Page 561

पहले तीन दिनों में बाक्स आफिस पर सभी नई रिलीज फिल्मों की हालत कमजोर

0

पिछले शुक्रवार को रिलीज हुईं फिल्मों के बाक्स आफिस पर पहले तीन दिनों का सफर पूरा हो गया और इस दौरान इन फिल्मों में से कोई भी फिल्म बाक्स आफिस पर ठहरने में कामयाब नहीं हुई। दो नए चेहरों आदर जैन और अनन्या सिंह को लेकर बनी यशराज की फिल्म ‘कैदी बैंड’ की हालत सबसे ज्यादा बुरी रही, जिसने तीन दिनों में सिर्फ 35 लाख रुपये का कारोबार किया। इसे यशराज के बैनर की सबसे खराब कारोबार करने वाली फिल्म माना जा रहा है।

रिलीज के पहले दिन इस फिल्म को 25 लाख रु का कारोबार मिला था। इसके बाद फिल्म ने दो दिनों में सिर्फ 10 लाख ही कमाए। इस फिल्म के साथ रिलीज हुई नवाजुद्दीन सिद्दीकी की फिल्म ‘बाबू मोशाय बंदूकबाज’ भले ही विवादों में घिरी रही, लेकिन बाक्स आफिस पर इसे कोई फायदा नहीं मिला और फिल्म ने इन तीन दिनों में सिर्फ 4 करोड़ का ही कारोबार किया।

अमोल गुप्ते के निर्देशन में बनी बच्चों की फिल्म ‘स्निफ’ ने पहले तीन दिनों में 1 करोड़ से भी कम का कारोबार किया। इन फिल्मों के साथ रिलीज हुई सिद्धार्थ मल्होत्रा और जैक्लीन फर्नांडिज की जोड़ी वाली एक्शन थ्रिलर फिल्म की शुरुआत 4 करोड़ की कमाई के साथ हुई थी और बाकी दो दिनों में इसके कलेक्शन में भी गिरावट आई और तीन दिनों में इसका कारोबार 12 करोड़ के आसपास ही रहा।

60 करोड़ के बजट वाली इस फिल्म को भी फ्लाप ही माना जा रहा है। इस तरह से पिछले शुक्रवार को रिलीज चारों प्रमुख फिल्मों ने पहले तीन दिनों के बाद बाक्स आफिस के मैदान में हथियार डाल दिए और सभी फिल्में इस मुकाबले से बाहर हो गईं। 

फिल्म निर्देशकों की संस्था ने डेरा प्रमुख को किया बर्खास्त

0

सीबीआई अदालत द्वारा बलात्कार के मामले में दस साल की सजा पाने वाले गुरमीत राम रहीम ने गॉड आफ मैसेंजर नाम से फिल्म बनाई थी और इसके साथ ही उनको निर्देशकों की संस्था की सदस्यता भी मिली थी। अदालत द्वारा दस साल सुनाए जाने के कुछ घंटों के अंदर ही फिल्म और टेलीविजन डायरेक्टरों की संस्था आईएफटीडीए की ओर से गुरमीत राम रहीम की सदस्यता को रद्द करते हुए उनको एसोसिएशन से न सिर्फ बर्खास्त किया गया, बल्कि उनको ब्लैक लिस्टेड भी कर दिया गया, जिसका मतलब ये हुआ कि सजा काटने के बाद भी गुरमीत राम रहीम को फिर से इस एसोसिएशन का सदस्य नहीं बनाया जा सकता।

इस फैसले की जानकारी देते हुए एसोसिएशन के महासचिव अश्विनी चौधरी ने कहा कि हमने उनको आजीवन बैन करने का फैसला किया है। अश्विनी चौधरी, जो खुद हरियाणा के सोनीपत जिले से आते हैं, ने कहा कि मुझे शर्मिंदगी का एहसास हो रहा है कि हमारे राज्य की छवि धूमिल हो रही है। अश्विनी चौधरी ने फिल्म निर्माताओं की संस्था गिल्ड तथा कलाकारों की संस्था सिंटा से भी अनुरोध किया कि तत्काल प्रभाव से इन दोनों एसोसिएशनों को गुरमीत राम रहीम की सदस्यता कैंसिल करनी चाहिए और उनको बैन कर देना चाहिए। 

हांगकांग में आमिर खान की फिल्म दंगल की धूम

0

चीन के सिनेमाघरों में 1200 करोड़ से ज्यादा का कारोबार करने वाली आमिर खान की फिल्म दंगल अब चीन के पड़ोस हांगकांग में पहुंच गई है और वहां से मिल रही खबरों के मुताबिक, वहां के सिनेमाघरों में दंगल को काफी पसंद किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि रिलीज के पहले तीन दिनों में हांगकांग के सिनेमाघरों से फिल्म ने 3 करोड़ के लगभग कमाई की है, जो अंग्रेजी फिल्मों के बाद किसी भी भाषा की फिल्म के लिए बड़ा आंकड़ा है। जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में हांगकांग में इस फिल्म का कारोबार बढ़ने की संभावना है।

दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म के तौर पर रिकार्ड स्थापित कर चुकी ये फिल्म देश और दुनिया से अब तक 2000 करोड़ से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है, जिसमें से भारत के सिनेमाघरों में इस फिल्म की कमाई 375 करोड़ रही। बाकी कमाई विदेशी सिनेमाघरों से रही। भारतीय बाक्स आफिस पर भी ये सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन चुकी है। चीन के अलावा ताईवान में भी फिल्म ने बहुत अच्छा कारोबार किया है।

आने वाले वक्त में इस फिल्म को जापानी, रुसी और ईरानी भाषाओं में डब करके रिलीज किए जाने की योजनाओं पर काम हो रहा है। आमिर खान के प्रोडक्शन की बनी इस फिल्म का लेखन और निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और मुख्य भूमिकाओं में आमिर के अलावा फातिमा सना शेख, सान्या मल्होत्रा, जाया वसीम और साक्षी तंवर तथा अपरशक्ति खुराना रहे हैं। 

बस के ऊपर हाईटेंशन तार गिरने से तीन लोगों की मौत

0

गौलिखाल से रामनगर आ रही एक बस के ऊपर हाईटेंशन तार गिरने से एक बुजुर्ग महिला सहित तीन लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई, कई यात्री ज़ख़्मी बताए जा रहे हैं।

हादसा बुधवार सुबह का है। गढ़वाल मोटर्स की बस न: यूए-12-3887 गौलिखाल पौड़ी से रामनगर जा रही थी। यात्रियों से भरी बस नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा स्थित मरचूला में पहुंची ही थी कि अचानक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर बस के ऊपर पर जा गिरा, बस में 25 यात्री सवार थे। 

मुम्बई बाढ़ में फंसे उत्तराखण्ड के लोगों से सीएम ने की बात

0

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मुम्बई के अन्धेरी पूर्व में आई बाढ़ के कारण फंसे उत्तराखण्ड के लोगों से मंगलवार देर रात फोन पर बात की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर राज्य सरकार द्वारा प्रभावितों को हर सम्भव मदद दी जायेगी। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से फोन पर वार्ता कर उत्तराखण्ड के प्रभावित लोगों को खाद्यान्न, शुद्ध पेयजल एवं ठहरने हेतु उचित व्यवस्था करने के लिए अनुरोध किया।

मुंबई में मूसलाधार बारिश से लोकल रेलवे सेवा बाधित हो गई है, लोकल ट्रेन में मुंबई के कामकाजी नागरिक 3-3 घंटे से फंसे हैं। माहिम से दादर तक रेलवे ट्रैक पानी में डूब गया है, सड़कों पर पानी जमा होने के कारण गाड़ियां और लोग फंस गए हैं।

मुंबई में भारी बारिश के चलते रेड अलर्ट किया गया। वर्ली-बांद्रा सी लिंक पर रोका गया ट्रैफिक फिर से शुरु कर दिया गया है। एयरपोर्ट पर उड़ाने रोकी गई थी लेकिन  फिर चालू कर सब  नॉर्मल कर दिया गया है। अभी भी हो रहीं तेज बारिश का दौर जारी है, दो उड़ाने रद्द कर दी गई और तीन को अहमदाबाद डाइवर्ट कर दिया गया था। स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट के दफ्तर पहुंचे सीएम फडणवीस ने कहा, ‘सभी सरकारी दफ्तरों को आदेश दिया गया है कर्मचारियों को जल्दी छुट्टी दे दी जाए, साथ ही निजी ऑफिस में काम करने वाले लोग भी जल्दी घर लौट जाएं।’ मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि बेहद जरूरी काम न हो तो लोग अपने घरों में रहें, हाईटाइड को देखते हुए लोगों को एहतियात बरतने को कहा गया हैं।

आपको बता दें कि इस साल 2005 के बाद यह सबसे मूसलाधार बारिश हुई है।मुंबई के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है।

जोशीमठ के नृसिंह मंदिर से अष्टधातु की मूर्ति चोरी

0

चमोली जिले के जोशीमठ स्थित नृसिंह मंदिर प्रांगण में गरुड़ मंदिर में मंगलवार की रात्रि में अष्टधातु की मूर्ति व नगदी चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है।

बुधवार की सुबह मंदिर के पुजारी सुशील थालियाल मंदिर में पूजा करने आये तो उन्होंने मंदिर का ताला टूटा देखा। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि मंदिर से दुर्गा मां की अष्टधातु की मूर्ति व नगदी गायब है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

उत्तराखंड में खुला ऐसा बैंक जिसके हर ताले की चाबी होगी महिला के हाथ में

0

उत्तराखंड का पहले महिला संचालित बैंक बुधवार को देहरादून में शुरू हो गया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बंजारावाला, देहरादून में पहले महिला जिला सहकारी बैंक की शाखा का उद्घाटन किया। सहकारिता विभाग की “इस पहल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि एक बैंक सिर्फ विशेषरुप से महिलाओं द्वारा संचालित होगा।”  

गौरतलब है कि इस बैंक की सभी कर्मचारी महिलाऐं होंगी। इन बैंकों में सभी पदों पर यानी मैनेजर से लेकर कर्मचारियों तक कमान महिलाओं के हाथों में होगी, ये सभी बैंक राज्य सहकारी बैंक के आधीन होंगे। इस बारे में बताते हुए सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि, ‘राज्यस्तर पर देहरादून और हल्द्वानी में एक-एक महिला बैंक खोला जाएगा। इन बैंकों में सिर्फ महिला स्टाफ ही रहेगा लेकिन खाता कोई भी खुलवा सकेगा।’ महिलाओं को खाता खुलवाने में विशेष मदद व अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इन बैंकों में महिलाओं के लिए अलग से भी योजनाएं चलाई जाएंगी। सहकारिता मंत्री धनसिंह रावत ने कहा कि “सरकार द्वारा 45 करोड़ रुपए सहकारिता के लिये दिए गए हैं। सहकारी बैंकों द्वारा एक लाख तक का ऋण 2 प्रतिशत ब्याज पर प्रदान किए जाएंगे। आर्थिक रुप से कमजोर छात्रों को अच्छी शिक्षा हेतु 8 प्रतिशत ब्याज पर शिक्षा ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा।”

 

डीएवी पीजी में गुरुवार को होगा चुनावी महासंग्राम

0

राज्य के सबसे बड़े कॉलेज डीएवी पीजी कॉलेज में चुनावी महासंग्राम अंतिम चरणों में हैं। यहां गुरुवार को मतदान प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी। इसके बाद एक सितम्बर को मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों की घोषणा होगी। इस बार चुनाव में तकरीबन 6500 मतदाता कुल 31 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।

छात्र संख्या के लिहाज से राज्य के सबसे बड़े महाविद्यालय डीएवी पीजी कॉलेज में छात्र संघ का महासंग्राम गुरुवार को होगा। छात्र संघ के विभिन्न पदों के लिए कुल 31 प्रत्याशी मैदान में हैं और इनके भाग्य का फैसला करेंगे 6500 छात्र-छात्राएं। चुनाव के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन और कॉलेज प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कॉलेज में गुरुवार को सुबह नौ बजे से मतदान शुरू होगा। दो बजे तक मतदान स्थल में प्रवेश करने वाले सभी छात्रों को मतदान का मौका दिया जाएगा।
मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. डीके त्यागी ने जानकारी दी कि मतदान के लिए दो जोन और 20 बूथ बनाए गए हैं। इनमें से एक जोन और दस बूथ छात्राओं के लिए होंगे, जबकि दूसरे जोन और 10 बूथों पर छात्र मतदान करेंगे। उन्होंने बताया कि मतदान के लिए केवल पहचानपत्रधारी छात्रों को ही अनुमति दी जाएगी। पहचान पत्रों की जांच के लिए प्रवेश द्वार पर ही स्कैनर लगाया जाएगा। आई कार्ड पर बारकोड की जांच के बाद ही छात्र को वोट देने के लिए प्रवेश दिया गया। अगर किसी के पास से फर्जी आई कार्ड मिला तो उसके खिलाफ तुरंत पुलिस में शिकायत की गई। मतदान में किसी भी फर्जीवाड़े को रोकने के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम पुलिस-प्रशासन ने किए हैं।

इन बूथों पर होगा मतदान, छात्राओं के लिए बूथ प्लान
बूथ सं. स्थान मतदाता की कक्षा
बूथ 1— कमरा नं. 1 बीए प्रथम सेमेस्टर
बूथ 2— कमरा नं. 4 बीए प्रथम सेमेस्टर
बूथ 3— कमरा नं. 101 बीए तृतीय व पांचवा सेमेस्टर
बूथ 4— कमरा नं. 102 बीकॉम प्रथम सेमेस्टर
बूथ 5— कमरा नं. 106 बीकॉम प्रथम सेमेस्टर
बूथ 6— कमरा नं. 201 बीकॉम तृतीय
बूथ 7— कमरा नं. 206 बीकॉम पांचवा सेमेस्टर, एमकॉम प्रथम व तृतीय व एलएलबी
बूथ 8— पूरन आश्रम कमरा नं. 1 बीएससी प्रथम(पीसीएम), एमएससी व बीएससी आईटी
बूथ 9— केमिस्ट्री डिपार्टमेंट बीएससी प्रथम(पीएमएस व सीबीजेड) व व्यवसायिक कोर्स
बूथ 10— केमिस्ट्री गैलेरी 1 बीएससी तृतीय व 5वा सेमेस्टर व एमए सभी छात्राएं

छात्रों के लिए बूथ प्लान
बूथ 11— कमरा नं. 20 बीए प्रथम सेमेस्टर
बूथ 12— कमरा नं. 23 बीए प्रथम सेमेस्टर
बूथ 13— कमरा नं. 24 बीए तृतीय व पांचवा सेमेस्टर
बूथ 14— फिजिक्स गैलेरी बीकॉम प्रथम सेमेस्टर
बूथ 15— बोटनी गैलेरी बीकॉम प्रथम सेमेस्टर
बूथ 16— कमरा नं. 11 बीकॉम तृतीय
बूथ 17— कमरा नं. 13 बीकॉम 5वा सेमेस्टर, एमकॉम प्रथम व तृतीय व एलएलबी
बूथ 18— बॉटनी लैब बीएससी प्रथम(पीसीएम), एमएससी व बीएससी आईटी
बूथ 19— साक्लॉजी डिपार्टमेंट बीएससी प्रथम(पीएमएस व सीबीजेड) व व्यवसायिक कोर्स
बूथ 20— स्टाफ रूम बीएससी तृतीय व 5वा सेमेस्टर व एमए सभी छात्राएं

फर्जीवाडा: समाज कल्याण विभाग ने 236 को डबल पेंशन

0

समाज कल्याण विभाग एक बार फिर सवालों के घेरे में खड़ा होता दिख रहा है। अपर सचिव के निर्देश पर बैठी जांच में 236 लोगों को फर्जी तरीके से दो-दो पेंशन भेजने का खुलासा हुआ है। अपर सचिव ने संदिग्ध पाए गए 1927 लोगों की फिर दोबारा से जांच करने के निर्देश दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि इनमें से अन्य भी कई लोगों को विभाग दो-दो पेंशन जारी कर रहा था।

अपर सचिव समाज कल्याण ने एक माह पूर्व विभाग के पोर्टल पर 1927 लोग ऐसे देखे थे, जिनके नाम दो-दो बार दर्ज थे और उन्हें विभाग की ओर से दो-दो पेंशन दी जा रही थी। अपर सचिव ने इस संबंध में निदेशक समाज कल्याण, जिला समाज कल्याण अधिकारी व आईटी सेल के प्रभारी को मामले की जांच कर वस्तुस्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए थे।
अब जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जांच रिपोर्ट अपर सचिव/आयुक्त निशक्तजन को अपनी रिपोर्ट दी है, जिसमें स्वीकार किया गया है कि इनमें से 236 लोगों को दो-दो पेंशन भेजी जा रही है। आयुक्त निशक्तजन के अनुसार विभाग ने 236 लोगों की डुप्लीकेसी होने की बात तो स्वीकारी है लेकिन बचे हुए पेंशनर्स डुप्लीकेट हैं या नहीं इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं की है। साथ ही आयुक्त को यह ब्यौरा भी उपलब्ध नहीं कराया गया है कि डुप्लीकेट पेंशन के लिए जिम्मेदार जिला समाज कल्याण अधिकारी कौन हैं। आयुक्त ने ये जानकारी भी तलब की है। साथ ही शेष पेंशनर्स की दोबारा जांच कर चार सितंबर तक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, जिला समाज कल्याण विभाग ने जहां 236 डुप्लीकेट पेंशनर्स की बात स्वीकारी हैं, वहीं निदेशक की ओर से भेजी गई जांच रिपोर्ट में मात्र 153 डुप्लीकेट पेंशनर्स बताए गए हैं। इस स्थिति को साफ करने के लिए भी जांच के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। जांच रिपोर्ट में डुप्लीकेसी सामने आने के बाद आयुक्त ने संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। जबकि, विभाग ने नियमावली में मुकदमा दर्ज करने का प्राविधान होने से इन्कार किया है। इस पर आयुक्त ने निशक्त व्यक्तियों के अधिकार अधिनियम 2016 की धारा 91 का हवाला देते हुए फटकार लगाई है।
इसके अलावा, आयुक्त निशक्तजन उत्तराखंड मनोज चंद्रन ने बताया कि जिला समाज कल्याण अधिकारी की जांच में 236 पेंशनर्स के डुप्लीकेट होने का मामला सामने आया है। अभी जांच को समय बढ़ाया गया है, जिससे कि सभी संदिग्ध लोगों को ठीक तरह से जांच हो सके।

कार्ड धारकों को समय से वितरण करें राशन : डीएम

0

जिलाधिकारी डॉ. नीरज खैरवाल ने बताया कि जिले के समस्त राशन कार्ड धारकों के लिए राज्य खाद्य योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना तथा अन्त्योदय योजना के अन्तर्गत खाद्यान उपलब्ध हो गया है, जिसे समय से राशन कार्ड धारकों को वितरण किया जाए।

जिलाधिकारी डॉ. नीरज खैरवाल ने इस सम्बन्ध में जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य को निर्देश देते हुए कहा कि वह राशन कार्ड धारकों को निर्धारित मात्रा व मूल्य का खाद्यान उपलब्ध कराने के लिए जिले के सस्ता गल्ला विक्रेताओ को निर्देशित करना सुनिश्चित करें।
खैरवाल ने बताया कि राज्य खाद्य योजना के तहत कार्ड धारकों को गेहूं पांच किग्रा. प्रति कार्ड 8.60 रुपये प्रति किग्रा की दर से, चावल 10 किग्रा. प्रति कार्ड 15 रुपये प्रति किग्रा की दर से उपलब्ध कराया जाएगा। इसी प्रकार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत गेहूं दो किग्रा प्रति यूनिट दो रुपये प्रति किग्रा की दर से तथा चावल तीन किग्रा प्रति यूनिट तीन रुपये प्रति किग्रा की दर से उपलब्ध कराया जाएगा। जबकि अन्त्योदय योजना के अन्तर्गत गेहूं 13.30 किग्रा. प्रति कार्ड दो रुपये प्रति किग्रा की दर से तथा चावल 21.70 किग्रा प्रति कार्ड तीन रुपये प्रति किग्रा दर से उपलब्ध कराया जाएगा।
वहीं, डीएसओ ने राशन कार्ड धारको से कहा कि वह अपने से सम्बन्धित राशन विक्रेता के यहा से निर्धारित मात्रा व मूल्य का राशन प्राप्त कर लें तथा किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर दूरभाष न. 78306-05490 अथवा सम्बन्धित एसडीएम व क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक से शिकायत दर्ज कर सकतें हैं।