Page 508

पलायन रोकने के लिए मजबूत करें शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की धार

0

देहरादून। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों से निरंतर हो रहे पलायन का मामला भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के समक्ष भी उठा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पलायन को रोकने के लिए पहाड़ में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मसलों पर खास फोकस करने का सुझाव दिया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने राज्य अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं पर पलायन के सामरिक खतरों की ओर भी शाह का ध्यान खींचा।

मंगलवार को राजपुर रोड स्थित एक होटल में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों, कोर ग्रुप के सदस्यों, सांसदों, विधायकों, जिला इकाइयों के अध्यक्ष व महामंत्रियों, जिला पंचायत अध्यक्षों, सहकारी बैंकों के अध्यक्ष, मेयर और राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक में पलायन का मुद्दा केंद्र में रहा। वहीं, कार्यकर्ताओं ने विकराल रूप लेती पलायन की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि यदि ऐसा ही चलता रहा तो पहाड़ को खाली होते देर नहीं लगेगी। उन्होंने ने सुझाव दिया कि पहाड़ में बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार पर फोकस किया जाए तो समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है। पलायन की सबसे बड़ी वजह भी इन सवालों की अनेदखी है। महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री रेखा आर्य ने कहा कि पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य व रोजगार से जुड़े सवालों के समाधान को केंद्र की मदद की दरकार है। अन्य कई कार्यकर्ताओं ने भी पलायन रोकने को ठोस नीति बनाने का सुझाव दिया। इधर, पलायन के चलते गुजरे 17 सालों में तीन हजार गांव खाली हो चुके हैं।
बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने शाह के सामने प्रमुख रूप से राज्य में अटकी 15 जलविद्युत परियोजनाएं को केंद्र सरकार को मंजूरी, पर्वतीय क्षेत्रों में यहां की परिस्थितियों के अनुरूप इलेक्ट्रॉनिक औद्योगिक इकाइयां लगाए जाने, असंगठित उद्योग क्षेत्र के लिए खास पैकेज की व्यवस्था करने के साथ ही श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतनमान हर हाल में अनुमन्य किए जाने, पिछले 17 सालों से लटके राजधानी के मसले का हल तलाशे जाने, दून में सुविधाओं को देखते हुए स्थायी राजधानी घोषित किए जाने के सुझाव दिए। साथ ही सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की मुहिम को स्पष्ट रूप से लागू करने, ऊधमसिंहनगर में फसल बीमा योजना के नाम पर काटी जा रही राशि पर स्थिति स्पष्ट करने, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में पहाड़ में होने वाले कृषि कार्यों को भी जोड़े जाने, खरीफ और रबी दोनों की फसलों के लिए ठोस एवं विस्तृत कार्ययोजना तैयार किए जाने, पर्वतीय क्षेत्रों में खेती से विमुखता की बड़ी वजह सिंचाई सुविधा का अभाव भी है।
इस पर खास फोकस करने, किसानों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने, प्रदेश के 40 फीसद गावों में सड़कें न पहुंच पाने की वजह वन एवं पर्यावरणीय कानून आड़े आ रहे हैं। इसका निदान किए जाने, राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्य तेज गति से किए जाने के सुझाव भी बैठक में मौजूद लोगों ने दिए। साथ ही पहली सरकार मानी जाने वाली पंचायतों को अधिकार संपन्न बनाने, क्षेत्र पंचायतों में प्रमुख और कनिष्ठ व ज्येष्ठ उपप्रमुखों का चुनाव सीधे जनता के माध्यम से कराए जाने के मामला भी बैठक में उठा। राज्य सरकार ने 10 से कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों को बंद करने का निर्णय लिया है, लेकिन सीमांत क्षेत्रों के लिए छात्र संख्या का मानक पांच किए जाने का सुझाव भी बैठक में आया। इसके अलावा, गावों के विकास, जीएसटी, स्थानीय निकायों की मजबूती, छात्रवृत्ति आदि को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने सुझा दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने शाह का अभिनंदन किया। बैठक में प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन अनिल जैन, अरविंद मेनन, मीडिया विभाग के प्रमुख अनिल बलूनी, केंद्रीय राज्य मंत्री व अल्मोड़ा सांसद अजय टमटा, सांसद भुवन चंद्र खंडूड़ी, भगत सिंह कोश्यारी, रमेश पोखरियाल निशंक व माला राज्यलक्ष्मी शाह, पूर्व सीएम विजय बहुगुणा, राज्य सरकार के तमाम मंत्री व विधायक, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व सांसद आदि भी मौजूद रहे।
शाह की दावत में 60 विशिष्ट मेहमान
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दून में भोज के बहाने उद्योग, मेडिकल व्यवसाय, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र के नामी संस्थानों के संचालकों को एक साथ बुलाकर विकास में भागीदारी की अपेक्षा की। आमंत्रित 67 में से 60 लोगों ने शाह के भोज में उपस्थिति दर्ज कराई। भाजपा अध्यक्ष करीब 1:35 बजे मेहमानों को मिलने पहुंचे। परिचय के साथ शाह ने चर्चा शुरू की। साथ ही भोजन का आग्रह किया। इस दौरान मौजूद मेहमानों ने शाह को अपने सुझाव दिए। अमित शाह के लिए एक स्थानीय पार्टी कार्यकर्ता के घर से भी भोजन आया था। इसमें रोटी, भिंडी की सब्जी, पीली दाल, पनीर, मिक्स वेज शामिल थे। इनमें से रोटी, दाल और सब्जी लेते हुए शाह ने भोज की शुरुआत की। स्वीट डिश में शाह ने मूंग की दाल का हलवा लिया। भोज के बाद सभी ने आयोजन की तारीफ की है। इस भोज में उद्योग क्षेत्र से 17, मेडिकल क्षेत्र से 15, शिक्षा के क्षेत्र से 12 और सामाजिक क्षेत्र से 16 लोगों ने शिरकत की।

उत्तराखंड के पुर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी की हालत बिगड़ी,अस्पताल में भर्ती

0

पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी दिल्ली साकेत में एडमिट।लगभग आज सुबह 9 बजे ब्रेन स्ट्रोक होने की वजह से मैक्स हॉस्पिटल साकेत में एडमिट किया गया था। डॉक्टर ने बताया कि अभी पूर्व मुख्यमंत्री को 72 घंटे तक आईसीयू में रखा जाएगा वहीं उनके पुत्र रोहित शेखर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने पहुंचे।

शाह की सलाह : अभिमान न पालें, केरल, बंगाल और पूर्वोत्तर के कई राज्य बाकी

0

देहरादून। लोकसभा चुनाव-2019 में देशभर में भाजपा को विजय दिलाने के मिशन के तहत राज्यों के दौरे पर निकले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मंगलवार को उत्तराखंड पहुंचे। शाह ने दिनभर में आठ कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और उन्होंने हर स्तर के कार्यकर्ताओं को एक ही संदेश देने की कोशिश की कि संगठन सर्वोपरि है। इतना ही नहीं उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अगर किसी को गलतफहमी है तो निर्दल मैदान में उतर कर देखे। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को भविष्य के लक्ष्यों की ओर देखने की नसीहत देते हुए कहा कि हम शिखर पर पहुंचे हैं, लेकिन अभी लंबा सफर बाकी है। उन्होंने विशेष तौर पर बंगाल, केरल और पूर्वोत्तर के राज्यों की ओर इशारा किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा को संपूर्ण भारत में पहुंचाकर उसे अजेय संगठन बनाना है। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक इतना मजबूत बनाना होगा कि कोई उसे पराजित न कर सके। संगठन की शक्ति के कारण ही भाजपा आज देश के हर हिस्से में मजबूती के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है। बैठकों का हिस्सा रहे भाजपा नेताओं के मुताबिक भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि उनका मकसद देश के हर कोने में भाजपा को पहुंचाना है। प्रवास कार्यक्रमों से सभी कार्यकर्ताओं से बात करने का अवसर मिलता है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हालिया विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को चुनाव में तीन-चौथाई बहुमत मिला है, लेकिन इसे संभाल कर रखना जरूरी है। इसके लिए पार्टी के हर कार्यकर्ता को जनता के बीच रहना होगा। उनकी समस्याओं का समाधान करना होगा और पार्टी की विचारधारा का प्रचार-प्रसार करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ऊंचाई पर है, लेकिन गलती से भी इसका अभिमान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विजय से कार्यकर्ताओं में विश्वास जागृत हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत मिलने से कहीं न कहीं कार्यकर्ता आलसी भी हो जाते हैं। उन्हें लगता है बड़े किले फतह कर लिए अब सब आसान होगा, लेकिन ऐसा नहीं है। अभी बंगाल, केरल और पूर्वोत्तर के कुछ राज्य बाकी हैं। लोकतंत्र की सबसे छोटी इकाई पंचायत से लेकर सबसे बड़ी संस्था संसद तक भाजपा का वर्चस्व कायम करने की मंशा जताते हुए उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक सिर्फ भाजपा ही भाजपा रहे। 

‘स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम’ के तहत निकाली जागरूकता रैली

0

रुद्रपुर। सोशल एण्ड हेल्थ अवेयरनेस सोसाइटी, जिला प्रशासन व नगर निगम ने ‘स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम’ केे अन्तर्गत रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया। बुधवार को गांधी पार्क से जिला पंचायत कार्यालय तक जागरुकता रैली निकाली गई। जिसमे जिले के विभिन्न विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। जागरुकता रैली समापन के बाद अपर जिलाधिकारी प्रताप सिंह शाह द्वारा जिला पंचायत सभागार मे स्वच्छता ही सेवा की शपथ दिलाई गई।
मुख्य अतिथि के रूप मे बोलते हुए सुरेश गंगवार ने कहा सहस संस्था द्वारा लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यह अच्छा कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा दो अक्टूबर को जनपद की 391 ग्राम सभाओं में स्वच्छता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सहस संस्था व जिला पंचायत राज कार्यलय का सहयोग लिया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी प्रताप सिंह शाह ने कहा सरकार द्वारा 15 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा व 01 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक ग्राम समृद्धि एवं स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा हमें इस अवधि तक ही सीमित न रहकर सफाई को अपनी आदतों में सुधार कर हमेशा सफाई के प्रति जागरूक रहना है। उन्होंने कहा हम सभी अपने घर व आस-पास को साफ-सुथरा रखें।
जिलाधिकारी ने कहा कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता है इसलिए जनपद के प्रत्येक नागरिक को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना चाहिए। स्वच्छ वातावरण से ही निरोग रहते हुए स्वच्छ तन व मन का निर्माण होता है। संस्था के कुलीन गुप्ता ने कहा स्वच्छता एक ऐसा अभियान है जो सबकी जिम्मेदारी है। उन्होने कहा संस्था के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के लिए समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम मे सफाई कर्मचारी यूनियन, सिडकुल के अजय तिवारी, सिडकुल एसोशिएशन के मनोज तिवारी व उनकी टीम, बार एशोसिएशन के राजेन्द्र चन्द्र, इंडियन मेडिकल एशोसिएशन के रवि फुटेला कुमार आदि ने हिस्सा लिया।

चमोली के सणकोट गांव में जर्जर विद्युत पोल बने परेशानी का सबब

0

चमोली जिले के विकास खंड नारायणबगड के सणकोट गांव के बिजली के पोल जर्जर हाल में पहुंच गए हैं। जिससे कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार विद्युत विभाग से पोलों को बदलने की गुहार लगाई जा चुकी है लेकिन इस पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अब ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही पोलों को बदला नहीं जाता है तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
सणकोट के ग्रामीण व सामाजिक कार्यकर्ता जयवीर कंडारी, पप्पु रावत, मनोज नेगी, प्रदीप नेगी, राजेंद्र बुटोला ने जिलाधिकारी चमोली से भेंट कर समस्या से अवगत कराया। उन्होंने जिलाधिकारी को जर्जर हाल में पहुंचे पोलों की फोटो और वीडियों भी दिखाई। उन्होंने कहा कि इन जर्जर हाल में पहुंचे विद्युत पोलों के कारण तार ग्रामीणों के मकान के ऊपर तक झुल रहे हैं जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
इससे पहले भी नारायणबगड में बिजली के तार टूटने से सड़क पर कार्य कर रहे दो नेपाली मजदूरों की मौत हो गई थी। विभाग को इस संबंध में कई बार लिखा जा चुका है लेकिन विभाग द्वारा कोई पहल नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि अविलंब पोलों को बदला जाय अन्यथा ग्रामीणों को बाध्य होकर आंदोलन की राह पकड़नी पड़ेगी।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे बद्रीनाथ के दर्शन

0

गोपेश्वर। भारत के नए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार बद्री-केदार के दर्शन करेंगे। हालांकि अभी उनके बद्री-केदार आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है फिर भी प्रशासन की ओर से इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

कोविंद ऐसे छठवें राष्ट्रपति होंगे जो बद्रीनाथ आएंगे। राष्ट्रपति के बद्रीनाथ प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। राष्ट्रपति का बद्रीनाथ की प्रस्तावित यात्रा 24 सितम्बर को होनी है। जिलाधिकारी आशीष जोशी के साथ प्रशासन की यात्रा संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। कहा कि अभी राष्ट्रपति का दौरा प्रस्तावित है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को बद्रीनाथ केदारनाथ के दर्शन का आमंत्रण सीएम त्रिवेंद्र रावत ने दिया था। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद, नीलम संजीव रेड्डी, आर वेंकटरमन, प्रतिभा पाटिल, प्रणब मुखर्जी ने बद्रीनाथ के दर्शन किये थे। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने इसी वर्ष कपाटोद्घाटन की तिथि पर बद्रीनाथ के दर्शन किए थे। 

अल्ट्रासाउंड केन्द्रों पर चलाया छापेमारी अभियान

0

रानीखेत। नगर के राजकीय चिकित्सालय समेत प्राइवेट क्लीनिकों में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों में प्रशासन और जिला स्तरीय निरीक्षण एवं मूल्यांकन समिति की संयुक्त टीम ने अल्ट्रासाउंड केन्द्रों पर औचक छोपेमारी अभियान चलाया।

मंगलवार को पीसी पीएनडीटी के एक्ट के तहत प्रशासन और जिला स्तरीय निरीक्षण एवं मूल्यांकन समिति की संयुक्त टीम ने नगर में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर औचक छापेमारी की। पीसी पीएनडीडी एक्ट के तहत चली इस कार्रवाई में अल्ट्रासाउंड मशीनों में लगी ट्रेकिंग डिवाइस व प्रपत्रों की जांच की गई। हालांकि सभी केंद्रों में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिली।
टीम ने क्लीनिक संचालकों को पीसीपीएनडीटी से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अल्ट्रासाउंड के जरिए प्रसव पूर्ण भ्रूण का लिंग निर्धारण न हो सके। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से गंभीरता पूर्वक सतर्कता बरती जा रही है। एसडीएम रजा अब्बास के नेतृत्व में टीम ने गोविंद सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय सहित डॉ. बंगारी क्लीनिक, एसएन हॉस्पिटल और डॉ. ओपीएल श्रीवास्तव क्लीनिक के अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
टीम ने अल्ट्रासाउंड मशीनों से संबंधित प्रपत्रों कर जांच की। अल्ट्रासाउंड मशीनों में लगाई गई ट्रेकिंग डिवाइस की जांच कर रेंडम डॉटा भी एकत्र किया गया, हालांकि किसी भी अल्ट्रासाउंड केंद्र में टीम को कोई भी अनियमितता नहीं मिली।
निरीक्षण के दौरान टीम ने अल्ट्रासाउंड कक्ष के भीतर भ्रूण से संबंधित किसी भी प्रकार का सिंबल नहीं लगाने और पीसी पीएनडीटी एक्ट का कड़ाई से पालन करने के निर्देश संचालकों को दिए। निरीक्षण टीम में एसडीएम अब्बास समेत अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरिता ह्यांकी, समिति के जिला समन्वयक हिमांशु मस्यूनी, नायब तहसीलदार मोहन मौजूद रहे। 

मन की बात में अपराध नियंत्रण एडीजीपी सख्त

0

रुड़की। आम जन की सहभागिता को लेकर आयोजित मन की बात कार्यक्रम में प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्थाआम जन की सहभागिता को लेकर आयोजित मन की बात कार्यक्रम में प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने सबके मन की बात सुनी, इसमें कुछ लोगों ने अपने अहम सुझावों से भी अवगत कराया पर ज्यादातर जो सुझाव या शिकायत आई उनके मूल में कहीं न कहीं ट्रैफिक को लेकर ही लोग समस्याग्रस्त दिखे।
खुद एडीजीपी अशोक कुमार को अपने सम्बोधन में कहना पड़ा कि अपराध का होना,खुलना अलग बात पर आज 17 साल बाद लगता है कि रुड़की में ट्रैफिक भी एक बड़ी समस्या बन गया है। नगर निगम सभागार में आयोजित अशोक कुमार के मन की बात कार्यक्रम में अधिवक्ता नईम सिद्दीकी ने महिला थानों की स्थापना का मामला उठाया, जिसके जवाब में अशोक कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक थाने में कम से कम एक महिला उप निरीक्षक एवं चार या पांच महिला पुलिसकर्मी तैनात किए जाने के आदेश दिए जा चुके हैं। पूर्व सभासद रमेश जोशी ने अपराध नियंत्रण में आमजन की सहभागिता के लिए पुलिस की ओर से चेतक स्तर पर लोगों से अच्छे संवाद कायम करने की बात कही।
समाजसेवी परमजीत सिंह पम्मा ने कभी अशोक कुमार के हरिद्वार एसएसपी रहते सीएलजी मेंबर बनाए जाने एवं सुरक्षा समिति के गठन के मामले को फिर से शुरू किए जाने का सुझाव रखा। इस पर अशोक कुमार ने थोड़े बदलाव के साथ आगामी समय में इसे लागू करने की बात कही। व्यापारी नेता नवीन गुलाटी ने ट्रैफिक लाइट का मामला उठाया तो किसान क्लब से जुड़े विकास त्यागी ने किरायेदारों एवं फैक्ट्री कर्मियों के सत्यापन का सुझाव सामने रखा और कहा कि इस से अपराध नियंत्रण में काफी सहायता मिल सकती है।
एडीजीपी अशोक कुमार ने इस पर गंभीरता से अमल की बात कही। सांसद प्रतिनिधि संजय अरोड़ा ने ट्रैफिक लाइट के साथ ही एडीबी द्वारा खोदे गए गड्ढों और इनसे हो रही दुर्घटनाओं का मामला उठाया। इस पर अशोक कुमार ने बताया कि इस प्रकार के मामलों में पहले ही आदेश दिए जा चुके हैं कि किसी विभाग की लापरवाही से दुर्घटना में किसी की मृत्यु के मामले पर संबंधित विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। युवा नेता तरुण राठी आशीष सैनी व राज्य सहकारी बैंक के पूर्व वाइस चेयरमैन आदेश सैनी ने ट्रैफिक लाइट अतिक्रमण व अवैध बसों के संचालन का मामला उठाया। मेयर यशपाल राणा ने जनप्रतिनिधियों को सुझाव दिया कि वह गलत आदमी की पैरवी ना करें। मंगलोर विधायक काजी निजामुद्दीन ने बिजली चोरी के मामलों में गहन जांच के बाद ही मुकदमे दर्ज किए जाने की बात उठाई।
समय कम होने के कारण एडीजीपी ज्यादा बात नहीं कर पाए, किंतु उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति की बात को गंभीरता से सुना तो इस अवसर पर मौजूद हरिद्वार एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने भी आगामी समय में इसी प्रकार के आयोजन कर जनता के सुझावों को जानकर अपराध नियंत्रण में सहयोग लेने की बात कही। इस अवसर पर एसपी सिटी ममता बोहरा, एसपी देहात मणिकांत मिश्रा, सीओ रुड़की एस के सिंह, सीओ मंगलोर परीक्षित कुमार, सीओ लक्सर चंदन सिंह चौहान के साथ ही देहात क्षेत्र के सभी थाना अध्यक्ष एवं कोतवाली प्रभारी मौजूद थे।

एनएच और 16 ग्रामीण मोटर मार्ग अवरुद्ध

0

देहरादून। उत्तराखण्ड में इन दिनों मौसम का मिजाज सामान्य होने के बावजूद लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हो रही हैं। राज्य आपदा परिचालन केंद्र के मुताबिक सूबे में एक राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही 16 ग्रामीण मोटर मार्ग अवरुद्ध हैं। इसके चलते लोगों को आवाजाही में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार पौड़ी गढ़वाल जनपद में तीन ग्रामीण मोटर मार्ग अवरुद्ध हैं, इन्हें खोलने की कार्यवाही जारी है। इसी तरह देहरादून जनपद में दो ग्रामीण मोटर मार्ग, चमोली जनपद में एक ग्रामीण मोटर मार्ग, रुद्रप्रयाग जनपद में एक ग्रामीण मोटर मार्ग, टिहरी जनपद में तीन ग्रामीण मोटर मार्ग अवरुद्ध हैं।
वहीं, उत्तरकाशी जिले के ओजरी के पास लगातार पत्थर, मलबा आने के कारण ऋषिकेश यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध है और जिले के अन्य दो ग्रामीण मोटर मार्ग भी बंद पड़े हैं। इन्हें खोलने की कार्रवाई की जा रही है। इसी तरह बागेश्वर जिले में भी दो ग्रामीण मोटर मार्ग, नैनीताल जनपद में एक ग्रामीण मोटर मार्ग, अल्मोड़ा जनपद में एक ग्रामीण मोटर मार्ग अभी तक नहीं खुल पाए हैं।

भेल में हाथी के हमले में चार घायल, एक की हालत गंभीर

0

हरिद्वार। हरिद्वार से सटे भेल क्षेत्र में हाथी ने हमला कर चार लोगों को घायल कर दिया,जिसमें से एक की हालत चिंताजनक बनी हुई। जिन्हें बेहतर उपचार के लिए जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना है।

मंगलवार की सुबह भेल के सेक्टर पांच में स्थित लेबर कॉलोनी के कुछ लोग जंगल में शौच के लिए गए हुए थे। तभी अचानक हाथी ने उन पर हमला कर दिया जिसमें चार लोग घायल हो गए। इसके अलावा सुनील और हरीश सामान्य रूप से घायल हैं।
घायल सुनील ने बताया कि मंगलवार की सुबह शौच के लिए जंगल गए थे। इसी दौरान अचानक वहां हाथी के आ जाने से भगदड़ मच गई, जिसमें कुछ लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि इससे पहले सोमवार शाम को भी हाथी ने हमला किया था जिसमें एक युवक घायल हुआ था।
घटना के बाद जब वनाधिकारियों से बात की गई, तो वन दरोगा ओपी सिंह ने बताया कि हाथी पागल नहीं है लेकिन टस्कर हाथी अक्सर अपने बचाव में हमला करता है। उन्होंने बताया कि इस हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हैं जिसे जौलीग्रांट के लिए रेफर कर दिया गया था।
ओपी सिंह ने बताया कि यह क्षेत्र पार्क से सटा हुआ है। वहां चेतावनी के बोर्ड भी लगाए गए हैं, लेकिन इसके बाद भी लोग जंगल में जाना नहीं बंद करते जिसके परिणाम स्वरूप इस तरह की घटना होती रहती है।