Page 437

एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मृत्यु

0

डोईवाला को सूचना मिली कि हर्रावाला के पास एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मृत्यु हो गई है। सूचना पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे तथा मृतक की शिनाख्त हेतु आसपास के लोगों से पूछताछ की परंतु शिनाख्त नहीं हो पाई।

पुलिस द्वारा सबको दून अस्पताल मोर्चरी में रखवाया गया। आज उक्त व्यक्ति की पहचान नंदू राम पुत्र सुरेश राम निवासी ग्राम मंगलापुर थाना संग्रामपुर, मोतिहारी बिहार हाल पता- नकरौंदा, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई। मृतक मजदूरी का कार्य करता था।

पूछताछ में मृतक के भाई द्वारा बताया गया कि मृतक को मिर्गी के दौरे आते थे तथा रात खाना खाकर वह अपने कमरे में सोने चला गया था। उन्हें ज्ञात नहीं कि वह कब घर से बाहर निकला और हादसा हो गया। पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस ने चलाया सत्यापन अभियान

0

थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र क्षेत्रांतर्गत राजीव नगर, रिस्पना नगर, रचना नगर, बद्रीश कॉलोनी, मंगल बस्ती आदि क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाया गया, जिसमे किरायेदारों का सत्यापन किया गया। जिन मकान मालिकों द्वारा अपने किरायेदारों घरेलू नौकरों का सत्यापन नहीं किया गया था, उनका चालान अंतर्गत धारा 83 पुलिस एक्ट माननीय न्यायालय किया गया,

police verification

1- 83 पुलिस एक्ट किए गए चालानों की संख्या – 51, कुल 5,10,000/- रुपए
2- किरायेदार सत्यापन की संख्या- 565

 

ब्लाइन्ड क्रिकेट ऐसोसिएशन के सदस्यों ने की मुख्यमंत्री से भेंट

0
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत को मुख्यमंत्री आवास में नेशनल नोर्थ जोन ब्लाइन्ड क्रिकेट ऐसोसिएशन के सदस्यों ने शिष्टाचार भेंट की। ऐसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई की देहरादून में 23 से 26 अक्टूबर 2017 नेशनल ब्लाइन्ड  क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा।
इस क्रिकेट टूर्नामेंट में लगभग 200 प्रतिभागी भाग लेंगे। टूर्नामेंट देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्टस काम्पलेक्स तथा रेंजर ग्राउण्ड के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। टूर्नामेंट का फाइनल महाराणा प्रताप स्पोर्टस काम्पलेक्स में आयोजित किया जाएगा।
नेशनल ब्लाइन्ड क्रिकेट टूर्नामेंट उत्तराखण्ड राज्य में पहली बार आयोजित किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर नेशनल ब्लाइन्ड क्रिकेट टूर्नामेंट को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने राज्य में नेशनल ब्लाइन्ड क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन हेतु बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर नेशनल नोर्थ जोन ब्लाइन्ड क्रिकेट ऐसोसिएशन के महासचिव श्री शैलेन्द्र ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया ।

गुरदासपुर लोकसभा उपचुनाव में जीत से कांग्रेस को मिलेगी नई ऊर्जा : प्रीतम सिंह

0

उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि गुरदासपुर लोकसभा उपचुनाव में मिली भारी विजय से कांग्रेस पार्टी को एक नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने पंजाब के कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जाखड़ की भारी बहुमत से हुई विजय पर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी और पंजाब प्रदेश के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह को बधाई देते हुए कहा कि अब देश की जनता बदलाव चाहती है।

उन्होंने कहा कि गुरदासपुर उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की विजय से स्पष्ट हो गया है कि देश की जनता ने केन्द्र की मोदी सरकार की विकास विरोधी नीतियों को नकार दिया है और अब देश की जनता भाजपा की जुमलेबाजी तथा झूठे वादों में फंसने वाली नहीं है। सिंह ने कहा कि 2019 में होने वाले लोकसभा के आम चुनावों में भी कांग्रेस भाजपा को सबक सिखाएगी। हिमाचल एवं गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी के नेतृत्व में भारी विजय का परचम लहराएगी।

23 अक्तूबर को केबीसी 9 का अंतिम एपीसोड

0

सोनी चैनल पर ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सीजन 9 का सफर 23 अक्तूबर को खत्म होने जा रहा है। 23 अक्तूबर को केबीसी के इस सीजन का अंतिम एपीसोड टेलीकास्ट होगा।

इस सीजन की शुरुआत 28 अगस्त से की गई थी और ये अब तक केबीसी के सीजन में सबसे कम समय के लिए रहा। इस बार केबीसी में इस गेम शो की अधिकतम राशि 7 करोड़ किसी ने नहीं जीती है, लेकिन झारखंड के जमशेदपुर से आईं अनामिका मजूमदार इकलौती प्रतियोगी रहीं, जिन्होंने एक करोड़ की राशि जीती।

इस बार केबीसी के सेट पर बच्चन का जन्मदिन भी हाल ही में मनाया गया, जहां बच्चन बहुत भावुक होते नजर आए। चैनल ने कहा है कि केबीसी का अगला सीजन आएगा और बच्चन ही इसे होस्ट करेंगे।

केबीसी की जगह सोनी चैनल पर दो नए शोज लांच होने जा रहे हैं। पहला शो हासिल है, जिसमें कई फिल्मों के हीरो रहे जैयद खान पहली बार टीवी पर आ रहे हैं। ये शो 9.30 बजे आएगा। 9 बजे से रिश्ता लिखेंगे हम नया का टेलीकास्ट होगा। हासिल का पहला एपीसोड 30 अक्तूबर से टेलीकास्ट होगा। रात दस बजे सोनी पर एक दीवाना था शुरु होगा, जो एक हारर रोमांटिक शो कहा जा रहा है।

संजय दत्त की बायोपिक का पहला पोस्टर लांच

0

संजय दत्त की जिंदगी पर बन रही राजकुमार हीरानी की बायोपिक फिल्म का पहला पोस्टर आज लांच कर दिया गया। इस पोस्टर में फिल्म का टाइटल ‘दत्त’ ही रखा गया है। बीच में कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि इस फिल्म का टाइटल संजू रखा जा रहा है, लेकिन ये खबर गलत साबित हुई। इस पोस्टर में फिल्म की रिलीज डेट नहीं है। सिर्फ ये लिखा गया है कि ये फिल्म 2018 में रिलीज होगी। राजकुमार हीरानी कह चुके है कि ये फिल्म 30 मार्च 2018 को रिलीज होगी।

dutt

पहले पोस्टर में सिर्फ रणबीर कपूर हैं और ये वो पल है, जब संजय दत्त पुणे जेल से सजा काटकर रिहा हुए थे। जानकारी मिली है कि फिल्म के दस अलग-अलग पोस्टर हैं, जिनको एक-एक करके रिलीज किया जाएगा और फिल्म के ट्रेलर को लेकर अभी कोई खबर नहीं है।

पोस्टरों को लेकर सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि सोनम कपूर, परेश राव-मनीषा कोईराला (जो फिल्म में सुनील दत्त और नरगिस दत्त की भूमिका में हैं) के पोस्टर तैयार हैं। एक पोस्टर में रणबीर कपूर और संजय दत्त एक साथ नजर आएंगे।

आडवाणी के लिए आमिर ने की सीक्रेट सुपर स्टार की स्क्रीनिंग

0
secret superstar

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के लिए दिल्ली में आमिर खान की नई फिल्म ‘सीक्रेट सुपर स्टार’ का विशेष शो आयोजित किया गया, जिसमें आडवाणी परिवार सहित शामिल हुए और उन्होंने फिल्म की जमकर तारीफ की।

इस मौके पर आमिर खान, उनकी पत्नी किरण राव और इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाली जायरा वसीम भी मौजूद थे। दीवाली पर रिलीज होने जा रही इस फिल्म की कहानी एक मुस्लिम परिवार की एक लड़की की है, जिसे गाने का शौक है, लेकिन परिवार से उसे गाने की इजाजत नहीं मिलती, तो वो अपना शौक पूरा करने के लिए इंटरनेट का सहारा लेती है। आमिर खान इस फिल्म में बालीवुड के एक संगीतकार का रोल कर रहे हैं।

दो हफ्ते से रोडवेज सेवा ठप, जनता परेशान

0

चमोली जिले के घाट क्षेत्र के लिए विकास नगर देहरादून से सीधी बस सेवा एक माह पूर्व शुरू की गई थी, जो पिछले एक सप्ताह से ठप पड़ी है। क्षेत्रीय जनता काफी परेशान है।
विकास खंड घाट के लोगों के एक लंबे संघर्ष के बाद पिछले एक माह पूर्व विकास नगर देहरादून से घाट के लिए रोडवेज की बस सेवा शुरू की गई थी। पिछले एक सप्ताह से बस सेवा बंद कर दी है। मालूम करने पर पता चला कि सहायक प्रबंधक श्रीनगर डिपो पूजा जोशी द्वारा चौकी प्रभारी घाट को एक शिकायती पत्र भेजा गया है, जिसमें लिखा है कि तीन अक्टूबर को स्थानीय प्राइवेट वाहन आपरेटरों द्वारा रोजवेज के चालक और परिचालक के साथ वाद-विवाद व मारपीट की गई है। इससे इस सेेवा के संचालन में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेने की बात की है। उधर चौकी प्रभारी घाट का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पायेगी। 

फिल्म ‘तुम्हारी सुलू’ का ट्रेलर लांच

0

विद्या बालन की आने वाली फिल्म ‘तुम्हारी सुलू’ का ट्रेलर आज लांच कर दिया गया। ये फिल्म आगामी 17 नवंबर को रिलीज होने जा रही है। कल ही इस फिल्म का एक और पोस्टर रिलीज किया गया था। सेंसर बोर्ड से ये फिल्म यू सार्टिफिकेट के साथ पास हो चुकी है।

इस फिल्म में विद्या बालन एक ऐसी रेडियो जाकी (आरजे) के रोल में हैं, जो अपनी आवाज के साथ लोगों से मस्ती करना पसंद करती है। मानव कौल इस फिल्म में विद्या के जोड़ीदार हैं। आरजे मलिश्का और नेहा धूपिया भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। सुरेश त्रिवेणी इस फिल्म के निर्देशक हैं, जिनकी ये पहली फिल्म है।

टी सीरिज के साथ तनुज गर्ग, अतुल कासबेकर ने इस फिल्म का निर्माण किया है। फिल्म में श्रीदेवी के मि. इंडिया के गाने हवाहवाई की नया रिमिक्स वर्शन भी है, जिसे श्रीदेवी को ट्रिब्यूट कहा जा रहा है। 

अनिल-सोनम फिल्म का टाइटल- एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा

0

अनिल कपूर अपनी बेटी सोनम कपूर के साथ पहली बार जिस फिल्म में काम करने जा रहे है, इस फिल्म का टाइटल तय कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, इस फिल्म का टाइटल होगा– ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा,’ ये टाइटल अनिल कपूर की फिल्म ‘1942 ए लव स्टोरी’ के गाने से लिया गया है।

‘1942 ए लव स्टोरी’ बनाने वाले निर्माता-निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा की कंपनी में ही अनिल कपूर-सोनम कपूर की फिल्म का निर्माण हो रहा है। इसका निर्देशन शैलजा चोपड़ा करेंगी, जो विधु विनोद चोपड़ा की बहन हैं और पहली बार निर्देशन के मैदान में आ रही हैं। अनिल कपूर के साथ विधु विनोद चोपड़ा ने ‘परिंदा’ और ‘1942-ए लव स्टोरी’ फिल्में बनाई हैं, जबकि सोनम कपूर पहली बार उनकी कंपनी में काम करने जा रही हैं।

अनिल कपूर और सोनम ने विज्ञापन फिल्मों में साथ काम किया है, लेकिन पहली बार वे फिल्म में काम करने जा रहे हैं। बेटी सोनम के साथ अनिल कपूर अपने बेटे हर्षवर्धन कपूर के साथ भी काम करने जा रहे हैं। निशानेबाज अभिनव बिंद्रा की जिंदगी पर बनने वाली बायोपिक में अनिल कपूर परदे पर उनके पिता का रोल करेंगे। हाल ही में आई फिल्म ‘मुबारकां’ में अनिल कपूर ने पहली बार अपने भतीजे अर्जुन कपूर के साथ काम किया था।