Page 372

‘हाउसफुल 4’ में होगी ‘हाउसफुल 3’ की टीम

0

साजिद नडियाडवाला की कंपनी में हाल ही में ‘हाउसफुल’ सीरिज की चौथी फिल्म बनाने की घोषणा हुई, जिसका निर्देशन साजिद खान करेंगे, जिन्होंने ‘हाउसफुल’ की पहली और दूसरी कड़ी का निर्देशन किया था। ये भी बताया गया है कि ‘हाउसफुल 4’ की कहानी पुनर्जन्म पर आधारित होगी।

अब इस फिल्म को लेकर एक और रोचक बात का पता चला है। कहा जा रहा है कि हाउसफुल की चौथी कड़ी में अब तक सभी हाउसफुल सीरिज में काम करने वाले कलाकारों को एक साथ लाया जाएगा। इस बात के संकेत खुद साजिद नडियाडवाला ने दिए हैं। अगर ऐसा हुआ, तो हाउसफुल 4 में अक्षय कुमार, जान अब्राहम, रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, अर्जुन रामपाल श्रेयस तलपडे, चंकी पांडे, मिठुन चक्रवर्ती, ऋषि कपूर, रणधीर कपूर, जानी लीवर और बोमन ईरानी एक साथ नजर आएंगे।

‘हाउसफुल’ की पहली कड़ी में काम करने वाली जिया खान अब हमारे बीच नहीं हैं। ‘हाउसफुल 4’ की कास्टिंग को लेकर कयास जारी हैं। एक तरफ चर्चा है कि इस सीरिज के साथ पहली बार संजय दत्त जुड़ने जा रहे हैं, वहीं अक्षय कुमार और रितेश के काम करने पर भी संशय के बादल मंडरा रहे हैं। साजिद नडियाडवाला का कहना है कि सही वक्त आने पर फिल्म की कास्टिंग की घोषणा की जाएगी। इस फिल्म को 2019 में दीवाली के मौके पर रिलीज करने की घोषणा की जा चुकी है। 

मीना कुमारी की बायोपिक से अलग हुईं विद्या

0

इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘तुम्हारी सुलू’ के प्रचार में बिजी विद्या बालन ने उस खबर का खंडन किया है, जिसमें कहा गया था कि हिंदुस्तानी सिनेमा की सबसे महान अभिनेत्रियों में से एक मीना कुमारी पर बनने वाली बायोपिक में उनकी भूमिका विद्या बालन निभाएंगी।

इस फिल्म की योजना तिग्मांशु धूलिया बना रहे हैं, जो इन दिनों संजय दत्त के साथ ‘साहब, बीवी और गैंगस्टर’ की तीसरी कड़ी बना रहे हैं। विद्या बालन ने मीना कुमारी वाली फिल्म पर सिर्फ इतना कहा कि वे इसमें काम नहीं कर रही हैं। लेकिन सूत्रों के हवाले से पता चला है कि वे इस फिल्म को लेकर उत्साहित थीं, लेकिन कुछ सीनों को लेकर उनकी तिग्मांशु के साथ उनकी बात नहीं जमी और विद्या बालन ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया।

तिग्मांशु के साथ जुड़े सूत्रों का कहना है कि विद्या के मना करने के बाद इस फिल्म में मीना कुमारी का रोल करने के लिए उनकी अगली पसंद कंगना है, लेकिन कंगना एलान कर चुकी हैं कि वे अब किसी और निर्देशक की फिल्म में काम नहीं करेंगी और खुद ही अपने लिए फिल्मों का निर्देशन भी करेंगी।

स्कूल बंक करने का मामला फिर पहुंचा आयोग

0

देहरादून। राजधानी में स्कूल बंक कर सिनेमा हॉल में फिल्में देखने वाले बच्चों की शिकायत एक बार फिर मानवाधिकार आयोग पहुंच गयी है। देवभूमि जनसेवा समिति ने साल भर बाद कार्रवाई न होने पर आयोग को तीन सुझाव भी दिए हैं। समिति की शिकायत पर प्रशासन ने तीन बजे तक स्कूली ड्रेस में बच्चों की सिनेमा हॉल में एंट्री पर रोक लगाई है।

पुलिस को भी गश्त करने के दिए दिए निर्देश 
दून में पढ़ रहे स्कूली बच्चों के स्कूल ड्रेस में सिनेमा देखने और बंक करने की शिकायत पर एक बार फिर मानवाधिकार को कार्रवाई के लिए देवभूमि जनसेवा समिति ने आयोग को सुझाव देते हुए कार्रवाई करने की मांग की है। दरअसल साल भर पहले मानवाधिकार आयोग ने जिला प्रशासन, मनोरंजन विभाग को निर्देशित किया था। जिसमें मनोरंजन विभाग ने सिनेमा हॉल के मालिकों को नोटिस भेजकर तीन बजे से पहले 18 वर्ष से कम के बच्चों को थिएटर में एंट्री न देने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही सिनेमा हॉल को शिकायत मिलने पर लाइसेंस रद्द करने की तक चेतावनी दी थी। साथ ही पुलिस विभाग ने सभी थाने चौेकी प्रभारियों को गश्त के जरिए बच्चों पर नजर रखने को भी कहा था। बावजूद इसके साल भर बाद स्थिति न सुधरने पर देवभूमि जनसेवा समिति ने मानवाधिकार आयोग को मामले पर कार्रवाई करने के लिए तीन सुझाव भी दिए हैं। जिनमें सिनेमा हॉल के बाहर बोर्ड लगाने, पुलिस की गश्त बढ़ाने, स्कूलों को नोटिस जारी कर दो बार हाजिरी लगाने की मांग की गई है।

मामले में देवभूमि जनसेवा समिति के अध्यक्ष राजेंद्र नेगी ने बताया कि स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार संघर्ष किया जा रहा है। पिछले साल भी आयोग ने प्रशासन को निर्देशित कर कार्रवाई करने को कहा था। लेकिन कुछ खास असर नहीं पड़ा है। ऐसे में मजबूर होकर संस्था को एक बार फिर आयोग का दरवाजा खटखटाना पड़ा है। उधर दूसरी ओर पीपीएसए के अध्यक्ष प्रेम कश्यप ने बताया कि जो बच्चे सिनेमा हॉल में स्कूल ड्रेस पहनकर फिल्में देखने जाते हैं उनके टिकट पर रोक लगनी चाहिए। साथ ही अभिभावकों को भी अधिक जागरुक होने की जरूरत है। स्कूल से लगातार गैर हाजिर रहने पर बच्चे पर स्कूली स्तर पर कार्रवाई करने को भी आयोग द्वारा आदेश दिए जाने चाहिए।

केदारनाथ में पुनर्निर्माण व नया कलेवर देने के लिए सरकार बनाएगी ट्रस्ट

0

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केदारनाथ को लेकर खास रुचि के बाद अब प्रदेश सरकार ने भी तेजी से कदम बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। इस कड़ी में पुनर्निर्माण कार्यों के मद्देनजर राज्य सरकार ट्रस्ट बनाने जा रही है। इसके जरिए कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्यों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकेगा। काबीना मंत्री एवं शासकीय प्रवक्ता मदन कौशिक का दावा है कि अगले साल तक केदारनाथ बिल्कुल नए कलेवर में नजर आएगा।

शासकीय प्रवक्ता मदन कौशिक ने बुधवार को मीडिया से बातचीत के दौरान एक सवाल पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान में केदारनाथ में जिंदल ग्रुप सीएसआर के तहत पुनर्निर्माण कार्यों में सहभागिता कर रहा है। जून 2013 की आपदा के बाद केदारपुरी को संवारने में जुटे नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) को ही इसका माध्यम बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने केदारपुरी के लिए नए सिरे से प्लान तैयार किया है और सभी के सहयोग से इसके लिए आर्थिक संसाधन जुटाए जाएंगे। इस कड़ी में केदारनाथ के लिए ट्रस्ट की स्थापना की जाएगी।
प्रधनमंत्री ने किया था केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्यों का शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ में खास रुचि ली है। इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि इस वर्ष वह केदारनाथ के कपाट खुलने के मौके पर खुद मौजूद थे तो कपाट बंद होने से पहले उन्होंने केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया। यही नहीं, वह खुद भी पुनर्निर्माण कार्यों पर नजर रख रहे हैं। इसे देखते हुए राज्य सरकार केदारपुरी को संवारने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती, इसीलिए मशीनरी को निर्देश दिए गए हैं कि पुनर्निर्माण कार्यों में कोई कोताही न हो और समयबद्धता का विशेष ख्याल रखा जाए।

सड़क हादसे में तीन की मौत

0

विकासनगर। हिमाचल के शिलाई-पांवटा मार्ग पर बुधवार देर रात एक बेकाबू ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। ट्रक ने बाइक सवार दंपति व उनके बेटे को कुचल दिया। हादसे में परिवार के तीनों सदस्यों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार एक विवाह समारोह से लौट रहा था।

बुधवार देर रात खोदरी से पांच किलोमीटर आगे एक बेकाबू ट्रक चालक ने बाइक सवार शौकत(42), उनकी पत्नी परवीन(38) और बेटे सोहेल (11) निवासीगण डांडा जीवनगढ़ विकासनगर को कुचल डाला। हादसे में परिवार के तीनों सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार शौकत हिमाचल के भगानी गांव के पास से रिश्तेदार के विवाह समारोह में शिरकत घर लौट रहे थे। इस दौरान बेकाबू ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची हिमाचल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय अस्पताल पांवटा ले गई। घटना की सूचना के बाद कोतवाली पुलिस विकासनगर हिमाचल पुलिस से संपर्क साधा है।

संदीप और पिंकी फरार की शूटिंग शुरु

0

अर्जुन कपूर और परिणीती चोपड़ा की जोड़ी के साथ यशराज की नई फिल्म संदीप और पिंकी फरार की शूटिंग शुरु हो गई है। दिल्ली में इस फिल्म का पहला शेड्यूल शुरु हुआ है, जिसके दौरान दस दिनों तक इस फिल्म की शूटिंग होगी। अर्जुन कपूर इस फिल्म में दिल्ली पुलिस में कार्यरत एक हरियाणवी पुलिसवाले के रोल में नजर आएंगे। हाल ही में अर्जुन कपूर का इस फिल्म का लुक सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

परिणीती के साथ अर्जुन कपूर ने इससे पहले यशराज की ही फिल्म इश्कजादे में काम किया था, जो अर्जुन कपूर की लांचिंग फिल्म थी और इसका निर्देशक हबीब फैसल ने किया था। संदीप और पिंकी फरार का निर्देशन दीबाकर बनर्जी कर रहे हैं। बताया जाता है कि दिल्ली के अलावा हरियाणा के गुड़गांव में भी फिल्म की शूटिंग होगी। ये फिल्म अगले साल 3 अगस्त को रिलीज हो जाएगी। अर्जुन कपूर और परिणीती की जोड़ी इस फिल्म के अलावा विपुल शाह की फिल्म नमस्ते कनाडा में भी काम करने जा रही है।

शाहरुख खान के तीन दोष

0

हाल ही में अपना 52वां जन्मदिन मनाने के बाद शाहरुख खान ने जहां निर्माता-निर्देशक आनंद एल राय की फिल्म की शूटिंग शुरु की, वहीं वे सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर अपने तीनों बच्चों- आर्यन, सुहाना और अबराम के फोटो शेयर करते हुए बच्चों के एक एक गुण को बताया है। फोटो के साथ अपनी पोस्ट में शाहरुख खान ने सुहाना के लिए लावण्या, आर्यन के लिए स्टाइल और अबराम के लिए चंचलता शब्द का इस्तेमाल किया है। और इन तीनों को अपना दोष बताया है।

आर्यन इन दिनों लंदन में पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि सुहाना के लिए कहा जा रहा है कि वे फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रही हैं। अबराम की स्कूली पढ़ाई शुरु हो गई है और उनको धीरुभाई इंटरनेशनल स्कूल में अबराम का एडमीशन हुआ है। शाहरुख खान सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा अबराम के साथ अपने फोटो शेयर करते हैं।

जन्मदिन की पूर्व संध्या पर लांच हुआ अनुष्का की नई फिल्म का पोस्टर

0

बाहुबली की देवसेना, अनुष्का शेट्टी आज अपना 36वां जन्मदिन मना रही हैं। जन्मदिन की पूर्व संध्या पर कल देर शाम उनकी आने वाली नई फिल्म भागमती का पहला पोस्टर सोशल मीडिया पर लांच कर दिया गया। पहले इसे जन्मदिन के मौके पर ही रिलीज किया जाना था, लेकिन अंतिम समय पर इसे एक दिन पहले ही सोमवार की शाम को लांच कर दिया गया। इस सस्पेंस थ्रिलर फिल्म में उन्नी मुकुंद उनके हीरो हैं।

bhagmati

तमिल और तेलुगू में एक साथ बनी ये फिल्म जनवरी 2018 में रिलीज होगी। चर्चा है कि इसे हिंदी में डब करके रिलीज किया जाएगा। बाहुबली की दोनों कड़ियों को मिली महासफलता के बाद अनुष्का शेट्टी को लेकर बालीवुड और हिंदी भाषी राज्यों में उनका क्रेज बढ़ गया है और उनके हिंदी फिल्मों में काम करने को लेकर लगातार कयास लगाए जा रहे हैं।

कुछ वक्त पहले चर्चा थी कि बाहुबली की जोड़ी (प्रबास और अनुष्का) को लेकर करण जौहर हिंदी फिल्म बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं, लेकिन ये मामला नहीं जमा। अनुष्का को हिंदी फिल्मों में लांच करने के लिए बोनी कपूर भी सक्रिय बताए जाते हैं, लेकिन अनुष्का ने तेलुगू फिल्मों में अपनी व्यस्तता के चलते अभी हिंदी फिल्मों में काम करने की संभावना को नकार दिया है।

सोनम की नई फिल्म में राजकुमार राव

0

अब इस खबर की पुष्टि हो चुकी है कि विधु विनोद चोपड़ा की प्रोडक्शन कंपनी में शुरु होने जा रही नई फिल्म में सोनम कपूर के साथ राजकुमार राव की जोड़ी काम करेगी। इससे पहले राजकुमार राव के साथ सोनम कपूर ने फिल्म डॉली की डोली में काम किया था।

विधु विनोद चोपड़ा की कंपनी में बनने जा रही फिल्म की सबसे बड़ी बात ये होगी कि सोनम कपूर पहली बार अपने पिता अनिल कपूर के साथ परदे पर नजर आएंगी। बताया जाता है कि इस फिल्म में भी अनिल कपूर उनके पिता के रोल में ही नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन विधु विनोद चोपड़ा की बहन शैली चोपड़ा करने जा रही है, जिनकी ये पहली फिल्म होगी। ये फिल्म पहले संजय दत्त के साथ शुरु होने जा रही थी। इस फिल्म का टाइटल अनिल कपूर को लेकर विधु विनोद चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म 1942 ए लव स्टोरी के गाने एक लड़की को देखा है.. पर रखा गया है।

ये फिल्म अगले साल शुरु होगी, सोनम कपूर इन दिनों अपनी बहन रेहा द्वारा बनाई जा रही फिल्म वीरां दी वैडिंग में व्यस्त हैं, जबकि इस शुक्रवार को राजकुमार राव की फिल्म शादी में जरुर आना रिलीज होने जा रही है। राजकुमार राव की अनिल कपूर के साथ भी ये दूसरी फिल्म होगी। राकेश मेहरा की कंपनी में बन रही फिल्म फन्ने खां में भी राजकुमार राव और अनिल कपूर साथ काम कर रहे हैं। फन्ने खां में राजकुमार राव की जोड़ी ऐश्वर्या राय के साथ होगी।

हिमाचल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश की सीमाएं सील

0

देहरादून। गुरुवार को होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 के मद्देनजर उत्तराखण्ड के देहरादून जिले के आठ बैरियरों तथा जनपद उत्तरकाशी के दो बैरियरों से लगने वाली हिमाचल प्रदेश की सीमाओं को सील कर दिया गया है।

पुलिस इन बैरियरों पर सघन जांच अभियान चला रही है:
नोडल अधिकारी निर्वाचन उत्तराखण्ड दीपम सेठ के निर्देशन में सभी बैरियरों पर नियुक्त पुलिस बल की तीन पालियों में ड्यूटियां लगायी गयी हैं। इन बैरियरों पर नियुक्त पुलिस बल, सीसीटीवी व आरटीसेट एवं वीडियों कैमरों का पुलिस अधीक्षक ग्रामीण देहरादून एवं क्षेत्राधिकारी विकासनगर तथा क्षेत्राधिकारी मौरी जनपद उत्तरकाशी द्वारा निरन्तर पर्यवेक्षण किया जा रहा है। वहीं सेठ ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के अनुरोध पर उत्तराखण्ड से एक हजार होमगार्ड के जवान विधानसभा निर्वाचन ड्यूटी के लिए उन्हें उपलब्घ कराये गये हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड द्वारा हिमाचल प्रदेश विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत एक माह पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून एवं पुलिस अधीक्षक उत्तराकाशी को हिमाचल प्रदेश पुलिस को निर्वाचन के समय पूर्ण सहयोग एवं सघन जांच करने के लिए निर्देशित किया गया था। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति को एक तमंचा एवं दो कारतूस तथा एक व्यक्ति को 60 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।