Page 565

‘हेट स्टोरी 4’ से पंजाबी एक्ट्रेस की बॉलीवुड में एंट्री

0

टी सीरीज द्वारा बनाई जा रही फिल्म हेट स्टोरी की चौथी कड़ी में बतौर हीरोइन एक नए चेहरे को लॉन्च किया जाएगा। इस फिल्म में अब तक पंजाबी फिल्मों में काम करने वाली ग्लैमरस हीरोइन इहाना ढिल्लो बॉलीवुड में एंट्री करेंगी। इस बार भी फिल्म का निर्देशन विशाल पांड्या ही करेंगे, जो हेट स्टोरी की दूसरी और तीसरी कड़ी का निर्देशन कर चुके हैं।

फिल्म की पहली कड़ी का निर्देशन विवेक अग्निहोत्री ने किया था, जो हाल ही में सेंसर बोर्ड के नए सदस्यों में शामिल किए गए हैं। मिली खबर के अनुसार, सितम्बर के दूसरे सप्ताह में फिल्म का पहला शेड्यूल शुरू किया जा रहा है। अभी तक ये तय नहीं है कि इस बार ‘हेट स्टोरी 4’ में मुख्य भूमिका कौन हीरो करेगा।

टी सीरीज के सूत्र बता रहे हैं कि इस बारे में जल्दी ही अधिकारिक रूप से घोषणा की जाएगी। अब तक ‘हेट स्टोरी 1’ में पाउली डैम, ‘हेट स्टोरी 2’ में सुरवीन चावला और ‘हेट स्टोरी 3’ में जरीन खान के साथ डेजी ईरानी ने मुख्य हीरोइन के किरदार निभाए थे। कहा जा रहा है कि ‘हेट स्टोरी 4’ की शूटिंग नवम्बर तक पूरी की जाएगी और इसे अगले साल फरवरी में रिलीज किया जा सकता है। 

साहब बीवी और गैंगस्टर-3 की शूटिंग शुरू करेंगे संजय दत्त

0

अपने घर पर गणपति की स्थापना करने वाले संजय दत्त ने गणपति को अपने घर से विदा कर दिया है और अब वे ‘भूमि’ के बाद अपनी अगली फिल्म साहेब बीवी और गैंगस्टर की तीसरी कड़ी की शूटिंग शुरू करने जा रहे हैं। 5 सितंबर को गणपति महोत्सव के पूरा होते ही इस फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी।

पहले इस फिल्म का पहला शेड्यूल अगस्त के आखिरी सप्ताह में शुरू किया जाना था, लेकिन संजय के गणपति में बिजी होने के कारण इसे कुछ दिनों के लिए टाल दिया गया था। वेव मीडिया के राजू चड्ढा और निर्माता राहुल मित्रा की इस फिल्म का निर्देशन तिग्मांशु धूलिया कर रहे हैं, जो साहेब बीवी और गैंगस्टर की पिछली दोनों कड़ियों का निर्देशन कर चुके हैं और पहली बार संजय दत्त के साथ काम करने जा रहे हैं। इससे पहली दो कड़ियों में इरफान ने पहली और रणदीप हुड्डा ने दूसरी कड़ी में गैंगस्टर का रोल निभाया था। तीसरी कड़ी में संजय दत्त के साथ जिमी शेरगिल, माही गिल के अलावा चित्रगांधा सिंह को भी कास्ट किया गया है।

कहा जा रहा है कि तीसरी कड़ी का पहला शेड्यूल मुंबई में होगा और दूसरा शेड्यूल गुजरात के देवगढ़ में शाही महल में होगा। संजय दत्त अगले महीने 22 सितंबर को फिल्म भूमि से काफी गैप के बाद परदे पर वापसी करने जा रहे हैं। पिता-बेटी के रिश्तों की कहानी पर बनी इस फिल्म का निर्माण टी सीरिज और संदीप कुमार सिंह तथा निर्देशन ओमांग कुमार ने किया है। फिल्म में संजय की बेटी के रोल में अदिति राव हैदरी हैं। साथ में शरद केलकर और शेखर सुमन हैं। सचिन-जिगर ने संगीत दिया है। इस फिल्म के लिए सनी लियोनी पर एक आइटम सांग फिल्माया गया है, तो संजय दत्त की आवाज में गणपति की आरती भी रिकार्ड की गई है। 

आज से शुरू हो रहा है केबीसी का नया सीजन

0

अमिताभ बच्चन के साथ कौन बनेगा करोड़पति का नया सीजन आज से टेलीविजन पर प्रसारित होने जा रहा है। ये केबीसी का नौवां सीजन होगा। ये सीजन अब तक आए केबीसी के सभी सीजनों में सबसे छोटा होगा। केबीसी का ये सीजन सिर्फ 6 सप्ताह के लिए ही किया गया है। इस बार फारमेट में कुछ बदलाव भी किए गए हैं। इस बार फोन-ए-फ्रेंड को वीडियो ए फ्रेंड में बदल दिया गया है। यानी इस बार अमिताभ बच्चन प्रतियोगी के लिए फोन की जगह वीडियो काल करेगे।

इस बार केबीसी में ईनामी राशि जीतने वालों को चेक नहीं मिलेंगे, बल्कि राशि सीधे तौर पर उनके खाते में जमा कर दी जाएगी। इस बार हाट सीट तक पंहुचने वाले प्रतियोगी के साथ आने वाले जोड़ीदार को भी एक सवाल का जवाब देने का अधिकार दिया गया है। अब तक प्रतियोगी के साथ आए जोड़िदारियों को देखने वालों के साथ बैठने का मौका दिया जाता था। प्रतियोगी चाहे, तो अपने जोड़दार के साथ हाटसीट भी शेयर कर सकता है। इस सीजन में 5 करोड़ की अधिकतम राशि को बढ़ाकर 7 करोड़ तक बढ़ा दिया गया है। इसे जैकपाट सवाल का नाम दिया गया है। 

इस बार केबीसी में किसी फिल्मी सेलिब्रिटी को रिलीज होने वाली फिल्मों के प्रमोशन के लिए नहीं बुलाया जाएगा। उनकी जगह इस बार रियल लाइफ के हीरोज को इस शो में बुलाए जाने का फैसला हुआ है। इस बार केबीसी में कुछ ऐसे लोग नजर आएंगे, जिन्होंने अपनी जिंदगी से लोगों को प्रेरणा देने का काम किया है। ऐसे लोगों की जानकारी को चैनल ने सस्पेंस रखा है। चैनल ने इन अटकलों को खारिज कर दिया है कि ये केबीसी का अंतिम सीजन होगा। चैनल का कहना है कि अगले सीजन को लेकर फैसला बाद में होगा, लेकिन केबीसी को बंद करने का कोई फैसला नहीं हुआ है। 

स्वच्छ भारत मिशन में स्वच्छता में पहले तीन पालिकाओं को मिलेगा लाखों का ईनाम

0
स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम में स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रथम तीन स्थान पाने वाले नगर निगम/नगर पालिका को क्रमशः 75, 50 एवं 25 लाख रूपये का पुरस्कार दिया जाएगा। यह घोषणा एक स्थानीय होटल में स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत नगरीय ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन तकनीकी एवं स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 विषय पर दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्याशाला में मुख्यमंत्री रावत ने की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “यह कार्यशाला उत्तराखण्ड में स्वच्छता कार्यक्रम के अभियान को मजबूती देगी। यह हमारे लक्ष्यों को पूर्ण करने में मददगार होगी। स्वच्छता कार्यक्रम के लिए मानसिंकता में बदलाव की आवश्यकता, आम व्यक्ति की जागरूकता एवं सहभागिता से यह लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। ठोस अपशिष्ठ एवं प्रबन्धन की दिशा में आधुनिक तकनीक और शोध की आवश्यकता है। तकनीकी के माध्यम से हम बडा से बडा लक्ष्य प्राप्त कर सकते है।”
नगर विकास मंत्री श्री मदन कौशिक ने कहा कि, “स्वच्छता कार्यक्रम में नवीन तकनीकी के प्रयोग हेतु स्थानीय निकायों को अपनी आमदनी बढाने के प्रयासों पर बल देना होगा। शहरी मार्च 2018 तक शत-प्रतिशत शौचायल ओडीएफ, डोर-टू-डोर कलेक्शन का लक्ष्य प्राप्त कर लिया जायेगा। इसके अतिरिक्त शत-प्रतिशत एलईडी का लक्ष्य प्राप्त किया जायेगा। नगर निगम कि कार्य संस्कृति से अन्य नगर पालिका प्रभावित होती है, इसलिए नगर निगम की जिम्मदारी स्वच्छता के सन्दर्भ में अधिक है।”
सचिव शहरी विकास श्रीमती राधिका झा ने कहा कि, “प्रदेश सरकार स्वच्छता के कार्यक्रम को लेकर संवेदनशील है। जिलाधिकारियों को साप्ताहिक नगर आयुक्त एवं अधिशासी अधिकारियों, नगर निगम के साथ समीक्षा बैठक करने के निर्देश दिये गये है। राज्य स्तरीय कार्यशाला में स्वच्छता विषय पर शपथ ली गई एवं स्वच्छता कार्यक्रम की एक मार्गदर्शिका पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।”

एसएसपी ने निलंबित किए दो पुलिसकर्मी

0

 होटल से पकड़े गए प्रेमी जोड़ों को पैसे लेकर छोड़े जाने के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार वीके ने आरोपी दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। होटल में मिले प्रेमी जोड़े को छोड़ने के लिए पुलिसकर्मियों पर 40 हजार लेने का आरोप है। निलंबित किए सिपाहियों में एक एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल में तैनात देशराज और दूसरा नगर कोतवाली में तैनात प्रदीप है।

एसएसपी ने बताया कि जुलाई माह में कनखल क्षेत्र स्थित एक होटल में जिस्मफरोशी के धंधे की शिकायत पर पुलिस ने छापा मारा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो महिलाओं के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपी युवक हरिद्वार के निवासी थे।

पुलिस ने सभी के परिजनों को थाने बुलाया और उनका भविष्य खराब न हो, इसको देखते हुए उनको छोड़ दिया। बाद में एसएसपी को शिकायत मिली की उक्त दोनों पुलिसकर्मियों ने युवकों को छोड़ने की एवज में 40 हजार रुपये ले लिए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच कराई और दोषी पाए जाने पर दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के आदेश दिए। 

दीपक मिश्रा बने देश के 45वें मुख्य न्यायाधीश

0
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज जस्टिस दीपक मिश्रा को देश के 45वें मुख्य न्यायाधीश की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समाहरोह राष्ट्रपति भवन के ऐतिहासिक दरबार हॉल में संपन्न हुआ। मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा  का कार्यकाल  अगले साल तीन अक्टूबर 2018 को समाप्त होगा।  दीपक मिश्रा मुख्य न्यायाधीश के पद पर करीब 13 महीने रहेंगे। इस पद पर पहुंचने वाले वे  उड़ीसा के तीसरे मुख्य न्यायाधीश बन गए हैं उनसे पहले न्यायमूर्ति रंगनाथ मिश्रा और न्यायमूर्ति जीबी पटनायक  सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं।
  • अक्टूबर – तीन  (1953 ) में जन्मे दीपक मिश्रा ने फरवरी 1977 में उड़ीसा हाईकोर्ट में वकालत की प्रैक्टिस शुरू की।
  • फरवरी 1996 में उड़ीसा उच्च न्यायालय के  अतिरिक्त न्यायाधीश बने।मार्च 1997 में उनका तबादला मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में कर दिया गया।
  • दिसंबर 1997 में ही उन्हें स्थायी नियुक्ति दी गयी।
  • दिसंबर  2009 में उन्हें पटना हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाया गया।
  • मई 2010 में उन्हें दिल्ली उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया। वहां रहते हुए उन्होंने पांच हजार से ज्यादा मामलों में फैसले सुनाये और लोक अदालतों को ज्यादा प्रभावशाली बनाने के प्रयास किये।
  • न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा ने ही देशभर के सिनेमाघरों में राष्ट्रगान के आदेश जारी किए थे।
ऐतिहासिक फैसलेः
  • आजाद भारत में पहली बार सुप्रीम कोर्ट जब रात में बैठी थी तो जस्टिस दीपक मिश्रा की अगुवाई में ही बेंच ने मुंबई ब्लास्ट के दोषी याकुब मेनन की अर्जी को पूरी रात सुनवाई के बाद खारिज किया था।
  • 5 मई 2017 को बहुचर्चित निर्भया गैंग रेप केस में तीनों दोषियों की फांसी की सजा को जस्टिस दीपक मिश्रा की अगुवाई वाली बेंच ने बरकरार रखा था।
  • जस्टिस दीपक मिश्रा की अगुवाई में स्पेशल बेंच बनी है जो अयोध्या मामले की सुनवाई कर रहीं हैं ।
इसके अलावा सहारा सेबी मामले में भी जस्टिस मिश्रा की बेंच सुन रही है।

राजपुर रोड के पूर्व विधायक राजकुमार ने गिनाई दून अस्पताल की कमियां

0

हाल ही में दून चिकित्सालय प्रबन्धन की लापरवाही के चलते एक महिला की मृत्यु हो गई, जो कि एक गम्भीर मामला है। इसका संज्ञान लेते हुए राजपुर रोड़ विधानसभा से पूर्व विधायक राजकुमार ने आज दून चिकित्सालय में डाॅ0 के0सी0 पंत से मुलाकात कर निम्न बिन्दुओं पर जल्द उचित कार्यवाही हेतु ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर उन्होंने बताया कि चिकित्सालय की जिम्मेदारी आम जन को सुविधा प्रदान करना है, लेकिन जब से दून चिकित्सालय को दून मेडिकल काॅलेज का दर्जा दिया गया, उस दिन से यहां आए लगभग 90 प्रतिशत लोगों की कुछ न कुछ शिकायतें आए दिन प्राप्त हो रही हैं। जिन पर जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द उचित कार्यवाही करने की आवश्यकता है।

  • सर्वप्रथम जब तक दून मेडिकल काॅलेज को पूर्व की भाॅंति जिला चिकित्सालय के रूप में संचालित नहीं किया जाता, तब तक गांधी नेत्र चिकित्सालय में मरीजों के उपचार व कम से कम 200 बेड की व्यवस्था की जाए।
  • वर्तमान में डेंगू और स्वाईन फ्लू जैसी भयानक बीमारी बड़ती जा रही है,जिसके उपचार की कोई उचित व्यवस्था नहीं है, लापरवाही का नतीजा है कि बीते रोज एक महिला की मृत्यु हो गई।
  • दून महिला चिकित्सालय में अक्सर गर्भवती महिलाएं आॅपरेशन थियेटर के बाहर ही दर्द से तड़पती दिखाई देती हैं, क्या चिकित्सकों की कोई जिम्मेदारी नहीं बनती।
  • निर्धन वर्ग के मरीजों के लिए जो मानक तय किए गए हैं, उन्हें अस्पताल के मुख्य/ईमरजेंसी स्थल पर प्रर्दशित किया जाए, ताकि मरीज या तीमारदार को भटकना न पड़े।
  • दून चिकित्सालय के आपातकाल में बेड न होने के कारण भी मरीज बाहर ही पड़े रहते हैं, बेड संख्या बढ़ाई जाए
  • मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ आम जन को नहीं मिल पा रहाहै, योजना की स्थिति स्पष्ट की जाए।
  • लोकल पर्चेस (एल0पी0) की सुविधा बन्द है, जिस कारण मरीजों को बाहर से महंगी दवाईयां खरीदनी पड़ रही है, चिकित्सालय स्तर पर दवाईयां उपलब्ध कराई जाएं।
  • डायलिसिस मशीन, डिजिटल एक्स-रे मशीन व अन्य उपयोगी मशीनों के खराब होने की खबरें आए दिन समाचार पत्रों में छपी रहती हैं, व्यवस्था में सुधार किया जाए।
  • आवारा कुत्तों के काटने पर भी मरीजों को सम्बन्धित इंजेक्शन उपलब्ध नहीं हो पाते हैं।
  • अस्पताल प्रशासन के पास स्वयं की कितनी एम्बुलेंस उपलब्ध हैं, अक्सर आम जनता द्वारा बाहर से एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाती है।
  • बायोमेडिकल कूड़े के निस्तारण को लगी मशीनें खराब हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए।
  • अस्पताल परिसर में रात्रि के समय अंधेरा रहता है, जिस कारण रात्रि में आए मरीजों को लाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है, लाईटों को जल्द ठीक करवाया जाए।
  • अक्सर अस्पताल में ऐसे मरीज आते हैं जो कि चलने/फिरने में भी असमर्थ होते हैं, जो लिफ्ट का प्रयोग कर सकते हैं, लेकिन अस्पताल की लिफ्ट भी बन्द हैं।
  • चिकित्सालय परिसर में सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जगह-जगह गन्दगी है, चाहे वह चिकित्सालय का परिसर हो या फिर आम जन के उपयोग हेतु शौचालय।
  • चिकित्सालय परिसर में मरीजों के लिए साफ पेयजल की की व्यवस्था कराई जाए।

भाजपा नेत्री ने लौटाई किट्टी की रकम

0

डीएम और एसएसपी के सख्त तेवरों को देख किट्टी का धंधा करने वाले अन्य लोगों में खौफ दिखाई दे रहा है। भय का ही असर है कि भाजपा से जुड़ी एक किट्टी संचालिका ने अपने किट्टी से जुड़े सभी लोगों को एक होटल में बुलाया। सूटकेस में नोट लेकर आये संचालिका के पति ने कहा कि जिसको किट्टी डूबने का डर है वो अपना पैसा ले जा सकता है। ये बात सुनने के बाद करीब 24 लोगों ने अपनी रकम वापस ले ली। जबकि कई लोगों को रकम देने के लिये वक्त दिया गया है।

पुराना रानीपुर मोड़ के पास जीआईजी मार्ट में एक सविंदर और उसकी पत्नी गुरमीत कौर किट्टी का अवैध धंधा करती थीं। शहर के करीब 25 हजार से अधिक लोगों ने करोड़ों रुपये का निवेश किट्टी में किया था। किट्टी प्रकरण तब गरमाया जब सविंदर अचानक शहर से भाग गया।

पीड़ितों ने हंगामा किया तो पुलिस ने सविंदर की पत्नी गुरमीत कौर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गुरमीत को जेल भेजकर फरार सविंदर की तलाश शुरू कर दी। किट्टी प्रकरण की गूंज जब सरकार के कानों तक गूंजनी शुरू हुई तो डीएम और एसएसपी ने पीड़ितों को इंसाफ दिलाने में तत्परता दिखानी शुरू कर दी। 

कच्ची शराब बनाने की भट्टी के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार

0

चमोली पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध में चलाये जा रहे अभियान के तहत गोपेश्वर थाना पुलिस ने मल्ला-तल्ला नैग्वाड में छापा मारकर अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने की दो भट्टी के साथ दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। वहीं, 500 लीटर लाहन भी नष्ट किया।

थानाध्यक्ष गोपेश्वर कुंदन राम ने बताया कि रविवार की रात पुलिस ने तल्ला व मल्ला नैग्वाड में छापेमारी की। जिसमें अवैध रूप से कच्ची शराब बनाये जाने की दो भट्टी तथा दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। जबकि कच्ची शराब बनाने के लिए प्रयुक्त होने वाला 500 लीटर लाहन भी नष्ट किया गया। बताया कि दोनों महिलाओं पर आबकारी अधिनियम में मामला पंजीकृत कर लिया गया है। 

‘गूंज संस्था’ ने आपदा प्रभावितों को दी राहत किट

0

बादल फटने से हुई तबाही के दो सप्ताह बाद गूंज संस्था के स्वयंसेवकों ने पिथौरागढ़ जिले के मांगती में ग्राम पंचायत तांकुल के 74 परिवारों को आपदा राहत सामग्री बांटी। बुंगबुंग में बादल फटने के कारण मांगती क्षेत्र में 14 अगस्त की सुबह भारी तबाही हुई थी। सड़क मार्ग तथा पैदल मार्ग के बंद होने के कारण तीन ग्राम पंचायतों की जनता अब भी परेशान हैं।

दिल्ली की गूज संस्था ने राशन, त्रिपाल, दरी, कपड़े आदि सामग्री के किट की राहत सामग्री पीड़ितों को दी है। दो किमी की पैदल यात्रा करने के बाद आपदा प्रभावित किट लेने के लिए मांगती पहुंचे। आपदा प्रभावितों को किट देने के बाद गूज संस्था के सदस्यों ने कहा कि वे उनके दुखों को बांटने के लिए यहां आये हैं। आपदा के दो सप्ताह बाद आपदा प्रभावितों ने सहयोग के लिए बढ़ाये गये हाथ का स्वागत किया।

इस मौके पर गूज संस्था के स्वयंसेवक जगत मर्तोलिया तथा शैलेश खर्कवाल ने कहा कि, “संस्था इस कठिन समय में आम आपदा प्रभावितों के साथ है। संस्था की एक अपील पर जमा होने वाली राहत सामग्री के किट इस क्षेत्र में बांटे जा रहे है। आज पूरा क्षेत्र अलग-थलग पड़ा हुआ हैं, इन स्थितियों में इस क्षेत्र की प्रभावित जनता की सेवा करना सबसे बड़ा धर्म है, आने वाले समय में भी संस्था इस क्षेत्र के आपदा प्रभावितों के सहयोग के लिए उनके साथ खड़ी रहेगी।”