव शासन विनोद कुमार सुमन का पत्र प्राप्त हुआ है।

नौटियाल ने बताया कि वह शुक्रवार को अपर सचिव से वार्ता करने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी में गंगोत्री यमुनोत्री सहित कई धार्मिक स्थल हैं जहां अक्सर सालभर तीर्थ यात्रियों का आना जाना लगा रहता है, इसलिए धार्मिक भावनाओं को देखते हुए यहां अंडा, मांस, मदिरा आदि पर प्रतिबंध लगना चाहिए। धर्मनगरी घोषित होने के बाद नगर क्षेत्र में अंडा, मांस, मदिरा आदि सभी चीजें वर्जित हो जाएंगी। शुरुआत में नगर पालिका क्षेत्र इसके दायरे में आएगा।