रुद्रपुर। कुवैत बैडमिंटन चैम्पियनशिप 2017 में उत्तराखण्ड के रुद्रपुर निवासी जेसीज पब्लिक स्कूल के बैडमिंटन कोच प्रशांत मेहता ने कांस्य पदक अर्जित किया। कुवैत से वापस लौटे प्रशांत मेहता की इस जीत पर उप जिलाधिकारी रोहित मीणा ने गुरुवार को उनका उत्साहवर्धन करते हुये माल्यार्पण व बुके भेंटकर उनका स्वागत किया। बैडमिंटन चैम्पियनशिप बीते 20 सितम्बर से 23 सितम्बर तक कुवैत के शगल शहर में सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशांत की इस उपलब्धि पर हमें नाज है, जो युवा वर्ग को खेलों के लिये प्रोत्साहित कर रहे है। कुवैत में खेल गये इस बैडमिंटन टीम में उत्तराखण्ड से अमन अरोरा, यूपी से बृजेश यादव व तापस शुक्ला, प्रदेश से सीता राम, महाराष्ट्र से तनिषा शामिल रहे। दुबई चैलेंजर विकिंग्स कतर को हराकर अगले राउंड में आईवीएके कुवैत को हराकर प्रशांत ने कांस्य पदक हासिल किया।
बैडमिंटन खिलाड़ी प्रशांत का उपजिलाधिकारी ने किया स्वागत
सड़क हादसे में एक युवती की मौत
देहरादून। थाना नेहरु कॉलोनी बाईपास रोड सूर्या हॉस्पिटल के सामने एक बस ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी पर पीछे बैठी लड़की की मौत हो गई।
गुरुवार को एक सिटी बस (यूके 07 एक-1828) ने एक स्कूटी (यूके 07 बीसी 8529) को बाईपास रोड सूर्या हॉस्पिटल के सामने टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी पर पीछे बैठी लड़की सुमन सिंह (23) पुत्री गजे सिंह निवासी अमर गढ़वाली कॉलोनी बालाजी एन्क्लेव गंभीर रूप से घायल हो गई।
युवती को उपचार के लिए दून अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
तीर्थ नगरी में नवरात्रों की धूम
उत्तराखंड माँ गोरी का मायका और ससुराल दोनों है यहाँ नव रात्रों की पूजा विशेष महत्त्व है, आज अष्टमी के दिन माँ दुर्गा के गोरी रूप की पूजा होती है। उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में अष्टमी को घर-घर में कन्याओ को गोरी रूप में पूज कर जिमाया जाता है।हरियाली काट कर नवरात्रों वर्त की समाप्ति की जाती है।
ऋषीकेश में भी हर मंदिर और घरो में कन्याओ को पूजा जा रहा है और हर तरफ नवरातो की धूम है, तीर्थ नगरी में नवरात्रों की खासी चहलपहल देखी जा रही है, आज अष्टमी का दिन है और माँ दुर्गा के गोरी स्वरुप की पूजा हो रही है मंदिरों में सुबह से ही श्रधालुओ की भारी भीड़ जुट रही है।
भक्त माँ से अपनी मनोकार्य सफल होने का आशीर्वाद मांग रहे है घरो में और मंदिरों में अष्टमी के दिन कन्या पूजन हो रहा है जिसकी रोनक देखते हुए बन रही है।
सलमान खान ने लांच किया बिग बास 11
बिग बास के 11वें सीजन की विधिवत लांचिंग सलमान खान के साथ हो गई। सलमान खान इस मौके पर नाचे-झूमे और फिर उन्होंने इस सीजन को लेकर मीडिया से बातचीत की। ये सीजन 1 अक्तूबर से टेलीकास्ट होगा, इसमें हिस्सा लेने वाले प्रतियोगियों को लेकर अब भी अटकलों और चर्चाओं का बाजार गरम है।
सलमान खान और शो की टीम ने लांचिंग के मौके पर प्रतियोगियों की संभावित लिस्ट से जुड़े सवालों को टाल दिया। सलमान खान ने इस मौके पर कहा कि गेम शो को दिलचस्प बनाए रखने के लिए कुछ बदलाव हर साल होते हैं, इसीलिए इस बार पड़ोसी के घर का कांसेप्ट लाया गया है। सलमान ने कहा कि इस बार प्रतियोगियों को अनुशासन में रखने पर खासा जोर होगा और किसी को भी नियमों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं होगी
। उनका इशारा पिछले सीजन में स्वामी ओम की हरकतों को लेकर था। उन्होंने कहा कि इस बार ऐसी नौबत नहीं आने दी जाएगी। सलमान ने हल्के फुल्के अंदाज में कहा कि वे हर सीजन के बाद इस शो को छोड़ने की बात करते हैं, लेकिन कलर चैनल उनकी बात नहीं सुनता, क्योकि मेरे नाम पर इनको टीआरपी मिलती है। सलमान ने इस सीजन के लिए प्रति एपीसोड 11 करोड़ का पेमेंट मिलने की खबर को हवा में टाल दिया।
रोहित शेट्टी की फिल्म में रणबीर सिंह के साथ तमन्ना भाटिया की जोड़ी
इन दिनों ‘गोलमाल 4’ को अंतिम रुप देने में व्यस्त निर्देशक रोहित शेट्टी अपनी अगली फिल्म रणबीर सिंह के साथ बनाने की घोषणा कर चुके हैं। इस फिल्म को लेकर जानकारी मिली है कि ये फिल्म तेलुगू फिल्म टेंपर का रीमेक होगी और इसमें रणबीर सिंह के साथ तमन्ना भाटिया की जोड़ी बनने के संकेत मिले हैं।
ऐसा हुआ, तो तमन्ना की रणबीर सिंह और रोहित शेट्टी के साथ पहली फिल्म होगी। टेंपर में तमन्ना ने ही मुख्य नायिका का किरदार निभाया था। तमन्ना हिंदी दर्शकों में वैसे तो अक्षय कुमार के साथ एंटरटेनमेंट, सैफ अली और रितेश देशमुख ही हमशक्ल और अजय देवगन के साथ हिम्मतवाला में काम कर चुकी हैं, लेकिन अब उनके खाते में बाहुबली की डबल कामयाबी भी जुड़ चुकी है, जिसके बाद वे नए सिरे से बालीवुड में पांव जमाने के लिए कोशिश कर रही हैं।
आदित्य ने कंगना को भेजा मानहानि का नोटिस
हाल ही में हुए विवादों के बाद आदित्य पंचोली ने कंगना के खिलाफ मानहानि का नोटिस भेज दिया है। ये नोटिस आदित्य पंचोली और उनकी पत्नी जरीना वहाब की ओर से उनके वकीलों ने कंगना को भेजा है।
आदित्य पंचोली का कहना है कि, “अगर कंगना के आरोप सही साबित हो जाते हैं, तो वे जेल जाने के लिए तैयार हैं और अगर आरोप गलत निकलते हैं, तो कंगना को सार्वजनिक रुप से उनसे माफी मांगनी होगी।”
अपनी फिल्म ‘सिमरन’ के रिलीज से पहले कंगना ने मीडिया में दिए बयानों में आदित्य पंचोली पर आरोप लगाया था कि जब वे फिल्म इंडस्ट्री में नई थीं, तो आदित्य ने उनका फायदा उठाया। उनके साथ मारपीट भी की और घर में नजरबंद करके भी रखा। कंगना ने आदित्य की पत्नी जरीना को लेकर कहा था कि उन्होंने भी कंगना का साथ नहीं दिया।
आदित्य और जरीना, दोनों ने कंगना के आरोपों को झूठा कहा और आदित्य ने कहा था कि वे कंगना के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।
नीले पुल की जर्जर हालत, भाजपा कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों को मौके पर बुलाया
रुड़की। रुड़की में नीले पुल की जर्जर हालत को देखते हुए बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने नीले पुल पर इकट्ठा होकर सिंचाई विभाग अधिकारियों को मौके पर बुलाया। तय कार्यक्रम के अनुसार करीब 12:00 बजे सभी कार्यकर्ता मंडल अध्यक्ष सुनील साहनी के नेतृत्व में पुल पर एकत्र हुए और अधिशासी अभियंता सीबी यादव को मौके पर पहुंचने के लिए कहा। करीब एक घंटा इंतजार के बाद सीबी यादव मौके पर पहुंचे तो भाजपाइयों का पारा चढ़ गया और भाजपाइयों ने सीबी यादव को खरी खोटी सुनाना शुरू कर दी। इतने में सीबी यादव भी भड़क गए, बाद में तेज आवाज में चल रही वार्ता सामान्य स्तर पर आ गई।
उसके बाद भाजपा पदाधिकारियों ने पुल की मरम्मत को लेकर सिंचाई विभाग अधिकारी से जानकारी ली और जल्द से जल्द पुल की मरम्मत करवाने की बात कही।
इंदिरा ने देश को विश्व पटल पर दिलाई नई पहचान : प्रीतम सिंह
उत्तराखण्ड कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने स्व. इंदिरा गांधी के कार्यो को याद करते हुए कहा कि विश्व मानचित्र पर भारत का नाम स्वर्णाक्षरों में दर्शाया है। देश की एकता के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाली ऐसे राष्ट्र की महान सेविका आज भी हमारे लिए प्रेरणादायी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिह के नेतृत्व में इन्दिरा गांधी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर टपकेश्वर महादेव मन्दिर प्रांगण में कांग्रेसजनों द्वारा सघन पौधरोपण अभियान चलाया गया।
पौधरोपण कार्यक्रम के प्रश्चात प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि स्व. इन्दिरा ने अपनी प्रतिभा कौशल एवं विद्यता से देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाते हुए भारत को एक नई पहचान दिलाई। उन्होंने गरीबी हटाओ का नारा देकर सामाजिक समरसता एवं सद्भाव को मजबूत बनाने की दिशा में अनेकों उल्लेखनीय कार्य किए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज भारत विश्व शांति दूत के रूप में जाना जाता है। स्व. इन्दिरा गांधी द्वारा चलाए गए बीस सूत्रीय कार्यक्रम के तहत ही सरकारों ने मलिन बस्तियों के विकास के लिए कार्य करवाए, जिसके परिणामस्वरूप पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के समय करोड़ों रुपये की योजना मलिन बस्तियों के विकास के लिए लागू की गई।
उन्होंने कहा कि इंदिरा जी ने देश के प्रधानमंत्री के रूप में अपनी सेवाएं देकर भारत को विश्व में एक अलग स्थान दिलाने का काम किया। उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता से यह भी साबित कर दिया कि महिलाएं पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर चल सकती हैं।
पालकी यात्रा में गूंजे साईं बाबा के जयकारे
ऋषिकेश नगरी में साईं बाबा की वार्षिक पालकी यात्रा कई मनमोहक झांकियों के साथ धूमधाम से निकाली गई। विभिन्न संस्थाओं की ओर से पुष्पवर्षा कर पालकी यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। साईं बाबा के जयकारों से पूरा शहर साईंमय हो गया।
पुराने बद्रीनाथ मार्ग स्थित श्री शिरडी सांई धाम के 16 वें स्थापना दिवस पर भव्य सांई पालकी बैण्ड बाजों के साथ निकाली गई। यात्रा का बड़ा आकर्षण सजीव झाकियां रही जिसने सबका मन मोह लिया। खासतौर पर साईं बाबा, भोले बाबा, अर्जुन -कृष्ण, राम , लक्ष्मण और हनुमान की झांकी को बेहद सराहा गया। साईं पालकी में सबसे आगे भक्तगण ढोल नगाड़े बजाते हुए, नृत्य करते हुए व साईं बाबा की जय-जयकार करते हुए चल रहे थे।
साईं बाबा की पालकी लेकर चल रहे श्रद्धालु उनके जयकारे लगा रहे थे। प्रमुख मार्गों से भ्रमण करने के बाद वापस मन्दिर पहुंच साईं पालकी का समापन हुआ। यहां आरती के उपरांत भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
बस्ती क्षेत्र से 85 बंदरों को पकड़ कर जंगल में छोड़ा
विकासनगर। सेलाकुई कस्बे से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से बंदरों का आतंक फैला हुआ है। खेतों में फसलों को नष्ट करने के साथ ही बंदर बस्ती में घुस कर ग्रामीणों के घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा रहे हैं। जबकि कई बच्चों को भी बंदरों ने हमला कर घायल किया है।
बुधवार को भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुखदेव फर्सवाण की गुजारिश पर वन विभाग कर्मियों ने बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई शुरु की। पहले दिन वन कर्मियों ने 85 बंदरों को पकड़ कर मोहंड के जंगलों में छोड़ा। साथ ही ग्रामीणों को जंगलों को अधिक नुकसान नहीं पहुंचाने की नसीहत दी।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष फर्सवाण ने बताया कि पिछले एक साल से अटकफार्म, तेलपुरा, राजवाला मे बंदरों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। जबकि सालभर में बंदर 20 नौनिहालों को भी गंभीर रूप से घायल कर चुके हैं। इसके साथ ही ग्रामीणों के घरों में घुस कर घरेलू सामान को नष्ट कर रहे हैं। गांव के अधिकांश परिवार मजदूरी व खेती कर पालन पोषण करते हैं। जिसके चलते दिनभर परिवार के बड़े सदस्य घर से बाहर रहते हैं। ऐसे में अधिकांश घरों में दोपहर को बच्चे ही मौजूद होते हैं। बंदर बस्ती में घुस कर बच्चों को घायल करने के साथ ही घरेलू सामान को नष्ट कर देते हैं। बताया कि एक सप्ताह पूर्व वन विभाग अधिकारियों से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की गुजारिश की गई थी। बुधवार को वन विभाग की टीम ने अभियान चलाकर बस्ती क्षेत्र में घूमने वाले बंदरों को पकड़कर जंगल में छोड़ा। टीम में वन दरोगा अखिलेश रावत, सुभाष, संतोष, कविता क्षेत्री आदि शामिल रहे।




























































