Page 427

दानपात्र में रखी नगदी, देवी मां के सोने के आभूषण ले उड़े

0

कोतवाली अंतर्गत बरोटीवाला खेड़ा मंदिर में चोरों ने मंदिर के दरवाजे की कुंडी उखाड़कर दानपात्र में रखी करीब पांच हजार की नगदी व दुर्गा मां के सोने के आभूषण चोरी कर लिए। शुक्रवार सुबह जब लोग मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे तो चोरी का पता चला। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। इसी के साथ ही पुलिस ने कई संदिग्धों को उठाकर पूछताछ की, लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग पाया।

बरोटीवाला में खेड़ा में दुर्गा मां का मंदिर हैं, जहां पर गुरुवार की रात में दीवाली पर्व का फायदा उठाते हुए चोरों ने किसी समय मंदिर का कुंडा उखाड़कर दानपात्र से करीब पांच हजार रुपये की नगदी व देवी की मूर्ति से सोने के आभूषण चोरी कर लिए। शुक्रवार सुबह जब लोग देवी मां के दर्शन के लिए पहुंचे तो चोरी का पता चला। सूचना मिलने पर दरोगा जयकृत नेगी मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना कर आसपास के लोगों से जानकारी ली। मंदिर समिति से जुड़े तेज बहादुर गुरुंग पुत्र इंद्र सिंह निवासी बरोटीवाला की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। कोतवाल एसएस नेगी के अनुसार चोरों का सुराग लगाने को कई संदिग्ध युवकों से पूछताछ की गयी है। चोरी वर्कआउट करने के लिए पुलिस टीम सक्रिय है।
पुरानी चोरियां नहीं खोल पा रही पुलिस
कोतवाली अंतर्गत केशरबाग में शिक्षक के बंद घर में दस अक्टूबर की रात में लाखों रुपये की चोरी व नगदी मामले में पुलिस के दस दिन बाद भी हाथ खाली है। तमाम संदिग्ध लोगों से पूछताछ के बाद भी नतीजा सिफर है। गौरतलब है कि राजकीय इंटर कालेज डाकपत्थर के शिक्षक महेश चंद सेमवाल पुत्र पीतांबर दत्त सेमवाल निवासी केसरबाग 10 अक्टूबर को पूरे परिवार के साथ वैष्णो देवी के दर्शन को कटरा जम्मू गए थे। बंद घर की रेकी कर चोरों ने मंगलवार की रात में ही किसी समय घर के ताले व कुंडे तोड़कर अल्मारी में रखी 40 हजार रुपये की नगदी, सोने की तीन अंगूठियां, मंगलसूत्र का पैंडल, सोने के तीन जोड़ी कान के टाप्स, सोने के एक जोड़ी झुमके, चांदी के सात सिक्के, दो जोड़ी चांदी की पायल, चांदी के तीन चोकोर पत्ते चोरी कर ले गए थे।
वैष्णो देवी से लौटने के बाद शिक्षक की ओर से दी तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरों का सुराग लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। चौकी इंचार्ज नीलाभ खाली के अनुसार पुलिस टीम सक्रिय है। पुराने चोरों का रिकार्ड खंगाला जा रहा है। वहीं ढालीपुर निवासी संजय बंसल की हरबर्टपुर में पांवटा रोड पर गिफ्ट गैलेरी में रविवार की रात में सेंध लगाकर हुई चोरी मामले में भी हरबर्टपुर पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल पायी है। डाकपत्थर पुलिस चौकी क्षेत्र में सूरत सिंह तोमर पुत्र गुमान सिंह निवासी लांघा भूड़ व हाल निवासी लाइन जीवनगढ़ के किराए से कमरे से 2.27 लाख रुपये की नगदी चोरी मामले का भी अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है

अब शेर सिंह बनेंगे रणवीर सिंह

0

अक्षय कुमार के कैरिअर में विपुल शाह की कंपनी में बनी अनीस बज्मी की फिल्म ‘सिंह इज किंग’ की सफलता को बड़ा पड़ाव माना जाता है। इस फिल्म के बाद ‘सिंह इज ब्लिंग’ के तौर पर एक और फिल्म बनी, जिसमें अक्षय कुमार थे, फिर भी ये फिल्म बाक्स आफिस पर कमाल नहीं कर सकी। अब ‘सिंह इज किंग’ की सिक्वल के तौर पर ‘शेर सिंह’ नाम से नई फिल्म शुरु करने की खबर मिल रही है, जिसमें टाइटल रोल के लिए रणबीर सिंह को कास्ट करने की चर्चा है।

इस फिल्म का निर्माण परसेप्ट कंपनी के शैलेश सिंह करेंगे और विपुल शाह इसका हिस्सा नहीं होंगे। शेर सिंह का निर्देशक अभी तय नहीं हुआ है। अभी सिर्फ इतना कहा गया है कि शेर सिंह की कहानी आम आदमी की कहानी होगी। चर्चा है कि ये एक साउथ की फिल्म का रीमेक होगा।

रणबीर सिंह के साथ हाल ही में दो नई फिल्मों की घोषणा की गई है।’ ट्यूबलाइट’ के बाद कबीर खान के निर्देशन में 1983 में क्रिकेट का विश्वकप जीतने वाली टीम पर बनने जा रही फिल्म में रणबीर सिंह टीम के कप्तान कपिलदेव का रोल करेंगे।

रोहित शेट्टी भी ‘गोलमाल अगेन’ के बाद रणबीर सिंह के साथ नई फिल्म शुरु करने जा रहे हैं। जोया अख्तर की फिल्म ‘गली ब्वाय’ में रणबीर सिंह के साथ पहली बार आलिया भट्ट की जोड़ी होगी। आगामी 1 दिसंबर को रिलीज होने जा रही संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावती’ में रणबीर सिंह को खिलजी के खूंखार रोल में देखा जाएगा।

सुशांत सिंह की एक और फिल्म

0

अक्षय कुमार की फिल्म ‘टायलेट एक प्रेमकथा’ के बाद लगभग दर्जन भर फिल्मों के साथ जु़ड़ी इस कंपनी करीअर्ज एक और नई फिल्म की योजना बना रही है, जिसमें मुख्य भूमिका के लिए सुशांत सिंह राजपूत का नाम तय माना जा रहा है।

सुशांत सिंह राजपूत के साथ बन रही अभिषेक कपूर की फिल्म ‘केदारनाथ’ में ये कंपनी जुड़ी है। इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान कंपनी ने सुशांत सिंह राजपूत के साथ एक और फिल्म की योजना पर काम करने का फैसला किया है। कंपनी के सूत्रों के अनुसार, फिल्म के निर्देशन का फैसला सुशांत सिंह के साथ मिलकर तय होगा और फिल्म अगले साल मार्च तक शुरु होगी।

सुशांत सिंह ने हाल ही में ‘केदारनाथ’ का एक शेड्यूल किया है और इन दिनों वे करण जौहर की कंपनी में बन रही फिल्म ‘ड्राइव’ की शूटिंग में बिजी हैं। इस फिल्म में उनकी जोड़ी जैक्लीन फर्नांडिज के साथ है और तरुण मनसुखानी इसके निर्देशक हैं। दिसंबर में सुशांत को मुंबई में ‘केदारनाथ’ का दूसरा शेड्यूल करना है। केदारनाथ अगले साल अप्रैल में रिलीज होनी है।

हर ब्लॉक में होंगे पांच मॉडल स्कूल

0

देहरादून, शिक्षा विभाग मॉडल स्कूलों के लिए शिक्षकों की काउंसिलिंग करने जा रहा है। राज्य के हर ब्लॉक में पांच मॉडल स्कूल बनाने की योजना पर सरकार ने कवायद तेज कर दी है। मुख्य शिक्षा अधिकारी एसबी जोशी ने बताया कि जल्द ही शिक्षकों को मॉडल स्कूलों को लेकर तैयार किया जाएगा।

पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय से प्रदेश में मॉडल स्कूल खोलने की कवायद जारी है। सरकार ने हर ब्लॉक में पांच मॉडल स्कूल खोलने की बात की है। दरअसल शिक्षा के स्तर को सुधारने और उन स्कूलों में हर प्रकार की फैसिलिटी प्रोवाइड कराकर बाकी स्कूलों को इसी प्रकार की सुविधा देने की प्रेरणा के उद्देश्य से सरकार ने मॉडल स्कूल खोलने की बात की थी। जिसे शिक्षा विभाग अब सुविधाएं देने के साथ-साथ शिक्षकों की कमी को भी पूरा करने में जुटा है। शिक्षकों पर पूरा फोकस किया जा रहा है।

दरअसल किसी भी स्कूल को मॉडल स्कूल बनाने के लिए शिक्षक की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। ऐसे में विभाग शिक्षकों की काउंसिलिंग कर जिम्मेदारी निभाने की बात कर रहा है। मॉडल स्कूलों में जहां आधुनिक लैब के अलावा कैंपस को हाइटेक बनाने की योजना है तो वहीं इन स्कूलों में छात्र संख्या के अनुपात के हिसाब से शिक्षक पूरे करने की भी चुनौती विभाग के सामने है। मॉडल स्कूलों के लिए विभाग ने पहले ही विज्ञापन के जरिए नियुक्तियां निकाली हैं लेकिन अब विभाग ने मॉडल स्कूलों के लिए काउंसिलिंग करने की बात कही है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी एसबी जोशी ने बताया कि, “राजधानी में मॉडल स्कूलों के लिए जल्द ही काउंसिलिंग शुरू कर दी जाएगी। काउंसिलिंग में मॉडल स्कूलों को लेकर जागरुक करने का कार्य भी किया जाएगा। साथ ही शिक्षकों की कमी को भी पूरा करने पर विभाग गंभीरता से कार्य कर रहा है।” 

“दत्त” में नजर आएंगे दत्त

0

संजय दत्त की जिंदगी पर बन रही बायोपिक में संजय खुद भी परदे पर नजर आएंगे। फिल्म की टीम से जुड़े सूत्रों के अनुसार, फिल्म के निर्देशक राजकुमार हीरानी इस मामले को लेकर उलझन में थे कि संजय को फिल्म के परदे पर लाया जाए या नहीं, लेकिन दीवाली से पहले संजय दत्त के घर पर हुई मीटिंग में इस बात को लेकर फैसला हो गया। इस मीटिंग में संजय के साथ निर्माता विधु विनोद चोपड़ा, निर्देशक राजकुमार हीरानी और फिल्म में संजय का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर शामिल हुए।

dutt

सूत्रों का कहना था कि अब तक संजय दत्त ही इस विचार से सहमत नहीं थे कि उनको परदे पर आना चाहिए। इस मीटिंग में वे इसके लिए मान गए हैं। सूत्रों का कहना है कि अभी टीम इस पर काम कर रही है कि संजय का सीन कहां रखा जाए।

संभावना इस बात की है कि फिल्म के क्लाइमेक्स में परदे पर रणबीर कपूर और संजय दत्त पर एक साथ होंगे। कहा जा रहा है कि भूमि के बाक्स आफिस पर फ्लाप होने के बाद संजय दत्त ने अपनी फिल्म के लिए परदे पर आने का फैसला किया है। ये बायोपिक अगले साल 30 मार्च को रिलीज होगी। 

पद्मावती को लेकर स्मृति ईरानी से मिलेंगी दीपिका पादुकोण

0

अपनी नई फिल्म ‘पद्मावती’ के कुछ स्थानों पर विरोध को देखते हुए दीपिका पादुकोण ने एक नई पहल करते हुए इस मामले में केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी से मिलने का फैसला किया है। सूत्रों का कहना है कि दीपिका ने ईरानी से मुलाकात का समय मांगा है। ये मुलाकात दीवाली के बाद दिल्ली में संभव है।

सूत्रों का कहना है कि दीपिका मंत्री महोदया से मांग करेंगी कि वे सभी राज्यों को पत्र लिखकर उन सिनेमाघरों को सुरक्षा देने की बात करें, जहां उनकी ये फिल्म रिलीज होने जा रही है। कहा जाता है कि दीपिका उस घटना से बेहद आहत हैं, जहां सूरत में पद्मावती को लेकर बनाई एक रंगोली को नष्ट कर दिया गया। दीपिका ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया में इसे बेहूदगी करार दिया है।

कहा जाता है कि संजय लीला भंसाली भी ईरानी से मिलना चाहते थे, लेकिन वे अभी फिल्म के प्रोडक्शन में बिजी हैं, इसलिए दीपिका अकेली मुलाकात के लिए जाएंगी। दीपिका ने अपनी फिल्म को लेकर कहा कि हम आश्वस्त कर चुके है कि फिल्म में ऐसा कुछ नहीं है, जिससे विरोध का कोई औचित्य साबित हो सकता है। बिना फिल्म देखे ऐसे विरोध करना किसी भी तरह से सही नहीं कहा जा सकता।

कहा जा रहा है कि दीपिका ने स्मृति ईरानी को पत्र लिखा है और पत्र में ही फिल्म की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए मुलाकात के लिए वक्त मांगा गया है। वैसे कुछ दिनो पहले दिल्ली में एक समारोह में इस फिल्म को लेकर स्मृति ईरानी कह चुकी है कि फिल्म की रिलीज में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी और किसी को कानून को हाथ में लेने की इजाजत नहीं होगी।

अज्ञात कार चालक ने महिला को मारी टक्कर

0

कल शाम स्थानीय व्यक्ति सुनील के द्वारा थाना क्लेमेंटटाउन पर सूचना दी गई कि गली नंबर 1, टर्नर रोड, क्लेमेंटटाउन के पास किसी अज्ञात कार चालक द्वारा एक महिला को टक्कर मार दी है, जो गंभीर रुप से घायल है|

सूचना पर थानाध्यक्ष क्लेमेंटाउन मय फोर्स के मौके पर पहुंचे एवं गंभीर रूप से घायल महिला सोना देवी, पत्नी श्री बल्लू, निवासी गली नंबर 1, टर्नर रोड, क्लेमनटाउन उम्र 68 वर्ष को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिये दून अस्पताल, देहरादून भेजा गया, जहां डॉक्टर द्वारा महिला को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मृतिका का शव दून मोर्चरी में रखवाया। आज शव के पंचायत नामा/ पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है| उक्त सम्बन्ध में तहरीर आने पर अग्रिम कार्यवाही/ अभियोग पंजीकृत किया जाएगा|

सड़क पर नशे में हुड़दंग करना पड़ा महंगा

0

गुरुवार रात को सुभाषनगर, क्लेमनटाउन में रहने वाले आशीष ने थाने पर आकर शिकायत कि कुछ लड़के, जो पास के मकान में किराये पर रहते है, गुप्तास्टोर सुभाष नगर के पास शराब के नशे में ऊंची आवाज में गाना गा रहे है व शोरगुल कर रहे है, जिससे स्थानीय निवासियों को परेशानी हो रही है| सूचना पर चीता पुलिस मौके पर पहुंची और चारों व्यक्तियों को नशे में हुडदंग मचाकर न्यूसेंस फैलाने  के आरोप में गिरफ्तार किया। चारों व्यक्तियों का राजकीय दून अस्पताल में मेडिकल करवाया गया। मेडिकल में चारों के शराब पीने की पुष्टि हुई|

हालाकि शुक्रवार सुबह सभी आरोपियों को थाने से ही ज़मानत मिल गई। गौरतलब है कि राजधानी देहरादून में सड़को और सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने के खिलाफ पुलिस ने अभियान छेड़ रखा है।

नदी में डूबने से युवक की मौत

0

थाना डोईवाला को सूचना मिली कि सोन नदी पुल के पास एक युवक नदी में डूब गया है। सूचना पर थाना डोईवाला से पुलिस बल तथा गोताखोर की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा उक्त युवक की तलाश हेतु राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोर टीम द्वारा उक्त युवक को नदी से बाहर निकाला गया, परंतु तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

मृतक की पहचान आकाश कुमार,निवासी हर्रावाला थाना डोईवाला उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। मृतक कुआवाला स्थित हौंङा शोरूम में कार्य करता था तथा आज अपने दोस्तों के साथ सोन नदी में नहाने आया था, जहाँ नहाने के दौरान पैर फिसल जाने के कारण वह नदी में डूब गया।

पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को सूचित किया गया है, जिनके आने के पश्चात पंचायतनामा व अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

प्रधानमंत्री 26 को मसूरी में, नए प्रशासनिक अधिकारियों के बीच

0

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 6 माह में तीसरी बार उत्तराखंड के दौरे पर आने वाले हैं। वह अगले सप्ताह 26 अक्टूबर को मसूरी में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करेंगे। जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री 26 अक्टूबर को लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।

Lbsnaa

मोदी अकादमी में 369 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को सम्बोधित करेंगे। इन दिनों अकादमी में प्रशिक्षु आईएएस अफसरों का प्रशिक्षण चल रहा है।  बताया जा रहा है कि अधिकारियों के प्रशिक्षण की शुरूआत में ही उन्हें मसूरी आना था, किंतु कार्यक्रम नहीं बन पाया। तब मोदी की बजाय गृहमंत्री राजनाथ सिंह उक्त कार्यक्रम में पहुंचे थे।

प्रधानमंत्री के तय कार्यक्रम के मुताबिक बताया जा रहा कि नरेन्द्र मोदी 26 अक्टूबर को अकादमी में पहुंचेंगे। कार्यक्रम के बाद वह वहीं रात्रि विश्राम करेंगे और 27 अक्टूबर को वापस दिल्ली लौटेंगे। गौरतलब है कि 6 माह के भीतर प्रधानमंत्री का यह उत्तराखंड में तीसरा और इस अक्टूबर माह में दूसरा दौरा होगा। इससे पूर्व, 20 अक्टूबर को उन्होंने केदारनाथ मंदिर जाकर दर्शन किए और इस तीर्थस्थल के पुर्ननिर्माण के लिए कई योजनाओं की घोषणा भी की।