Page 450

विधानसभा अध्यक्ष ने किया हेल्थ कैम्प का उद्घाटन

0

ऋषिकेश। सेवा चाइल्ड इंटरनेशनल, ग्लोबल इंटरफेथ वाश एलायंस, दिव्य शक्ति फाउंडेशन, हिमालयी इंस्टीट्यूट अस्पताल ट्रस्ट और हिम ज्योति स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में हेल्थ कैम्प एवं स्वच्छ गंगा स्वच्छ भारत को लेकर ऋषिकेश में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ उत्तराखण्ड विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चन्द अग्रवाल ने किया।

स्वास्थ्य, स्वच्छता और सद्भाव कार्यक्रम के उद्घाटन में परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद सरस्वती-मुनीजी और साध्वी भगवती सरस्वतीजी की दिव्य उपस्थिति रहे। इस अवसर पर बच्चों को विशेष विटामिन ए और अल्बेन्डेजोल का वितरण किया गया। स्वास्थ्य के साथ केंद्रीय विषय के रूप में, बच्चों और बच्चों की मां के लिए स्वास्थ्य और स्वच्छता किट के रूप में एक प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया। इस पहल में बहुत से संगठनों ने बच्चों और साथ ही उनकी माताओं को व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए हाथ मिलाया है। इस अवसर पर अग्रवाल ने कहा कि यह संगठन महिलाओं, उनके बच्चों, अनाथ और त्याग किए गए बच्चों के समग्र कल्याण के लिए लिए समर्पित है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों में शिक्षा और जन संचार के माध्यम से महिलाओं और बच्चों की समस्याओं के बारे में जागरुकता बढ़ाने में काफी सहायता मिलेगी एवं स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरुकता बढ़ेगी। इस अवसर पर आचार्य विनोद, रिच कार्ल्टन सेवा चाइल्ड के अध्यक्ष, दीप शर्मा नगर पालिका अध्यक्ष, जौन गेडियास, अमित, डा़ राजीव बिजलवान आदि मौजूद थे।

पौड़ी गढ़वाल में रोजगार मेला 12 को

0

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में नगर सेवायोजन अधिकारी मुकेश रयाल की पहल तथा नोएडा स्थित सैमसंग इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स प्रा.लि की ओर से गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के श्रीनगर परिसर में 12 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है।

नगर सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने बताया कि इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा फिटर ट्रेड का आईटीआई प्रशिक्षण वर्ष 2016-17 में उत्तीर्ण करने के साथ ही 10वीं कक्षा भी पास की हो, ऐसे पुरुष अभ्यर्थी के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कम्पनी के लिए अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा के उपरान्त होगा। चयनितों को कम्पनी की ओर से सम्मानित मानदेय व अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने लाभार्थियों को निर्धारित समय व तिथि को पूरे शैक्षणिक व अन्य प्रमाण पत्रों को साथ लाने को कहा है।

उत्तर रेलवे के जीएम ने दून स्टेशन का किया निरीक्षण, मिली तमाम खामियां

0

देहरादून। उत्तर रेलवे के जीएम और डीआरएम ने सोमवार को देहरादून पहुंचकर अधिकारियों संग स्टेशन परिसर का जायजा लिया। इस दौरान कई खामियों को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को डांट भी लगाई और कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
सोमवार सुबह उत्तर रेलवे के जीएम आरके कुलश्रेष्ठ दून स्टेशन पहुंचे। यहां मुरादाबाद डीआरएम अजय सिंघल पहले से मौजूद थे। जीएम और डीआरएम दोनों ने स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के विभिन्न कक्षों का जायजा लिया। निरीक्षण के मौके पर रेल यात्रियों ने जीएम से चलते रास्ते समस्याएं भी बताई, जिसे दूर करने का जीएम ने आश्वासन दिया। जीएम के रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही रेलवे कर्मियों में हड़कंप मच गया।
जीएम ने अधिकारियों को समय से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद पटरी और परिसर की स्वच्छता को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। फिर उन्होंने कम्प्यूटर कक्ष का निरीक्षण किया। ऑपरेटरों से जानकारी ली।स्टेशन पर लगे स्क्रीन तथा पूरे स्टेशन का जायजा लिया, जहां मुख्य द्वारा पर लगे रेलवे स्कालर बंद मिलने पर जीएम ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए इसे तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए। आखिर में जीएम ने रेलवे टिकट घर व पूछताछ गृह का निरीक्षण किया। इस दौरान जीएम को दैनिक यात्रियों ने स्वाइप मशीन में गड़बड़ी जैसी कई प्रकार की शिकायतें कीं। जीएम ने दूर करने के निर्देश दिए।
करीब आधा घंटा बाद जीएम मसूरी के लिए रवाना हो गए।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एसडी डोभाल ने बताया कि स्वाइप मशीन की समस्या रेलवे की ओर से नहीं है। इसे चालू किया गया है और यात्रियों की बढ़ती समस्याओं को देखते हुए बैंक को इस संबंध में बताया गया है कि स्वाइप मशीन से पैसा टिकट कैंसिल के बाद वापस नहीं आ रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए यात्रियों को बताया जा रहा है।

दीपोत्सव की दस्तक के साथ मिलावट शुरू

0

ऋषिकेश। करवाचौथ पर्व बीतते ही अब सतरंगी त्योहारों का महापर्व दीपोत्सव दस्तक दे रहा है। ऐसे में आप शुद्ध दूध की उम्मीद कर रहे हैं तो दीवाली तक भूल ही जाएं। खासतौर से घर-घर पहुंचने वाली दूध की आपूर्ति पर तो कतई भी भरोसा नहीं किया जा सकता है।

दरअसल, दूध की मांग और खपत त्योहार के सीजन में सामान्य दिनों की अपेक्षा अभी से बढ़ गई है। जाहिर है इसकी पूर्ति करने में शुद्धता तो नहीं बरती जा सकती। सामान्य दिनों की बात की जाए तो तीर्थ नगरी में रोजाना प्रतिदिन औसतन करीब दो लाख लीटर से ज्यादा दूध की मांग रहती है। त्योहारों में यह कई गुना ज्यादा बड़ जाती है। इसके बाद शुरू होता है सफेद दूध का काला कारोबार। दीपावली पर जहां एक ओर घरेलू मांग में बढ़ोतरी होती है।
दूसरी ओर व्यावसायिक मांग बेतहाशा बढ़ जाती है। मिठाई बनाने के लिए दूध की खरीद बड़े स्तर पर होती है। त्योहार से पहले सप्ताह भर तक अंदाजन रोजाना की मांग कुल मिलाकर आठ से दस लाख लीटर तक पहुंच जाती हैं। ऐसे में दीपावली से पखवाड़े भर पहले ही दूध माफिया सक्रिय होकर सिंथेटिक दूध का कारोबार शुरू कर देते हैं। खासतौर से शहर की सीमाओं से लगे गांवों में नकली और मिलावटी दूध तैयार कर शहर में भेज दिया जाता है। किल्लत के चलते दूध की खास परख भी नहीं की जाती और सीधे या मिठाइयों के रूप में यह दूध हमारी सेहत पर हमला बोलने के लिए तैयार हो जाता है। करवाचौथ से सिंथेटिक दूध और इससे बनी मिठाइयों का खेल शुरू हो गया है लेकिन खाद्य सुरक्षा विभाग जानकर भी बाजार से दूरी बनाए हुए है। 

आमिर खान के साथ प्रियंका चोपड़ा की जोड़ी

0

शाहरुख खान और सलमान खान के साथ कई फिल्मों में काम कर चुकीं प्रियंका चोपड़ा की एक इच्छा अभी तक अधूरी थी कि उनको किसी फिल्म में आमिर खान के साथ काम करने का मौका नहीं मिला। उनकी ये हसरत अब पूरी हो सकती है। संकेत मिल रहे हैं कि भारत के एकमात्र अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा की जिंदगी पर बनने वाली बायोपिक फिल्म में आमिर खान के साथ प्रियंका की जोड़ी बन सकती है।

सूत्रों ने बताया कि फिल्म की टीम इस प्रस्ताव को लेकर प्रियंका के संपर्क में है। कहा जाता है कि प्रियंका इस फिल्म में राकेश शर्मा की पत्नी का किरदार निभा सकती हैं। प्रियंका को लेकर ये भी खबर थी कि उनको गोल्डन गर्ल कही जाने वाली पीटी ऊषा की जिंदगी पर बन रही बायोपिक के लिए भी अप्रोच किया गया है। आमिर खान इन दिनों तुर्की में हैं, जहां वे दीवाली पर रिलीज होने जा रही फिल्म सीक्रेट सुपर स्टार का प्रमोशन करने पंहुचे हैं।

इन दिनों आमिर यशराज की नई फिल्म ठग आफ हिंदोस्तां में काम कर रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ अमिताभ बच्चन, प्रियंका चोपड़ा और फातिमा सना शेख (दंगल में आमिर की बड़ी बेटी) की भी प्रमुख भूमिकाएं हैं। इसके बाद आमिर राकेश शर्मा पर बनने वाली फिल्म का काम शुरु करेंगे। प्रियंका इन दिनों अपनी अमेरिकन सीरिज क्वांटिको के तीसरे सीरिज की शूटिंग में बिजी हैं।

10 नवंबर को रिलीज होगी पहलाज की जूली 2

0

सेंसर बोर्ड के पूर्व चेयरमैन पहलाज निहलानी द्वारा प्रस्तुत फिल्म ‘जूली 2’ की नई रिलीज डेट तय हो गई है। अब ये फिल्म आगामी 10 नवंबर को रिलीज होगी। पहले इस फिल्म को 6 अक्तूबर को रिलीज होना था, लेकिन टाइटल को लेकर एक कानूनी विवाद के चलते इस फिल्म की रिलीज डेट को टाल दिया गया था।

निर्माता-निर्देशक दीपक शिवदासानी की ये फिल्म कुछ सालों पहले बनी नेहा धूपिया की फिल्म ‘जूली’ की सिक्वल है और इस सिक्वल में साउथ की एक्ट्रेस राजलक्ष्मी को लांच किया जा रहा है। ये फिल्म इसलिए भी मीडिया में चर्चा रही कि बतौर सेंसर बोर्ड चेयरमैन पहलाज निहलानी ने कई फिल्मों में रोमांटिक सीनों को संस्कारों के खिलाफ कहकर कैंची चलाई, लेकिन हाट सीनों से भरपूर इस फिल्म को वे पारिवारिक फिल्म बता रहे थे।

नेहा धूपिया के साथ बनी फिल्म जूली के निर्माता एनएच पसरीचा ने दीपक की फिल्म के टाइटल को लेकर आपत्ति की थी और इसे कापीराइट कानूनों का उल्लंघन बताते हुए मुंबई हाईकोर्ट में केस दर्ज कराया था। उनका दावा है कि जूली बनाने के बाद इसकी सिक्वल बनाने के अधिकार उनके पास ही सुरक्षित हैं।

पहलाज निहलानी ने पसरीचा की आपत्ति को खारिज करते हुए उनको सबक सीखाने की बात कही थी। पहलाज का कहना था कि फिल्म के रिलीज से कुछ दिनो पहले इस तरह के मुद्दे को उठाना ब्लैकमेल जैसा अपराध है। 10 नवंबर को अनुराग कश्यप की फिल्म मुक्केबाज और इरफान की नई फिल्म करीब करीब सिंगल भी रिलीज होने जा रही हैं।

कोर्ट के आदेश पर तीन के खिलाफ मामला दर्ज

0

सिडकुल थाना क्षेत्र में सलेमपुर के एक ग्रामीण ने तीन आरोपियों के खिलाफ ट्रक वापस नहीं करने का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों ने काम के लिए सुरेंद्र से उसका ट्रक लिया था, लेकिन वापस नहीं किया। कोर्ट के आदेश पर तीनों के खिलाफ सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

सलेमपुर गांव निवासी सुरेंद्र कुमार ने कोर्ट में याचिका दायर कर बताया था कि अमित निवासी सहारनपुर, कुलदीप निवासी सलेमपुर और बिहार के कपिल ने उससे ट्रक किराये पर लिया था। काम निपटाने के बाद न तो किराया दिया गया और न ट्रक लौटाया गया। पुलिस से मदद न मिलने पर सुरेंद्र ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।


कोर्ट ने सुनवाई करते हुए पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। सिडकुल पुलिस ने सोमवार को अमित, कुलदीप और कपिल के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर लिया। कार्यवाहक एसओ दीपक कठैत ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने परमार्थ निकेतन पहुंचकर भागवत कथा में की शिरकत

0

ऋषिकेश स्तिथ परमार्थ निकेतन में चल रहे श्रीमद् भागवत कथा कार्यक्रम में सूबे के मुख्यमंत्री रावत ने शिरकत की। परमार्थ निकेतन में चल रहे भागवत कथा में पहुंचकर मुख्यमंत्री ने कथा का आनंद लिया।

आपको बता दे कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ-साथ सूबे के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज भी मौजूद रहे। परमार्थ निकेतन पहुँचने पर मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री ने परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद मुनि से भी मुलाकात की।

यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और सतपाल महाराज का जोरदार स्वागत किया, आपको बता दें कि इन दिनों परमार्थ निकेतन में भागवत कथा सप्ताह चल रहा

उत्तराखण्ड भ्रमण पर आये भारतीय पुलिस सेवा के 12 अधिकारी

0

भारतीय पुलिस सेवा के 35वें प्रशिक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत 12 अधिकारी दिनांक 9 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक उत्तराखण्ड भ्रमण पर आये है। ये अधिकारी अपने-अपने राज्य पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नत हुये है तथा वर्तमान में इनका राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में प्रशिक्षण चल रहा है।

पुलिस मुख्यालय आकर श्री अनिल के. रतूड़ी,  पुलिस  महानिदेशकउत्तराखण्ड से शिष्टाचार भेंट की इस अवसर पर अशोक कुमारअपर पुलिस महानिदेशअपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखण्ड श्री राम सिंह मीणाअपर पुलिस महानिदेशकप्रशासन एवं श्री जी.एस.

मार्तोलिया पुलिस महानिरीक्षक, मुख्यालय उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भ्रमण पर आये अधिकारियों को उत्तराखण्ड पुलिस की कार्यप्रणाली एवं उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान की।              

उत्तराखण्ड भ्रमण पर आये मध्य प्रदेश, झारखण्ड, तेंलगाना, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश के उक्त 12 अधिकारियों द्वारा देहरादून, पी.टी.सी नरेन्द्रनगर, मसूरीऋषिकेशहरिद्वार के पुलिस नियंत्रण कक्षपुलिस स्टेशनों की कार्यप्रणाली का अवलोकन करने के साथ प्रमुख संस्थानों का भी भ्रमण किया जायेगा।

वन विभाग की टीम ने पकड़ा कोबरा

0

देहरादून। उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में मिल रहे जहरीले सांपों में वन विभाग के कर्मचारियों की दौड़ बढ़ा दी है। ऐसा ही कोबरा सांप तुन्तोवाला में निकला। मुन्नी देवी के घर में एक टोकरी रखी हुई थी, जिससे विशेष प्रकार से आवाजें आ रही थी। मुन्नी देवी ने टोकरी उठाकर देखा तो एक नाग बैठा था। उन्होंने तुरंत टोकरी ढक दिया। वन विभाग को फोन किया। वन विभाग की टीम 9:30 पर आए इस फोन पर 10 बजे पहुंच गई।
इस टीम में रवि जोशी के साथ विपिन क्षेत्री, वीर सिंह क्षेत्री, एएसओ अमित भट्ट तथा सुवीर पुंडीर के नाम शामिल हैं। इस टीम में जिस कोबरा को पकड़ा है वह साढ़े फीट लंबा पूर्ण अवस्था का आक्रामक सांप है। वन विभाग की टीम ने इस सांप को राजाजी पार्क में छोड़ दिया है।