Page 398

मगरमच्छ निकलने पर मचा हड़कंप

0

हरिद्वार। क्षेत्र के गांव टांड़ा जीतपुर गांव के पास मगरमच्छ आ जाने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को भी इस मगरमच्छ पकड़ने में घंटों की मश्क्कत करनी पड़ी। करीब तीन घंटों की मेहनत के बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने मगरमच्छ को पकड़कर गंगा में छोड़ा। गांव में मगरमच्छ आने का यह पहला मौका नहीं है। रविवार को भी एक मगरमच्छ ने ग्रामीण पर हमला किया था, जिसे बाद में वन विभाग ने पकड़कर गंगा में छोड़ दिया था।

टांड़ा जीतपुर गांव के पास तालाब में सिंघाड़े तोड़ने के लिए गए ग्रामीण प्रीतम पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। ग्रामीण ने किसी तरह अपनी जान बचाई और मामले की जानकारी वन विभाग को दी। जानकारी पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तालाब से मगरमच्छ को पकड़ा और गंगा में ले जाकर छोड़ दिया। इसके बाद अगले दिन ग्रामीण प्रीतम दोबारा सिंघाड़े तोड़ने के लिए जैसे ही तालाब पहुंचा तो तालाब में मगरमच्छ दिखा। प्रीतम शोर मचाता हुआ गांव की ओर दौड़ पड़ा। फिर मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारी को दी। सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तालाब से दूसरे मगरमच्छ को भी पकड़ लिया। ड़िप्टी रेंजर अजय ध्यानी ने बताया कि मगरमच्छ को पकड़कर गंगा में छोड़ दिया गया है।

एससीएसपी योजना में इस बार बजट महज 35 फीसद

0

देहरादून। प्रदेश सरकार भले ही युवाओं को स्वरोजगार से जोडऩे के लिए कौशल विकास पर जोर दे रही हो, लेकिन युवा कल्याण विभाग की कौशल विकास योजना, स्पेशल कंपोनेंट सब प्लान (एससीएसपी ) के बजट में बढ़ोतरी करने के बजाय बजट में भारी कटौती की गई है। इस वर्ष योजना को पिछले बजट का आधा भी नसीब नहीं हुआ है।

युवा कल्याण विभाग की ओर से कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत एससीएसपी योजना चलाई गई है। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोडऩा है। योजना के तहत युवाओं को तीन माह का कौशल विकास का उच्च प्रशिक्षण दिया जाता है। इसमें रिटेल, मल्टी-पर्पस हेल्थ वर्कर, सिलाई, हथकरघा, तकनीकी प्रशिक्षण शामिल हैं। इसमें युवाओं की रूचि के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाता है। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को तीन माह तक निशुल्क छात्रावास व खाने-पीने की निशुल्क व्यवस्था भी मुहैय कराई जाती है। एससीएसपी योजना के लिए वर्ष 2016-17 में 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। इस धनराशि में विभाग द्वारा प्रदेशभर से 491 युवाओं को प्रशिक्षण मिला था। लेकिन इस वर्ष योजना को महज 70 लाख ही जारी हो पाया है। यानि पिछले बजट का 35 प्रतिशत। संभवत: इस राशि में पिछले वर्ष की तुलना में कम ही युवा योजना का लाभ ले सकेंगे।
युवा कल्याण निदेशालय की ओर से सभी जनपदों से एससीएसपी योजना के लिए लाभार्थियों के आवेदन मांगे गए हैं। अब सभी जनपद अपने-अपने जनपदों से सूची भेजेंगे। इसके बाद बजट के अनुसार लाभार्थियों की संख्या निर्धारित हो पाएगी। युवा कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक राकेश चंद्र डिमरी ने बताया कि एससीएसपी योजना एक सफल युवा कल्याणकारी योजना है। इस योजना में पिछले वर्ष 2 करोड़ रूपये मिला था, लेकिन इस वर्ष 70 लाख की धनराशि ही मिली है। इससे इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में कम ही युवाओं को लाभ मिलेगा ।

जयपुर पंहुची कंगना मणिकर्णिका की टीम

0

सिमरन के बाद कंगना की एकमात्र आने वाली फिल्म ‘मणिकर्णिका’ की टीम जयपुर में डेरा डाले हुए है, जहां फिल्म का 15 दिन का शेड्यूल शुरु हुआ है। मीडिया में जयपुर से फिल्म की शूटिंग की तस्वीरें वायरल हुई हैं। इनमें कंगना फिल्म की शूटिंग में हिस्सा ले रही हैं। कंगना इस फिल्म में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई का किरदार निभा रही हैं। इस किरदार की तैयारियों के लिए कंगना ने तलवारबाजी और घुड़सवारी की खास तौर पर ट्रेनिंग ली।

manikarnika

हैदराबाद में फिल्म के पिछले शेड्यूल के दौरान तलवारबाजी के सीन की शूटिंग के दौरान कंगना की नाक और आंख के बीच में चोट लग गई थी। इसके बाद भी कंगना ने शूटिंग जारी रखी। कहा जा रहा है कि इस शेड्यूल के बाद कंगना की इस फिल्म का अगला शेड्यूल हैदराबाद में होगा और दिसंबर के आखिर तक इस फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली जाएगी और अगले साल अप्रैल में इसे रिलीज किया जाएगा।

इस फिल्म का निर्माण करने के लिए मणिकर्णिका नाम से कंगना ने फिल्म प्रोडक्शन कंपनी शुरु की है। इसका निर्देशन साउथ के निर्देशक कृष कर रहे हैं, जो पहले अक्षय कुमार को लेकर गब्बर इज बैक फिल्म हिंदी में बना चुके हैं। बाहुबली के लेखक के विजयेंद्र राव इस फिल्म का लेखन कर रहे हैं। इस साल कंगना की इस फिल्म का बनारस में शानदार मुहूर्त हुआ था। इस साल सितंबर में रिलीज हुई फिल्म सिमरन के बाक्स आफिस पर असफल होने के बाद कंगना के कैरिअर के लिए ये फिल्म बहुत अहम मानी जा रही है।

उर्वशी का सोशल मीडिया एकाउंट हुआ हैक

0

अभिनेत्री उर्वशी का टिवटर एकाउंट हैक कर लिया गया है। ये जानकारी सोशल मीडिया पर उर्वशी की तरफ से दी गई है। उर्वशी का कहना है कि, “जल्दी ही इस समस्या को हल कर लिया जाएगा, मुंबई पुलिस की साइबर शाखा में औपचारिक रुप से इसकी शिकायत दर्ज करा दी गई है।”

उर्वशी का ये एकाउंट किसने हैक किया, ये नहीं पता चला है। उर्वशी के हैंडिल पर एक-दो ऐसे संदेश भी दिए गए हैं, जिनको लेकर उर्वशी ने सफाई दी है कि ये संदेश उनके द्वारा नहीं किए गए हैं। उर्वशी इन दिनों टी सीरिज की फिल्म ‘हेट स्टोरी 4’ की शूटिंग लंदन में कर रही हैं, जिसमें उनके साथ करण वाही हीरो हैं।

विशाल पंड्या के निर्देशन में बन रही हेट स्टोरी सीरिज की चौथी कड़ी को अगले साल 2 मार्च को रिलीज किया जाएगा। इसी साल उर्वशी को राकेश रोशन की कंपनी में बनी संजय गुप्ता की फिल्म काबिल में फिल्म याराना के गाने सारा जमाना हसीनों का दीवाना के रीमिक्स गाने पर आइटम डांस किया था।

नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने माफी मांगते हुए बायोग्राफी को वापस लेने की घोषणा की

0

हाल ही में रिलीज हुई अपनी बायोग्राफी ‘एन आर्डिनरी लाइफ’ के साथ बढ़ते विवादों को देखते हुए नवाजुद्दीन ने इसे वापस लेने की घोषणा करते हुए कहा है कि वे उन सभी लोगों से माफी मांगते हैं, जिनके दिल इस बायोग्राफी के चलते दुखी हुए हों।

नवाज ने देर शाम सोशल मीडिया पर अपने छोटे से संदेश में ये घोषणा करते हुए काफी लोगों को चौंका दिया। नवाजुद्दीन की इस घोषणा को आज दिन के दो बड़े घटनाक्रमों के साथ जोड़कर देखा जा रहा है। पहले दिल्ली के वकील गौतम गुलाटी ने महिला आयोग में नवाजुद्दीन के खिलाफ महिलाओं का अपमान करने का मामला दर्ज कराया और बाद में खबर आई कि अभिनेत्री निहारिका सिंह उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने जा रही हैं।

माना जा रहा है कि इन दो खबरों के बाद नवाजुद्दीन ने अपनी बायोग्राफी को वापस लेने और माफी मांगने का फैसला किया। 25 अक्तूबर को लांच की गई इस बायोग्राफी में नवाजुद्दीन ने कई महिलाओं के साथ अपने रिश्तों को लेकर बातें कही थीं। इन महिलाओं में खास तौर पर दो महिलाओं के साथ उन्होंने संबंधो की बाते कही थीं। मिस लवली में उनकी हीरोइन रहीं निहारिका सिंह के साथ नवाज ने शारीरिक संबंधों का वर्णन करते हुए बताया कि कैसे फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद भी वे उनकी प्रेमिका बनी रहीं।

निहारिका के अलावा नवाजुद्दीन ने अभिनेत्री सुनीता राजवर का उल्लेख अपने पहले प्यार के तौर पर किया था। निहारिका सिंह और सुनीता दोनों ने ही बायोग्राफी में लिखी नवाज की बातों को खारिज किया था। निहारिका सिंह ने कई दिनों पहले ही संकेत दिए थे कि वे नवाज की इस किताब को लेकर अपने वकीलों से बात करेंगी कि क्या एक्शन लिया जा सकता है। निहारिका को इस बात पर सबसे ज्यादा आपत्ति थी कि उनकी इजाजत के बिना ये सब प्रकाशित किया गया।

दिल्ली में एनएसडी (नेशनल स्कूल आफ ड्रामा) में उनसे एक साल जूनियर रहीं सुनीत ने तीखी प्रतिक्रिया में नवाज की घटिया सोच को लताड़ते हुए सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट में खुलासा किया था कि उनके और नवाज के संबंधों की असलियत क्या थी। ये भी कहा जा रहा है कि बालीवुड में भी नवाज को ये बायोग्राफी वापस लेने की सलाह दी गई थी, जिस पर अब उन्होंने अमल करने की बात कही है।

सालों के संघर्ष के बाद हाल ही में नवाज की तकदीर का सितारा चमका। उन्होंने विद्या बालन के साथ कहानी, इरफान के साथ लंच बाक्स, सलमान के साथ बजरंगी भाईजान और किक, शाहरुख खान के साथ रईस, वरुण धवन के साथ बदलापुर के अलावा केतन मेहता की मांझी, अनुराग कश्यप की गैंग आफ वासेपुर फिल्मों में अपने अभिनय का सिक्का जमाया। a

उत्तराखण्ड में टमाटर फिर हुआ लाल

0

ऋषिकेश, टमाटर एक बार फिर महंगाई से लाल होने लगा है। पिछले एक सप्ताह पहले टमाटर के दाम 25 रुपये किलो थे, लेकिन अब 50 से 60 रुपये प्रतिकिलो हो गए हैं। करीब दो माह पहले भी टमाटर के दाम आसमान छू रहे थे। 120 रुपये प्रतिकिलो तक भाव पहुंच गया था, लेकिन बीच में दामों में गिरावट आ गई थी।

दूसरे प्रदेशों से आने के कारण टमाटर के दाम एक बार फिर से बढ़ गए हैं। इस समय सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश व दिल्ली से टमाटर की सप्लाई हो रही है। यही कारण है कि एक बार फिर से दाम बढ़ने शुरू हो गए हैं। दाम बढ़ने के कारण टमाटर गरीब की थाली से दूर हो गया है। सब्जी विक्रेता राकेश कुमार ने बताया कि टमाटर की सप्लाई दूसरे प्रदेशों से हो रही है, जिससे दाम बढ़े हैं।

सब्जी विक्रेता सुरेश ने बताया कि, “मंडी में टमाटर कम मिल रहा है, एक माह बाद उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों में भी टमाटर की खेती तैयार हो जाएगी। तब टमाटर के दाम घटने की उम्मीद है।”

राज्य स्थापना दिवस पर 35 न्याय पंचायतों में होंगे खेल

0

बागेश्वर। जिलाधिकारी ने राज्य स्थापना दिवस पर विभाग को 35 न्याय पंचायतों में खेलकूद कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके लिए युवा कल्याण विभाग खेल महाकुंभ की तैयारी में जुट गया है।

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रंजना की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने बताया कि नौ नवम्बर को जिले के 35 न्याय पंचायतों में खेल महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। यहां अव्वल रहे खिलाड़ी ब्लॉक स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण स्तर पर खेल महाकुंभ से प्रतिभाएं निखरेंगी। इसके लिए विभाग को सफल संचालन के निर्देश दिए। यहां से चयनित खिलाड़ी जिलास्तर और प्रदेश स्तर में होनी वाली प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे।
डीएम ने बताया कि न्याय पंचायत स्तर पर कराए जाने वाले खेलों में 12 से 19 साल तक के बालक-बालिकाएं प्रतिभाग कर सकेंगे। ऐसे खिलाड़ी ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन करेंगे। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए ब्लॉक, जिला स्तर पर युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकेंगे। उन्होंने अन्य विभागों से भी इसमें सहयोग करने को कहा है। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि पर खेल महाकुंभ होने हैं, जिसके लिए विभाग अभी से तैयारी करेगा।
बैठक में एडीएम राहुल गोयल, डीडीओ केएन. तिवारी, जिला पंचायत राज अधिकारी पूनम पाठक, खेल अधिकारी विनोद वल्दिया, डीईओ बेसिक आकाश सारस्वत, प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी हेमा परिहार आदि मौजूद थे। राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता नौ से 13 नवम्बर तक पीजी कॉलेज खेल मैदान में खेली जाएगी। खेल अधिकारी विनोद वल्दिया ने बताया कि प्रतियोगिता में पिथौरागढ़, हल्द्वानी, काशीपुर, उत्तरकाशी, हरिद्वार, अल्मोड़ा, गोपेश्वर, चंपावत, बागेश्वर आदि जिलों की टीमें भाग लेंगी। यह राज्य की सर्वश्रेष्ठ 12 टीमों में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता लीग कम नॉक आउट आधार पर खेली जाएगी। खिलाड़ियों को निर्धारित मानकों के अनुसार वास्तविक रेल, बस किराया, भोजन भत्ता, आवास भत्ता और अनुसांगिक व्यय देय होगा।

डेंगू ने ली महिला की जान, मचा हंगामा

0

हल्द्वानी- बालाजी अस्पताल में सुबह डेंगू बुखार से ग्रस्त महिला की मौत हो गई। वह अस्पताल में पांच दिन से भर्ती थी। महिला की मौत पर परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।

अस्पताल में मुखानी सदभावना विहार निवासी भावना राणा (45) साल की सुबह तबीयत  बिगड़ी और मौत हो गई। महिला की बेटी पिंसी राणा का कहना था कि उसकी मां को बुखार था। 28 अक्टूबर की रात को अस्पताल में भर्ती किया। तब प्लेटलेट्स 28 हजार थे, लेकिन एक दिन पहले 88 हजार हो गए। सोमवार की रात डॉक्टर ने अस्पताल में रुकने से मना कर दिया। रात में जब 11 बजे फोन मिलाया, तो तबीयत ठीक होने की बात कही। सुबह अस्पताल पहुंची, तो मां की मृत्यु हो गई थी।

पिंसी ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगया। मामला बढ़ा देख इंडियन मेडिकल एसोसिएशन से जुड़े सभी डॉक्टर अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं हुए। तीन घंटे हंगामे के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई। इसके बाद मामला शांत हुआ।

डॉ. संदीप अग्रवाल का कहना था, मरीज का इलाज चल रहा था। सुबह अचानक बीपी कम हो गया, लेकिन कोशिश करने के बावजूद रिकवर नहीं हो सका। इसलिए मरीज की मौत हो गई।

प्रेम सम्बन्ध और पुरानी रंजीश बनी हत्या की वजह

0
काशीपुर के कुंडा थाना क्षेत्र में व्यापारी की हुई हत्या का आखिर खुलासा हो गया, पुलिस ने हत्या में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, पुलिस ने बताया कि रंजीत उर्फ मीतू की हत्या प्रेम संबंधों में बाधक बनने पर की गई थी। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजीश के चलते रंजीत के भड़काने पर हत्यारोपी सतपाल को एक महीने जेल की हवा खानी पड़ी थी। तभी से मीतू की हत्या की साजीश रची जा रही थी, पुलिस ने हत्यारोंपी पिता पुत्र को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल व रंजीत का पर्स व डायरी आदि बरामद की गई। बताया गया कि सतपाल का करीब ढाई साल से राखी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन रंजीत ने राखी के परिजनों को भड़का दिया। राखी के परिजनों ने सतपाल व उसके मामा बलजिंदर के खिलाफ छेड़छाड़ व पास्को अधिनियम में मुकदमा दर्ज करा दिया। जिस पर सतपाल को एक महीने की जेल में रहना पड़ा। सतपाल ने हत्या की योजना बनाते हुए बाजार से गुलाबी रंग की लिपिस्टिक खरीदी तथा रंजीत को मारने के बाद उसके हाथ पर लिपिस्टिक लगा दी, जिससे घटना लड़की बाजी के चक्कर में प्रदर्शित हो। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।

अतिक्रमण हटाने पर विरोध किया तो हुआ लाठीचार्ज

0

काशीपुर में हाई कोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण हटाने गई प्रशासन की टीम और व्यापारियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई, व्यापारियों की बड़ती भीड़ और बडते विरोध के चलते पुलिस ने व्यापारी नेताओं को जबरन हिरासत मे लेकर कोतवाली में बंद कर दिया। वहीं भीड को तीतर बीतर करने के लिए जमकर लाठीचार्ज की, और अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही को जारी रखते हुए मुख्य बाजार की सभी दुकानों के बाहर से अतिक्रमण हटाया गया,  हालांकि, कुछ जगह दुकान के आगे नाली पर बने स्लैब हटाये गये तो कुछ दुकानों के सटर भी उखाड़ दिये गये। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की तो व्यपारियों के विरोध के चलते दो दिन का समय देकर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने को कहा था लेकिन दो दिन बाद जब नगर निगम और प्रशसान की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची तो व्यापारियों ने एक बार फिर बखेड़ा खड़ा करना शुरु कर दिया, जिसके बाद पुलिस बल का सहारा लेते हुए विरोध करने वाले व्यापारियों को पुलिस ने खदेडना शुरु कर दिया, जिससे अफरा तफरी मच गयी, वहीं व्यापारियों ने विरोध के चलते दुकाने बंद कर दी, आधा दर्जन विरोध करने वाले व्यापारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही को आज के दिन पुरा किया, वहीं शहर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, आपको बता दें कि हाई कोर्ट के आदेश पर काशीपुर नगर निगम ने कोतवाली व रतन सिनेमा रोड पर 776 अतिक्रमण चिह्नित किए थे। इसके लिए पीले निशान लगाकर लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने को कहा गया था, मगर किसी ने अतिक्रमण नहीं हटाया। जिसके चलते प्रशासन को शख्ती के साथ अतिक्रमण हटाना पडा।