Page 504

रोमांच और ट्रैकिंग के चाहने वालों के लिये नया पता होगा “चाईंशील ट्रेक”

0

राज्य में ट्रैकिंग से जुड़े पर्यटन के विकास के लिये सरकार ने उत्तरकाशी के चाईंशील ट्रेक को ट्रेकिंग मैप पर जगह दिलाने की तैयारी की है।इसके लिये ट्रैक आॅफ द इयर चांईशील-2017 अभियान शुरू किया गया है। 

इस बारे में बताते हुए पर्यटन सचिव मीनाक्षी सुन्दरम ने बताया कि “चांईशील ट्रैक को विश्व प्रसिद्ध बनाने और खासतौर पर युवाओं को इसमें हिस्सा लेने के लिये पर्यटकों को देश विदेश से बुलाया जा रहा है।” 

संयुक्त निदेशक पर्यटन पूनम चंद इस ट्रेक के लिये नोडल अधिकारी होंगे।ये ट्रेक गुरूवार 21 सितम्बर, 2017 से 7 अक्टूबर, 2017 तक चलेगा। इस अभियान में 

  • पहले दिन प्रतिभागी देहरादून से चांईशील लगभग 230 कि.मी. की यात्रा करेंगे, रात में बेस कैम्प बलावत में होगा।
  • दूसरे दिन बलावत से सुनौटी थाच तक लगभग 5-6 घण्टे का ट्रेक और सुनौती थाच में रात बिताई जायेगी।
  • तीसरे दिन लगभग 5-6 घण्टे की यात्रा सामटा थाच तक करेंगे।
  • चैथे दिन 5-6 घण्टे का सफर समता थाच से सरूताल/टिकुला थाच तक का होगा।
  • पांचवे दिन टिकुला थाच से डगान मोरीयाच तक 4-5 घण्टे का ट्रैक किया जायेगा  और रात डगान मोरीयाच में।
  • छठे दिन मोरीयाच से चिवां तक 3-4 घण्टे का ट्रक करने के बाद देहरादून के लिए रवाना होंगे।

देहरादून से लगभग 230 कि.मी. की दूरी पर स्थित चांईशील, उत्तरकाशी के मोरी ब्लाॅक के बंगाण क्षेत्र की कोठीगाड घाटी एवं हिमाचल प्रदेश के रोहडू एवं डोडराक्वार के मध्य की ऊंची चोटियों की अर्द्धचंद्राकार पर्वत श्रृंखला के रूप में लगभग 25-30 कि.मी. में फैला है। चांईशील में छोटी-छोटी घास के बड़े-बड़े बुग्याल, फूलों की घाटियाों में पर्वतीय घास, विभिन्न प्रकार के फूल एवं जड़ी-बूटियां और जगह-जगह छोटी नदियां और वाटरफाॅल है। यहां पर मोनाल पक्षी भी प्रायः देखने को मिलते है। चांईशील की निचली घाटियों तथा कोठी गाड़ बंगाण में स्थानीय लोगों के सेब के बड़े-बड़े बागान एवं काष्ठकला की नक्काशीयुक्त लकड़ी से निर्मित देव मंदिर व मकान इसकी सुंदरता को और बढ़ाते हैं।

महंत मोहनदास का नहीं चला पता, संतों का गुस्सा फूटा, एसटीएफ करेगी करीबियों से पूछताछ

0
saint,akhada haridwar

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता और बड़ा अखाड़ा उदासीन के कोठारी महंत मोहन दास के लापता होने के मामले में छह दिनों तक कुछ पता नहीं चलने पर संतों का गुस्सा राज्य सरकार और उत्तराखंड पुलिस पर फूट पड़ा।

संतों ने गुरुवार शाम बड़ा अखाड़ा में बैठक कर राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज की राजधानी से महज 50 किलोमीटर दूर हरिद्वार में इतनी बड़ी घटना घट गई लेकिन मुख्यमंत्री ने एक बार भी यहां आना गंवारा नहीं समझा। यही वजह है कि पुलिस भी मामले को हल्के ले रही है। उन्होंने कहा कि मनमोहन दास के अब तक ना मिलने के पीछे इस मामले में पुलिस में आपसी समन्वय और जनता के साथ मामले की जांच करने की कमी है। संतों ने इस मामले में छात्रों युवा वर्ग और सामाजिक संगठनों व्यापारियों का सहयोग मांगते हुए शुक्रवार को रेलवे स्टेशन से आक्रोश रैली निकालने की घोषणा की। साथ ही हर की पैड़ी पर होने वाली गंगा आरती तक हर की पैड़ी पर धरना देने की घोषणा की। बैठक में कुछ संतों का या भी मत था कि 23 तारीख को राष्ट्रपति के आने पर उन्हें और मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया जाए, लेकिन प्रमुख संतों ने इसे नकार दिया। उन्होंने कहा यह जरूरत पड़ने पर संतों का प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में जाकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री आवास पर प्रधानमंत्री से भेंट का आक्रोश व्यक्त करेगा।

वहीं महंत मोहनदास की गुमशुदगी के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ ने पड़ताल तेज कर दी है। गुरुवार को एसटीएफ ने कनखल पहुंचकर महंत के करीबियों की जानकारी जुटाई। इनकी पूरी लिस्ट तैयार की गई है। जल्द ही करीबियों से सिलसिलेवार तरीके से पूछताछ की जाएगी। वहीं पुलिस और सीआइयू की अलग-अलग चार टीमें गुरुवार को मेरठ में भी डेरा डाले रहीं। बड़ा अखाड़े के कोठारी महंत मोहनदास बीते शुक्रवार को ट्रेन से मुंबई जाने की बात कहकर हरिद्वार-एलटीटी सुपरफास्ट ट्रेन में सवार हुए थे। अगले दिन भोपाल से उनके गायब होने की खबर हरिद्वार पहुंची थी। तब से महंत की तलाश की जा रही है। मोबाइल की लोकेशन मेरठ पाए जाने के बाद से उत्तराखंड पुलिस और सीआइयू, उप्र. पुलिस व एटीएस के साथ मेरठ में डेरा डाले हुए है। पुलिस पर भी खुलासे का दबाव बढ़ता जा रहा है।
गुरुवार को एसटीएफ को मामले की कमान सौंपी गई। एसटीएफ की एक टीम ने बुधवार को अखाड़ा पहुंचकर पड़ताल की थी। गुरुवार को एसटीएफ टीम फिर कनखल पहुंची और महंत के करीबी लोगों की जानकारी जुटाई। अखाड़े के संतों से पूछताछ की गई कि महंत का किन-किन लोगों से मिलना जुलना था। टीम अब महंत के करीबियों से भी पूछताछ करेगी। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने बताया कि एसटीएफ को भी जांच में मदद के लिए लगाया गया है। एक टीम ने गुरुवार को भी हरिद्वार पहुंचकर जांच पड़ताल की। एसएसपी ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी हरिद्वार पुलिस की टीमें जांच में जुटी है।

गढ़वाल में भारी वर्षा के आसार, शासन का अलर्ट

0

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश में भारी बारिश की आशंका जताई है। विशेषकर गढ़वाल मंडल के लिए चेतावनी जारी की गई है। चेतावनी के मद्देनजर शासन ने सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। देर शाम गंगोत्री और यमुनोत्री में हल्की बारिश के साथ ही ऊंची चोटियों पर हिमपात की सूचना है।

दूसरी ओर यमुनोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव बड़कोट के निकट ओजरी में पहाड़ी दरकने का सिलसिला बरकरार है। गुरुवार को बोल्डर गिरने से चारों ओर धूल के गुबार छाए रहे। इधर, वैकल्पिक मार्ग का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। पांच किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण ये यमुनोत्री यात्रा साढ़े तीन किलोमीटर लंबी हो जाएगी। उत्तरकाशी के जिलाधकारी डॉ. आशीष कुमार ने बताया कि पांच सौ मीटर सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। एनएच और लोक निर्माण विभाग की टीम संयुक्त रूप से मार्ग निर्माण में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा यमुना नदी पर वैली ब्रिज बनाने की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। जिलाधिकारी के अनुसार भू-वैज्ञानिकों की टीम दरकते पहाड़ का अध्ययन कर रही है। टीम की रिपोर्ट मिलने पर ट्रीटमेंट के बारे में विचार किया जाएगा। इसके अलावा बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री धाम के लिए यात्रा सुचारु रही।
उधर, कुमाऊं में बुधवार रात को हल्की बारिश के बीच चम्पावत व नैनीताल जिलों में भूस्खलन की घटनाएं हुईं। चम्पावत जिले में पूर्णागिरि धाम के दर्शन करने जा रहे लखनऊ के श्रद्धालुओं की कार पर मलबा गिरा। हालांकि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं, लेकिन कार रात भर मलबे में फंसी रही, जिसे सुबह निकाला जा सका। नैनीताल जिले के हैड़ाखान मार्ग पर भी भारी भूस्खलन हुआ है। इससे हैड़ाखान मंदिर व एक दर्जन से अधिक गांवों की आवाजाही बंद हो गई है।

अवैध काउंसिलिंग मामले में बैकफुट पर विश्वविद्यालय, तिथियों में बदलाव

0

उत्तराखंड, आयुर्वेद यूनिवर्सिटी अवैध काउंसिलिंग के मामले में बैकफुट पर आ गई है। विवि ने काउंसिलिंग की तिथियों में बदलाव कर दिया है। विवि ने कॉलेजों की मान्यता को लेकर उठ रहे सवालों को देखते हुए यह निर्णय लिया। संशोधित तिथियों के अनुसार यूजी पाठ्यक्रमों की सीटों को आवंटन नौ व पीजी सीटों का आवंटन 10 अक्टूबर को होगा।
उत्तराखंड आयुष प्री मेडिकल टेस्ट यूएपीएमटी 2017 परीक्षा को पास करने के बाद अब परीक्षार्थियों को आयुर्वेद कॉलेजों में सीटों की आवंटन प्रक्रिया से गुजरना है। इसी को लेकर विवि ने बीते दिनों काउंसिलिंग की तिथियां घोषित कर दी। विवि द्वारा यूएपीएमटी 2017 मेरिट के आधार पर बीएएमएस, बीएचएमएस व बीयूएमएस पाठ्यक्रमों में राज्य कोटे/अखिल भारतीय कोटे की सीटों पर प्रवेश हेतु 24 सितंबर को पंजीकरण व दस्तावेजों का सत्यापन व 25 सितंबर को सीट आवंटित की जानी थी। इसी प्रकार पीजी पाठ्यक्रमों में एमडी व एमएस आयुर्वेद पाठ्यक्रम में राज्य कोटे/अलग राज्य कोटे की सीटों पर प्रवेश हेतु 25 सितंबर को पंजीकरण व अभिलेख सत्यापन और 26 सितंबर को सीट आवंटन किया जाना था। लेकिन प्रक्रिया उस वक्त खटाई में पढ़ गई जब कॉलेजों की मान्यता को लेकर सवालिया निशान लगा दिया गया।
दरअसल, अभी किसी भी निजी संस्थान को विश्वविद्यालय से शैक्षणिक सत्र 2017-18 की संबद्धता प्राप्त नहीं है। जबकि, यूजीसी रेगुलेशन 2009 और उत्तराखंड आयुर्वेद यूनिवर्सिटी परिनियमावली 2015 के अनुसार प्रत्येक वर्ष संबद्धता लेना अनिवार्य है। मानकों के तहत सभी संस्थाओं को एक लाख रुपये प्रोसेसिंग फीस जमा कर आवेदन करना होता है। उसके बाद निर्धारित मानकों की जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाती है जो विवि कुलपति के अनुमोदन के बाद मामले को विवि कार्यसमिति में रखा जाता है। जिसके अनुमोदन के उपरांत संस्थाओं को संबद्धता प्रदान की जाती है। और उन्ही सम्बद्ध संस्थाओं को काउंसलिंग के माध्यम से छात्र आवंटित किए जाते हैं। मौजूदा स्थिति की बात की जाए तो विश्वविद्यालय के अंदर कार्यसमिति तो दूर, कोई समिति ही नहीं है। सारे निर्णय मात्र प्रभारी कुलपति और कुलसचिव ही ले रहे हैं। जो कि अवैध है। निजी संस्थान अपने स्तर पर बिना संबद्धता के अपनी कोटे की सीटों पर प्रवेश ले चुके हैं। ऐसे में नियमों के नजरिए से यह तमाम प्रक्रिया अवैध हो रही थी। लेकिन अब मामले की गंभीरता को देखते हुए विवि द्वारा काउंसिलिंग की संशोधित तिथियां घोषित की गई हैं।
विवि के कुलसचिव डा. अनूप कुमार गक्खड़ का कहना है कि कॉलेजों का निरीक्षण शुरू करा दिया गया है। अगले दो से चार दिनों में संस्थानों की जांच पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि किसी कारण वश यदि निरीक्षण प्रक्रिया अटकती तो काउंसिलिंग की तिथियां प्रभावित होती। इसी को देखते हुए काउंसिलिंग कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
यह है संशोधित कार्यक्रम
यूएपीएमटी 2017 मेरिट के आधार पर बीएएमएस, बीएचएमएस व बीयूएमएस पाठ्यक्रमों में राज्य कोटे/अखिल भारतीय कोटे की सीटों पर प्रवेश हेतु 8 अक्टूबर को पंजीकरण व दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 9 अक्टूबर को सीट आवंटित की जाएगी। पीजी काउंसिलिंग के तहत एमडी एमएस आयुर्वेद पाठ्यक्रम में राज्य कोटे/अलग राज्य कोटे की सीटों पर प्रवेश हेतु 9 अक्टूबर को पंजीकरण व अभिलेख सत्यापन होगा। इसके बाद 10 अक्टूबर को सीट आवंटन किया जाएगा। काउंसलिंग मुख्य परिसर आयोजित होगी। अधिक जानकारी के लिए छात्र विवि की वेबसाइट पर लॉगइन कर काउंसिलिंग से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 

मैक्समूलर ने वेदों का ज्ञान भारत से बाहर पहुंचाया: सीएम त्रिवेंद्र

0

देहरादून। मैक्समूलर ने वेदों के संबंध में वेदों का ज्ञान भारत से बाहर पहुंचाया। इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता। सच तो यह है कि भारत जैसे विशाल देश को समझ पाना हम भारतीयों के बस का नहीं है लेकिन संस्कृत के ज्ञान के माध्यम से जर्मन मैक्समूलर ने वेदों का ज्ञान भारत से बाहर पहुंचाकर भारतीयता का डंका उस समय बजाया जब भारत गुलाम था। यह विचार प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ‘भारत हमें क्या सिखा सकता है’ मैक्समूलर की कृति जिसे डॉ प्रकाश ने अनुदित किया है, के लोकार्पण समारोह में व्यक्त किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकाश थपलियाल ने मैक्समूलर के इस कृति का अनुवाद किया है, जो अपने आप में विलक्षण है। प्रकाश थपलियाल ने अनुवाद कर हमें समझने के लिए एक साहित्य दिया है, जो उनकी विशिष्टता है। मुख्यमंत्री डॉ प्रकाश थपलियाल को बधाई देते हुए इस कृति को अच्छी कृति बताया। मुख्यमंत्री आवास में स्थित सभाकक्ष में रमाकांत बैंजोल के संचालन में संपन्न इस कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों में मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत, विशिष्ट अतिथि भाषा मंत्री प्रकाश पंत, वीरेन्द्रानंद गिरि, साहित्यकार चारूचंद चन्दोला उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रकाशक सुरेश चन्द्र भट्ट ने मुख्यमंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया, जबकि सुलोचना थपलियाल ने प्रकाश थपलियाल ने विशिष्ट अतिथि प्रकाश पंत का स्वागत किया। इससे पहले, इंजीनियर एस.ए. अंसारी ने काव्य पाठ किया। अपने विचारों में डॉ प्रकाश थपलियाल ने मैक्समूलर की कृतियों की चर्चा की तथा कहा कि लेखक मैक्समूलर दो पाटों के बीच में फंसे थे। उनके लिए भारत का श्रेष्ठ साहित्य एक महत्वपूर्ण अंग था, जबकि दूसरा अंग उनके विदेशी मित्र थे जो गुलाम भारत के विरोधी थे और भारत को ऊंचा नहीं देखना चाहते थे। उन्होंने कहा कि इसका कारण भारत की तत्कालीन छवि थी। मैक्समूलर ही वह व्यक्ति हैं, जिसने भारत का साहित्यिक स्वरूप और ऊंचाई विदेश तक पहुंचाई। उन्होंने कहा कि अनुवाद विशिष्ट विधा है। योग पर भारत के ज्ञान को भारत से बाहर पहुंचाने का काम इन्हीं विदेशी लेखकों ने किया। यह सच है कि मूल्यांकन करते समय मैक्समूलर ने तत्कालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखा था।
पूर्व मुख्य सचिव इन्द्र कुमार पाण्डेय ने वेद के दार्शनिक पहलू तथा वेद के समस्त अंगों के कर्मकांड संबंधी स्थितियों की चर्चा की तथा कहा कि वेदांत दर्शन उपनिषद् में है। उन्होंने कहा कि मैक्समूलर को लोगों ने अलग-अलग समझा है। उन्होंने कहा कि अनुवादों में शब्दों की बहुलता के कारण यह कार्य महत्वपूर्ण है। वैदिक साहित्य में ऊषा की चर्चा करते हुए पूर्व मुख्य सचिव ने कहा कि ऊषा का कई बार प्रयोग किया गया है लेकिन इसका अलग-अलग अर्थ है। उन्होंने स्वामी कृष्णानंद के ईश्वर सत्ता पर एक लेख की चर्चा करते हुए कहा कि इस लेख में आचार्य शंकर के अद्वैतवाद को भी जोड़ा गया है। पाण्डेय ने अपने वैदिक ज्ञान और विशिष्टताओं की चर्चा करते हुए अनुवादक डॉ प्रकाश थपलियाल को बधाई दी तथा कहा कि यह कृति साहित्य क्षेत्र में अपना विशिष्ट स्थान रखेगी। इस अवसर पर अपर सचिव विनोद प्रसाद रतूड़ी, मुनिराम सकलानी समेत तमाम विभूतियां उपस्थित रहीं। 

कुहू की नजरें अब ओलम्पिक पदक पर

0

देहरादून,। राज्य में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है लेकिन सुविधाएं नहीं होने के कारण खिलाड़ी अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं दे पाते हैं। साथ ही आर्थिक भार को कम करने के लिए अच्छे प्रायोजकों की जरूरत भी है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाली बैडमिंटन खिलाड़ी कुहू गर्ग ने कहा कि अगर अच्छे स्पॉन्सर मिले तो और प्रतिभा सामने आ सकती हैं। उन्होंने कहा कि अब उनका सपना ओलम्पिक में पदक जीतना है।

गुरुवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब की तरफ से आयोजित ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में मीडिया से रुबरु हुईं कुहू गर्ग ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में खेलों को काफी बढ़ावा दिया है। अब राज्य के खिलाड़ी बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं तो उनके लिए सुविधाएं भी बेहतर की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा जरूरत के अनुसार राज्य में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के बैडमिंटन हाॅल और चुनिंदा खिलाड़ियों के अच्छे कोच व अन्य सुविधाएं विकसित करने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि क्रिकेट की तरह बैडमिंटन में भी प्राइवेट स्पॅान्सर्स बहुत जरूरी है। साइना, सिंधु जैसे स्टार खिलाड़ियों को स्पाॅन्सर्स मिल जाते हैं लेकिन युवा खिलाड़ियों को प्रायोजकों की ज्यादा जरूरत है।
कुहू ने कहा कि अभी डबल्स में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं है। विदेशी कोच मिले तो इसमें सुधार हो सकती है क्योंकि उनके पास तकनीक और अनुभव बेहतर है। खिलाड़ी तैयार करने में कोच की अहम भूमिका होती है। हर स्तर के खिलाड़ियों और उनकी स्पर्धा के अनुसार कोच नियुक्त होने चाहिए ताकि किसी एक कोच पर दबाव न पड़े।
इससे पूर्व कार्यक्रम में उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष नवीन थलेड़ी ने कुहू गर्ग को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। प्रेस क्लब महामंत्री भूपेंद्र कंडारी ने कुहू के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर कुहू के पिता और अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था व उत्तराखंड बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार, उत्तराखंड बैडमिंटन कोच दीपक रावत, प्रेस क्लब के संयुक्त मंत्री प्रवीन बहुगुणा, कार्यकारिणी सदस्य अनूप गैरोला, चेतन गुरुंग, मंगेश कुमार, राजेश बड़थ्वाल, रश्मि खत्री, प्रवीण डंडरियाला आदि मौजूद रहे।
कुहू का सफर
-2014 में बैल्जियम जूनियर इंटरनेशनल में अण्डर-17 में स्वर्ण पदक, स्विज में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
-वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप 2016 में क्वार्टर फाइनल में प्रतिभाग लिया।
-वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में 9वीं रैंकिंग एवं मिक्स डबल्स में 11वीं रैंकिंग हासिल की।
-वर्ल्ड सीनियर रैंकिंग चैंपियनशिप में प्राप्त किए गए पदक
-2014 मुम्बई में रजत पदक हासिल किया।
-2016 में मलेशिया में ब्रॉन्ज मैडल जीता।
-2016 में हैदराबाद में ब्रॉन्ज मैडल
-2017 में ग्रीस ओपन में पहली बार साल 2017 में इन्टरनेशनल ग्रीस ओपन मिक्स डबल्स में स्वर्ण पदक प्राप्त करने का गौरव प्राप्त किया। 

अवैध खनन में शामिल 10 लोगों पर डीएम ने ठोका जुर्माना

0

गोपेश्वर। चमोली जिले मेें राज्य सरकार की भूमि से अवैध रूप खनन करने तथा इसके लिए वाहनों का प्रयोग करने के लिए 10 लोगों को दोषी पाते हुए जिलाधिकारी चमोली आशीष जोशी ने नोटिस जारी किया तथा दोषियों को 26 लाख 9 हजार 230 रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया है। अर्थदंड जमा न करने की दशा में इनके विरुद्ध भू राजस्व वसूली के आदेश जारी कर दिए जायेंगे।

जिलाधिकारी ने अवैध खनन के मामले में दोषी पाते हुए पिलंग निवासी मोहित बर्थ्वाल पर 2,97,345 रुपये, रणवीर सिंह पर 4,08,210, संतोष सिंह पर 3,04,054, जीत सिंह पर 5,13,815, विनय सिंह पर 3,26,625, ग्राम ग्वीलों निवासी वाहन स्वामी संदीप झिक्वांण व वाहन चालक सुनील कुमार पर 31,001, मैसर्स आरजेबी कंपनी के ठेकेदार काशीराम देहरादून पर 3,37,500, ग्राम नौसारी कर्णप्रयाग केे संजय सिंह पर 8,000 तथा पिलंग लग्गा चटोली निवासी सतेन्द्र सिंह पर 3,82,680 रुपये का अर्थदंड किया है। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि अर्थदंड जमा नहीं किया जाएगा तो इनके विरुद्ध भू राजस्व वसूली समन जारी कर दिए जायेंगे। 

बढ़ सकती है पायलट बाबा की मुश्किल, कोर्ट का नोटिस

0

हरिद्वार। गंगा के किनारे 200 मीटर के दायरे में निर्माण को लेकर हरिद्वार के पायलट बाबा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस मामले में दायर एक जनहित याचिका की सुनवाई करते हुए नैनीताल हाईकोर्ट ने हरिद्वार में स्थित पायलट बाबा आश्रम को नोटिस जारी कर चार सप्ताह में जवाब देने को कहा है। मामले की सुनवाई मुख्य न्यायधीश केएम जोसफ व न्यायधीश आलोक सिंह की खंडपीठ ने की।

अतिक्रमण के मामले में पायलट बाबा पहले भी विवादित रहे हैं। उत्तरकाशी के पास स्थित सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने को लेकर उनके विरुद्ध आंदोलन भी हो चुका है। लोगोें के दबाव के बाद प्रशासन ने अतिक्रमित हिस्सा तोड़ दिया था। बतादें कि हरिद्वार निवासी शिवकुमार ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर कर कहा था कि पायलट बाबा ने गंगा नदी के किनारे अतिक्रमण कर आश्रम बनाया है। याचिकाकर्ता का आरोप है कि प्रशासन की मिलीभगत से यह निर्माण किया गया है। जनहित याचिका की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने आश्रम को नोटिस जारी कर चार सप्ताह में जवाब पेश करने को कहा है।

वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए किया किसानों को प्रेरित

0

गोपेश्वर। जलवायु परिवर्तन के कारण लगातार काश्तकारों की खेती पर पड़ रहे वितरित प्रभाव को लेकर हुई गोष्ठी में काश्तकारों को वैज्ञानिक तरीकेे से खेती करने के लिए प्रेरित किया गया। चमोली जिलेे के दशोली ब्लाॅक के वणद्वारा, कठूर, गंगोलगांव, देवलधार, खल्ला के ग्रामीणों के साथ उत्तराखंड सेवा निधि अल्मोड़ा तथा नवज्योति महिला कल्याण संस्थान द्वारा की गई काश्तकारों गोष्ठी में कहा गया कि काश्तकार सालभर खेती में मेहनत करने के बावजूद खेती के उत्पादन का लाभ नहीं ले पा रहा है।

मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण किसानों पर इसका बुरा प्रभाव पड़ रहा है। गावों में खेती से उचित उपज नहीं मिलने के कारण लोगों को खेती से भी मोह भंग होता जा रहा है। किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती किये जाने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण दिए जाने की जरूरत है।
नवज्योति के सचिव महानंद बिष्ट ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से लगातार बढ़ रहे पलायन के रोकने के लिए वैज्ञानिक तरीके से खेती तथा नगदी फसलों के उत्पादन के लिए ठोस कार्य योजना बनाई जानी चाहिए। गोष्ठी में सुमन देवी, आशा देवी, सुदामा देवी, मीना देवी, राखी देवी, रोशनी देवी आदि ने अपने विचार प्रकट किए। 

शक्ति पीठ के रुप में होती है मां चैती पुजा

0

काशीपुर। आश्विन शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 21 सितंबर द‍िन बृहस्पतिवार से शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हो रहा है। इनका समापन 29 स‍ितंबर द‍िन शुक्रवार नवमी को होगा। इस बार मां देवी दुर्गा का आगमन पालकी पर हो रहा है और उनका प्रस्थान चरणायुध पर होगा। ऐसे में इन नौ द‍िन तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्‍वरूपों की पूजा होती है। नवरात्र के पहले द‍िन घर में सबसे पहले कलश स्‍थापना की जा जाती है। नौ द‍िन चलने वाले इन शारदीय नवरात्र में हर द‍िन व‍िध‍िवत मां दुर्गा की पूजा की जाती है प्रति‍द‍िन मां का साज श्रृंगार करके उनकी सच्‍चे मन से अराधना भी की जाती है। माना जाता है क‍ि इनका न‍ियम‍ित पाठ करने से मां दुर्गा प्रसन्‍न होती हैं। जीवन में खुश‍ियों का आगमन होता है। नवरात्र में मां इन स्‍वरूपों की पूजा होती है। पहले दिन मां शैलपुत्री की आराधना, दूसरे दिन देवी ब्रह्मचारिणी, तीसरे दिन देवी चन्द्रघंटा की और चौथे दिन मां दुर्गा के चौथे रूप देवी कूष्मांडा की पूजा होती है। पांचवें द‍िन स्कंदमाता, छठे दिन मां के कात्‍यायनी स्‍वरूप की, सातवें दिन मां कालरात्रि, आठवें दिन मां महागौरी और नौवें द‍िन मां के सिद्धिदात्री स्‍वरूप की पूजा की जाती है। मान्‍यता है क‍ि नवरात्रो में मां दुर्गा का पृथ्वी पर न‍िवास होता है। इस दौरान माता रानी भक्‍तों द्वारा की जाने वाली पूजा प्रत्यक्ष रूप से स्‍वीकार कर व‍िशेष कृपा बरसाती हैं।
काशीपुर में स्थापित शक्तिपीठ के रुप में मां चैती की पुजा अर्चना करने का विशेष महत्व है, यहां मां की शक्ति पीठ के रुप में पुजी जाती है दूर दराज से लोग यहां नवरात्र में आते हैं और मां के दर्शन कर मनवांछिद फल की प्राप्ति करते है।