Page 369

द ग्रेट लाफ्टर चैलेंज में चंकी पांडे भी

0

विवादों में घिरे रहे स्टार प्लस के शो ‘द ग्रेट लाफ्टर चैलेंज’ शो की टीम में एक और बदलाव किया गया है। इस शो में अभी तक ऐली अवराम ही होस्ट की भूमिका निभा रही थीं। जानकारी के अनुसार, चंकी पांडे अब उनके साथ शो का संचालन करेंगे। बतौर होस्ट चंकी पांडे इस शो में फिल्म हाउसफुल सीरिज के पास्ता किरदार के साथ नजर आएंगे। इस शो में अक्षय कुमार और श्रेय तलपड़े के बाद चंकी पांडे आए हैं और ये तीनों हाउसफुल 3 में साथ काम कर चुके हैं। ये शो शुरुआत से ही विवादों में घिरा रहा।

शो के आयोजकों ने पहले ही सप्ताह में टीआरपी न मिल पाने से इस शो के तीनों जज हुसैन दलाल, मल्लिका दुआ और जाकिर खान को हटाने का फैसला किया और उनकी जगह साजिद खान और श्रेयस तलपड़े को नए जज के तौर पर लाया गया। । इसी शो में श्याम रंगीला द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करने को लेकर विवाद हुआ, तो अक्षय कुमार द्वारा कथित रुप से मल्लिका दुआ के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करने का विवाद गरमाया। इस विवाद में मल्लिका के पिता और जाने माने पत्रकार विनोद दुआ कूदे, तो अपने पति के बचाव में अक्षय कुमार की पत्नी टिंवकल खन्ना मैदान में आईं। इतना हंगामा होने के बाद भी इस शो को टीआरपी के मामले में असफलता ही मिल रही है।

लापता युवक की तालाश कर रही पुलिस के सामने हंगमा

0

रुद्रपुर। दूधिया नगर वार्ड संख्या चार निवासी कमला पत्नी बाबूराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पुत्र अनिल थाना शीशगढ़ (बरेली) के गांव कल्यानपुर निवासी खालिद के यहां क्लीनरी का काम करता था।  खालिद उसके पुत्र को करीब छह माह पूर्व कलकत्ता अपने संग ट्रक में ले गया था। उसके बाद से उसके पुत्र का कहीं कुछ मालुम नहीं पड़ पा रहा है। इसी मामले को लेकर पुलिस ने पीडि़त के एक रिश्तेदार को पूछताछ के लिए रम्पुरा चौकी में बुलवाया गया। चौकी में बुलवाने के दौरान अभी पुलिस पीडि़ता कमला के सामने उसके रिश्तेदार से कुछ पूछताछ कर ही रही थी कि रिश्तेदार युवक का भाई वहां आ धमका और उसने चौकी में जमकर हंगामा काटना शुरू कर दिया। काफी देर तक पुलिस उसे शांत कराती रही, लेकिन जब वो लगातार भड़कता जा रहा था तो पुलिस ने फिर अपनी भाषा में जब उसे समझाया तो वो चुपचाप वहां से खिसक गया। इधर, पुलिस ने बताया कि पीडि़ता कमला का पुत्र अनिल पिछले करीब छह माह से लापता है, अनिल के बावत कुछ जानकारी पूछताछ के लिए लाए युवक को थी। इसी बावत युवक को पूछताछ के लिए लाया गया था। जबकि युवक का भाई अनावश्यक यहां सरकारी काम में व्यवधान डालने का प्रयास करने लगा, जिसे डांट कर वहां से रुखसत कर दिया गया है।

ईनामी बदमाश को पुलिस ने दबोचा

0

रुद्रपुर- तकरीबन एक साल से अपहरण व हत्या में वांछित चल रहे डेढ़ हजार रुपये के इनामी अभिुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक क्राइम कमलेश उपाध्याय ने बताया कि ट्रांजिट कैंप थाने में 23 दिसंबर 2016 को संजीव गुप्ता पुत्र राजेश गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई मनीष लापता है। विवेचना से यह तथ्य प्रकाश में आया कि 21 दिसंबर को राहुल गुप्ता, श्रीनिवास गुप्ता, सुरजीत गुप्ता और रामनिवास गुप्ता निवासी ग्राम डहरपुर थाना दातागंज जिला बदायूं ने अपहरण कर लिया था। रास्ते में मनीष को शराब पिलाई तथा परौर (शाहजहांपुर) में रामगंगा के किनारे ले जाकर उसके सिर पर फरसे से प्रहार करके हत्या कर दी।

हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए घास फूस में लाश दबाकर उसमें आग लगा दी। आरोपी अधजला शव छोड़ कर फरार हो गए। दो तीन दिन बाद पशु चराने वालों ने शव पड़े होने की सूचना परौर पुलिस को दी। परौर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जहां से हड्डी जांच के लिए प्रीजर्व की। प्रीजर्व हड्डी व मृतक के परिजनों पुलिस ने डीएनए टेस्ट कराया। एपएसएल की रिपोर्ट डीएनए का मिलान हो गया। इस मामले में राम निवास को पुलिस गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। इस मामले में फरार चल रहे राहुल गुप्ता पर एसएसपी ने डेढ़ हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि राहुल रुद्रपुर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने के लिए अपने वकील से मिलने आया है, जिस पर उसे फुलसुंगी चौराहे से घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया गया।

नगदी समेत हजारों की चोरी,पुलिस ने किया मौका मुआयना

0

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में चोरों ने दो घरों से सत्रह हजार की नगदी समेत हजारों रुपये की चोरी की। घटना की तहरीर ट्रांजिट कैंप पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की

बता दें कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की कृष्णा कालोनी निवासी राजीव पुत्र सुरेश चंद्र यहां किराए के मकान में रहकर अपने परिवार का भरण पोषण करता है।  गुरूवार की रात वो अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था तभी रात्रि के दूसरे पहर कुछ चोर उसके यहां घुस गए। चोर उनके घर से एक मोबाइल, एक साईकिल, गरम कपड़े एवं 260 रुपये की नगदी चुरा ले गए। इसके अलावा चोर फिर दूसरे किराएदार के यहां घुस गए। दूसरे किराएदार सुरेश चौहान पुत्र ओमप्रकाश है। जोकि ड्राइवरी का काम करता है। इसके यहां से भी चोरों ने 17 हजार रुपये की नगदी, गाड़ी के कागजात, लाइसेंस, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड आदि सामान चोरी कर ले गए। उन्हें इसकी जानकारी हुई तो मुहल्ले में  खासा हड़कम्प मचा गया। मुहल्ले में चोर चोर का शोर होने के बावजूद चोर कहीं पकड़े नहीं जा सके। इस मामले की सुबह पुलिस को जानकारी दी गई। जानकारी देने पर वहां पहुंची कैंप पुलिस ने मौका मुआयना किया और चोरी की घटना को सही पाया। पुलिस ने बताया कि मामले में जांच चल रही है। बहरहाल समाचार लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।

मनकोटी बने भारतीय सीनियर बैडमिंटन टीम के मैनेजर

0

उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ के सचिव मनकोटी भारतीय सीनियर बैडमिंटन टीम के मैनेजर बने, वे भारतीय टीम को चाइना व हॉंग कांग लेकर जायेंगे। चाइना के फुज्होऊ शहर में 14 से 19 नवम्बर तक चाइना ओपन सुपर सीरीज 2017 आयोजित होगा और 21 से 26 नवम्बर 2017 तक कोवलून, हांग कांग में योनेक्स सनराइज हॉंन्ग कॉंग ओपन 2017 आयोजित होगा।

भारतीय टीम में किदम्बी श्रीकान्त, एच एस प्रनोय, पी कश्यप, साईं श्रीनाथ, समीर वर्मा, मनु अत्री, सायना नेहवाल,पी वी सिन्धु, अश्विनी व सिक्की रेड्डी आदि खिलाड़ी तथा कोच के रूप में पी गोपीचंद, मधुमिता बिष्ट, मूल्यों हन्दोयो व तन किम हेर आदि है।आपको बतादें कि मनकोटी पिछले वर्ष भी भारतीय जूनियर टीम के साथ इंडोनेशिया गए थे।

मनकोटी  की इस उपलब्धि पर उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ के वाईस प्रेसिडेंट संजय गुंज्याल, अलकनंदा अशोक, पुनीता नागलिया, राम अवतार, सलाहकार सुशील पटेट, राकेश डोभाल, कमल विरमानी, नवनीत शेटी, चीफ कोच डी के सेन, दीपक रावत ने बधाई दी तथा भारतीय टीम को शुभकामनायें भी दी।

मां के दिल से पूछो उसका दर्द 

0

रुद्रपुर, झारखंड की राजधानी रांची निवासी तीस वर्षीय रोशन उमराव, पुत्र कलिक उमराव की दो दिन पूर्व हादसे में हुई मौत के बाद यहां पहुंची मृतका की मां का रो रोकर बुरा हाल रहा। मौके पर मौजूद कंपनी के प्रबंधतंत्र के अधिकारियों ने उसे काफी ढांढस बंधाया और शव को उसके साथ ही झारखंड के लिए एंबुलेंस से रवाना कर दिया।

इस गमगीन माहौल को देख प्रबंध तंत्र और वहां मौजूद अन्य स्टाफ की आंखें भी नम हो गई।  बता दें कि रोशन झांसी की एआरएस लॉजिस्टक कंपनी में ट्राला चलाने का काम करता था। बुधवार की रात रोशन पटना से माल ट्राले पर लादकर पंतनगर स्थित सिडकुल की किसी कंपनी में छोडऩे जा रहा था। दिनेशपुर के जयनगर के पास रोशन का ट्राला खराब हो गया। ट्राला सही नहीं होने पर रोशन ने ट्राले को ढलान पर खड़ा किया। तभी ट्राला ढलान से खिसक गया व दूसरे ट्राले से घसीटता हुआ जैसे ही निकला, उसमें रोशन की कुचलकर मौत हो गई थी।

सूचना पर आज सुबह मृतक रोशन की मां दलवी यहां पहुंची, पुत्र के शव को देखकर मां फूट-फूटकर रो पड़ी। प्रबंधतंत्र ने उसे समझा बुझाकर शांत कराया और उसे शव के साथ झारखंड के लिए रवाना कर दिया।

अब घोटाले की फाईलों के हस्ताक्षरों की जांच

0
रुद्रपुर, एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले की जांच में जुटी एसआईटी को जांच के लिए एफएसएल देहरादून भेजे गए काशीपुर और जसपुर तहसील के कुछ दस्तावेज मिल गए हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि दस्तावेज के आधार पर एसआइटी जल्द ही कुछ और तहसील कर्मियों के साथ ही काश्तकारों की भी गिरफ्तारी कर सकती है।
एसआईटी की जांच में यह बात में सामने आई थी कि भूमि का बैक डेट में 143 करने के लिए सरकारी कर्मचारियों और अफसरों ने दस्तावेज में फर्जी हस्ताक्षर किए हैं। हस्ताक्षरों की सत्यता के लिए एसआईटी ने काशीपुर और जसपुर तहसील के कुछ दस्तावेज को जांच के लिए देहरादून फोरेंसिक लैब भेजा। कुछ दिन पूर्व दोनों तहसीलों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसआईटी ने साक्ष्यों के आधार पर एक पीसीएस अफसर सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
एसआइटी को एफएसएल से कुछ और दस्तावेज मिल गए हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि दस्तावेज की जांच के बाद एसआइटी जल्द ही दोनों तहसीलों के कुछ और काश्तकारों सहित सरकारी कर्मचारियों को गिरफ्तार कर सकती है। एसएसपी डा. सदानंद दाते ने बताया कि एफएसल से कुछ दस्तावेज मिले हैं। दस्तावेजों का अध्ययन करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मुआवजा घोटाले का मुख्य आरोपी डीपी सिंह लगातार एसआईटी को चकमा दे रहा है। एसआईटी की तीन टीमें विभिन्न क्षेत्रों में उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं, लेकिन भूमिगत हुए डीपी का कोई सुराग पुलिस को नहीं मिला है। डीपी के रुद्रपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण करने की सूचना पर पुलिस सादी वर्दी में दिन भर कोर्ट परिसर में भी घूमती रही, लेकिन डीपी कोर्ट में नहीं पहुंचा।

दो दिन बाद भी नहीं मिला दीपचंद

0

उत्तरकाशी जिले में भटवाड़ी तहसील के तहत निर्माणाधीन जसपुर पुराली मोटर मार्ग में हुए भूस्खलन में दबे दीपचंद सिंह राणा को अभी तक निकाला नहीं जा सका है। हालांकि प्रशासन पूरे दल बल के साथ बीते दो दिनों से प्रयास कर रहा है, लेकिन मलबा अधिक होने की वजह से सफलता नहीं मिल पाई है।

मंगलवार शाम को 59 वर्षीय पुराली निवासी इस मार्ग से घर जा रहे थे, जब उनके ऊपर पहाड़ से मलबा गिर गया था। जिसकी सूचना उनके पीछे चल रहे ग्रामीणों द्वारा दी गई थी। जिसके बाद से ही प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ व लोनिवि की टीम मलबा हटाकर उन्हें ढूंढने का प्रयास कर रही है।

घटना स्थल पर मौजूद एसडीएम देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि, “भूस्खलन में काफी बड़ी चट्टानें व मलबा गिरा है, जिसे हटाने के लिए उक्त स्थान पर पर्याप्त जगह न होने की वजह से ज्यादातर कार्य एक मशीन व मजदूरों द्वारा ही कराया जा रहा है, जिसमें ग्रामीणों का भी सहयोग लिया जा रहा है, लेकिन भौगोलिक दिक्कतों के चलते कार्य को पूरा करने में समय लग रहा है।” उन्होंने जल्द ही सर्च ऑपरेशन के पूरा होने की उम्मीद जताई है।

रुड़की में पेड़ से टकराई बस, एक की मौत 25 घायल

0

रुड़की। शुक्रवार सुबह रुड़की से भगवानपुर जा रही प्रो-लैब कंपनी की एक बस जिसमें लगभग 50 से 55 महिला कर्मचारी सवार थीं, वह किशनपुर के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना में कुल 25 महिलाएं घायल हुई हैं। जिसमे से दो की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया है, उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई है। घायलों का उपचार रुड़की के विभिन्न निजी अस्पतालों में किया जा रहा है।
अगवानपुर स्थित प्रो-लैब कम्पनी बस जो प्रतिदिन की तरह सुबह आठ बजे रुड़की से 50 से अधिक महिला कर्मचारियों को लेकर रवाना हुई। जैसे ही बस किशनपुर के समीप पहुंची तो सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर मे सड़क के किनारे खड़े एक पेड़ से जाकर टकरा गई। हादसे में बस में सवार करीब प्रत्येक महिला के हल्की चोटें आई हैं। मौके पर जमा भीड़ ने घायलों को नगर के निजी अस्पतालों में भिजवाया। उपचार के दौरान रामपुर निवासी इसरत की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर अस्पताल में घायलों के परिजनों की भीड़ जमा हो गई।

हादसे में रिहाना परवीन, कृष्णा, सीमा, शिमली, ऊषा, सीमा चौहान, शिल्पा, संगीता शर्मा पार्वती,सहाना, सुरैया, तरन्नुम,सिमरन आदि घायल हैं। हादसे के बाद बस के चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।

टाइगर जिंदा है के साथ रिलीज होगी ये फिल्म

0

क्रिसमस के मौके पर 22 दिसंबर को रिलीज होने जा रही सलमान खान और कैटरीना कैफ की जोड़ी वाली फिल्म ‘टाइगर जिंदा है’ को टक्कर देने के लिए एक फिल्म सामने आ गई है, जो 22 दिसंबर को ही रिलीज होगी, ये कोई हिंदी फिल्म नहीं है। मिली जानकारी के अनुसार, ‘टाइगर जिंदा है’ के सामने 22 दिसंबर को बालीवुड की नहीं, बल्कि हालीवुड की फिल्म ‘जुमांजी-वेलकम टू द जंगल’ रिलीज होने जा रही है।

इस हालीवुड फिल्म के हीरो डेवेन जानसन हैं, जो डब्लू डब्लू एफ में द राक के नाम से जाने जाते हैं और प्रियंका चोपड़ा की पहली हालीवुड फिल्म बेवाच में हीरो रहे हैं। जुमांजी एक एडवेंचर फिल्म है, जिसका अब दूसरा पार्ट रिलीज होने जा रहा है। इसका पहला पार्ट 1995 में रिलीज हुआ था और बाक्स आफिस पर इसे बड़ी कामयाबी मिली थी। इसे भारत में अंग्रेजी के अलावा डब करके हिंदी, तमिल और तेलुगू भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा।

‘द राक’ के अलावा इस फिल्म में जैक ब्लैक, केविन हार्ट, कैरेन जिलियन, निक जोनास और बॉबी कैनावले की भी प्रमुख भूमिकाएं हैं। इसका निर्देशन जेक कास्डन ने किया है।