Page 439

आडवाणी के लिए आमिर ने की सीक्रेट सुपर स्टार की स्क्रीनिंग

0
secret superstar

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के लिए दिल्ली में आमिर खान की नई फिल्म ‘सीक्रेट सुपर स्टार’ का विशेष शो आयोजित किया गया, जिसमें आडवाणी परिवार सहित शामिल हुए और उन्होंने फिल्म की जमकर तारीफ की।

इस मौके पर आमिर खान, उनकी पत्नी किरण राव और इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाली जायरा वसीम भी मौजूद थे। दीवाली पर रिलीज होने जा रही इस फिल्म की कहानी एक मुस्लिम परिवार की एक लड़की की है, जिसे गाने का शौक है, लेकिन परिवार से उसे गाने की इजाजत नहीं मिलती, तो वो अपना शौक पूरा करने के लिए इंटरनेट का सहारा लेती है। आमिर खान इस फिल्म में बालीवुड के एक संगीतकार का रोल कर रहे हैं।

दो हफ्ते से रोडवेज सेवा ठप, जनता परेशान

0

चमोली जिले के घाट क्षेत्र के लिए विकास नगर देहरादून से सीधी बस सेवा एक माह पूर्व शुरू की गई थी, जो पिछले एक सप्ताह से ठप पड़ी है। क्षेत्रीय जनता काफी परेशान है।
विकास खंड घाट के लोगों के एक लंबे संघर्ष के बाद पिछले एक माह पूर्व विकास नगर देहरादून से घाट के लिए रोडवेज की बस सेवा शुरू की गई थी। पिछले एक सप्ताह से बस सेवा बंद कर दी है। मालूम करने पर पता चला कि सहायक प्रबंधक श्रीनगर डिपो पूजा जोशी द्वारा चौकी प्रभारी घाट को एक शिकायती पत्र भेजा गया है, जिसमें लिखा है कि तीन अक्टूबर को स्थानीय प्राइवेट वाहन आपरेटरों द्वारा रोजवेज के चालक और परिचालक के साथ वाद-विवाद व मारपीट की गई है। इससे इस सेेवा के संचालन में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेने की बात की है। उधर चौकी प्रभारी घाट का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पायेगी। 

फिल्म ‘तुम्हारी सुलू’ का ट्रेलर लांच

0

विद्या बालन की आने वाली फिल्म ‘तुम्हारी सुलू’ का ट्रेलर आज लांच कर दिया गया। ये फिल्म आगामी 17 नवंबर को रिलीज होने जा रही है। कल ही इस फिल्म का एक और पोस्टर रिलीज किया गया था। सेंसर बोर्ड से ये फिल्म यू सार्टिफिकेट के साथ पास हो चुकी है।

इस फिल्म में विद्या बालन एक ऐसी रेडियो जाकी (आरजे) के रोल में हैं, जो अपनी आवाज के साथ लोगों से मस्ती करना पसंद करती है। मानव कौल इस फिल्म में विद्या के जोड़ीदार हैं। आरजे मलिश्का और नेहा धूपिया भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। सुरेश त्रिवेणी इस फिल्म के निर्देशक हैं, जिनकी ये पहली फिल्म है।

टी सीरिज के साथ तनुज गर्ग, अतुल कासबेकर ने इस फिल्म का निर्माण किया है। फिल्म में श्रीदेवी के मि. इंडिया के गाने हवाहवाई की नया रिमिक्स वर्शन भी है, जिसे श्रीदेवी को ट्रिब्यूट कहा जा रहा है। 

अनिल-सोनम फिल्म का टाइटल- एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा

0

अनिल कपूर अपनी बेटी सोनम कपूर के साथ पहली बार जिस फिल्म में काम करने जा रहे है, इस फिल्म का टाइटल तय कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, इस फिल्म का टाइटल होगा– ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा,’ ये टाइटल अनिल कपूर की फिल्म ‘1942 ए लव स्टोरी’ के गाने से लिया गया है।

‘1942 ए लव स्टोरी’ बनाने वाले निर्माता-निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा की कंपनी में ही अनिल कपूर-सोनम कपूर की फिल्म का निर्माण हो रहा है। इसका निर्देशन शैलजा चोपड़ा करेंगी, जो विधु विनोद चोपड़ा की बहन हैं और पहली बार निर्देशन के मैदान में आ रही हैं। अनिल कपूर के साथ विधु विनोद चोपड़ा ने ‘परिंदा’ और ‘1942-ए लव स्टोरी’ फिल्में बनाई हैं, जबकि सोनम कपूर पहली बार उनकी कंपनी में काम करने जा रही हैं।

अनिल कपूर और सोनम ने विज्ञापन फिल्मों में साथ काम किया है, लेकिन पहली बार वे फिल्म में काम करने जा रहे हैं। बेटी सोनम के साथ अनिल कपूर अपने बेटे हर्षवर्धन कपूर के साथ भी काम करने जा रहे हैं। निशानेबाज अभिनव बिंद्रा की जिंदगी पर बनने वाली बायोपिक में अनिल कपूर परदे पर उनके पिता का रोल करेंगे। हाल ही में आई फिल्म ‘मुबारकां’ में अनिल कपूर ने पहली बार अपने भतीजे अर्जुन कपूर के साथ काम किया था।

अभिषेक बच्चन बनेंगे राॅ एजेंट

0

बच्चन जूनियर, अभिषेक आने वाले वक्त में एक फिल्म के लिए रा एजेंट का रोल करने जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक के करीबी दोस्त बंटी वालिया बनाएंगे। अभिषेक बच्चन पहली बार किसी फिल्म में ऐसा रोल करने जा रहे हैं। फिल्म अभी प्रस्तावित दौर में है और अभी तक इसका निर्देशक और साथ में काम करने वाले कलाकारों को लेकर भी कोई बात नहीं हुई है।

ये चर्चा है कि इस रोल के लिए अभिषेक पहली पसंद नहीं थे। उनसे पहले इस फिल्म के लिए सुशांत सिंह राजपूत को एप्रोच किया था, लेकिन सारा अली खान के साथ बालाजी की फिल्म केदारनाथ में काम करने के लिए सुशांत ने इस फिल्म को लटका दिया और बाद में खुद को इससे अलग कर लिया।

अभिषेक बच्चन हाल ही में उस वक्त भी मीडिया की सुर्खियों में लौटे थे, जबकि शूटिंग शुरु होने से एक दिन पहले उन्होंने जेपी दत्ता की फिल्म पलटन में से अपना नाम वापस ले लिया और फिल्म की यूनिट को संकट में डाल दिया। बाद में इस फिल्म में उनकी जगह हर्षवर्धन राणे को कास्ट किया गया, जिनकी पहली फिल्म सनम तेरी कसम बाक्स आफिस पर सुपर फ्लाप रही थी।

शतिर चोर सोने की ज्वैलरी और मोबाईल फोन के साथ गिरफ्तार

0

आशा रावत, बैराज कालोनी, ऋषिकेश ने थाना ऋषिकेश पर सूचना अंकित करायी कि अज्ञांत चोर ने घर से सोने व चांदी की ज्वैलरी, चांदी के सिक्के, नकद रूपये व एक सेमसंग मोबाईल फोन चोरी कर लिया गया है,  इस सूचना पर थाना ऋषिकेश पर मु.अ.सं 514/17, धारा 454/380 भादवि पंजीकृत किया गया।

क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाये जाने व उपरोक्त घटना का सफल अनावरण के लिये टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने पूर्व में प्रकाश में आये चोरों का भौतिक सत्यापन व मुखबिर मामूर किये। पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की ज्वैलरी बेचने के लिये पलसर मोटर साईकिल में गोल चक्कर से कैनाल गेट की तरफ जाने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा गोल चक्कर से पास चैकिंग अभियान चलाया गया।

कुछ समय बाद एक व्यक्ति नीले रंग की पलसर मोटर साईकिल बिना नम्बर में आता दिखाई दिया, जिसे गोल चक्कर आईडीपीएल पर ही रोक लिया गया। पूछताछ करने पर इस व्यक्ति ने अपना नाम विशाल बताया। इसकी तलाशी लेने पर इसके पास से सोने की एक चैन, एक पेन्डेल, दो जोड़ी सोने के कुण्डल, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, दो चांदी के सिक्के, एक सेमसंग मोबाईल बरामद हुआ।

विशाल ने बताया कि मैनें बैराज कालोनी स्थित बन्द घर से यह ज्वैलरी, मोबाईल व नगद रूपये चोरी किये थे। चोरी के रूपयों से मैने अपने एक मोटर साईकिल खरीद ली थी तथा शेष रूपये खर्च हो गये। विशाल ने बताया कि मैं आज से 17-18 वर्ष पूर्व चन्द्रभागा ऋषिकेश में ही रहता था। वर्ष 2000-2001 में मैंने ऋषिकेश व देहरादून में कई स्थानों पर चोरी की थी। वर्ष 2001 में ऋषिकेश व डालनवाला पुलिस द्वारा मुझे चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन 2002 को मे मैं सदर हवालात देहरादून से पेशी के दौरान फरार हो गया था। इसके बाद में मुम्बई व फिर दिल्ली में रहने लगा।

2013 में विशाल ने दिल्ली निवासी मदनलाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गयी थी, जिस सम्बन्ध में थाना अमन विहार दिल्ली में मु.अ.सं. 128/2013, धारा 302 भादवि पंजीकृत हुआ है। उपरोक्त मुकदमें में मैने अपना नाम विशाल बताया है, जिसमें माननीय न्यायालय द्वारा मुझे आजीवन कारावास की सजा दी है। दिनांक 18.8.17 को मैं दो माह की पैरोल पर छूट कर आया था, पैरोल के बाद 17.10.17 को विशाल को दिल्ली जेल जाना था।  अभियुक्त राजू उर्फ राजकुमार के फरार होने के सम्बन्ध में मु.अ.सं. 189/02, धारा 223/224 पंजीकृत किया गया, जिसमें इसकी गिरफ्तारी न हो पाने के कारण इसके विरूद्ध मफरूरी में आरोप पत्र प्रेषित किया गया।

पौड़ी से गायब युवती बरामद कोटद्वार में मिली

0

पौड़ी गढ़वाल के कोतवाली कोटद्वार के कलालघाटी चौकी क्षेत्र से गायब लड़की को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है।

कोटद्वार के ग्रामीण क्षेत्र झण्डीचौड से एक युवती गायब हो गई थी। युवती की माता ने तीन अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों पर लड़की को भगा ले जाने का आरोप लगाया था, तीन दिन से कोटद्वार पुलिस खोज में लगी थी। कोटद्वार रोडवेज बस अड्डे के पास से बिहार निवासी सरफराज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, लड़की उसके साथ ही थी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी जे आर जोशी ने बताया कि, “10 अक्टूबर को लड़की की माता ने कलालघाटी चौकी प्रभारी विवेक राठी को उनकी लड़की को भगाने का एक प्रार्थना पत्र दिया था।”

कलालघाटी चौकी प्रभारी व एन्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट कोटद्वार के प्रभारी हरपाल सिंह के प्रयासों से आरोपी सरफराज को गिरफ्तार कर लड़की को बरामद कर दिया गया है।

घर में सोते बच्चे को अगवा करने की कोशिश

0

हरिद्वार, देर रात घर में सो रहे एक बच्चे के अपहरण की कोशिश से क्षेत्र में हड़कंप मच गया, हरिद्वार के थाना पथरी के इब्राहिमपुर गांव में शुक्रवार देर रात घर में घुसकर नकाबपोश बदमाशों ने बच्चे का अपहरण करने का प्रयास किया। शोर मचाने पर लोग इक्कठा हो गए और बदमाश भाग निकले।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। खुद एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने भी मौके पर आकर मामले की पूरी जानकारी ली है।पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात तालिब पुत्र इरफान निवासी इब्राहिमपुर को नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुस कर अपहरण का प्रयास किया। हथियारों के बल पर तालिब को साथ ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। तालिब की माता ने यह सब देखा तो शोर मचा दिया।

इसी दौरान पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए और तालिब को बदमाश छोड़कर भाग निकले। वहीं तालिब का मोबाइल भी बदमाश अपने साथ ले गए हैं। पुलिस कार्रवाई कर रही है। 

दीपावली पर नहीं मिलेगी इन सरकारी कर्मचारियों को छुट्टी

0

चंपावत जिले, के सभी पुलिस कर्मियों और अधिकारियों की दीपावली के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए छुट्टी रद्द कर दी गई है। अतिआवश्यक कार्यों के लिए पुलिस अधीक्षक और पुलिस क्षेत्राधिकारी के माध्यम से ही अवकाश दिए जाएंगे।

एसपी आरसी राजगुरु ने बताया कि, “त्यौहारों को देखते हुए जिले के सभी पुलिसकर्मी और अधिकारियों को छुट्टी नहीं मिलेगी।” जिला पुलिस बल की संख्या को कम देखते हुए ऐसा निर्णय लिया गया है। इसकी जानकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने बताया कि, “प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, निरीक्षक स्थानीय अभिसूचना इकाई, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष और सभी शाखा प्रभारियों को रेडियोग्राम जारी कर दीपावली की छुट्टी रद्द किए जाने की जानकारी दे दी गई है।”

अग्रिम आदेश तक सभी पुलिस कर्मियों और अधिकारियों के सभी प्रकार के अवकाश पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा अधिकारियों को किसी भी कर्मचारी का अवकाश स्वीकृत न किए जाने की सख्त हिदायत भी दी गई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रयाग सिंह कफलिया ने बताया कि, “एसपी के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।”

हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर बदमाशों ने की लूटपाट, बाइक सवार की हत्या

0

हरिद्वार, के बहादराबाद थाना क्षेत्र में हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर शनिवार तड़के बदमाशों ने पेड़ डालकर वाहन सवारों से जमकर लूटपाट की। इस दौरान करीब आधा दर्जन वाहनों को रोका गया। वहीं एक बाइक सवार की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से क्षेत्र में भय का माहौल है।

रोड होल्डअप की वारदात को करीब एक किलोमीटर के दायरे में अंजाम दिया गया। बदमाश एक व्यक्ति को लूटने के बाद दूसरे स्थान पर जाकर सड़क किनारे खेत में छिप गए। उसके बाद जब भी कोई वाहन नजर आता, उसे घेरकर लूटपाट शुरू कर देते। यह वारदात शनिवार तड़के चार बजे की है। बदमाशों की संख्या भी चार बताई गई है। लूटपाट का विरोध करने वालों की जमकर पिटाई की गई। सुबह बाइक सवार का शव सड़क के किनारे मिला तो सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर आ गई। जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।

मृतक की शिनाख्त रवि (30) पुत्र जनेश्वर प्रसाद निवासी गंगोह सहारनपुर के रूप में हुई है। वह ब्रह्मपुरी गांव में रहता था और इब्राइमपुर गांव में आयुर्वेदक क्लीनिक चलाता था। रात को क्लीनिक से घर लौटते समय लूट का शिकार हो गया। उसकी बाइक शव से काफी दूरी बरामद हुई है। लूट का शिकार हुए रुद्रप्रयाग जिले के मेहरबान सिंह राणा की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।