Page 401

टीकाकरण अभियान: बच्चे इंजेक्शन के डर से दीवार कूदकर भागे

0

रुड़की में रुबेला टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। सोमवार से शुरू होकर एक माह तक चलने वाले इस अभियान में 9 से 15 वर्ष तक के सभी बच्चों को टिके लगाए जाएंगे। आज नगर के विभिन्न स्कूल कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्रों पर टिके लगाए गए।

ज्वाइन्ट मजिस्ट्रेट नितिका खण्डेलवाल ने विभिन्न केंद्रों पर निरीक्षण कर अभियान की जानकारी ली तो उन्हें पता लगा कि टीकाकरण में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जैसे कि अभिभावकों को पता नही है कि आज बच्चे को टीका लगाया जाएगा इस कारण स्कूल और कॉलेज के प्रधनाचार्य असमंजस में रहे। वहीं स्कूलों में जो बच्चे अनुपस्थित रहे उन्हें कैसे कवर किया जाए। वहीं जीआईसी कॉलेज में उपस्थित 379 में से 316 बच्चों को टीके लगे इसका कारण टीका लगा रही टीम ने और प्रधानाचार्य ने बताया कि कुछ बच्चे इंजेक्शन के डर से दीवार कूदकर भाग गए। जेएम ने सख्त निर्देश दिए कि हर हाल में सभी बच्चों का टीकाकरण करवाएं। वहीं इसके बाद डीएवी इंटर कॉलेज में भी ज्वाइन्ट मजिस्ट्रेट ने निरीक्षण कर जानकारी ली।
इस अवसर पर जेएम ने अस्पताल प्रबंधक आरके गुप्ता से भी जानकारी ली। जेएम नितिका ने बताया कि एक माह का अभियान पूरी मुस्तैदी के साथ चलाया जाएगा और प्रत्येक बच्चे को इसका लाभ मिले यह प्रयास रहेगा। वहीं उन्होंने बताया कि जो बच्चे अनुपस्थित है या किसी कारण छूट गए है उन्हें कैसे कवर किया जाए इसकी योजना बनाई जाएगी।

पैडमैन का नया पोस्टर, 26 जनवरी को रिलीज

0

अक्षय कुमार की फिल्म ‘पैडमैन’ का नया पोस्टर रिलीज किया गया है। इस पोस्टर में फिल्म की रिलीज डेट 26 जनवरी बताई गई है। इससे पहले तक ये फिल्म अगले साल अप्रैल में रिलीज होनी थी और 26 जनवरी को सुपर स्टार रजनीकांत के साथ अक्षय कुमार की फिल्म रोबोट 2.0 रिलीज होनी थी।

अक्षय कुमार की फिल्म ‘पैडमैन’ के लिए कहा जाता है कि इसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है और पोस्ट प्रोडक्शन काम शुरु हो गया है। महिलाओं के मासिक धर्म की संवेदनशील समस्या पर सस्ते पैड तैयार करने वाले अरुणाचलम की जिंदगी पर बन रही इस फिल्म का निर्माण अक्षय कुमार की पत्नी टिंवकल खन्ना ने किया है और निर्देशक आर बाल्की हैं।

फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सोनम कपूर और राधिका आप्टे हैं। राधिका आप्टे ने फिल्म में अक्षय की पत्नी का रोल किया है। राधिका की अक्षय कुमार के साथ ये पहली फिल्म है। आर बाल्की के निर्देशन में अक्षय कुमार ने पहली बार काम किया है। अमिताभ बच्चन इस फिल्म में एक मेहमान रोल में नजर आएंगे।

24 नवंबर को परदे पर कड़वी हवा

0

हाल ही में रिलीज हुई रोहित शेट्टी की फिल्म गोलमाल अगेन में एक बार फिर दर्शकों को हंसाने वाले अभिनेता संजय मिश्रा का एक नया रुप आने वाली फिल्म कड़वी हवा में नजर आएगा, जो 24 नवंबर को रिलीज होने जा रही है।

kadwa sach

इस फिल्म में संजय मिश्रा एक ऐसे संवेदनशील किरदार में नजर आएंगे, जो उन्होंने पहले कभी नहीं किया। इस फिल्म का निर्देशन नील माधव पांडा ने किया है। वे इससे पहले आई एम कलाम और जलपरी जैसी फिल्में बना चुके हैं। संजय मिश्रा के अलावा फिल्म में रणवीर शौरी भी हैं। इस साल के राष्ट्रीय पुरस्कारों में फिल्म का विशेष तौर पर उल्लेख किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, इस फिल्म में संजय मिश्रा मध्यप्रदेश के एक दूरदराज के गांव में अंधे व्यक्ति का रोल निभा रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जलवायु परिवर्तन का शिकार होकर ये गांव खासी मुसीबतों में घिर जाता है। गांव के आसपास की नदियां जलवायु परिवर्तन के चलते सूख जाती हैं और ये गांव सूखे की चपेट में आ जाता है। इस फिल्म का निर्माण दृश्यम फिल्म्स कंपनी ने किया है, जो इससे पहले आंखों देखी, मसान, धनक और इस साल आस्कर में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही फिल्म न्यूटोन का निर्माण कर चुकी है।

दत्त बायोपिक में होगा क्या यही प्यार है…

0

संजय दत्त की जिंदगी पर बन रही बायोपिक में उनकी पहली फिल्म ‘रॉकी’ के गाने ‘क्या यही प्यार है..’ को रीक्रिएट किया जाएगा। 1981 में संजय दत्त की बतौर हीरो पहली फिल्म ‘रॉकी’ के लिए ये गाना लता मंगेशकर और किशोर कुमार ने गाया था और आरडी बर्मन ने इसे संगीतबद्ध किया था। इस गाने को संजय दत्त और टीना मुनीम की जोड़ी पर फिल्माया गया था।

मिली जानकारी के अनुसार, इस गाने को अमाल मलिक रिक्रिए करने जा रहे हैं। उनके भाई अरमान मलिक इसे गाएंगे और इसे रणबीर कपूर-सोनम कपूर पर फिल्माया जाएगा। साथ ही इसे बैकग्राउंड म्यूजिक के तौर पर भी इस्तेमाल किया जाएगा।

अगले साल 30 मार्च को रिलीज होने वाली इस फिल्म में रणबीर कपूर और सोनम कपूर के अलावा विक्की कौशल, करिश्मा तन्ना, मेहमान भूमिका में दिया मिर्जा और अनुष्का शर्मा हैं। परेश रावल और मनीषा कोईराला फिल्म में संजय दत्त के माता-पिता सुनील दत्त और नरगिस की भूमिकाओं में नजर आएंगे। कहा जा रहा है कि इस फिल्म का एक शेड्यूल बाकी है। अगले साल जनवरी में इसका ट्रेलर रिलीज होगा। 

वरुण धवन की नई फिल्म की रिलीज डेट बदली

0

शुजीत सरकार के निर्देशन में बनने जा रही फिल्म अक्तूबर की रिलीज डेट बदल गई है। पहले ये फिल्म अगले साल जून में रिलीज होनी थी, लेकिन अब इसकी नई तारीख 13 अप्रैल कर दी गई है।

वरुण पहली बार शुजीत की फिल्म में काम कर रहे हैं, जिसकी शूटिंग का एक शेड्यूल हो चुका है और दूसरा शेड्यूल नवंबर में शुरु होने जा रहा है। इस सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म में अभी तक वरुण की हीरोइन का नाम तय नहीं है। इस रेस में तापसी पन्नू, कीर्ति सेनन और निधि अग्रवाल के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। इन तीनों में भी निधि का नाम सबसे आगे चल रहा है।

फिल्म की टीम का कहना है कि दिसंबर तक ये नाम तय हो जाएगा। दिलचस्प बात ये भी है कि इसी दिन कंगना की रानी लक्ष्मीबाई पर बन रही फिल्म मणिमर्णिका भी रिलीज होने जा रही है। कंगना की फिल्म की 80 प्रतिश्त शूटिंग हो चुकी है और आखिरी शेड्यूल हैदराबाद में दिसंबर में होना है।

सरदार पटेल के आदर्शों को जीवन में करें आत्मसात : डीएम

0

रुद्रपुर। जिले में लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल का जन्मदिन ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में जगह-जगह कार्यक्रम का आयोजन कर धूमधाम से मनाया गया।
मंगलवार को डीएम डाॅ. नीरज खैरवाल ने एक कार्यक्रम में जिला सभागार में कलेक्ट्रेट परिवार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ की शपथ दिलाई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश के लोगों को एकता एवं समता का पाठ पढ़ाया। हम सबकों सरदार पटेल के जीवन आदर्शों को आत्मसात कर देश की एकता, अखण्डता को अक्षुण्य रखने के लिए आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर अपर डीएम प्रताप सिंह शाह व जगदीश चन्द्र काण्डपाल, प्रशिक्षु आईएएस नेहा मीणा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी धर्म सिंह राणा,वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गोपाल दत्त पाण्डे सहित हेड नाजिर गणेश चन्द्र, विपिन पंत, देव प्रकाश चक्रवती, गौहर अली, हीरा लाल, खडक राम आर्य समेत कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

एकता दिवस के रूप में मनाई गई सरदार पटेल की जयन्ती

0

रूद्रपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयन्ती पर मंगलवार सुबह आठ बजे गांधी पार्क से जिलाधिकारी डाॅ नीरज खैरवाल एवं विधायक राज कुमार ठुकराल ने देश की एकता और अखण्डता के लिये स्कूली छात्रों की विशाल दौड़ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इससे पूर्व जिलाधिकारी डाॅ. खैरवाल द्वारा उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयन्ती पूरे देश में एकता दिवस के रूप में मनाई गई तथा रन फॉर यूनिटी की दौड़ में शासकीय विद्यालयों के छात्रों सहित विभिन्न इंटर कॉलेजों व पब्लिक स्कूलों के छात्रों के साथ ही स्वंय जिलाधिकारी डाॅ खैरवाल, विधायक ठुकराल एवं प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा शहर के गणमान्य व्यक्तियों द्वारा भी हिस्सा लिया गया।
रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम की यह दौड़ गांधी पार्क से प्रारम्भ होकर अग्रसेन चौक, गाबा चौक, इन्दिरा चौक होते हुए पुनः गांधी पार्क में विसर्जित हुई । विधायक राज कुमार ठुकराल ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल देश की एकता और अखण्डता के लिये समर्पित रहे। उन्होंने देश की एकता के लिये कई रियासतों का एकीकरण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार वल्ल्भ भाई पटेल विशाल व्यक्तित्व के धनी एवं देश भक्त थे। हम सबकों उनके विषाल व्यक्तित्व एवं जीवन मूल्यों को आत्मसात कर देश के विकास में आगे आने का संकल्प लेना होगा।
इस अवसर पर एडीएम प्रताप सिंह शाह व जगदीश चन्द्र काण्डपाल,उप जिलाधिकारी रोहत मीणा व नेहा मीणा, मुख्य नगर आयुक्त जय भारत सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी डाॅ. पीएन सिंह, तहसीलदार डाॅ. अमृता शर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी रशिका सिद्दीकी, के अलावा नगर निगम की मेयर सोनी कोली,उत्तम दत्ता,वेद ठुकराल,सुरेश कोली,दिवाकर पाण्डे,तरूण दत्ता,विजय फुंटेला,अनिल चैहान,फुुदेना साहनी आदि लोग उपस्थित रहे।

राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने ‘रन फाॅर यूनिटी’ में किया प्रतिभाग

0
राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित ‘रन फाॅर यूनिटी’ को हरी झण्डी दिखाकर विधानसभा से रवाना किया। राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने भी इस दौड़ में प्रतिभाग किया, इससे पूर्व राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने घंटाघर के समीप सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पाजंलि अर्पित की।
पुलिस लाईन में ‘रन फाॅर यूनिटी’ के समापन पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल डाॅ. पाल ने सभी प्रतिभागियों व उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता व अखण्डता की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने कहा कि, “देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की जयंती के मौके पर ‘रन फाॅर यूनिटी’ द्वारा आज सारा देश अपने महान नेता को श्रद्धांजलि दे रहा है। अपने महापुरूषों की स्मृति को चिरस्थायी रखकर ही कोई देश तरक्की की राह पर आगे बढ़ सकता है। जब 130 करोड़ लोग देश की रक्षा व एकता के लिए दृढ़ संकल्प लेते हैं तो देश की तरफ आंखें उठाकर देखने की किसी भी ताकत की हिममत नहीं हो सकती है।”
मुख्यमंत्री ने विशाल जनसमूह के साथ एकता की प्रतीक के रूप में आयोजित इस पूरी दौड़ में स्वयं प्रतिभाग किया, मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि, “लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपनी सूझबूझ एवं राष्ट्र की एकता के लिए देश की आजादी से पूर्व कई देसी रियासतों को भारत में मिलाने का कार्य आरंभ कर दिया था। स्वतंत्र भारत के प्रथम गृहमंत्री एवं प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर देश की एकता और अखंडता के प्रतीक के रूप में आज पूरा देश दौड़ रहा है।उनके जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को आगे बढ़ना होगा, शिक्षा के मंदिरों में भारत के महापुरुषों के जन्मदिवस पर उनके जीवन वृत्त एवं कार्यों तथा संस्कारों की विस्तृत जानकारी दी जाए।”

आधार कार्ड केंद्र बंद होने से लोग झेल रहे परेशानी

0

देहरादून। केंद्र सरकार की ओर से बंद किए गए उत्तराखंड के 200 से ज्यादा आधार केंद्रों के कारण पब्लिक की जमकर फजीहत हो रही है। हालत ये है कि दून में फिलहाल सिर्फ तीन स्थानों पर आधार कार्ड बनाने का काम चल रहा है, जहां सुबह से ही लोगों की काफी भीड़ उमड़ रही है। वहीं, देवभूमि जनसेवा केंद्र (सीएससी) के अधिकारियों का कहना है कि जो भी संचालक अपने केंद्र को सरकार भवन में शिफ्ट कर देंगे, उनके आधार केंद्र को चालू कर दिया जाएगा।

दरअसल, केंद्र सरकार ने अपने केंद्रों को सरकार भवनों में शिफ्ट न करने पर उत्तराखंड के दो सौ से ज्यादा आधार केंद्रों की आईडी ब्लॉक कर दी थी। इसके बाद अब दून सहित पूरे राज्य में नाममात्र के ही केंद्रों पर आधार बनाने का काम चल रहा है। दूसरी तरफ आज जहां तमाम सरकारी योजनाओं, बैंक खाता खुलवाने में आधार कार्ड की अनिवार्यता कर दी गई, वहीं स्कूल-कॉलेजों में दाखिले के लिए भी आधार कार्ड जरूरी कर दिया गया है। चूंकि, अधिकांश केंद्र बंद किए जा चुके हैं तो ऐसे में जो केंद्र चालू हैं वहां लोगों को पांव रखने की भी जगह नहीं मिल रही। ये हाल सिर्फ देहरादून का नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड में हो रहा है। उधर, सीएससी के स्टेट हेड ललित बोहरा का कहना है कि केंद्र सरकार ने साफ किया है कि अब सिर्फ उन्हीं आधार केंद्रों को चालू रखा जाएगा, जो सरकार भवनों में शिफ्ट हो जाएंगे। मकसद ये है कि सरकारी भवनों में यह केंद्र अधिकारियों की निगरानी में चलेंगे। जिससे आधार के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतों में कमी आएगी। बताया कि जो संचालक अपने केंद्र सरकारी भवनों में शिफ्ट कर रहे हैं, उनकी आईडी को चालू कर दिया जा रहा है।

युवाओं को केएमवीएन दे रहा रिवर राफ्टिंग प्रशिक्षण

0

पिथौरागढ़। कनालीछीना विकासखण्ड के अधिक युवाओं को केएमवीएन की ओर से आयोजित रिवर राफ्टिंग प्रशिक्षण के दौरान राम गंगा में रिवर राफ्टिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसको लेकर युवाओं में खासा उत्साह है।

केएमवीएन के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने बताया कि बीएडीपी योजना के तहत कनालीछीना के युवाओं को रिवर राफ्टिंग के गुण सिखाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रिवर राफ्टिंग प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को आपदा प्रबंधन की भी जानकारी दी जा रही है जो भविष्य में आने वाली किसी भी बड़ी आपदा से निपटने में सहायक होगा। उन्होंने बताया कि केएमवीएन मुवानी महोत्सव समिति के आग्रह पर युवाओं को रिवर राफ्टिंग का प्रशिक्षण दे रहा है। उन्होंने बताया कि रिवर राफ्टिंग प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को हिमालय बचाओ अभियान के तहत वृह्द स्तर पर स्वच्छता अभियान से भी जोड़ा जाएगा।